Thursday, April 23, 2026
Home Blog Page 226

NATIONAL : ‘मेरे बच्चे लौटा दो..’, रोते रोते बेहोश हो रही मां की गुहार, बिस्किट लेने निकले अंश और अंशिका, घर नहीं लौटे

0

रांची के मौसीबाड़ी इलाके से 2 जनवरी को दो छोटे बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता हो गए. बच्चों की तलाश में पुलिस ने इनाम घोषित किया है और कई वरिष्ठ अधिकारी लगे हुए हैं. अब स्निफर डॉग और एफएसएल की टीम भी जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.

झारखंड की राजधानी रांची के मौसीबाड़ी स्थित खटाल इलाके से दो मासूम बच्चों के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. 2 जनवरी से सुनील कुमार के 5 वर्षीय बेटे अंश और 4 साल की बेटी अंशिका का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. दोनों बच्चे घर से बिस्किट लेने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे.

परिवार और स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चों के लापता होने के बाद से लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन कई दिनों के बाद भी पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चों की जानकारी देने पर 51 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है.पुलिस की ओर से बताया गया है कि इस मामले में 4 आईपीएस अधिकारी और 8 डीएसपी रैंक के अधिकारी बच्चों की तलाश में लगे हुए हैं. इसके बावजूद अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. अब जांच को आगे बढ़ाते हुए स्निफर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम को भी खोजबीन में शामिल किया गया है.

इधर, बच्चों के नहीं मिलने से इलाके में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. बस्ती के लोगों में नाराजगी है और सवाल उठाए जा रहे हैं कि इतने संसाधनों के बावजूद पुलिस इस मामले को क्यों नहीं सुलझा पा रही है. बच्चों की मां ने रोते हुए कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. परिवार केवल छह महीने पहले ही रांची में रहने आया है. उन्होंने बस यही अपील की कि उनके बच्चे सुरक्षित वापस लौट आएं.

बच्चों की दादी ने भी कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है और ईश्वर से बच्चों की वापसी की प्रार्थना कर रही हैं. बताया गया है कि बच्चों की मां सदमे में हैं और बार बार बेहोश हो रही हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दोनों बच्चे कहां गए. इस मुद्दे को लेकर जोरदार जन आंदोलन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं.

NATIONAL : कब्र, सिंदूर और अफवाह…15 दिन दहशत में रहा गांव, सरपंच के पत्र से फैली सनसनी

0

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में संदिग्ध कब्र मिलने से करीब 15 दिन तक दहशत का माहौल बना रहा. पूजा सामग्री देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही थी. जांच के बाद कब्र की खुदाई कराई गई तो बड़ा खुलासा हुआ- कब्र में किसी इंसान का नहीं, बल्कि एक काले कुत्ते का शव दफन था. पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की है.छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिला मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर मेरोली नदी के पास बनी एक संदिग्ध कब्र ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. कब्र के पास जले दीपक, अगरबत्ती, फूल-माला और सिक्के देखकर ग्रामीणों में यह अफवाह फैल गई कि किसी की हत्या कर शव को यहां दफनाया गया है. नतीजा- पूरा गांव करीब 15 दिन तक दहशत के साये में रहा.

मामला तब और गंभीर हो गया जब गांव में किसी की मौत की कोई जानकारी सामने नहीं आई. बोरपाल गांव के सरपंच परमानंद नाग ने एड़का पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. सरपंच ने पत्र लिखकर पुलिस को बताया कि गांव में हाल के दिनों में किसी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है, इसके बावजूद अज्ञात शव के दफनाए जाने की आशंका है.शिकायत के बाद एड़का थाना प्रभारी सुदर्शन घ्रुव के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू हुई. पुलिस ने जिला अस्पताल, मिशन अस्पताल और आसपास के थानों में दर्ज गुम इंसान के मामलों की पड़ताल की. मुसाफिर नाम सहित तमाम रिकॉर्ड खंगाले गए, लेकिन कोई भी मामला संदिग्ध कब्र से मेल नहीं खा सका.

