Monday, June 15, 2026
Home Blog Page 594

PUNJAB : पंजाब में इंटरनेशनल हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 8 विदेशी पिस्टल के साथ तीन गिरफ्तार

0

पंजाब पुलिस ने अमृतसर के कोहाला लिंक रोड पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आठ विदेशी पिस्तौल बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों का संबंध पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों से था और वो भारत में हथियारों की तस्करी की साजिश रच रहे थे. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पूरे नेटवर्क को खत्म करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पंजाब पुलिस ने रविवार को अमृतसर में तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से आठ विदेशी निर्मित आधुनिक पिस्तौल बरामद कर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर के ब्रार गांव और कोहलता के बीच लिंक रोड पर चेकपॉइंट ऑपरेशन के दौरान तीन संदिग्धों को मोटरसाइकिल पर यात्रा करते हुए रोका गया.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक जब इनकी तलाशी ली गई तो पुलिस को इनके पास से आठ विदेशी पिस्तौल मिलीं. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. शुरुआती जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए लोग मनावाला के रहने वाले दुध नामक मुख्य संदिग्ध के सीधे संपर्क में थे.गौरव यादव ने बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों के साथ सक्रिय संपर्क में थे और भारत में हथियारों की तस्करी की साजिश रच रहे थे. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

डीजीपी ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए जांच जारी है. इस कार्रवाई से पंजाब पुलिस की आतंकवाद और हथियार तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का पता चलता है.यह गिरफ्तारी उस समय हुई है जब भारत-पाक सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जा रहा है और ऐसे तस्करों पर पैनी नजर रखी जा रही है जो देश में अशांति फैलाने की साजिश करते हैं.

पंजाब पुलिस ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है और इस तरह के अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. यह कार्रवाई क्षेत्रीय और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

GUJARAT : हाईटेंशन वायर से लगी आग, लोगों को बचाने ट्रक सहित डैम में कूद गया ड्राइवर

0

बिजली के तार टकराने की वजह से चारे से लदे एक ट्रक में आग लग गई. आग की लपटों से घिरने के बाद ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को डैम के पानी में डाल दिया ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके. इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

गुजरात के जामनगर में रविवार शाम एक फिल्मी सीन जैसा नजारा देखने को मिला. यहां एक ड्राइवर ने साहसिक और सूझबूझ भरा परिचय देते हुए आग से जलते ट्रक को डैम के पानी में कुदा दिया. रणजीतसागर डैम के पास की यह घटना है. जब बिजली के तार टकराने के कारण चारे से लदे एक ट्रक में आग लग गई. आग की लपटों से घिरने के बाद ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को डैम के पानी में डाल दिया ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके. इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलते ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि डैम के पानी में भी ट्रक जलता रहा. देखते ही देखते चारा लदा ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया. हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ. ड्राइवर की फुर्ती ने स्थिति को और बिगड़ने से बचा लिया.

NATIONAL : तलवार-चाकू से ताबड़तोड़ वार… संपत्ति विवाद में मजदूर की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

0

कर्नाटक पुलिस ने कोप्पल में मजदूर की बेरहमी से हत्या मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और सामूहिक इरादे से अपराध करने के आरोप में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे वक्त से संपत्ति विवाद चल रहा है.

कर्नाटक के कोप्पल जिले के तवर्गेरा शहर में एक 35 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर चन्नप्पा हुसैनप्पा नरिनाल की संपत्ति विवाद और पारिवारिक दुश्मनी के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना को अंजाम देने वाले सात आरोपियों को कर्नाटक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दिल दहला देने वाली ये अपराध CCTV और एक राहगीर के मोबाइल फोन में कैद हो गई, जिससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई.

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रवि, प्रदीप, मंजूनाथ, नागराज, मंजूनाथ, गौतम और प्रमोद के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और सामूहिक इरादे से अपराध करने के आरोप में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि ये हमला सुनियोजित था और जांच में कुछ अन्य लोगों के इस हत्याकांड में मदद करने या साजिश रचने की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, ये घटना शनिवार रात करीब 10 बजे सिंधनूर सर्कल के पास एलजे अय्यंगर बेकरी के नजदीक हुई जो स्थानीय पुलिस स्टेशन से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है. मृतक चन्नप्पा पर सात लोगों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया. हमलावरों ने मृतक की गर्दन, सिर, पीठ और हाथ पैरों पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. ये घटना बेकरी के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है.

