ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच शांति वार्ता को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सकारात्मक संदेश दिया है। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का एक नया दौर शुक्रवार तक पाकिस्तान में हो सकता है।

इस रिपोर्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और कुछ अनाम पाकिस्तानी सूत्रों का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार तेहरान के साथ शांतिवार्ता पर दोनों पक्ष अगले 36 से 72 घंटों के भीतर बातचीत कर सकते।
ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिका-ईरान के बीच शांतिवार्ता को लेकर ये खबर ऐसे समय में आई जब एक दिन पहले ही ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाने की बात कही थी।
ट्रंप ने ‘ट्रूथ’ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्होंने इसलिए अपनी सेना को नाकेबंदी जारी रखने और अन्य सभी मामलों में पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीजफायर को तब तक बढ़ाया जाएगा, जब तक उनका प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और बातचीत किसी न किसी नतीजे पर नहीं पहुंच जाती है।
जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा टली
इससे पहले, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा भी टल गई, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता प्रस्तावित थी। वेंस और विशेष अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर मंगलवार को इस्लामाबाद जाने वाले थे, लेकिन अमेरिका ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा मंगलवार को नहीं होगी।