कब्र के पास पूजा सामग्री मिलने से हत्या और अपराध की आशंका और गहराने लगी. हालात को देखते हुए कांकेर जिले से एफएसएल की तीन सदस्यीय टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम का नेतृत्व डॉ. कन्नौजे कर रहे थे. वहीं जिला अस्पताल से डॉ. प्रवीण चंद्र भंडारी और बेनूर स्वास्थ्य केंद्र से डॉ. दीप्ति भी घटनास्थल पर पहुंचे. पूरी कार्रवाई कार्यपालिक मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश साहू की मौजूदगी में की गई.

प्रशासन और पुलिस की निगरानी में, करीब 150 से 200 ग्रामीणों के सामने कब्र की खुदाई कराई गई. जैसे ही कब्र खोली गई, सच्चाई सामने आ गई. वहां किसी इंसान का नहीं, बल्कि एक काले कुत्ते का शव दफन मिला. इसके बाद पुलिस ने शव को दोबारा दफना दिया. चार दिनों तक चली जांच के बाद मामला शांत हुआ. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि अफवाहों और रहस्यमय हालातों की वजह से गांव में लंबे समय तक डर का माहौल बना रहा.

पुलिस ने साफ कहा है कि मामले में किसी भी तरह के आपराधिक साक्ष्य नहीं मिले हैं. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. यह घटना एक बार फिर बताती है कि अफवाहें कैसे पूरे गांव को दहशत में डाल सकती हैं, और सच्चाई सामने आने में वक्त लग सकता है.

NATIONAL : फरीदाबाद के होटल में नेशनल लेवल की शूटर का यौन शोषण… कोच ने बहाने से कमरे में बुलाकर की वारदात

0

फरीदाबाद में राष्ट्रीय स्तर की शूटर के साथ यौन शोषण की घटना सामने आई है. पुलिस ने शूटिंग कोच के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता का आरोप है कि कोच ने जबरन होटल के कमरे में ले जाकर जबरदस्ती की. 17 साल की पीड़िता ने कहा कि कोच ने प्रतियोगिता खत्म होने के बाद होटल में बुलाया और उसके साथ यौन शोषण किया.हरियाणा के फरीदाबाद से यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है. यहां राष्ट्रीय स्तर की एक नाबालिग शूटर के साथ उसके शूटिंग कोच ने यौन शोषण किया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस से की गई शिकायत में 17 साल की नाबालिग शूटर ने कहा है कि यह घटना 16 दिसंबर की है. उस समय दिल्ली के करणी सिंह शूटिंग रेंज में शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित की जा रही थी. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए शूटर अपने कोच के साथ आई थी. चैंपियनशिप के दौरान कोच फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था.पीड़िता के मुताबिक, प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद कोच ने उसके खेल प्रदर्शन का आकलन करने के बहाने उसे होटल की लॉबी में बुलाया. आरोप है कि इसके बाद कोच ने उस पर होटल के कमरे में चलने का दबाव बनाया. पीड़िता के अनुसार, जब वह कोच के साथ कमरे में गई तो आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसका यौन शोषण किया.

मामले का खुलासा होने के बाद पीड़िता की मां ने फरीदाबाद पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी कोच इससे पहले भी मोहाली में आयोजित एक शूटिंग चैंपियनशिप के दौरान पीड़िता से जबरन मिलने की कोशिश कर चुका था.फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने कहा कि पीड़िता की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस होटल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें. फिलहाल पुलिस आरोपी कोच से पूछताछ की तैयारी कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

UP : जन्मदिन का सेलिब्रेशन बना खौफनाक, दबंगों ने होटल में घुसकर बर्थडे बॉय को पीटा…..

