Saturday, September 26, 2026
Home Blog Page 248

NATIONAL : ईरान के लिए एकजुट हुए जम्मू-कश्मीर के लोग, गहने और नकद कर रहे दान

0

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में एक खास पहल की है. यहां के लोगों ने सोना, चांदी और नकद पैसा दान करके वहां के प्रभावित लोगों की मदद करने की कोशिश की है. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और आम लोग इसकी वजह से परेशान हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई की तस्वीरों में दिखा कि बडगाम में लोग एक जगह इकट्ठा हुए और उन्होंने अपने गहने और पैसे दान किए. सभी ने मिलकर यह योगदान दिया ताकि संकट में फंसे लोगों की मदद हो सके.

बडगाम के मोहसिन अली ने कहा, ‘हमने मस्जिद इमाम ज़मान में चंदा इकट्ठा करने के नेक मकसद से एक स्टॉल लगाया है. हमारी माताएं और बहनें गहने, तांबा और नकद पैसे दान कर रही हैं, ताकि हम ईरान को उसकी मौजूदा स्थिति में मदद कर सकें.’बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी ईरान के लोगों के साथ खड़े होने की बात कही.

यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष का असर दूर-दूर तक हो रहा है. अलग-अलग जगहों से लोग अपने स्तर पर मदद और समर्थन दे रहे हैं. साथ ही, शांति की अपील भी लगातार बढ़ रही है.

ईरान की सेना ने रविवार को दावा किया कि उसने अपने दक्षिणी समुद्री इलाके और होर्मुज द्वीप के पास अमेरिका के एक F-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया. ईरान की सरकारी खबर एजेंसी Fars News Agency ने इस बारे में जानकारी देते हुए एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें सिस्टम द्वारा विमान को निशाना बनाते हुए दिखाने का दावा किया गया है.

ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई उसके ‘ट्रू प्रॉमिस 4’ अभियान का हिस्सा है और यह इसकी 74वीं कार्रवाई थी, जिसमें इलाके में अमेरिका और इजरायल से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया.

ENTERTAINMENT : ‘धुरंधर’ सितारों को पछाड़कर The 50 के विनर बने शिव ठाकरे, फैन की खुली किस्मत, मिले 50 लाख

द 50 का ग्रैंड फिनाले हो चुका है. शिव ठाकरे शो के विनर बने हैं. शिव ने सभी को पछाड़कर जीत का परचम लहराया. शिव की जीत से उनके एक लकी फैन की खिस्मत खुल गई है, क्योंकि फैन को 50 लाख की प्राइज मनी मिली है.

रियलिटी शो के बाप The 50 को अपना विनर मिल चुका है. शिव ठाकरे शो के विनर बने हैं. उन्होंने कई धुरंधर सेलेब्स को हराकर जीत अपने नाम की. ट्रॉफी के साथ शिव ठाकरे को 50 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली. हालांकि, शो के फॉर्मेट के हिसाब से जीती हुई रकम उन्होंने अपने फैन को दे दी. धांसू जीत के बाद शिव ठाकरे को फैंस और सेलेब्स की ढेर सारी बधाइयां मिल रही हैं.

फाइनल्स में शिव ठाकरे का मुकाबला मिस्टर फैजू, रजत दलाल, सिंगर काका और कृष्णा श्रॉफ से था. मगर उन्होंने सभी को पछाड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली. इसी के साथ शिव ठाकरे रियलिटी शो के किंग बन चुके हैं. The 50 से पहले वो बिग बॉस मराठी 2 भी जीत चुके हैं. शिव सलमान खान के बिग बॉस 16 के भी फर्स्ट रनर अप रहे थे. शो में उन्होंने काफी अच्छा किया था. अब The 50 जीतकर उन्होंने साबित कर दिया है कि वो एक धुरंधर खिलाड़ी हैं.

शिव ठाकरे ने जो 50 लाख की प्राइज मनी जीती है, वो उन्हें नहीं बल्कि उनके फैन को मिली है. शो के फॉर्मेट के हिसाब से शो जीतने वाले सेलेब के रजिस्टर्ड फॉलोअर्स में से चुने गए उनके नंबर वन फैन को प्राइज मनी दी जानी थी. सीताराम प्रह्लाद अघाव शो के विनर शिव ठाकरे के लकी फैन चुने गए और उन्हें 50 लाख की प्राइज मनी मिली.