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर बेकरी के अंदर मृतक पर हमला कर देते हैं और फिर उन्हें घसीटकर बाहर निकालते हैं और तब तक हमला करते रहे, तभी उनकी मौत नहीं हो गई. पुलिस का कहना है कि ये हमला दो मिनट के अंदर अंजाम दिया गया और हमलावर मौके से फरार हो गए.

मृतक के बड़े भाई दुरूगप्पा नरिनाल ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार और एक अन्य व्यक्ति के बीच संपत्ति विवाद चल रहा था. उन्होंने दावा किया कि मुख्य आरोपियों में से एक रवि ने हाल के दिनों में उनके परिवार के किसी भी व्यक्ति को जान से मारने की खुलेआम धमकी दी थी.

MEERUT : मेरठ में किसान के यहां डर की दास्तान, एक ही रात में एक-एक कर निकले 52 सांप

0

समौली गांव निवासी किसान महकू सिंह अपने घर में रोजमर्रा का कार्य कर रहे थे. तभी अचानक उनकी नजर रेंगते एक सांप पर पड़ी. वह लगभग एक से डेढ़ फीट लंबा था. उन्होंने तुरंत लकड़ी से उसे मार दिया और सोचकर रह गए कि शायद अकेला ही होगा. लेकिन जब कुछ ही समय बाद दोबारा नजर गई तो फिर एक सांप दिखाई दिया. इसके बाद जैसे सांप निकलने का सिलसिला शुरू हो गया.

मेरठ जिले के समौली गांव में रविवार का दिन लोगों के लिए किसी डरावने अनुभव से कम नहीं रहा. गांव के एक किसान के घर के घेर से एक के बाद एक कुल 52 सांप निकलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जब पहली बार किसान ने सांप देखा, तो उसे मामूली घटना समझा और मार डाला, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने पूरे गांव को चौंका दिया.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक समौली गांव निवासी किसान महकू सिंह रविवार दोपहर वह अपने घर में रोजमर्रा का कार्य कर रहे थे. तभी अचानक उनकी नजर रेंगते एक सांप पर पड़ी. वह लगभग एक से डेढ़ फीट लंबा था. उन्होंने तुरंत लकड़ी से उसे मार दिया और सोचकर रह गए कि शायद अकेला ही होगा. लेकिन जब कुछ ही समय बाद दोबारा नजर गई तो फिर एक सांप दिखाई दिया. इसके बाद जैसे सांप निकलने का सिलसिला शुरू हो गया.कुछ ही देर में एक के बाद एक सांप निकलते गए. यह नजारा देख किसान के परिवार में डर का माहौल बन गया. महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया. महकू सिंह ने अपने परिजनों के साथ मिलकर हिम्मत दिखाई और सांपों को मारना शुरू कर दिया. सभी मिलकर लगातार सांपों को लकड़ियों से मारते गए और उन्हें गड्ढा खोदकर दबाते चले गए.

जब एक ही घर से इतनी संख्या में सांप निकलने की जानकारी गांव में फैली, तो ग्रामीण भी हैरान रह गए. बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ लोगों को पहले विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब उन्होंने जमीन पर मरे हुए सांप देखे तो सच्चाई सामने थी. लोग घटना की जगह को घेरकर खड़े हो गए और चर्चा का दौर शुरू हो गया.

ग्रामीणों की मदद से सांपों की खोजबीन और मारने का सिलसिला चलता रहा. देर रात तक सांप निकलते रहे. अनुमान है कि सांप किसी पुराने बिल या दरवाजे के नीचे बने छेद से निकल रहे थे. महकू सिंह के अनुसार रात करीब नौ बजे तक उनके घेर से कुल 52 सांप निकल चुके थे, जिन्हें मारकर गड्ढे में दबा दिया गया.

चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में सांपों के निकलने के बावजूद इस बारे में वन विभाग को सूचना नहीं दी गई. विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति में वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करना चाहिए ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा सके और सांपों को जंगल में छोड़ा जा सके.

यह घटना समौली गांव में चर्चा का विषय बनी रही. लोग अपने-अपने तरीके से अनुमान लगाने लगे कि आखिर इतने सारे सांप एक ही घर में कैसे और क्यों इकट्ठा हुए थे. कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि हो सकता है कि बारिश के मौसम में सांपों ने जमीन में बसेरा बना लिया हो. वहीं कुछ का कहना था कि किसी पुराने सांप के बिल या सुरंग से यह संभव हुआ होगा.

RAJASTHAN : ‘तेरा बेटा मारा गया, 7.30 पर लाश मिलेगी…’ स्कूल से गायब हुआ 15 साल का छात्र, पड़ी मिली ऐसी चिट्ठी

0

दौसा के मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में एक 15 साल के बच्चे की किडनैपिंग का मामला सामने आया है. यहां एक 15 साल का छात्र स्कूल के बाहर से गायब हो गया. परिजनों को उसकी साइकिल के पास एक चि्टठी पड़ी मिली जिसपर लिखा था- तेरा बेटा मारा गया, 7.30 पर लाश मिलेगी.

राजस्थान में दौसा के मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में एक 15 साल के बच्चे की किडनैपिंग का मामला सामने आया है. दरअसल, यहां भारत बाल पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह चल रहा था. इस दौरान कोई बच्चे को किडनैप करके ले गए. जाते हुए आरोपियों ने एक धमकी भरा नोट भी छोड़ा है. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल के आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल शुरू की है. पुलिस को घटनास्थल से मिले नोट से पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है.

स्कूल में बच्चों का सम्मान समारोह चल रहा था. इस दौरान अज्ञात लोग शिवराम का किडनैप करके ले गए. स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी शिवराम के परिजनों को दी. परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस को अपहरण की सूचना दी.

पुलिस को बच्चे की साइकिल के पास एक पर्ची मिली जिसमें लाल पेन से लिखा था ‘तेरा बेटा मारा गया 7.30 पे लाश मिलेगी’. इस धमकी भरे नोट को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. इस नोट की वजह से इलाके में तनाव का माहौल है और लोग डरे हुए हैं. पुलिस ने आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वो अपने बच्चे के सही सलामत वापस आने की दुआ कर रहे हैं.

इस संबंध में बालाजी थानाधिकारी गौरव प्रधान ने कहा कि मामले की जांच में पाया गया की बच्चा अपनी मर्जी से गया है. इस मामले की जांच में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मामला साफ हुआ. फुटेज में दिख रहा कि बच्चा अकेला एक गाड़ी में बैठकर बांदीकुई रेलवे स्टेशन पहुंचा. वहां से वह कौनसी ट्रेन में बैठकर कहां गया है, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है. इस पूरे मामले की जांच के लिए कई टीम बनाई गई हैं.

उन्होंने कहा कि बच्चा खुद अपनी मर्जी से एक गाड़ी में बैठकर जाता हुआ नजर आया. इस दौरान बालक रेलवे स्टेशन पर पहुंचा और वहां उसने आइसक्रीम खाई. इस संबंध में गाड़ी के ड्राइवर से भी बातचीत की गई. पुलिस ने कहा कि अभी तक की शुरुआती जांच पड़ताल में सामने आया है कि युवक का अपहरण नहीं हुआ है. पुलिस उसकी तलाश में डटी हुई है.

NATIONAL : दिल्ली पुलिस के एंटी टेरर सेल के मालखाने से करोड़ों की चोरी! हेड कांस्टेबल ने ही उड़ा दिया सोना और कैश

0

आतंकियों और गैंगस्टर का नेटवर्क तोड़ने वाली दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल का दफ्तर में करोड़ो की चोरी का मामला सामने आया है. सेल के लोधी कालोनी दफ्तर के मालखाने से करोड़ों का सोना और कैश चोरी हो गया है. मामले की जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है.