0

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में होटल के भीतर दबंगई और बेरहमी से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है. बर्थडे पार्टी मनाने आए युवक को दर्जनों युवकों ने होटल में घुसकर पीटा. पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले से होटल में दबंगई व मारपीट का सीसीटीवी फुटेज समाने आया है. यहां होटल मे मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दर्जनों की संख्या में पहुंचे दबंग बर्थडे पार्टी करने आए युवक की होटल के भीतर घुसकर बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दबंगों की तलाश में जुट गई है. बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो कोखराज थाना क्षेत्र के पंचम होटल का है.

मूरतगंज संदीपनघाट थाना के रहने वाले होटल के मालिक विकास कश्यप ने पुलिस को लिखित शिकायत करते हुए बताया कि 08 जनवरी को शाम 9.30 pm बजे होटल में कृष्णा केशरवानी पुत्र डब्लू केसरवानी मूरतगंज के रहने वाले अपने साथियों के साथ बर्थ डे पार्टी मनाने आया था. वह बर्थ डे मना कर जा ही रहा था तभी कोखराज थाना के भरवारी के अज्ञात लड़के आये और कृष्णा केसरवानी के साथ गाली गलौज व मारपीट करने लगे. कृष्णा केसरवानी को चोटें आयी और लोगो की भीड़ इक‌ट्ठा होते हुये देखकर आरोपी मौके से भाग गये. और जाते समय जान से मारने की धमकी दी. कोकराज पुलिस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर दबंग युवकों की तलाश में जुट गई है.

वीडियो के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.लेकिन पुलिस ने वायरल फुटेज को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एसपी राजेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो में लड़कों की पहचान की जा रही है और मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है . जल्द सभी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी.

NATIONAL : झारखंड के हजारीबाग में ड्रोन से रेकी के बाद अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, 50 एकड़ फसल नष्ट

0

झारखंड के हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर लगभग 50 एकड़ में फैली फसल नष्ट की है. सिंचाई के लिए इस्तेमाल की जा रही पाइप भी बरामद कर नष्ट कर दी गई. पुलिस अब अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान कर रही है.

झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से एक प्रभावशाली अभियान चलाया है. गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को चलाए गए इस अभियान में लगभग 50 एकड़ में फैली अफीम की अवैध खेती को नष्ट कर दिया गया.पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरानिया और दुरागाढ़ा गांव के जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है. सूचना की सटीकता जांचने के लिए ड्रोन से पूरे इलाके का सर्वेक्षण कराया गया. ड्रोन सर्वेक्षण में खेती के साफ सबूत मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की.

अभियान के दौरान यह पता चला कि जंगल और पहाड़ी इलाके में अफीम की फसल योजनाबद्ध तरीके से लगी हुई थी ताकि प्रशासन की पकड़ से बचा जा सके. टीम ने मौके पर करीब 50 एकड़ में फैली पूरी फसल को चिन्हित कर नष्ट कर दिया. वहीं, सिंचाई के लिए उपयोग में लाई जा रही 10 सेक्शन पाइप और 4 डिलीवरी पाइप भी बरामद कर नष्ट कर दिए गए.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब अवैध खेती में शामिल लोगों के नाम और पते की जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित कई पुलिस अधिकारी, सशस्त्र बल के जवान और वन विभाग के अधिकारी शामिल थे.

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अंजनी अंजन ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. प्रशासन के प्रयास नशे के नेटवर्क को पूरी तरह से समाप्त करने तक जारी रहेंगे.

ENTERTAINMENT : ‘टॉक्सिक’ में यश के काम पर डायरेक्टर को है गर्व, बताई कन्नड़ स्टार की ये खास खूबी

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने स्टार एक्टर को उनके जन्मदिन पर विश किया. साथ ही साथ उनके स्टारडम और टैलेंट की भी तारीफ की, जिसे यश ने अपनी नई फिल्म के जरिए पेश किया.

