Sunday, May 3, 2026
Home Blog Page 398

ENTERTAINMENT : बहन के संगीत में शिवांगी जोशी ने लगाए जमकर ठुमके, ‘बिजुरिया’ गाने पर डांस स्टेप से जीत लिया दिल

0

टीवी एक्ट्रेस शिवांगी जोशी की बहन शादी के बंधन में बंधने वाली हैं. शिवांगी संगीत में अपने डांस से चार चांद लगाती हुई नजर आईं. उनकी वीडियो वायरल हो रही है.

टीवी एक्ट्रेस शिवांगी जोशी के घर शहनाइयां बजने वाली हैं. उनकी छोटी पहन शीतल जोशी शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं. शीतल की शादी के फंक्शन शुरू हो चुके हैं. हाल ही में शिवांगी ने मेहंदी की फोटोज शेयर की थीं अब सोशल मीडिया पर संगीत की वीडियो वायरल हो रही हैं. जिसमें शिवांगी जमकर डांस करती नजर आ रही हैं. शिवांगी के साथ होने वाली दुल्हन शीतल भी खूब डांस करती नजर आ रही हैं.

शीतल की शादी के फंक्शन की फोटोज और वीडियो खूब वायरल हो रही हैं. शीतल और शिवांगी का हर फंक्शन में लुक देखने के लिए फैंस बेताब हो रहे हैं साथ ही शिवांगी कैसे एंजॉय कर रही हैं ये फैंस देखना चाहते हैं.

सोशल मीडिया पर शिवांगी जोशी का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वो बिजुरिया गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं. शिवांगी का ये वीडियो बहुत वायरल हो रहा है. इसके अलावा शीतल के साथ डांस करते हुए भी उनका एक वीडियो सामने आया है. शिवांगी अपनी बहन की शादी खूब एंजॉय कर रही हैं. उनके चेहरे से खुशी साफ झलक रही है.

शिवांगी के लुक की बात करें तो उन्होंने ऑफ शोल्डर गाउन पहना हुआ है इसके साथ उन्होंने दुपट्टा कैरी किया है. वहीं दूसरी तरफ शीतल ने लहंगा पहना है जिसमें वो बहुत ही ज्यादा प्यारी लग रही हैं. बहन की शादी में शिवांगी खुद ही ढोल बजा रही हैं.बता दें शीतल की शादी होमटाउन देहरादून में हो रही हैं. शिवांगी भी छुट्टी लेकर बहन की शादी एंजॉय करने के लिए देहरादून में हैं. काम से ब्रेक लेकर वो फैमिली टाइम स्पेंड कर रही हैं. बता दें शिवांगी इन दिनों बड़े अच्छे लगते हैं में हर्षद चोपड़ा के साथ नजर आ रही हैं.

NATIONAL : ठाणे के गरबा महोत्सव में गैर-हिंदू व्यक्ति ने फेंके अंडे, माहौल खराब होने पर बौखलाए लोग, केस दर्ज

0

मोहसिन खान नाम का व्यक्ति महोत्सव के शोर से परेशान था. उसने पुलिस से कार्यक्रम बंद करने की शिकायत की थी. आरोप है कि बाद में 16वीं मंजिल से उसने महोत्सव में अंडे फेंक दिए.

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में नवरात्रि पर्व पर गरबा महोत्सव के बीच माहौल खराब करने की कोशिश की गई. मीरा रोड पूर्व के काशीगांव इलाके में मंगलवार (30 सितंबर) की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. प्रसिद्ध जेपी नॉर्थ गार्डन सिटी सोसाइटी में सार्वजनिक गरबा महोत्सव के दौरान एक व्यक्ति पर अंडा फेंकने का आरोप लगा, जिसके बाद नागरिकों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया.

घटना रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई बताई जा रही है. आरोप है कि एस्टेला बिल्डिंग निवासी मोहसिन खान नाम के व्यक्ति ने पहले तो डेसिबल लेवल चेक करने के बहाने गरबा स्थल पर पहुंचकर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत भी की थी और कार्यक्रम बंद कराने की अपील की थी. बाद में आरोप ने 16वीं मंजिल से महोत्सव में अंडा फेंका, जिससे माहौल बिगड़ गया.