देशभर में आतंकियों और गैंगस्टर का नेटवर्क तोड़ने वाली दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल का दफ्तर ही महफूज नहीं है. हैरान करने वाली ताजा खबर कुछ ऐसी ही है. दरअसल, दिल्ली में स्पेशल सेल के लोधी कालोनी दफ्तर के मालखाने से करोड़ों का सोना और कैश चोरी हो गया है.दिल्ली पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की और जांच शुरू कर दी है. जांच की शुरुआत में ही स्पेशल सेल को कभी यूनिट में तैनात रहे है एक हेड कांस्टेबल पर शक हुआ. दरअसल, हेड कांस्टेबल खुर्शीद स्पेशल सेल में तैनात था और मालखाने की देख देख की जिम्मेदारी खुर्शीद की ही होती थी.

जांच के दौरान सेल की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से जब पूछताछ की गई तो पता चला कि खुर्शीद अक्सर स्पेशल सेल के दफ्तर आता है. इसके बाद खुर्शीद से पूछताछ की गई तो उसने कबूल कर लिया कि कि उसने ही मलखाने से सोना और कैश चोरी किया था. मालूम हुआ कि खुर्शीद का ट्रांसफर ईस्ट दिल्ली में कर दिया गया था लेकिन प्लान के तहत खुर्शीद लोधी कालोनी स्पेशल सेल के दफ्तर आया और मॉलखाने से करोड़ों का सोना और कैश चोरी किया और चुपचाप वापस चला गया थी.

दरअसल पुलिस किसी केस में किसी आरोपी के पास से जो कुछ भी बरामद करती है उसे केस प्रॉपर्टी के तहत मालखाने में रखा जाता है. फिर कोर्ट में ट्रायल के दौरान उसे बरामदगी या सबूत के तौर पर पेश किया जाता है.

BUSINESS : Zepto स्टोर में मिले फफूंद लगे और एक्सपाइरी डेट के खाद्य पदार्थ, मुंबई FDA ने रद्द किया लाइसेंस

0

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य पदार्थों में खामियां मिलने के बाद धारावी में ज़ेप्टो (Zepto) के लाइसेंस को रद्द कर दिया है. इसकी पुष्टि खुद एफडीए ने की है.

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य पदार्थों में खामियां मिलने के बाद धारावी में ज़ेप्टो (Zepto) के लाइसेंस को रद्द कर दिया है. इसकी पुष्टि खुद एफडीए ने की है. वहीं, इस पर जेप्टो का बयान आया है. जिसमें कहा गया है कि हमने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए समीक्षा शुरू कर दी है. इसके लिए हम एफडीए के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.

हम पहचानी गई खामियों को सुधारने और अपने उपभोक्ताओं को उत्पादों की सर्वोत्तम व सबसे सुरक्षित गुणवत्ता प्रदान करने के लिए अपनी प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम जल्द से जल्द नियामक दायित्वों और लागू कानूनों के अनुसार परिचालन फिर से शुरू करने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर रहे हैं.

लाइसेंस रद्द करने पर एफडीए का भी बयान आया है. बयान में एफडीए ने कहा है कि किरानाकार्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (Zepto), मुंबई के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस का तत्काल निलंबन कर दिया गया है. यह कार्रवाई माननीय खाद्य और औषधि प्रशासन राज्य मंत्री योगेश कदम के आदेश के बाद की गई है.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बोडके द्वारा संयुक्त आयुक्त (खाद्य) ने मंगेश माने के मार्गदर्शन में कंपनी का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान को लाइसेंस की शर्तों का पालन करने में विफल पाया गया और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 के प्रमुख प्रावधानों का उल्लंघन किया.

निरीक्षण के दौरान मिली ये खामियां

-कुछ खाद्य पदार्थों पर फफूंद.
-उत्पादों को भरे हुए या स्थिर पानी के पास रखना, जो खराब स्वच्छता को दर्शाता है.
-कोल्ड स्टोरेज का तापमान नियामक मानकों के अनुसार बनाए नहीं रखा गया.
-खाद्य पदार्थों का अव्यवस्थित भंडारण, कुछ को सीधे गीले और गंदे फर्श पर रखा गया.
-एक्सपायर हो चुके खाद्य उत्पादों को गैर-एक्सपायर स्टॉक से स्पष्ट रूप से अलग नहीं किया गया.

