JAMMU KASHMIR : कठुआ CISF कैंप में गोलीबारी, सहायक कमांडेंट समेत 4 जवानों की मौत

0
20

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार को एक सीआईएसएफ जवान द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में बल के सहायक कमांडेंट समेत चार कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक कर्मी ने अपने साथियों पर कथित तौर पर गोली चला दी, जिसमें सहायक कमांडेंट समेत सीआईएसएफ के चार कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हिमाचल प्रदेश की सीमा के निकट बसोहली के मशका गांव स्थित सेवा-तृतीय जलविद्युत परियोजना में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार ने कुछ सहकर्मियों के साथ बहस के बाद अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सीआईएसएफ के चार कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में नजदीकी एनएचपीसी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सहायक कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह और कांस्टेबल रफीक अहमद तथा संदीप कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के बाद आरोपी को उसके सहकर्मियों ने काबू कर लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के तहत घटना में इस्तेमाल की गई सर्विस राइफल भी जब्त कर ली गई है। अधिकारियों ने कहा कि सीआईएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि बहस और उसके बाद गोलीबारी की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here