Wednesday, February 4, 2026
Home Blog Page 54

NATIONAL : उधर दुबई कमाने गया पति, इधर मुंहबोले भांजे से इश्क लड़ा बैठी पत्नी, मासूम बेटी को छोड़ घर से भागी

0

देवरिया जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला अपने पति की गैर-मौजूदगी में मुंहबोले भांजे के प्यार में पड़कर घर से फरार हो गई. महिला अपने साथ गहने और नकदी भी ले गई है और उसने अपनी मासूम बेटी तक का ख्याल नहीं किया.

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की एक महिला अपने तीन साल की बच्ची को छोड़कर मुंहबोले भांजे (प्रेमी) के साथ भाग निकली. पति दुबई में रहकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. घर वालों ने दोनों को पहले आपत्तिजनक हालत में पकड़कर समझाने की कोशिश की थी और पति ने भी फोन पर मिन्नतें की थीं. लेकिन दोनों पर इश्क का जूनून सवार था, ऐसे में आखिरकार वो घर से भाग गए.

जानकारी मिलने पर पति दुबई से घर लौटा और बनकटा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. आरोपी युवक पति के चचेरे भाई का साला है और वह भी शादीशुदा है. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव में 24 दिसंबर की रात हुई थी. सूचना पाकर 29 दिसंबर को महिला का पति सऊदी से गांव लौटा था.

पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर से भागते समय अपने साथ करीब 10 लाख रुपये की ज्वेलरी और नकदी भी लेकर गई है. 38 वर्षीय युवक की शादी 5 साल पहले हुई थी. वह कमाने के लिए बाहर गया था, ताकि पत्नी और बच्ची का भविष्य संवार सके. लेकिन पत्नी अपने से दो साल छोटे युवक के प्यार में इस कदर पागल हुई कि उसने लोक-लाज और समाज की परवाह छोड़ दी.

चर्चा है कि भागने के बाद दोनों ने शादी कर ली है और इसकी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट की हैं. आरोपी युवक बचपन से यहीं रहता था और उसका भी एक बच्चा है. बनकटा थाना प्रभारी विशाल उपाध्याय के अनुसार, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. घर वालों के काफी समझाने के बाद भी महिला का प्यार परवान चढ़ता रहा और अंततः उसने अपने परिवार और बच्ची का साथ छोड़ दिया.

RAJASTHAN : 7 साल के बच्चे की कुकर्म के बाद हत्या, खेत से बरामद हुआ शव

0

अलवर में 7 साल के बच्चे की कुकर्म के बाद हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ कर रही है. वहीं इस घटना के बाद पीड़ित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

राजस्थान के अलवर जिले के रेणी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 7 साल के बालक के साथ आरोपी ने पहले तो कुकर्म किया और उसके बाद गला घोटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. परिजनों ने हत्या का शक जताते हुए आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी. लेकिन जब मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया तो कुकर्म का खुलासा हुआ. ऐसे में पुलिस ने कुकर्म और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही उससे पूछताछ शुरू कर दी है.

बताया जाता है कि मृतक का परिवार और आरोपी दोनों ईंट-भट्ठे पर काम करते थे और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. रेणी थाने के एसएचओ राजपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र के रहने वाला एक परिवार रेणी थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता है. मृतक बालक के पिता ने बताया कि शनिवार को दोपहर के समय उसकी तबीयत खराब थी. इस पर वो दवा लेने के बाद अपनी झोपड़ी में रेस्ट कर रहा था. इसी दौरान 7 साल का बालक ईंट-भट्टे पर काम करने चला गया.

कुछ देर तक जब उसका बेटा नहीं लौटा तो उसने उसकी तलाश शुरू की. इस दौरान वहां काम करने वाले व्यक्तियों ने बताया कि ईंट-भट्टे पर काम करने वाला एक युवक उसके बेटे को अपने साथ बहला-फुसला कर ले गया है. वहां मौजूद लोगों ने कुछ देर तलाश के बाद आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी नशे की हालत में था. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की.

इस दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बालक के शव को खेत से बरामद किया. जिसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम में कुकर्म की भी पुष्टि हुई. शुरुआत में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू की थी. लेकिन बाद में कुकर्म की जानकारी मिलने के बाद इस मामले में कुकर्म की धाराएं भी जोड़ दी गई.