अपनी जीत पर शिव ठाकरे ने ईटाइम्स से कहा- द 50 का सफर मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव था. मैं अपनी अलग साइड शो करना चाहता था. मैं दिखाना चाहता था कि दिल से खेलकर भी खुद के साथ सच्चे रह सकते हैं और जीत सकते हैं. 50 लोगों के बीच शो के पहले सीजन का विनर बनना हमेशा याद रखा जाएगा. इसकी मुझे बहुत ज्यादा खुशी है.

रियलिटी शो द 50 की बात करें तो ये शो 50 सेलिब्रिटी के साथ शुरू हुआ था. शो में टीवी, सोशल मीडिया और म्यूजिक वर्ल्ड की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं. मुश्किल टास्क, माइंड गेम्स में सितारों को कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा. हालांकि, शो को दर्शकों का मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला.

NATIONAL : बीमार पापा को देखने मुंबई से एटा आए बेटे की मौत, सदमे में कुछ ही घंटों में पिता की भी गई जान

0

एटा जिले में ईद से पहले एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बीमार पिता की सेवा के लिए मुंबई से घर लौटे बेटे की अचानक मौत हो गई, जिसके कुछ ही घंटों बाद सदमे में पिता ने भी दम तोड़ दिया. करीब 20 घंटे के भीतर हुई दोनों मौतों से पूरे गांव में मातम छा गया और ईद की खुशियां गम में बदल गईं.

उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां ईद से पहले खुशियों का माहौल अचानक गहरे शोक में बदल गया. एक बीमार पिता की देखभाल के लिए मुंबई से गांव लौटे बेटे की अचानक मौत हो गई, और उसके कुछ ही घंटों बाद सदमे में पिता ने भी दम तोड़ दिया. करीब 20 घंटे के भीतर हुई इन दोनों मौतों ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.

जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय रफीक खान लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और आगरा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनके बेटे जाकिल, जो मुंबई में सिलाई का काम करते थे, पिता की हालत बिगड़ने की खबर मिलते ही करीब एक सप्ताह पहले गांव लौट आए थे. उन्होंने अपने पिता को अस्पताल से छुट्टी दिलाकर 19 मार्च को घर लाया.

बताया जाता है कि उसी रात जाकिल को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई. पहले उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जलेसर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया.

जाकिल के पार्थिव शरीर को घर लाया गया और अंतिम संस्कार से पहले उनके मुंबई में रहने वाले परिवार के आने का इंतजार किया जा रहा था. इसी बीच बेटे की मौत का गहरा सदमा रफीक खान सहन नहीं कर सके. उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई और शुक्रवार रात उन्होंने भी दम तोड़ दिया.

करीब 20 घंटे के भीतर पिता-पुत्र की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, जाकिल चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और अपने पीछे पत्नी व चार बच्चों को छोड़ गए हैं. शनिवार को जब उनका परिवार मुंबई से गांव पहुंचा, तो दोनों का जनाजा एक साथ निकाला गया और नमाज के बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया. इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके को भावुक कर दिया है. ईद की तैयारियों के बीच इस तरह की घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है.

NATIONAL : मकान मालकिन की कातिलाना लव स्टोरी, 15 साल छोटे किराएदार से इश्क में सास का कत्ल

0

लखनऊ में 36 साल की मकानमालकिन और 21 साल के किराएदार के बीच पनपी लव स्टोरी खौफनाक मोड़ पर पहुंच गई. 15 साल छोटे प्रेमी के साथ मिलकर बहू ने सास की हत्या की साजिश रची. बेटी ने भी मां के रिश्ते को लेकर घर में विवाद की बात बताई. CCTV फुटेज और डॉग स्क्वॉड ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए.

एक घर… दो फ्लोर. ऊपर किराएदार, नीचे मकानमालकिन. सब कुछ सामान्य आम घरों जैसा ही लेकिन यहां अंदर ही अंदर एक ऐसी कहानी पनप रही थी जिसमें 36 साल की महिला अपने से 15 साल से छोटे, 21 वर्षीय किराएदार के करीब आ गई. धीरे-धीरे यह रिश्ता भरोसे की सीमाएं लांघकर साजिश में बदल गया. लखनऊ की इस वारदात में प्यार, धोखा और कत्ल एक ही धागे में ऐसे पिरोए गए कि सच सामने आते ही हर कोई सन्न रह गया.