इन गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए अनुपमा बालासाहेब पाटिल, सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वारा खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) और खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 के विनियम 2.1.8(4) के तहत खाद्य व्यवसाय लाइसेंस को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया गया.

निलंबन तब तक लागू रहेगा जब तक कि प्रतिष्ठान पूर्ण विनियामक अनुपालन प्राप्त नहीं कर लेता और सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी प्राप्त नहीं कर लेता. खाद्य सुरक्षा आयुक्त राजेश नार्वेकर, आईएएस के कुशल नेतृत्व में, खाद्य और औषधि प्रशासन, महाराष्ट्र सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा और खाद्य सुरक्षा विनियमों का सख्त अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है.

माननीय खाद्य एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री योगेश कदम के कार्यालय से प्राप्त सूचना और निर्देशों के आधार पर और संयुक्त आयुक्त (खाद्य) मंगेश माने के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए), ग्रेटर मुंबई ज़ोन-8 ने मेसर्स पर एक औचक निरीक्षण किया गया. खुशी ट्रेडिंग, जो कि गाला नंबर बी19, बी21, बी22, कोजमाजिंजी एस्टेट, घाटकोपर (पश्चिम), मुंबई में स्थित है.

निरीक्षण के दौरान फर्म को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31(1) का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए वैध FSSAI लाइसेंस के बिना काम करते हुए पाया गया. परिसर को अत्यधिक खस्ताहाल में पाया गया. जो कि खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची 4 के तहत अनिवार्य मानकों का उल्लंघन करता है.

इसके अलावा खाद्य उत्पादों के गलत ब्रांड और घटिया होने का संदेह था, जिससे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26, 27 और 31 का उल्लंघन हुआ. यह भी पता चला कि खाद्य व्यवसाय संचालक (FBO) विभिन्न डी-मार्ट आउटलेट से एक्सपायर हो चुके और एक्सपायर होने वाले खाद्य पदार्थ खरीद रहा था, जो गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं पैदा करता है.

इन उल्लंघनों के मद्देनजर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिनंदन रणदिवे द्वारा 22 मई 2025 को लाइसेंसिंग विनियमन के विनियमन 2.1.14(1) के तहत मेसर्स खुशी ट्रेडिंग को ‘व्यवसायिक गतिविधि बंद करो’ नोटिस जारी किया गया था. हालांकि 29 मई 2025 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिनंदन रणदिवे और खाद्य सहायक आयुक्त अनुपमा बालासाहेब पाटिल द्वारा किए गए एक औचक निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि व्यावसायिक गतिविधि बंद करने के आधिकारिक नोटिस के बावजूद परिचालन फिर से शुरू कर दिया था.

MP : MP के सरकारी दफ्तर में दिखा अजब नजारा… मरा हुआ मुर्गा लेकर पहुंच गया शख्स, लगाई ये गुहार

0

असगर खान मरे हुए मुर्गे को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा और गुहार लगाई. तहसील में मौजूद लोग और अधिकारी इस अजब-गजब नजारे को देखकर हैरान रह गए. वहीं, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की बुधनी तहसील में एक अजब नजारा देखने को मिला, जहां एक शख्स मरा हुआ मुर्गा लेकर तहसील कार्यालय गुहार लगाने पहुंचा. मौजूद लोग मुर्गा लेकर आए ग्रामीण को देखकर हैरान रह गए. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.दरअसल, यह पूरा मामला सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा इलाके के तहत आने वाले पीली करार गांव से सामने आया है. निवासी असगर खान मरे हुए मुर्गे के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाने आया. उसने अपने घर के पास नाला बनवाने की मांग की.

बताया जा रहा है कि असगर के घर के आसपास गांव का पानी इकट्ठा होता है, जिसमें जहरीले सांप और गोहरे पनप रहे हैं. इसी बीच शुक्रवार को सांप ने डसकर उसके एक मुर्गे को मौत के घाट उतार दिया.