एसएचओ ने कहा कि आरोपी ने पहले बालक के साथ गलत काम किया और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. जिस समय पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया वो नशे में था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस के मुताबिक आरोपी भी मृतक के गांव का रहने वाला है और पीड़ित के परिजनों से उसकी पुरानी दुश्मनी भी थी.

ENTERTAINMENT : दीपिका पादुकोण ने फैंस संग काटा 40वें बर्थडे का केक, ‘धुरंधर’ की सक्सेस से खुश, पार्ट 2 का इंतजार

दीपिका पादुकोण ने अपने 40वें जन्मदिन का जश्न मनाया. उन्होंने अपने फैंस के लिए एक स्पेशल मीट का आयोजन किया, जिसमें उन्होंने फैंस के सवालों के जवाब दिए और कई दिल छू लेने वाली बातें साझा कीं. दीपिका ने फैंस की टिकटों का खर्चा खुद उठाया और हर फैन को गिफ्ट हैंपर दिया.

बॉलीवुड डीवा दीपिका पादुकोण 5 जनवरी को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं. एक्ट्रेस परिवार संग न्यूयॉर्क में हैं. वहां पर क्रिसमस, न्यू ईयर का जश्न मनाने के बाद दीपिका ने बर्थडे भी मनाया. कुछ दिनों पहले एक्ट्रेस ने अपने फैंस के साथ स्पेशल मीट ऑर्गनाइज की थी. वहां दीपिका ने 40वां बर्थडे एडवांस में सेलिब्रेट किया था. उस फैन मीट की फोटो और वीडियो अब इंस्टा पर वायरल हो रही हैं.

एक वीडियो सामने आया है जिसमें दीपिका अपने फैंस से घिरी हुई हैं. वो बर्थडे केक काट रही हैं. फैंस उनका हिट ट्रैक ‘आंखों में तेरी…’ गा रहे हैं. फैंस ने इवेंट को सबसे खूबसूरत फैन मीट का टैग दिया है. मरून थीम डेकोर सेट किया गया. रोजेज से सजे टेबल में स्नैक्स परोसे गए. पूरा इवेंट फिल्म सेट जैसा लग रहा था. दीपिका ने प्लम कलर वुलन कॉर्ड सेट पहना. केक कटिंग करते हुए उनके चेहरे की मुस्कान बता रही थीं कि वो कितना खुश थीं.

केक कटिंग के बाद दीपिका ने फैंस के सवालों के जवाब दिए. जहां होस्ट ने उनसे फिल्मों पर सवाल किए. उनसे पूछा गया क्या उन्होंने धुरंधर देखी है. जवाब में दीपिका ने हां कहा. ये बोलते हुए उनके चेहरे पर स्माइल थी. फिर वो अपने लंबे घने बालों को लहराती हैं. होस्ट ने उनसे मजाक में कहा- उन्हें नहीं पता था वो दूसरी फिल्मों पर भी बात करेंगी. एक्ट्रेस ने हंसते हुए कहा- ये सब फैमिली की बात है. दीपिका ने धुरंधर के पार्ट 2 का इंतजार होने की बात कही.

दूसरे एक फैन ने दीपिका से पूछा कि क्या वो उन्हें अपनी बनाई हुई ड्रेस पहना सकती हैं? दीपिका तुरंत मान गईं. एक फैन ने बताया कैसे उसे अपनी मेंटल हेल्थ स्ट्रगल्स में दीपिका की जर्नी से मदद मिली. दीपिका ने फैन को गले लगाया, इमोशनल हुईं. एक्ट्रेस ने उस फैन को ऑफ-माइक कहा कि वो हमेशा उनके साथ हैं. कभी जरूरत पड़े तो उन्हें बेहिचक बताएं.

एक फैन ने रेडिट पर इवेंट की इनसाइड डिटेल्स शेयर की है. उसके मुताबिक, दीपिका ने इवेंट में पहुंचे 50 से ज्यादा फैंस के आने-जाने की टिकटों का खर्चा खुद उठाया. हर फैन को 5 किलो का गिफ्ट हैंपर दिया, जिसकी कीमत करीब 15,000 रुपये बताई जा रही है. एक फैन ने बताया कि जब किसी एक शख्स ने दीपिका से कहा कि उसका सपना पेरिस जाना है. एक्ट्रेस ने उसके सपने को पूरा किया.