लखनऊ के निशातगंज गली नंबर-3 में का एक साधारण घर. जहां नीचे परिवार रहता था और ऊपर किराए पर एक युवक. 36 वर्षीय रंजना वर्मा घर की बहू, मां और जिम्मेदारियों में उलझी एक महिला. और ऊपर रहने वाला 21 साल का राजन शर्मा किराएदार. शुरुआत में यह रिश्ता सामान्य था, लेकिन वक्त के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं. उम्र का 15 साल का अंतर, सामाजिक मर्यादाएं सब कुछ धीरे-धीरे पीछे छूटता गया. और फिर यह रिश्ता एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया, जहां छुपाना ही उसकी सबसे बड़ी जरूरत बन गया.

रंजना और राजन के बीच करीब चार साल से संबंध थे. यह रिश्ता भले ही छुपा हुआ था, लेकिन घर की दीवारों से ज्यादा देर तक कोई राज छुप नहीं पाया. बेटी अंशिका ने भी पुलिस को बताया कि मां की राजन से बहुत बनती थी. इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे. दादी निर्मला देवी इस रिश्ते का खुलकर विरोध करती थीं. रंजना की सास उसे समझाती थीं, रोकती थीं, टोकती थीं लेकिन रंजना को यह बंदिश मंजूर नहीं थी. धीरे-धीरे सास का विरोध उसे अपनी आजादी के रास्ते में खड़ा एक पहाड़ नजर आने लगा. रिश्तों का तनाव अब साफ दिखने लगा था. घर के भीतर बहस, तकरार और असहजता बढ़ती जा रही थी. ऐसे में वह रिश्ता, जो छुपकर पल रहा था, अब खुलकर जीने की चाहत करने लगा. यहीं से शुरू हुई वह खामोश साजिश, जिसका अंजाम बेहद खौफनाक होने वाला था.

रंजना का पति त्रिदेश वर्मा नौकरी पर निकल चुके थे. बेटा आदित्य घर से बाहर था. बड़ी बेटी अंशिका रिश्तेदारी में गई हुई थी. घर में मौजूद थीं रंजना, उसकी डेढ़ साल की बच्ची और सास निर्मला देवी. यही वह समय था, जब साजिश को अंजाम देने का फैसला किया गया. दोपहर करीब 2 बजे घर के अंदर लगा CCTV कैमरा अचानक बंद कर दिया गया. यह कोई संयोग नहीं, बल्कि पूरी योजना का हिस्सा था. कैमरा बंद होते ही सास को काबू में किया गया. उनके हाथ-पैर बांधे गए और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई.

हत्या के बाद रंजना और उसका प्रेमी राजन घर से बाहर निकल गए. बाहर लगे कैमरों में दोनों साथ दिखाई दिए. कुछ दूरी पर जाकर उन्होंने कैमरा दोबारा ऑन किया ताकि शक उन पर न जाए. लेकिन अपराध की कहानी में छोटी-सी चूक भी बड़ी साबित होती है. जब बेटा घर लौटा और उसने दादी को उस हालत में देखा, तो घबराकर मां को फोन किया. अब रंजना के पास लौटने के अलावा कोई रास्ता नहीं था. वह वापस आई… और फिर शुरू हुआ रोना-धोना, घबराहट और लूटपाट की कहानी गढ़ने का सिलसिला.

पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो शुरुआती तौर पर मामला लूटपाट का लग सकता था. लेकिन CCTV फुटेज ने कहानी बदल दी. अंदर का कैमरा ठीक उसी समय बंद हुआ, जब हत्या हुई. बाहर का कैमरा—जहां बहू अपने प्रेमी के साथ जाती दिखी. यहीं से पुलिस को यकीन हो गया कि मामला घर के अंदर का है. जांच में डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया. स्निफर डॉग सीधे राजन शर्मा तक पहुंच गया. उसकी घबराहट ने पुलिस के शक को और मजबूत कर दिया. पूछताछ में पहले राजन टूटा. उसने साजिश की पूरी कहानी बता दी. इसके बाद रंजना का झूठ भी ज्यादा देर नहीं टिक सका.

दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने मिलकर सास को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी. वजह उनका रिश्ता, जिसे वे किसी भी कीमत पर बचाना चाहते थे. पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर पर रंजना वर्मा और उसके प्रेमी राजन शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष
आज का दिन फायदेमंद रहेगा । सामाजिक दायरा बढ़ेगा व मान सम्मान में वृद्धि होगी । महत्वपूर्ण कार्य करने में रुचि रहेगी। आज किसी प्रभावशाली व्यक्ति से आपकी मुलाकात होने की संभावना है । व्यस्त रहेंगे। आपको किसी मामले में बड़ा निर्णय लेना पड़ सकता है ।