‘केजीएफ’ वाले यश 8 जनवरी के दिन 40 साल के हुए. इस दिन एक्टर की अगली फिल्म ‘टॉक्सिक’ का टीजर सामने आया, जिसमें उनके किरदार ‘राया’ को इंट्रोड्यूस कराया गया. साथ ही फिल्म का मूड भी सेटअप किया गया, जो काफी अनोखा और दमदार था. अब यश को इस तरह प्रेजेंट करने वाली डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने कन्नड़ स्टार को जन्मदिन पर विश किया है.

गीतू मोहनदास, जो एक नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर हैं, उन्होंने गुरुवार की शाम अपनी फिल्म ‘टॉक्सिक’ के हीरो यश को बर्थडे पर एक प्यारा सा मैसेज डेडीकेट किया. डायरेक्टर ने एक लंबे पोस्ट में लिखा, ‘कभी-कभी टैलेंट और सुपरस्टार वाली शोहरत का ऐसा कमाल का मेल होता है, जो बहुत ताकतवर बन जाता है. मुझे यश पर बहुत-बहुत गर्व है. ना सिर्फ ‘राया’ के रोल के लिए, जो दुनिया अभी देखने वाली है, बल्कि उस अनुशासन और दिल के लिए जो वो हर रोज हमारे सेट पर लाए.’

‘ये सिर्फ एक किरदार नहीं था जिसे उन्होंने निभाया, ये उनकी अपनी कलाकारी की एक खास कहानी बन गई. वो हर बार सवाल करते थे, चुनौती देते थे, गहराई में जाते थे और पूरी तरह कहानी के सामने सरेंडर कर देते थे. सच्चाई और कला जब मिलते हैं, तो बस यही होता है. हमारी इस साथ की यात्रा में मुझे सिर्फ कहानी कहने की गहराई ही नहीं मिली, बल्कि एक ऐसा प्रोड्यूसर भी मिला जिसने हर कदम पर मेरा साथ दिया और इस सफर को बहुत खास बना दिया.’

गीतू मोहनदास ने आगे यश के लिए लिखा, ‘उनकी इतनी बड़ी शोहरत के बीच लोग अक्सर ये भूल जाते हैं कि उनके अंदर कितनी गहराई है. मेरी बस यही कामना है कि आने वाले डायरेक्टर भी उनकी इस जबरदस्त प्रतिभा को पूरी तरह खोलकर देखने की हिम्मत करें. हमारा साथ विश्वास पर, लंबी-लंबी बातों पर और एक ऐसी चीज पर टिका था जो हम दोनों से कहीं बड़ी थी. मैं बहुत आभारी हूं उस भरोसे, उस कला और सबसे बढ़कर उस दोस्ती के लिए जो हमारी है. कैमरा बंद होने के बाद भी यश मेरे दिल में हमेशा रहेंगे. यश को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं.’

बता दें कि फिल्म ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, नयनतारा, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसी एक्ट्रेसेज भी शामिल हैं. ये फिल्म 19 मार्च को ईद के मौके पर सीधा ‘धुरंधर 2’ से क्लैश होगी.

NATIONAL : फरियाद लेकर कमिश्नर के दफ्तर पहुंचा युवक… बाहर निकला तो ले उड़ा पुलिसकर्मी की बाइक!

0

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अपने पिता के खिलाफ एक युवक शिकायत दर्ज कराने कमिश्नर ऑफिस पहुंचा था. बाहर निकलते ही उसने कमिश्नर दफ्तर परिसर से एक पुलिसकर्मी की बाइक चोरी कर ली. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली है.

केरल में तिरुवनंतपुरम में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक युवक फरियाद लेकर पुलिस कमिश्नर के दफ्तर पहुंचा, लेकिन बाहर निकलते समय वह एक घटना को अंजाम देकर फरार हो गया. शिकायत दर्ज न होने से नाराज युवक ने कमिश्नर ऑफिस परिसर से एक पुलिसकर्मी की बाइक चोरी कर ली. पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली है.