DELHI : : लक्ष्मी नगर में दबंगों की दबंगई, बाप-बेटे को बीच सड़क कपड़े उतारकर पीटा

0

दिल्ली के लक्ष्मी नगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. जिसमें बाप-बेटों की दबंगों द्वारा पिटाई की जा रही है. वहीं जब पुलिस मौके पर पहुंची तब भी आरोपी सीना तान कर खड़े थे. लेकिन पुलिस का कहना है कि आरोपी मौके पर मौजूद नहीं थे. जिनकी तलाश के लिए 3 टीमें गठित की गई हैं.दिल्ली में दिन दहाड़े बीच सड़क गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. जहां दबंगों ने बाप-बेटे को सड़क पर कपड़े उतार कर पीटा. जिससे इलाके में दहशत फैल गई. इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है. घटना दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके की 2 जनवरी की बताई जा रही है.


वीडियो में देखा जा सकता है कि दबंगों ने पहले पीड़ित को घर से बाहर खींचा. फिर पिटाई करने लगे. सबसे बड़ी बात इस दौरान भीड़ तमाशबीन बनी रही और किसी ने बाप-बेटे को बचाने की भी जहमत नहीं जुटाई. वहीं सूचना लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. लेकिन पुलिस को आते देख आरोपी सड़क पर ही खड़े रहे और पुलिस के सामने भी पीड़ितों को घसीटा.CCTV में दिखाई दे रहा है कि एक पुलिस वाला पीड़ित का कपड़ा उठा कर दे रहा है. आरोपियों की पहचान विकास यादव, शुभम यादव, ओमकार यादव और पिंटू यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

बताया जाता है कि पीड़ित राजेश गर्ग के घर में जिम खोला हुआ था. इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था. पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है. वहीं वारदात की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दबंग मौके पर मौजूद थे. लेकिन पुलिस दावा कर रही है कि आरोपी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए 3 अलग-अलग टीमें बनाई गईं हैं.

NATIONAL : खाना परोसने में देरी हुई तो हैवान बना पति, लाठी से पीट- पीटकर ले ली पत्नी की जान

0

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के तातापानी क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. खाना देर से मिलने पर हुए झगड़े में आरोपी ने लकड़ी के डंडे से हमला किया, जिससे महिला की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से घरेलू हिंसा का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. पुलिस चौकी तातापानी क्षेत्र में मामूली घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, ग्राम आम सेन्दुर (कोटवारी टाड़) निवासी 45 वर्षीय राजेश कोड़ाकू ने चौकी तातापानी पहुंचकर मौखिक शिकायत दर्ज कराई. प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे उसके पिता रामदेव कोड़ाकू ने उसकी मां रूनिया कोड़ाकू उर्फ रनिया से खाना मांगा था. खाना तुरंत नहीं मिलने पर आरोपी पति गुस्से में आ गया और लकड़ी के डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी.

मारपीट के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपी रामदेव कोड़ाकू (65 वर्ष) के खिलाफ हत्या से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य पाए गए.

पुलिस चौकी तातापानी में अपराध क्रमांक 05/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है. इस घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवादों को हिंसा का रूप न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में कानूनी व सामाजिक सहायता लें.

BHAKTI : कल या परसों, कब है सकट चौथ का व्रत? यहां से दूर करें तिथि का कंफ्यूजन

0

Sakat Chauth 2026: सकट चौथ व्रत हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है और इसे गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना के लिए मनाया जाता है. इसे व्रती महिलाएं संतान की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और विघ्नों के नाश के लिए रखती हैं. इस व्रत को माघ महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है. इस दिन गणपति जी की पूजा चंद्रोदय के बाद की जाती है.

Sakat Chauth 2026: सकट चौथ का पर्व सकट माता और भगवान गणेश को समर्पित है. इस दिन माताएं अपने पुत्रों के कल्याण की कामना के लिए व्रत रखती हैं. सकट चौथ, जिसे संकष्टी चतुर्थी भी कहा जाता है, को लेकर हर साल लोगों के मन में यही सवाल रहता है कि यह व्रत किस दिन रखा जाए. साल 2026 में भी कई लोग इस बात को लेकर भ्रम में हैं कि सकट चौथ 6 जनवरी 2026 को है या 7 जनवरी को. आइए जानते हैं इस पर्व की सही तिथि.