जब दो महिला पुलिसकर्मियों के पास टूटा हुआ अंडा मिला तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा और बड़ी संख्या में नागरिक सीधे काशीगांव पुलिस स्टेशन पहुंच गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोहसिन खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 300 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सोसाइटी परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.

NATIONAL : ‘इसकी बलि देकर सिद्धि मिलेगी…’, घर बुलाकर दोस्त की हत्या करने वाले तांत्रिक का कुबूलनामा

0

जमशेदपुर के गोलमाड़ी में तांत्रिक संदीप ने तंत्र साधना के लिए 20 वर्षीय दोस्त अजय की हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी. मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. अजय परिवार का इकलौता बेटा था और पिता का होटल संभालता था. संदीप पर पहले भी हत्या के आरोप रहे हैं. पुलिस ने उसे

बीते मंगलवार को झारखंड में जमशेदपुर के गोलमाडी थाना अंतर्गत के रहने वाले तांत्रिक संदीप पर 20 साल के एक युवक अजय की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया. कड़ाई से पूछताछ के बाद संदीप ने कुबूला कि उसने तंत्र साधना के लिए अजय को एक बॉक्स में हाथ पैर बांध के बंद रखा था और फिर उसकी हत्या कर दी. उसने बताया कि मुझे पूर्ण विश्वास था कि इसकी बलि देने के 8 साल बाद मुझे सिद्धि की प्राप्ति हो जाएगी.

तांत्रिक के हमले के बाद वह छटपटाने और चिल्लाने लगा. देर रात और सुनसान इलाका होने के चलते मोहल्ले वालों को कुछ शक हुआ. लोगों ने देखा कि तांत्रिक घर से निकलकर भाग रहा था.स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसे तत्काल टाटा मैन हॉस्पिटल ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई.

अजय अपने परिवार का इकलौता बेटा था. पिता की मौत के बाद वह पिता के होटल को चलाता था.उनकी तीन बहनें उसपर आश्रित थीं. तांत्रिक के बारे में कहा जाता है कि इससे पहले भी उसने दो हत्याएं की थीं लेकिन साक्ष्य के अभाव में वह बच गया. लेकिन देर रात हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और उसको गिरफ्तार कर लिया. आज उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

बता दें कि तंत्र मंत्र की विद्या में सिद्धी जैसी चीज के लिए नरबलि का ये कोई पहला मामला नहीं है बल्कि आए ऐसे कई मामले सामने आए हैं. कई घटनाओं में तो छोटे मासूम बच्चों को भी बलि का शिकार बनाया गया. कुछ केस में ये सब किसी और ने नहीं बल्कि घर के ही किसी सदस्य ने किया. अंधविश्वास और बलि से फल की मान्यता ने जाने कितनों की जान ले लीं.

NATIONAL : ग्वालियर में 19 साल के भांजे का मौसी से प्यार, शादी के लिए दस्तावेज में की हेराफेरी

0

ग्वालियर में एक युवक ने अपनी मौसी से शादी करने के लिए दस्तावेजों में उम्र की हेराफेरी की. 19 साल के रितेश ने आधार, पैन और जन्म प्रमाणपत्र अपडेट कर खुद को 21 साल का दिखा दिया. कोर्ट में शादी का आवेदन देने के बाद दोनों फरार हो गए. मामला खुलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की.

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मौसी और भांजे के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है. यहां 19 साल के युवक ने अपनी 25 साल की मौसी से शादी करने के लिए दस्तावेजों में अजब गजब हेराफेरी की. परिवार और कानून दोनों को गुमराह कर युवक और मौसी फरार हो गए हैं.

मामले के अनुसार शील नगर निवासी रितेश धाकड़ अपनी मौसी से प्यार करता था. शादी की कानूनी उम्र पूरी करने के लिए उसने दस्तावेजों में हेराफेरी की. जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और पैनकार्ड अपडेट कर उसने अपनी उम्र दो साल बढ़ा दी. असली उम्र 19 साल थी लेकिन कागजों में उसने खुद को 21 साल का दिखाया. इसके बाद रितेश और उसकी मौसी ने कोर्ट में शादी का आवेदन किया और 24 जून से दोनों फरार हो गए.