पीड़ित शख्स मरे हुए मुर्गे को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा और गुहार लगाई. तहसील में मौजूद लोग और अधिकारी इस अजब-गजब नजारे को देखकर हैरान रह गए. वहीं, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.मुर्गा लेकर पहुंचे असगर खान ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने तहसील में गुहार लगाई है. सांप के डसने से मेरे मुर्गे की मौत हो चुकी है. यहां आए दिन सांप निकलते हैं, जिससे डर बना रहता है. आज जानवर की मौत हुई, कल इंसान की भी हो सकती है. प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए.”

इस मामले को लेकर बुधनी के एसडीएम दिनेश सिंह तोमर ने फोन पर बातचीत में बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

NATIONAL : फर्जी बुजुर्ग कर्नल पंजाब के वृद्धाश्रम से गिरफ्तार, नौकरी-फ्लैट दिलाने के नाम पर ठगे लाखों रुपये

0

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को भारतीय सेना का कर्नल बताकर लोगों को आर्मी वेलफेयर हाउसिंग आर्गेनाईजेशन के तहत दुकान और फ्लैट दिलाने का झांसा देता था.

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को कर्नल बताकर लोगों को नौकरी और फ्लैट देने झांसा देता था. 77 साल का आरोपी पिछले कई सालों से दिल्ली पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और पंजाब के एक वृद्ध आश्रम में छिपकर रह रहा था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीताराम गुप्ता उर्फ सीताराम सिंगल के रूप में हुई है जो पंजाब का रहने वाला है. आरोपी साल 2007 से दर्ज एक फ्रॉड के मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहा था और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका था.

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी के बारे में एक अहम जानकारी मिली थी कि वह पटियाला के एक वृद्ध आश्रम में नई पहचान बनाकर छिपा हुआ है. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक टीम बनाई और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को भारतीय सेना का कर्नल बताकर लोगों को आर्मी वेलफेयर हाउसिंग आर्गेनाईजेशन के तहत दुकान और फ्लैट दिलाने का झांसा देता था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक अनिल निगम नाम के एक बैंक कर्मचारी से आरोपी ने इसी तरह की कहानी बताकर करीब 56 हजार रुपये की ठगी की थी और नकली रसीद भी शिकायतकर्ता को दी थी. इस पूरे मामले पर जब शिकायतकर्ता को आरोपी पर शक हुआ तो उसने दिल्ली पुलिस में इसकी शिकायत दी और मामला दर्ज किया गया.

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा करते हुए बताया कि उसने पंजाब यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री और इकोनॉमिक्स में एमए में किया है. बाद में आरोपी ने सैन्य प्रक्रियाओं की जानकारी हासिल कर ली. इसी का फायदा उठाकर उसने लोगों में खुद को कर्नल बताकर अपनी इमेज पेश की और उसके बाद लोगों को ठगने का सिलसिला शुरू कर दिया.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी कर्नल ने दिल्ली में कई युवाओं से सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी तरीके से पैसे वसूले जिसमें तीन अन्य मामलों में आरोपी को दोषी भी पाया गया. पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने समाज से दूरी बना ली और अपनी पहचान छुपाकर पंजाब के वृद्ध आश्रम में रहने लगा.

 

Kathal Ki Sabji Recipe: सूखी तो बहुत बार ट्राई की होगी, एक बार खाइए ग्रेवी वाली कटहल की सब्जी, मटन का टेस्ट भूल जाएंगे

Kathal Ki Sabji Recipe: कटहल की तरी वाली सब्जी शाकाहारी लोगों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है. इसकी बनावट और स्वाद मटन जैसी होती है, इसलिए इसे शाकाहारी मटन भी कहा जाता है. यह सब्जी टमाटर, दही और मसालों से तैयार की जाती…और पढ़ें