द्रिक पंचांग के अनुसार, सकट चौथ या संकष्टी चतुर्थी माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाई जाती है. सकट चौथ की तिथि 6 जनवरी यानी कल सुबह 8 बजकर 10 मिनट से शुरू होकर 7 जनवरी को सुबह 6 बजकर 52 मिनट तक रहेगी. संकष्टी चतुर्थी का व्रत चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद ही खोला जाता है. चूंकि, 7 जनवरी की शाम को चतुर्थी समाप्त हो चुकी होगी और पंचमी तिथि चल रही होगी, इसलिए उस दिन व्रत करना उचित नहीं होगा. इसी कारण 6 जनवरी 2026 को ही सकट चौथ का व्रत रखा जाएगा, उसी दिन शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा. इस दिन चंद्रोदय का समय रात 8 बजकर 54 मिनट पर होगा.

सकट चौथ के दिन भगवान गणेश के साथ चंद्र देव की पूजा का विशेष महत्व होता है. इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं और पूरे दिन पूजा-पाठ में समय बिताती हैं. मान्यता है कि यह व्रत संतान की रक्षा, लंबी आयु और जीवन में आने वाले कष्टों को दूर करने के लिए किया जाता है.

रात में चंद्रमा के उदय के बाद चंद्र देव को अर्घ्य दिया जाता है और विधि-विधान से पूजा कर व्रत खोला जाता है. इस दौरान गणेश मंत्र का जाप करना और भगवान गणेश को 21 दूर्वा अर्पित करना बहुत शुभ माना जाता है. व्रत का पारायण दूध और शकरकंदी से किया जाता है, जबकि अगले दिन अन्न ग्रहण किया जाता है.

संकष्टी चतुर्थी का नाम ही इसके महत्व को बताता है. ‘संकष्टी’ का अर्थ है- कष्टों से मुक्ति. मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और भगवान गणेश की पूजा करने से जीवन में आए मानसिक, शारीरिक और पारिवारिक कष्ट दूर होते हैं. इस दिन लोग भगवान गणेश की विशेष पूजा करते हैं और शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलते हैं. ऐसा करने से मन की अशांति दूर होती है, तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.

संकष्टी चतुर्थी के दिन भगवान गणेश को तिल और गुड़ से बने प्रसाद का भोग लगाया जाता है. कई जगह इसे तिलकुट कहा जाता है, तो कहीं इसके अलग नाम प्रचलित हैं. माघ मास में तिल से बने पदार्थों का भोग लगाना विशेष फलदायी माना जाता है.

NATIONAL : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगते ही युवक ने कर ली आत्महत्या, दोनों के बीच थे प्रेम संबंध

0

यूपी के कौशांबी जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी युवक ने आत्महत्या कर ली. मामला पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र का है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज हुआ था. जानकारी मिलते ही युवक तनाव में आ गया और गांव के बाहर बगीचे में फांसी लगा ली.

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया.घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के शिवरतन का पूरा गांव की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक और किशोरी के बीच प्रेम संबंध थे. आरोप है कि युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती भी हो गई थी. इस मामले को लेकर पीड़िता के परिजन शनिवार को थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. जैसे ही रोहित को इस बात की जानकारी हुई कि उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हो गया है, वह मानसिक तनाव में आ गया. बताया जा रहा है कि शनिवार शाम वह घर से निकल गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा.रोहित की मां ने करीब तीन घंटे तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद वह थक-हारकर घर लौट आईं. रविवार सुबह रोहित के पिता और छोटा भाई उसकी तलाश में गांव के बाहर स्थित एक बगीचे की ओर गए.

बगीचे में पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि रोहित का शव पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटका हुआ है. यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में अफरा-तफरी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया.सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) जेपी पांडे और पश्चिम शरीरा थाना प्रभारी हरीश तिवारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.कौशांबी के सीओ जेपी पांडे ने बताया कि पश्चिम शरीरा थाने में पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें गांव के ही युवक द्वारा नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था. इस पर मुकदमा दर्ज किया गया था. मुख्य आरोपी रोहित ने गांव के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

NATIONAL : दिल्ली के ली-मेरिडियन होटल में खुदकुशी… बिल्डिंग की 12वीं मंजिल से कूदकर शख्स ने दी जान

0

दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में एक व्यक्ति ने 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. होटल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके का जायजा लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल मामले की जांच जारी है. होटल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है

राजधानी दिल्ली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. लाजपत नगर के रहने वाले 50 वर्षीय परविंदर सिंह ने ली-मेरिडियन होटल से कूदकर खुदकुशी कर ली. यह घटना होटल के 12वीं मंजिल पर स्थित रेस्टोरेंट के पास हुई, जिसके बाद लोगों में सनसनी फैल गई.जानकारी के मुताबिक, परविंदर सिंह ने दोपहर के समय होटल में एंट्री की, फिर लिफ्ट लेकर 12वीं मंजिल तक पहुंचा. वहां पहुंचते ही परविंदर ने बिल्डिंग से अचानक छलांग लगा दी. लोकल सिक्योरिटी और होटल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.