वृष
आज आप खुद को उर्जावान महसूस करेंगे। जीवनसाथी को किसी कार्य में सफलता मिलने से घर में खुशी का माहौल बनेगा । किसी नये प्रोजेक्ट पर काम करने से आपको बहुत कुछ सीखने को मिलेगा । माता-पिता के साथ शॉपिंग करने जायेंगे ।

मिथुन
आज ऑफिस में काम का प्रेशर थोड़ा बढ़ सकता है । आप कुछ ऐसे मामलों में भी पड़ सकते हैं, जिनका समाधान निकालने में आपको थोड़ी परेशानी हो सकती है । पारिवारिक कामों को पूरा करने में घर के सभी सदस्यों का सहयोग प्राप्त होगा । आप अपने खर्चों को लेकर चिंतित रह सकते हैं । साथ ही आपको अपने आसपास हर चीज़ पर गौर करने की जरूरत है।

कर्क
आज किसी खास व्यक्ति से अचानक मुलाकात आपके करियर की दिशा में बदलाव ला सकती है । इस राशि के आर्ट्स स्टूडेंट्स को थोड़ी मेहनत करने की जरूरत है । आज आपका कोई काम बनते-बनते रुक सकता है, लेकिन शाम तक वो काम भी पूरा हो जायेगा ।

सिंह
आज कलात्मक कार्यों में आपकी रूचि बढ़ेगी । धैर्य से निर्णय लेने पर सफलता के नए आसार खुलेंगे । किसी काम में जीवनसाथी की मदद मिलने से आपको फायदा होगा । आपको अपने भविष्य के बारे में थोड़ा विचार करने की जरूरत है। इससे आपकी बहुत-सी उलझनें दूर होंगी ।

कन्या
आज परिवार वालों का सहयोग प्राप्त होगा । अपने काम के लिये दूसरों को सहमत कराने में आप बहुत हद तक सफल रहेंगे । आज कुछ जरूरी निर्णय आपको फायदा दिला सकते हैं। इस राशि के कारोबारियों को किसी व्यक्ति से जरूरी मुलाकात करनी पड़ सकती है ।

तुला
आज परिवार वालों के साथ टाइम स्पेंड करने का मौका मिलेगा। आपकी सभी परेशानियाँ दूर होंगी। किसी काम से थोड़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है । आज नये कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी । आप कोई नया कोर्स भी ज्वॉइन करने के बारे में सोच सकते हैं।

वृश्चिक
आज तरक्की के कई नए रास्ते नज़र आयेंगे । आप पारिवारिक रिश्तों के बीच सामंजस्य बनाने में सफल होंगे । शाम को बच्चों के साथ समय व्यतीत करेंगे । कई दिनों से रूके हुए काम में सफलता मिल सकती है।

धनु
आज व्यापारी वर्ग को धन लाभ होगा । आप बच्चों के साथ ख़ुशी के पल बितायेंगे । इस राशि के सिविल इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अनुकूल है । उन्हें किसी बड़ी कंपनी से जॉब के लिए कॉल या ईमेल आ सकती है। आपके सकारात्मक विचारों से खुश होकर बॉस आपको कोई गिफ्ट दे सकते है ।

मकर
आज पहले किये गये काम में मेहनत का बेहतर परिणाम हासिल होगा । ऑफिस का खुशनुमा वातावरण आपके मन को उत्साह से भर देगा । आप खुद को एनर्जेटिक महसूस करेंगे । जीवनसाथी के साथ लंबी बातचीत होगी । इससे आपके रिश्तों में मजबूती आयेगी । आज कुछ नए दोस्त बनने की संभावना है । आपका सामाजिक दायरा बढ़ेगा ।

कुंभ
आज आपके भाग्य के सितारे बुलंद रहेंगे । अगर आप किसी महत्वपूर्ण काम को पूरा करने की सोच रहे हैं, तो वह काम आज पूरा हो जाएगा । आज जीवनसाथी के साथ डिनर का प्लान बना सकते हैं , इससे आपके रिश्ते मधुर बनेंगे । इस राशि के वकीलों के लिए आज का दिन उत्तम रहेगा । कोई जरूरी केस आपके पक्ष में रहेगा ।

मीन
आज किसी पुरानी बात को लेकर आप थोड़े परेशान हो सकते हैं, लेकिन शाम तक सब ठीक हो जायेगा । आज घर पर अचानक से कोई मेहमान आ सकता है जिससे घर का महौल खुशनुमा रहेगा । आप कोई सामान कहीं रखकर भूल सकते हैं इसलिए अपनी सभी जरूरी चीजों का ध्यान रखें।