19 साल के भांजे को मौसी से हुआ प्यार

परिजनों को शक हुआ तो मामा आकाश सिंह राजपूत ने RTI के जरिए रितेश की 10वीं की मार्कशीट निकलवाई. इसमें जन्म वर्ष 2005 दर्ज था जबकि कागजों में 2003 दिखाया गया था. इस खुलासे के बाद बहोड़ापुर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी गई. फिलहाल पुलिस और परिजन दोनों की तलाश में जुटे हैं.
CSP रॉबिन जैन ने बताया कि दस्तावेजों में हेराफेरी और फरारी के मामले की जांच की जा रही है. पुलिस टीम अलग-अलग जगह दबिश दे रही है ताकि दोनों को जल्द पकड़ा जा सके. इस घटना ने परिवार और समाज में हैरानी पैदा कर दी है.

ENTERTAINMENT : जुबिन गर्ग के मैनेजर-इवेंट ऑर्गेनाइजर को पुलिस ने पकड़ा, सिंगर की मौत को लेकर होगी पूछताछ

0

सिंगर जुबिन गर्ग की मौत के मामले में अब नई जानकारी सामने आई है. सिंगर के मैनेजर और नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से सिंगर की मौत के मामले में पूछताछ की जाएगी.

असम के फेमस सिंगर जुबिन गर्ग की मौत की मिस्ट्री पर सस्पेंस बरकरार है. सिंगर की मौत की वजह सामने लाने के लिए बारीकी से जांच की जा रही है. अब इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस ने बुधवार को नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और जुबिन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को उनकी मौत से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत को सिंगापुर से लौटने के तुरंत बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर लगभग आधी रात को गिरफ्तार किया गया. वहीं, दूसरी ओर जुबिन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गुरुग्राम के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थ शर्मा और श्यामकानु महंत दोनों को ही गुवाहाटी ले जाया गया है.

बता दें कि पिछले हफ्ते दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए गए थे. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि श्यामकानु महंत और मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा दोनों को 6 अक्टूबर को गुवाहाटी में जांच टीम के सामने अपने बयान दर्ज कराने होंगे. इसी सिलसिले में उन दोनों को गिरफ्तार करके गुवाहाटी ले जाया गया है.

असम सरकार ने जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक (DGP) एमपी गुप्ता की अध्यक्षता में 10 लोगों की एक स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है. एसआईटी ने इससे पहले शर्मा के गुवाहाटी स्थित घर की तलाशी ली थी. ये तलाशी अभियान करीब दो घंटे तक चला था. इस दौरान कई दस्तावेज जब्त किए गए थे.
52 साल की उम्र में सिंगर जुबिन गर्ग का 19 सितंबर को सिंगापुर में निधन हो गया था. जुबिन वहां 20 सितंबर को होने वाले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने वाले थे. मगर उससे पहले ही स्कूबा डाइविंग करते हुए एक हादसे में उनकी जान चली गई. अचानक हुई उनकी मौत से सिंगर के परिवार समेत लाखों फैंस को तगड़ा झटका लगा. हर किसी का दिल टूट गया.

जुबिन गर्ग के करीबी अब तक इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि आखिर स्कूबा डाइविंग मौत की वजह कैसे बन सकती है. सिंगर की मौत की मिस्ट्री को सुलझाने के लिए इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.जुबिन गर्ग की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए उनका दो बार पोस्टमार्टम किया गया था. इसके बाद गुवाहाटी में सिंगर का अंतिम संस्कार किया गया. जुबिन को अंतिम विदाई देने के लिए फैंस का जन सैलाब उमड़ पड़ा था. हर किसी की आंखें नम दिखी थीं.

UP : लखनऊ के पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र ने किया सुसाइड, बलिया के घर में फंदे से लटका मिला शव

0

लखनऊ के हेवेट पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र ने सुसाइड कर लिया. उसका शव फंदे से लटकता हुआ पैतृक गांव के घर में मिला. बताया जाता है कि छात्र कुछ ही दिन पहले लखनऊ से घर आया था.