Kathal Ki Sabji Recipe: कटहल यानी जैकफ्रूट एक ऐसी सब्जी है जिसे कुछ लोग बहुत पसंद करते हैं और कुछ लोग कभी छूते भी नहीं, लेकिन जिसने भी इसे अच्छे से मसालेदार तरीके से पकाया है, वो इसका दीवाना हो जाता है. कटहल स्वाद में थोड़ा हटकर होता है और इसकी बनावट मांस जैसी होती है, इसीलिए इसे शाकाहारी मटन भी कहा जाता है. इसे आमतौर पर सूखी सब्जी के रूप में बनाया जाता है, लेकिन आज हम इसकी ग्रेवी वाली यानी तरी वाली स्वादिष्ट रेसिपी लेकर आए हैं. ये सब्जी इतनी टेस्टी बनती है कि एक बार खाओ तो बार-बार बनाने का मन करेगा. इसकी खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए आपको कोई ज्यादा महंगी चीजें नहीं चाहिए, घर की रोज की चीजों से ही ये शानदार सब्जी तैयार हो जाती है. अगर आप रोजाना की सब्जियों से बोर हो चुके हैं तो कटहल की ये रेसिपी एक नया स्वाद जोड़ देगी. इसे रोटी, पराठा या चावल किसी के भी साथ परोसा जा सकता है. चलिए जानते हैं कटहल की आसान रेसिपी के बारे में.

सामग्री 4-5 लोगों के लिए

कटहल – 500 ग्राम (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
टमाटर – 2 मीडियम (बारीक कटे हुए)
दही – 1/2 कप (फेंटा हुआ)
प्याज – 2 मीडियम (बारीक कटे हुए)
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
तेजपत्ता – 1
जीरा – 1/2 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 4-5 बड़े चम्मच
हरा धनिया – सजावट के लिए

1. कटहल को उबालें या तलें
सबसे पहले कटे हुए कटहल के टुकड़ों को हल्का नमक और हल्दी डालकर प्रेशर कुकर में 1 सीटी आने तक उबाल लें. अगर आप ज्यादा स्वाद चाहते हैं तो इन्हें डीप फ्राई भी कर सकते हैं. तलने से कटहल कुरकुरे हो जाते हैं और स्वाद में और बढ़िया लगते हैं.

2. मसाला तैयार करें
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें. उसमें सबसे पहले जीरा और तेजपत्ता डालें. इसके बाद बारीक कटे हुए प्याज़ डालें और गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें और कुछ सेकंड भूनें.

अब इसमें टमाटर डालें और धीमी आंच पर पकने दें जब तक टमाटर नरम न हो जाएं. फिर हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह भूनें.

3. दही मिलाएं
अब इसमें फेंटा हुआ दही डालें और जल्दी-जल्दी चलाते हुए पकाएं ताकि दही फटे नहीं. मसाले से तेल अलग होने लगे, तब समझिए मसाला तैयार है.

4. कटहल डालें
अब इसमें उबला या तला हुआ कटहल डालें और मसाले में अच्छी तरह मिक्स करें. इसे 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें ताकि मसाले कटहल में अच्छे से घुस जाएं.

5. ग्रेवी बनाएं
अब इसमें लगभग 1 कप गर्म पानी डालें और अच्छी तरह मिलाएं. ढककर 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें ताकि ग्रेवी गाढ़ी हो जाए और कटहल उसमें अच्छे से गल जाए.

6. फाइनल टच
जब ग्रेवी आपकी मनपसंद गाढ़ाई तक आ जाए, तो ऊपर से गरम मसाला डालें और हरा धनिया छिड़कें. 2 मिनट और पकाएं फिर गैस बंद कर दें.

कटहल की तरी वाली ये मसालेदार सब्जी आप गर्मागरम रोटी, पराठा, नान या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं. यह खासतौर पर मेहमानों के लिए बढ़िया डिश है और व्रत-त्योहारों के मौके पर भी खूब पसंद की जाती है.

कटहल की ग्रेवी गाढ़ी और मसालेदार रखें तो इसका स्वाद ज्यादा उभर कर आता है. दही की जगह आप थोड़ी सी मलाई या काजू पेस्ट भी इस्तेमाल कर सकते हैं, इससे रिचनेस बढ़ती है. अगर कटहल ज्यादा कच्चा हो तो पहले अच्छे से उबालकर ही इस्तेमाल करें. यकीन मानिए एक बार आपने इस ट्राई कर लिया तो हफ्ते में एक बार आप इसे जरूर बनाएंग

- Advertisement -