NATIONAL : पंजाब के व्यापारियों ने भगवंत मान सरकार पर जताया भरोसा, सरकारी खजाने में आए 111 करोड़

0

पंजाब की मान सरकार की ‘एकमुश्त निपटान स्कीम’ को व्यापारियों का भारी समर्थन मिला है. पुराने टैक्स बकाये के जरिए अब तक सरकारी खजाने में 111.16 करोड़ रुपये आ चुके हैं. हालांकि, इस राहत का फायदा सिर्फ 31 मार्च तक ही उठाया जा सकता है. इसके बाद सरकार नरम रुख छोड़कर सख्त एक्शन लेगी और करीब 8,000 संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी.

पंजाब में बकाये टैक्स को निपटाने के लिए लाई गई ‘एकमुश्त निपटान स्कीम’ (OTS) को व्यापारियों का जबरदस्त साथ मिल रहा है. पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को चंडीगढ़ में बताया कि इस स्कीम के जरिए अब तक 111.16 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में आ चुके हैं. लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और पटियाला जैसे बड़े शहरों के व्यापारियों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, जो दिखाता है कि भगवंत मान सरकार की नीतियों पर लोगों को कितना यकीन है.

वित्त मंत्री चीमा ने साफ कहा कि इस स्कीम का मकसद व्यापारियों को पुराने टैक्स के बोझ से आजाद करना और मुकदमों के चक्कर से बचाना है. अब तक करीब 7,845 व्यापारियों ने अपने 298.39 करोड़ रुपये के बकाये को निपटाने के लिए अर्जी दी है. यह स्कीम उन कारोबारियों के लिए एक नई शुरुआत करने का सुनहरा मौका है, जो पुराने बकाये के ब्याज और जुर्माने में भारी छूट चाहते हैं.

हालांकि, हरपाल सिंह चीमा ने व्यापारियों को एक कड़ी चेतावनी भी दी है. उन्होंने साफ कर दिया है कि राहत की यह खिड़की सिर्फ 31 मार्च, 2026 तक ही खुली है. अगर इस डेडलाइन तक किसी ने अपना बकाया नहीं चुकाया, तो सरकार नरमी छोड़कर सख्त एक्शन मोड में आ जाएगी. इसके अलावा वित्त मंत्री ने यह भी साफ किया कि विभाग ने पहले ही ऐसी 8,000 संपत्तियों की लिस्ट तैयार कर ली है, जिन पर समय सीमा खत्म होते ही कानूनी कार्रवाई और कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

हरपाल सिंह चीमा ने अपील करते हुए कहा, ‘अभी सरकार रियायत दे रही है और रास्ता आसान है, लेकिन 31 मार्च के बाद कोई समझौता नहीं होगा. बिना किसी छूट के पूरी वसूली की जाएगी.’ उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और इस स्कीम का फायदा उठाकर राज्य के विकास में अपना योगदान दें. सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल राजस्व बढ़ेगा, बल्कि पंजाब का व्यापारिक माहौल भी और पारदर्शी बनेगा.

NATIONAL : नवी मुंबई में DRI का एक्शन, 9.25 करोड़ का चीनी वॉकी-टॉकी जब्त

0

नवी मुंबई बंदरगाह पर डीआरआई ने बड़ी कार्रवाई की है और 9 करोड़ रुपये से ज्यादा की वॉकी-टॉकी और सेकंड हैंड हार्ड डिस्क बरामद किया है. मामले की पुलिस जांच कर रही है.राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर 11,060 प्रतिबंधित वॉकी-टॉकी सेट और सेकंड-हैंड हार्ड डिस्क ड्राइव (HDDs) ज़ब्त किए हैं. जिनकी कुल कीमत 9.25 करोड़ रुपये है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुंबई की दो फर्मों के मालिक—एक पिता-पुत्र की जोड़ी ने बिना अनुमति के ये सामान आयात किया था. ऐसे में उन्हें सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है. विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर DRI अधिकारियों की एक टीम ने 2.5 करोड़ रुपये के वॉकी-टॉकी और 6.75 करोड़ रुपये मूल्य के सेकंड-हैंड एचडीडीएस को जब्त किया.