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक 19 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र ने सुसाइड कर लिया. एक एजेंसी के मुताबिक 19 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र ने नंदपुर गांव स्थित अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. अधिकारियों ने बताया कि दीनानाथ प्रसाद लखनऊ के हेवेट पॉलिटेक्निक कॉलेज का छात्र था और कुछ दिन पहले ही अपने पैतृक गांव लौटा था.

पुलिस के अनुसार प्रसाद मंगलवार शाम अपने घर के एक कमरे में छत से लटका हुआ पाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. बैरिया के क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम कुरैशी ने कहा, “प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. हालांकि इस कदम के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. जांच जारी है.”

परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिनों पहले ही लखनऊ से आया था. उसे देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि ऐसा कदम उठा लेगा. उसने ऐसा क्यों किया, कुछ समझ नहीं आ रहा.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

NATIONAL : तमिलनाडु में 19 वर्षीय युवती से रेप मामले में 2 पुलिसकर्मी गिरफ्तार

0

तमिलानाडु में 19 वर्षीय युवती से रेप मामले में 2 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है. दोनों ने एक ट्रक की तलाशी के दौरान इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया था.तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई -जिला पूर्वी में एक 19 वर्षीय युवती से रेप का मामला सामने आया है. इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही दोनों को निलंबित भी कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

जानकारी के अनुसार युवती बाईपास रोड पर दो पुरुषों और एक अन्य महिला के साथ एक ट्रक में यात्रा कर रही थी. जब वे एंडल गांव पार कर रहे थे, तो कांस्टेबल सुंदर और सुरेश राज ने नियमित वाहन जांच के लिए ट्रक को रोक लिया. इसके बाद कांस्टेबलों ने कथित तौर पर युवती को एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया और छोड़ दिया.

घटना के बाद युवती एंडल गांव पहुंचने के लिए संघर्ष करती रही. इस दौरान स्थानीय निवासियों ने उसकी मदद की और उसे सरकारी अस्पताल ले गए. जिसके बाद इलाज करने वाले डॉक्टरों ने पुलिस को सूचित किया और जिला महिला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया.पुलिस ने बताया कि 19 वर्षीय युवती से दुष्कर्म मामले में तिरुवन्नामलाई -जिला पूर्वी पुलिस स्टेशन के दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है. गिरफ्तार कांस्टेबलों की पहचान सुंदर और सुरेश राज के रूप में हुई है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

BHAKTI : कल दशहरा पर न लगेगी भद्रा न लगेगा पंचक, जानें किस मुहूर्त में होगा रावण दहन

0

विजयादशमी के दिन देशभर में रामलीला और रावण दहन की धूम रहती है. लेकिन, इसके साथ ही यह दिन धार्मिक दृष्टि से भी खास है. इस दिन मां दुर्गा और भगवान राम की विशेष पूजा की जाती है. वहीं, प्रदोष काल में रावण दहन का आयोजन कर धर्म की विजय का संदेश दिया जाता है.

2 अक्टूबर यानी कल दशहरा मनाया जाएगा. दशहरा या कहें विजयादशमी, यह त्योहार पूरे देश में बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है. हर साल ये त्योहार अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है. मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर धर्म की स्थापना की थी. इसी वजह से पर्व को अच्छाई की जीत और बुराई के अंत का प्रतीक माना जाता है.

भारत देश के हर में दशहरा को अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है. जगह-जगह पर रामलीला का आयोजन होता है, जिसमें भगवान राम के जीवन और लंका युद्ध की झलक दिखाई जाती है. शाम के समय रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतले दहन किए जाते हैं. तो चलिए जानते हैं कि दशहरा पर क्या पूजन मुहूर्त रहने वाला है और किस समय कल रावण का दहन होगा.

पंचांग के अनुसार, आश्विन मास की दशमी तिथि 1 अक्टूबर यानी आज शाम 7 बजकर 01 मिनट पर शुरू होगी और तिथि का समापन 2 अक्टूबर यानी कल शाम 7 बजकर 10 मिनट पर होगा. उदयातिथि के अनुसार, 2 अक्टूबर यानी कल ही दशहरा मनाया जाएगा. अस्त्र शस्त्र की पूजा का मुहूर्त- 2 अक्टूबर की दोपहर 1 बजकर 21 मिनट से शुरू होकर दोपहर 3 बजकर 44 मिनट तक रहेगा. इसकी अवधि 2 घंटे 22 मिनट की रहेगी.