परविंदर सिंह क्रिसमस के दौरान इस होटल में ठहरा था. हालांकि परविंदर की मानसिक स्थिति और सुसाइड के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. होटल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.पुलिस ने कहा कि फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना नहीं मिली है. होटल स्टाफ और गेस्ट्स से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.

ली-मेरिडियन होटल दिल्ली के प्रमुख इलाके में स्थित है. यहां अक्सर देश-विदेश के लोग ठहरते हैं. इस घटना ने होटल और आसपास के लोगों में खलबली मचा दी. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं. परिवार और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

(नोट:- अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

ENTERTAINMENT : सुनील ग्रोवर ने उतारी नकल, आमिर खान को लगा बुरा? बोले- मैं इसे मिमिक्री नहीं कहूंगा…

द ग्रेट कपिल शर्मा शो में सुनील ग्रोवर की आमिर खान वेाली मिमिक्री ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. खुद आमिर खान ने इस एक्ट की तारीफ करते हुए कहा कि ये इतनी असली थी कि वो खुद को देख रहे थे. वो हंस हंस कर बेहाल हो गए थे.

सुनील ग्रोवर लाजवाब हैं. वो जो भी एक्ट करते हैं- इतना शानदार होता है कि हर कोई उनका फैन बन जाता है. इस बार द ग्रेट इंडियन कपिल शो पर उन्होंने आमिर खान की मिमिक्री की, इसे देख शो की टीम, फैंस से लेकर आमिर खान तक इम्प्रेस हो गए. आमिर ने सुनील के एक्ट को बेस्ट बताया और अपना रिएक्शन शेयर किया.

शनिवार को आए द ग्रेट कपिल शर्मा शो के हालिया एपिसोड में सुनील ग्रोवर ने आमिर खान की जबरदस्त मिमिक्री कर सभी को काफी इम्प्रेस किया. सुनील का यह एक्ट पूरे एपिसोड का सबसे बड़ा अट्रेक्शन बन गया. आमिर खान की नकल करते हुए उनके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं. अब खुद आमिर खान ने भी सुनील ग्रोवर की तारीफ की है और उनकी मिमिक्री को बेहद असली बताया है.

बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में आमिर ने कहा, “मैं इसे मिमिक्री भी नहीं कहूंगा. ये इतना असली था कि मुझे लगा मैं खुद को देख रहा हूं. मैंने सिर्फ एक छोटा सा क्लिप देखा है और अब पूरा एपिसोड देखने वाला हूं. जो मैंने देखा, वो कमाल का था. मैं इतना हंसा कि सांस लेना मुश्किल हो गया.”अक्सर देखा जाता है कि जब किसी एक्टर की नकल की जाती है तो वो नाराज भी हो सकता है, लेकिन आमिर के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ. इस पर उन्होंने कहा, “इसमें कोई बुराई या गलत भावना नहीं थी. शायद मैं ही सबसे ज्यादा हंसा हूं.

फैंस ने सुनील ग्रोवर की बारीकियों पर खास ध्यान देने की तारीफ की. लोगों ने कहा कि सुनील ने आमिर के बात करने के अंदाज और उनकी गंभीर शख्सियत को बहुत अच्छे से पकड़ा. कई दर्शकों को तो लगा कि असली आमिर खान ही शो में आ गए हों. एक यूजर ने लिखा- ओ भाई, मुझे तो लगा आमिर खान ही आ गए हैं.

कुछ लोगों ने कहा कि सुनील ‘आमिर से भी ज्यादा आमिर’ लग रहे थे, तो वहीं कई यूजर्स ने मजाक में उनकी तुलना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से कर दी और लिखा, ‘AI भी सुनील ग्रोवर से सीखता होगा.’ एक कमेंट में था कि- सुनील कॉमेडी के OG हैं. बेहद टैलेंटेड. उनके कॉमेडी लेवल की बराबरी कोई नहीं कर सकता. एक और यूजर ने कहा- ये इंसान गजब है.