एजेंसी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार दोपहर की है. आरोपी की पहचान अमल सुरेश के रूप में हुई है, जो तिरुवनंतपुरम सिटी पुलिस कमिश्नर के दफ्तर अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था. दोपहर करीब एक बजे ड्यूटी पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने अपनी बाइक कमिश्नर ऑफिस परिसर में खड़ी कर दी. जल्दबाजी में बैग बाइक पर ही छोड़ दिया, जिसमें बाइक की चाबी भी रखी हुई थी.

इसी दौरान अमल सुरेश कमिश्नर ऑफिस में मौजूद था. उसका कहना है कि उसकी शिकायत नहीं सुनी गई. इससे नाराज होकर जब वह दफ्तर से बाहर निकला, तो उसकी नजर परिसर में खड़ी पुलिसकर्मी की बाइक पर पड़ी. बाइक पर लटका बैग और उसमें मौजूद चाबी देखकर उसने मौके का फायदा उठाया और बाइक लेकर वहां से निकल गया.

करीब दो घंटे बाद जब पुलिसकर्मी को अपनी बाइक जगह पर नहीं मिली तो इसकी जांच शुरू की गई. पूरे परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. फुटेज में दिखाई दिया कि एक युवक बाइक लेकर दफ्तर से बाहर जा रहा है. इसके बाद कैंटोनमेंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अमल सुरेश पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रह चुका है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने देर रात तिरुवनंतपुरम के मनवीयम वीथि इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पुलिस बाइक भी बरामद कर ली गई. पूछताछ के दौरान अमल सुरेश ने पुलिस को बताया कि जब उसकी शिकायत कमिश्नर कार्यालय में नहीं सुनी गई, तो वह गुस्से में आ गया और उसी दौरान बाइक उठाकर ले जाने का फैसला कर लिया.

INDOR : कमलनाथ सरकार में गृहमंत्री रहे बाला बच्चन की बेटी की सड़क हादसे में मौत, ट्रक में घुसी नेक्सॉन कार

0

इंदौर के तेजाजी नगर बायपास पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है. इस दुखद दुर्घटना में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा समेत तीन लोगों की मौत हो गई है.

इंदौर के रालामंडल बायपास पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार नेक्सॉन कार और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में मध्य प्रदेश के कद्दावर आदिवासी नेता और पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर और एक अन्य युवक मनसिंधु की मौके पर ही मौत हो गई. कार में सवार अनुष्का नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार होकर प्रेरण समेत चारों दोस्त् घूमने निकले थे. शुक्रवार तड़के करीब 4-5 बजे के बीच रालामंडल बायपास पर उनकी कार बेकाबू होकर एक खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु की मौके पर ही मौत हो गई.

वहीं, कार में सवार चौथी सदस्य अनुष्का गंभीर रूप से घायल है, जिसे इंदौर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला. शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा कोहरे की वजह से हुआ या कार की तेज रफ्तार के कारण?

इस हादसे की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है. बता दें कि बाला बच्चन कमलनाथ सरकार में गृहमंत्री रह चुके हैं और प्रदेश कांग्रेस का बड़ा चेहरा हैं.

ENTERTAINMENT : कपूर खानदान की लाडली का टूटा दिल, 2 साल बाद एक्टर संग खत्म हुआ रिश्ता?

खुशी कपूर और वेदांग रैना के ब्रेकअप की खबर ने बॉलीवुड में तहलका मचा दिया है. दोनों की दोस्ती जो ‘द आर्चीज’ फिल्म के दौरान शुरू हुई थी, जो अब टूट चुकी है.नया साल बॉलीवुड के कई कपल्स के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ. पहले फैन्स को तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया के ब्रेकअप की खबर सुनने को मिली. इसके बाद अब खुशी कपूर और वेदांग रैना के अलग होने की खबर आ रही है.