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित सामानों को 21 करोड़ रुपये के अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के बीच छिपाकर रखा गया था. चीन से भेजे गए आठ कंटेनरों में आए 30.25 करोड़ रुपये के पूरे माल को गलत घोषणा (misdeclaration) के आरोप में ज़ब्त कर लिया गया.साथ ही इस तरह के वॉकी-टॉकी को दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है. क्योंकि ये अनुमत आवृत्तियों (frequencies) से बाहर काम करते हैं और इनका उपयोग अनधिकृत संचार के लिए किया जा सकता है. जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा होता है. इन उपकरणों के लिए विशिष्ट लाइसेंस की आवश्यकता होती है.

इसके अलावा सेकंड-हैंड एचडीडीएस का आयात भी विदेश व्यापार महानिदेशालय की अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता है.

ENTERTAINMENT : जब चली गई थी नरेंद्र चंचल की आवाज, बोले मां ने दी सजा, सिर पर चढ़ गया शोहरत का नशा

नरेंद्र चंचल की लाइफ से जुड़ा एक बेहद रहस्यमयी और डराने वाला वाकया आज भी उनके फैंस के बीच चर्चा का विषय रहता है. कहते हैं कि सफलता पाने के बाद एक बार उनके मन में अहंकार ने दस्तक दी थी.

भक्ति संगीत की दुनिया में जब भी माता के भजनों का जिक्र होता है, तो सबसे पहला नाम जो जहन में आता है, वो है नरेंद्र चंचल. अपनी आवाज से करोड़ों भक्तों के दिलों में जगह बनाने वाले नरेंद्र चंचल सिर्फ एक गायक नहीं, बल्कि आस्था का एक प्रतीक बन गए थे. लेकिन उनकी सफलता की इस कहानी के पीछे कुछ ऐसे अनसुने और हैरान कर देने वाले किस्से भी छिपे हैं.

नरेंद्र चंचल ने न केवल धर्म और भक्ति के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई बल्कि बॉलीवुड की चकाचौंध में भी अपनी गायकी का लोहा मनवाया. लेकिन आज हम उनके लाइफ के उसी मोड़ की बात कर रहे हैं, जिसने उनके सोचने का नजरिया ही बदल दिया था.नरेंद्र चंचल मुख्य रूप से माता रानी के भजनों और दुर्गा पूजा के गीतों के लिए घर-घर में फेमस थे, लेकिन उनकी प्रतिभा केवल भजनों तक सीमित नहीं रही. हिंदी सिनेमा में उन्हें असली पहचान मिली ऋषि कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘बॉबी’ से. इस फिल्म का गाना ‘बेशक मंदिर मस्जिद तोड़ो’ इतना लोकप्रिय हुआ कि इसने नरेंद्र चंचल को रातों-रात फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा सितारा बना दिया.

फिल्मों में काम मिलने के बाद नरेंद्र चंचल ने भजन और माता के गीत नहीं गाने का मन बनाया. एबीपी की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा था, ‘मुझे फिल्मी गानों से काफी शोहरत और पैसा मिल रहा था. इसके बाद मैंने फैसला किया कि अब भजन नहीं , सिर्फ फिल्मों के ही गाने गाऊंगा. सफलता का नशा सिर चढ़ गया था.’

नरेंद्र चंचल ने आगे कहा, ‘एक दिन मैं फिल्म म्यूजिकल नाइट के लिए आगरा गया था. उससे पहले काली माता मंदिर के आगे माथा टेकने गया. यहां मैं माता के गीत भी गाता था. वहां कुछ भक्त-कीर्तन कर रहे थे. उन्होंने मुझसे एक भजन गाने के लिए कहा. तब मैंने तबीयत का बहाना बनाया और बिना गाना गाए वहां से लौट आया. लेकिन उस रात ऐसा कुछ हुआ कि मेरी आवाज ही चली गई. मैं समझ गया कि माता रानी ने मुझे मेरी गलती और अहंकार की सजा दे दी है.’

नरेंद्र चंचल इसके बाद कई महीनों तक बिना आवाज के रहे. उनका लंबा ट्रीटमेंट चला और जब चमत्कारिक रूप से वो ठीक हुए तो उन्होंने सिर्फ भजन गाने का ही फैसला किया. उन्होंने फिल्मों गानों को छोड़ दिया. जिसके बाद उन्होंने फिल्म ‘आशा’ का ‘तूने मुझे बुलाया शेरा वालिए’ और ‘अवतार का ‘चलो बुलावा आया है’ गाए और खूब शोहरत पाई.