पूजन का मुहूर्त- दोपहर 2 बजकर 09 मिनट से लेकर दोपहर 2 बजकर 56 मिनट तक रहेगा, जिसकी अवधि 47 मिनट की रहेगी.

वाहन खरीदने का मुहूर्त- सुबह 10 बजकर 41 मिनट से दोपहर 1 बजकर 39 मिनट तक रहेगा.

रावण दहन का मुहूर्त

दशहरा या कहें विजयादशमी के दिन रावण दहन हमेशा प्रदोष काल में किया जाता है. प्रदोष काल का समय सूर्यास्त के बाद शुरू होता है. इस दिन सूर्यास्त का समय शाम 6 बजकर 05 मिनट पर शुरू होगा और इसी के बाद से रावण दहन भी शुरू हो जाएगा.

इन शुभ कार्यों के लिए अच्छा होता है दशहरे का दिन

मान्यताओं के अनुसार, दशहरा को नए कार्यों की शुरुआत के लिए शुभ माना जाता है. इस दिन घर में समृद्धि लाने वाले काम किए जाते हैं और लोग अपने बच्चों की पढ़ाई या व्यवसाय की शुरुआत का संकल्प लेते हैं. इसे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सफलता की राह खोलने वाला दिन माना गया है.

दशहरा के दिन किसकी होती है पूजा?

दशहरा या विजयादशमी का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है. इस दिन केवल रावण दहन ही नहीं होता, बल्कि पूजा-अर्चना का भी विशेष महत्व है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, दशहरे पर मां दुर्गा, भगवान श्रीराम और शस्त्रों की पूजा की जाती है.

दशहरे के दिन प्रातःकाल स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद लोग घर या मंदिर में पूजा की तैयारी करते हैं. सबसे पहले भगवान श्रीराम और मां दुर्गा का स्मरण करके पूजा का संकल्प लिया जाता है. संकल्प के बाद देवी-देवताओं को फूल, फल, धूप-दीप और प्रसाद अर्पित किया जाता है. इस दिन नवरात्र का समापन भी होता है, इसलिए मां दुर्गा की विशेष आराधना का विधान है.

दशहरे का एक प्रमुख अनुष्ठान शस्त्र पूजन भी है, जिसे आयुध पूजन कहा जाता है. परंपराओं के अनुसार, इस दिन योद्धा अपने शस्त्रों की पूजा करते थे ताकि युद्ध में विजय प्राप्त हो. वहीं, कई स्थानों पर दशहरे की शाम को रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन करने से पहले राम दरबार की विशेष पूजा और आरती की जाती है.

BOLLYWOOD : फराह खान ने दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट डिमांड पर कसा था तंज, अब दोनों के बीच आई दरार, उठा लिया ये कदम

0

दीपिका पादुकोण ने फराह खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से डेब्यू किया था. इस फिल्म ने दीपिका को रातों-रात स्टार बना दिया था. वहीं कुछ टाइम पहले फराह खान ने दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट डिमांड पर कमेंट किया था. और अब लग रहा है कि दीपिका और फराह खान के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है. दरअसल दोनों ने एक दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है.

दीपिका पादुकोण और फराह खान ने एक-दूसरे को अनफॉलो किया
न्यूज़18 की रिपोर्ट के मुताबिक ये क्लियर नहीं है कि फराह और दीपिका ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को कब अनफॉलो किया. लेकिन फैंस ने देखा कि निर्देशक ने दीपिका के पति रणवीर सिंह को भी अनफॉलो कर दिया है, हालांकि, रणवीर सिंह अभी भी निर्देशक को फॉलो करते हैं. वहीं अब सोशल मीडिया पर दीपिका और फराह खान के अनबन की संभावना जताई जा रही है।

फराह ने दीपिका की 8 घंटे की शिफ्ट डिमांड पर कसा था तंज
फिल्म निर्माता फराह खान ने कथित तौर पर दीपिका पादुकोण की डिमांड्स पर इनडायरेक्टली तंज कसा था. अपने यूट्यूब व्लॉग्स में, उनके कुक दिलीप ने फराह से पूछा कि दीपिका पादुकोण उनके शो में कब आएंगी. जिस पर फिल्म निर्माता ने जवाब दिया, “जिस दिन तू गांव जाएगा न उस दिन आएंगी.” फराह ने आगे कहा, “दीपिका पादुकोण अब सिर्फ़ 8 घंटे शूटिंग करती हैं, उनको शो पर आने का समय नहीं है.”