खुशी कपूर और वेदांग रैना की दोस्ती ने जोया अख्तर की ‘द आर्चीज’ में साथ काम करने के बाद नया मोड़ ले लिया था. उसके बाद से ये दोनों कई इवेंट्स, पार्टीज और त्योहारों पर साथ स्पॉट होते रहे, जिससे डेटिंग की अफवाहें उड़ीं. लेकिन लगता है दोनों ने ब्रेकअप कर लिया है. विक्की लालवानी ने एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में बताया कि बी-टाउन कपल खुशी कपूर और वेदांग रैना अब अलग हो गए हैं.

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी हो या जामनगर में हुई पार्टी, खुशी कपूर और वेदांग रैना कई मौकों पर साथ में पैपराजी के कैमरे में कैद हुए. पिछले साल वे क्रिसमस दोस्तों के साथ मैचिंग टी-शर्ट पायजामे पहनकर सेलिब्रेट करते दिखे थे. इतना ही नहीं, वेदांग खुशी कपूर के हर फैमिली फंक्शन में देखे जाते थे.

अपने इंस्टाग्राम पर विक्की लालवानी ने एक सोर्स के हवाले से कन्फर्म किया कि खुशी और वेदांग का रिश्ता खत्म हो गया. ये ओवर हो गया. सोर्स ने बताया कि अब कपल साथ नहीं है. फैन्स के लिए खुशी और वेदांग का ब्रेकअप काफी शॉकिंग है. इंडस्ट्री इनसाइडर ने दावा किया कि ब्रेकअप की वजह का खुलासा नहीं हुआ है. पर ये हाल ही में हुआ है. अब तक खुशी या वेदांग में किसी ने अपने रिश्ते को कंफर्म नहीं किया था, ना ही उन्होंने इससे इनकार किया.

पुराने इंटरव्यू में वेदांग ने खुशी के साथ अपने बॉन्ड पर बात की थी. उन्होंने कहा कि कपूर के साथ काम करना आसान और मजेदार था. हमारे बीच नैचुरल कम्फर्ट है. हमारा बॉन्ड कैजुअल और सच्चा है. खुशी के वर्क फ्रंट की बात करें तो, श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी ने 2023 में ‘द आर्चीज’ से एक्टिंग डेब्यू किया था. साल भर बाद ‘लवयापा’ से बड़े पर्दे पर एंट्री की, जिसमें आमिर खान के बेटे जुनैद खान साथ थे.

BIHAR : ‘जा रानी जा, जी ले अपनी जिंदगी…’ तीन बच्चों की मां की कोर्ट मैरिज में पति खुद बना गवाह

0

बिहार के वैशाली में रिश्तों की मर्यादा तोड़ने वाला अनोखा मामला सामने आया है. तीन बच्चों की मां रानी कुमारी ने इंस्टाग्राम पर फुफेरे भाई गोबिंद कुमार से हुए प्रेम के बाद पति कुंदन कुमार और बच्चों को छोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली. हैरानी की बात यह रही कि पति कुंदन ने खुद गवाह बनकर रानी को विदा किया. बच्चे अब पिता के साथ रहेंगे.

बिहार के वैशाली जिले से सामने आई यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. जहां रिश्तों की सीमाएं टूटती हैं, सोशल मीडिया पर प्यार की कहानी लिखी जाती है और अंत में ऐसा मोड़ आता है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं. यह मामला सिर्फ एक शादी या तलाक का नहीं बल्कि उस सच्चाई का आईना है, जिसे समाज अक्सर स्वीकार करने में हिचकता है.