नरेंद्र चंचल का जन्म पंजाब के अमृतसर की नमक मंडी में 16 अक्टूबर 1940 को हुआ था. वह धार्मिक पंजाबी परिवार से थे और धार्मिक वातावरण में पले बढ़े थे. उन्हें बचपन से ही भजन और आरती में दिलचस्पी थी और इसीलिए उन्होंने छोटी उम्र में जगरातों में गाना शुरू कर दिया था. कई सालों तक स्ट्रगल करने के बाद वह बॉलीवुड की म्यूजिक इंडस्ट्री का हिस्सा बने थे. 22 जनवरी 2021 को उनका दिल्ली में निधन हो गया था.

ENTERTAINMENT : बुर्ज खलीफा में अधूरा पड़ा घर का काम, तनाव के बीच दुबई जा रहा एक्टर

टीवी और बॉलीवुड एक्टर राम कपूर का कहना है कि तनाव के बीच दुबई लौटने के अलावा उनके पास कोई और चारा नहीं है, क्योंकि बुर्ज खलीफा स्थित उनके घर का काम अभी भी अधूरा पड़ा है.मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल रखा है, लेकिन इन सबके बीच एक्टर राम कपूर ने एक बड़ा फैसला लिया है. एक्टर अगले हफ्ते वापस दुबई जाने की तैयारी कर रहे हैं.

दरअसल, राम कपूर का दुबई के बुर्ज खलीफा में अपना एक घर है, जिसका काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है. हालांकि, वहां के मौजूदा हालात सफर के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं हैं, लेकिन डेडलाइन के दबाव और काम पूरा करने की मजबूरी ने उन्हें यह जोखिम उठाने पर मजबूर कर दिया है. राम कपूर का कहना है कि अब उनके पास घर लौटने और काम निपटाने के अलावा ‘कोई और चारा नहीं बचा है.

टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में अपने फैसले के बारे में बताते हुए राम कपूर ने माना कि अब और देर करना मुमकिन नहीं है. उन्होंने कहा, ‘पिछली बार, हम वहां करीब एक हफ्ते के लिए गए थे. मैंने सोचा था कि मैं मुंबई वापस आकर इंतजार करूंगा कि हालात थोड़े शांत हो जाएं, फिर दोबारा काम शुरू करूंगा. लेकिन अब मेरे पास कोई और चारा नहीं है.’

‘मेरा काम अभी भी बाकी है, और ऐसा नहीं लगता कि हालात जल्द ही ठीक होंगे, बल्कि वे और बिगड़ते ही जा रहे हैं. यह सिलसिला महीनों तक, या उससे भी ज्यादा समय तक चल सकता है. अगर ऐसा ही रहा, तो मैं अब और देर नहीं कर सकता. हालात जैसे भी हों, मुझे वहां जाकर अपने तय किए गए टाइमलाइन के हिसाब से काम पूरा करना ही होगा.’

एक्टर राम कपूर ने बताया कि यह जल्दी इसलिए है क्योंकि बुर्ज खलीफा में उनके घर पर काम चल रहा है, जो अभी रुका हुआ है. उन्होंने कहा, ‘बुर्ज खलीफा में मेरे घर पर काम चल रहा है. हमें जरूरी परमिशन मिल गई थीं और काम पूरा करने के लिए एक तय समय-सीमा भी मिली थी, लेकिन अब सब कुछ ठप पड़ गया है. मैं समय-सीमा बढ़ाने की गुजारिश कर सकता हूं, लेकिन हमें नहीं पता कि यह हालात कब तक रहेंगे. इसलिए, हमने सोचा है कि काम जारी रखा जाए और जैसा पहले से तय था, उसी हिसाब से काम पूरा करने की कोशिश की जाए. दुबई में मेरे जितने भी जान-पहचान वाले लोग हैं, वे सब भी अपनी जिंदगी को जितना हो सके, वैसे ही जी रहे हैं. यह कोई बहुत अच्छी स्थिति तो नहीं है, लेकिन मैं घबरा नहीं रहा हूं.’

पिछली बार के ट्रिप के उलट, इस बार राम कपूर अकेले ही सफर करेंगे, जबकि उनकी पत्नी गौतमी यहीं रुकेंगी. उन्होंने कहा, ‘मैं अकेला ही जा रहा हूं. यहां कुछ जरूरी काम निपटाने के बाद, मैं मंगलवार को फ़्लाइट से रवाना हो जाऊंगा. मुझे लगता है कि इस बार मैं वहां करीब दो हफ्ते तक रहूंगा.’राम कपूर ने कहा कि उनके परिवार वाले इस ट्रिप की जरूरत को समझते हैं। उन्होंने बताया, “मेरे बच्चे काफी हद तक मेरी ही तरह हैं. भले ही वे शुरू में घबरा जाते हैं, लेकिन एक बार जब मैं उनसे बात करता हूं, तो वे शांत हो जाते हैं. असल में, वे अपनी मां को ही दिलासा देने लगते हैं. गौतमी को चिंता तो होती है, लेकिन वह समझती है कि यह जरूरी है और मैं इस तय समय-सीमा को छोड़ नहीं सकता.’