दीपिका पादुकोण ‘कल्कि 2’ और ‘स्पिरिट’ से हुईं आउट
दीपिका पादुकोण को हाल ही में दो बड़ी फिल्मों से अचानक बाहर कर दिया गया था. इसके बाद, उनके 8 घंटे की शिफ्ट की मांग करने की अफवाहें फैलने लगीं. हाल ही में, ‘कल्कि 2898 एडी’ के निर्माताओं ने घोषणा की कि अभिनेत्री अब फिल्म का हिस्सा नहीं हैं. उस घोषणा से कुछ महीने पहले, निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने अपने ट्विटर हैंडल पर घोषणा की थी कि प्रभास स्टारर ‘स्पिरिट’ में अब तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में होंगी. दीपिका पादुकोण को इन फिल्मों से बाहर किए जाने के बाद कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अभिनेत्री ने 8 घंटे की शिफ्ट, अपनी फीस में बढ़ोतरी और फिल्म में प्रॉफिट में शेयरिंग की मांग की थी. हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

BUSINESS : क्या इस साल चौथी बार रेपो रेट में कटौती? कमजोर होते रुपये के बीच क्या है ब्रोकरेज फर्म्स की राय

0

नीतिगत ब्याज दरों पर फैसला करने वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) की द्विमासिक समीक्षा बैठक सोमवार से शुरू हो गई है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार नीतिगत दरों को स्थिर रखा जा सकता है, जबकि कुछ जानकारों ने 0.25% की कटौती की संभावना जताई है.

हाई टैरिफ के बीच एमपीसी की बैठक

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली छह-सदस्यीय MPC की बैठक का फैसला बुधवार को घोषित किया जाएगा. यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब वैश्विक तनाव और अमेरिका की ओर से भारतीय निर्यात पर 50% हाई टैरिफ लगाए जाने से भारी दबाव बना हुआ है.

RBI इस साल फरवरी से अब तक तीन चरणों में रेपो दर में कुल 1 प्रतिशत अंक की कटौती कर चुका है. हालांकि अगस्त की समीक्षा में दरों को स्थिर रखते हुए रेपो दर 5.50 प्रतिशत पर बनाए रखा गया था.

गोल्डमैन सैश की रिपोर्ट में उम्मीद जताई गई है कि रेपो दर और नीतिगत रुख फिलहाल यथावत रह सकते हैं. वहीं, यह रिपोर्ट कहती है कि दिसंबर में होने वाली अगली बैठक में 0.25% की और कटौती की संभावना बन सकती है. दूसरी तरफ, बजाज ब्रोकिंग का कहना है कि बाजार इस बार किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं कर रहा.

ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद

रियल एस्टेट क्षेत्र का मानना है कि खुदरा मुद्रास्फीति सुस्त रहने और जीएसटी स्लैब में बदलाव से करों के बोझ में कमी आई है, जिससे दरों में कटौती की गुंजाइश है. हाउसिंग डॉट कॉम के सीईओ प्रवीण शर्मा ने कहा कि त्योहारी मौसम घर खरीदने का सबसे उपयुक्त समय है और अगर ब्याज दरों में कटौती होती है तो बिक्री को गति मिल सकती है. क्रिसुमी कॉरपोरेशन के चेयरमैन अशोक कपूर ने भी कहा कि दरों में कटौती से आवासीय मांग तेज होगी.

हालांकि, बीएलएस ई-सर्विसेज के चेयरमैन शिखर अग्रवाल का मानना है कि मजबूत घरेलू मांग और हालिया जीएसटी सुधारों को देखते हुए आरबीआई फिलहाल इंतजार करने की रणनीति भी अपना सकता है.

- Advertisement -

News of the Day