रानी कुमारी की जिंदगी भी कभी बिल्कुल आम थी. वर्ष 2011 में उनकी शादी अहिरपुर निवासी कुंदन कुमार से कोर्ट मैरिज के जरिए हुई. कुंदन घर पर ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) चलाकर परिवार का खर्च उठाते थे. शादी के बाद धीरे-धीरे परिवार बढ़ा और दंपती तीन बच्चों के माता-पिता बने. करीब पांच साल पहले रानी की जिंदगी में कुछ ऐसा हुइा जिसने सब कुछ बदल दिया. फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए उसकी बातचीत अपने ही फुफेरे भाई गोबिंद कुमार से बढ़ने लगी. शुरुआत पारिवारिक हालचाल से हुई, फिर पुराने किस्से, फिर लंबी बातचीत और देखते-देखते भावनाएं गहराने लगीं. मोबाइल की छोटी-सी स्क्रीन पर शब्दों ने वह जगह बना ली, जो शायद रिश्तों में खाली होती जा रही थी. गोबिंद रानी की बातें सुनते थे, उन्हें समझता था कम से कम रानी को ऐसा महसूस होने लगा. यही एहसास धीरे-धीरे प्यार में बदल गया.

इस रिश्ते का असर जल्द ही रानी के व्यवहार में दिखने लगा. वह कई बार पति और बच्चों को छोड़कर गोबिंद के पास चली गई. दो-तीन साल पहले वह अचानक घर से गायब हो गई थी. काफी प्रयासों के बाद उसे वापस लाया गया. उस समय कुंदन कुमार काम के सिलसिले में जम्मू में रहने लगा, लेकिन रानी वहां भी टिक नहीं पाईं. डेढ़ महीने पहले भी वही कहानी दोहराई गई. कुंदन जम्मू से उन्हें वापस आया, बच्चों का वास्ता दिया, परिवार की दुहाई दी लेकिन हर बार की तरह रानी का मन कहीं और था.

बार-बार पत्नी का घर छोड़ना, बच्चों का सवाल, समाज की बातें. इन सबके बीच कुंदन कुमार भीतर से टूट गया. वह समझ गया कि जबरदस्ती किसी को साथ नहीं रखा जा सकता. एक दिन उन्होंने वह फैसला लिया, जिसे सुनकर लोग आज भी हैरान हैं. कुंदन ने रानी से साफ कह दिया अगर तुम्हारी खुशी गोबिंद के साथ है, तो मैं तुम्हें रोकूंगा नहीं. कुंदन ने न तो हंगामा किया, न ही कानूनी लड़ाई चुनी. उल्टा, रानी और गोबिंद की कोर्ट मैरिज कराने का जिम्मा खुद उठा लिया.

वैशाली कोर्ट में जब रानी कुमारी और गोबिंद कुमार ने शादी के कागजात पर हस्ताक्षर किए, तो वहां मौजूद लोगों के लिए सबसे चौंकाने वाला सीन था पति कुंदन कुमार का गवाह बनकर खड़ा होना. वही कुंदन, जिनके साथ रानी ने 14 साल पहले सात फेरे नहीं, बल्कि कोर्ट मैरिज की थी, आज उसी महिला को दूसरे पति के साथ विदा कर रहा था. कुंदन ने कहा कि वह अब थक चुका है. उन्होंने बच्चों के लिए खुद को मजबूत किया और रानी को आजाद कर दिया.

शादी के बाद गोबिंद कुमार ने भरोसा जताया कि रानी अब उन्हें छोड़कर वापस नहीं जाएंगी. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत होती रही है और हाल ही में फोन पर हुई बात के बाद उन्होंने साथ रहने का अंतिम निर्णय लिया.
गोबिंद का मानना है कि अब सब कुछ साफ है. कोई छुपाव नहीं, कोई अधूरा रिश्ता नहीं. वह इसे एक नई शुरुआत मानते हैं.

रानी कुमारी ने भी अपना पक्ष रखा. साफ कहा कि वह पहले पति के साथ खुश नहीं थीं. उनके अनुसार कुंदन के साथ रहना उनके लिए मानसिक रूप से तकलीफदेह था. यह भी स्पष्ट किया कि उनके तीनों बच्चे कुंदन के साथ ही रहेंगे और वह इस फैसले से संतुष्ट हैं. रानी का कहना है कि गोबिंद के साथ उन्हें समझ और अपनापन मिला, जिसकी कमी वह अपने वैवाहिक जीवन में महसूस कर रही थीं.

- Advertisement -

News of the Day