तनाव के बावजूद, राम कपूर ने शहर के सुरक्षा ढांचे पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा, ‘दुबई बहुत ही व्यवस्थित है और सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह सक्षम है. यहां तक कि जहां मेरा घर है, वह भी देश की सबसे सुरक्षित इमारतों में से एक है; यह बात मैंने गौतमी को भी समझाई है.’

WORLD : अमेरिका से LPG सिलेंडर से लदा जहाज, रूस से पेट्रोल-डीजल… आज आई डबल गुड न्यूज

0

पश्चिम एशिया में ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात बाधित होने के बीच भारत को ऊर्जा आपूर्ति में दोहरी अच्छी खबर मिली है. कर्नाटक के मंगलुरु में एक जहाज रूसी क्रूड ऑयल लेकर पहुंचा है, जबकि अमेरिका से LPG से लदा एक और जहाज सफलतापूर्वक डॉक हो गया.

मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध के मद्देनजर भारत ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अपनी निर्भरता को कम करने के लिए कई कदम उठा हैं, जिसके नतीजे अब जमीनी स्तर पर दिखने लगे हैं. इसी बीच रूस से कच्चे तेल से लदा ‘एक्वा टाइटन’ और अमेरिका से एलपीजी लेकर निकला जहाज ‘पिक्सिस पायोनियर’ रविवार सुबह कर्नाटक के मंगलुरु बंदरगाह पहुंच गया. इससे घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों को स्थिर रखने में मदद मिलेगी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये जहाज मूल रूप से चीन जा रहा था, लेकिन बीते दिनों अमेरिका ने समुद्र में फंसे रूसी तेल को बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किया था. इसके बाद इस जहाज को दक्षिण चीन सागर में कोर्स बदलकर भारत की ओर मोड़ दिया गया था. इसी क्रम में रूसी क्रूड ऑयल से लदा जहाज एक्वा टाइटन शनिवार-रविवार की दरमियानी रात को कर्नाटक के मंगलुरु पोर्ट पहुंच गया है, जहां वह समुद्र में लंगर डाले खड़ा है. यहां से पाइपलाइनों के जरिए कच्चा तेल रिफाइनरी तक पहुंचाया जाएगा.

अधिकारियों के अनुसार, जहाज से कच्चे तेल को सीधे रिफाइनरी तक पहुंचाने के लिए समुद्र के अंदर बिछी पाइपलाइनों का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि परिवहन के दौरान होने वाले जोखिम को भी कम किया जा सकेगा. भारत सरकार की इस सक्रियता और अंतरराष्ट्रीय तालमेल की वजह से घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की आशंका काफी हद तक कम हो गई है.

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच वैश्विक ईंधन कीमतों को स्थिर करने के लिए अमेरिका ने रूसी कच्चे तेल को लेकर नरमी दिखाई, जिसका सीधा फायदा भारत को मिला है.

मंगलुरु पहुंचे ‘एक्वा टाइटन’ के अलावा अमेरिका के टेक्सास से LPG लेकर जहाज ‘पिक्सिस पायोनियर’ रविवार सुबह भारत पहुंच गया है. जहाज में मंगलुरु पोर्ट पर सफलतापूर्वक डॉक हो गया. रूस-अमेरिका से आई ये दोनों खेप ऐसे वक्त में आई हैं, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई चेन को लेकर काफी अनिश्चितता बनी हुई है.

वहीं, इससे पहले मिडिल ईस्ट के तनावपूर्ण माहौल और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते दो भारतीय-फ्लैग LPG टैंकर भारत पहुंचे थे. 16 मार्च को एलपीजी लेकर ‘शिवालिक’ (Shivalik) गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचा. इसके बाद 17 मार्च को नंदा देवी जहाज एलपीजी लेकर गुजरात के वाडिनार पोर्ट पहुंचा था. ये दोनों जहाज ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी समुद्री सैन्य गतिविधियों और बाधाओं को पार कर भारत के पश्चिमी तट तक पहुंचे थे. इन जहाजों के जरिए आई एलपीजी देश के घरेलू गैस वितरण आपूर्ति नेटवर्क के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

- Advertisement -