सुनील ग्रोवर फिलहाल नेटफ्लिक्स पर आ रहे द ग्रेट इंडियन कपिल शो के नए सीजन का हिस्सा हैं. वो पिछले 20 सालों से टीवी और फिल्मों में काम कर रहे हैं और हाल ही में जवान और डब्बा कार्टेल जैसी फिल्मों में गंभीर किरदारों में भी नजर आए हैं.

HEALTH : बेसन का चिल्ला या गेहूं की रोटी, वजन घटाने के लिए क्या खाएं?

आज के दौर में जहां हर दूसरा व्यक्ति अपने बढ़ते वजन से परेशान है. ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि क्या खाया जाए, जिससे शरीर को भरपूर पोषण भी मिले और वजन घटाने में भी मदद मिले. आज हम इस खबर में जानेंगे कि गेहूं की रोटी और बेसन चिल्ला में से वजन घटाने में कौन ज्यादा मददगार हो सकता है.

आज के दौर में वजन बढ़ना एक आम समस्या बन गया है. जब वजन घटाने की बात आती है तो लोगों को लगता है कि इसके लिए उन्हें स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो करनी होगी या कम खाना पड़ेगा. लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. सिर्फ खाना छोड़ने से ही वजन कम नहीं होता, बल्कि सही खाना चुनना भी उतना ही जरूरी होता है. भारतीय घरों में गेहूं की रोटी रोज खाई जाती है, वहीं बेसन से बना चिल्ला आजकल काफी ट्रेंड में है और इसे हल्का व प्रोटीन से भरपूर ऑप्शन माना जाता है. ऐसे में आज हम इस खबर में जानेंगे कि वजन घटाने के लिए रोटी और बेसन चिल्ला में से क्या बेहतर है और क्यों.

एक सामान्य गेहूं की रोटी में लगभग 70 से 100 कैलोरी होती हैं जो इसके साइज पर डिपेंड करती हैं और यह शरीर को जरूरी कार्बोहाइड्रेट और फाइबर भी देता है. वहीं, बेसन चिल्ले में लगभग 120 कैलोरी होती है लेकिन इसमें प्रोटीन और थोड़ी मात्रा में हेल्दी फैट भी होती है. वजन घटाने में कैलोरी के साथ-साथ पोषण की क्वालिटी भी बहुत मायने रखती है.

बेसन चिल्ला प्रोटीन से भरपूर होता है क्योंकि बेसन चने से बनता है. प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और मसल्स बनाने में मदद करता है जिससे मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है. वहीं गेहूं की रोटी हेल्दी जरूर है लेकिन इसमें बेसन चिल्ले के मुकाबले प्रोटीन कम होता है.

पेट भरने के मामले में बेसन चिल्ला अक्सर बेहतर साबित होता है क्योंकि इसमें प्रोटीन ज्यादा होता है. चिल्ला खाने के बाद जल्दी भूख नहीं लगती जिससे आप ओवरईटिंग से बचते हैं जो वजन बढ़ने का एक बड़ा कारण है. वहीं रोटी हल्की होती है, इसलिए इसे दाल या सब्जी के साथ खाना बेहतर रहता है ताकि पेट लंबे समय तक भरा रहे.

साबुत गेहूं की रोटी में अच्छी मात्रा में फाइबर होता है जो डाइजेशन को बेहतर बनाता है और बार-बार भूख लगने से बचाता है. वहीं, बेसन चिल्ले में भी फाइबर होता है लेकिन रोटी की तुलना में कम.

बेसन चिल्ला और गेहूं की रोटी, दोनों ही हेल्दी हैं. हालांकि, ज्यादा प्रोटीन होने की वजह से बेसन चिल्ला वजन घटाने में थोड़ा ज्यादा मददगार हो सकता है. वहीं गेहूं की रोटी फाइबर और एनर्जी के मामले में बेहतर है. अगर आप हाई-प्रोटीन और पेट भरने वाला खाना चाहते हैं तो बेसन चिल्ला बेहतर है. अगर आप फाइबर और बैलेंस कार्ब्स वाला रोज का खाना चाहते हैं तो गेहूं की रोटी सही है. सबसे अच्छा तरीका है दोनों को अपनी डाइट में शामिल करें. नाश्ते या डिनर में चिल्ला और लंच में रोटी. इससे आपको प्रोटीन और फाइबर दोनों का फायदा मिलेगा.

- Advertisement -

News of the Day