Monday, June 15, 2026
Home Blog Page 595

ENTERTAINMENT : ‘शर्मिष्ठा को तुरंत रिहा करो’, कंगना रनौत ने की मांग, बोलीं- किसी बेटी के साथ ऐसा न हो

0

लॉ स्टूडेंट शर्मिष्ठा पनौली को अब भाजपा सांसद कंगना रनौत का सपोर्ट मिला है. कंगना ने शर्मीष्ठा की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार से अपील की हैं. कंगना ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह करती हूं कि राज्य को उत्तर कोरिया बनाने की कोशिश न करें.

ऑपरेशन सिंदूर पर कथित रूप से सांप्रदायिक सोशल मीडिया पोस्ट करने के मामले में गुरुग्राम से गिरफ्तार की गई 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट शर्मिष्ठा पनौली को अब एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत का सपोर्ट मिला है. कंगना ने शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर भी निशाना साधा है.

शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा, ‘कानून-व्यवस्था के नाम पर किसी को परेशान करना ठीक नहीं है. जब कोई माफी मांग लेता है और पोस्ट डिलीट कर देता है, लेकिन उसे जेल में डालना, उसे प्रताड़ित करना, उसका करियर खत्म करना और उसके चरित्र पर सवाल उठाना बहुत गलत है. किसी भी बेटी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए.’

कंगना ने कहा- ‘मैं पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह करती हूं कि राज्य को उत्तर कोरिया बनाने की कोशिश न करें. सभी के पास लोकतांत्रिक अधिकार हैं. उन्होंने अपनी अभद्र टिप्पणी के लिए माफी मांगी है. शर्मिष्ठा ने अपने वीडियो में कुछ अनुचित शब्दों का इस्तेमाल किया, लेकिन ऐसे शब्द आजकल ज्यादातर युवा इस्तेमाल करते हैं. उन्हें जल्द रिहा किया जाना चाहिए क्योंकि वह बहुत कम उम्र की लड़की हैं. उनके सामने पूरा करियर और जीवन है.’

कंगना रनौत के अलावा शर्मिष्ठा पनोली के बचाव के लिए एक्टर और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण उतरे हैं. उन्होंने शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी पर टीएमसी पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा ‘ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लॉ की छात्रा शर्मिष्ठा ने अपनी बात रखी. कुछ लोगों को उनके शब्द आपत्तिजनक लगे. उन्होंने माफी मांगी और वीडियो डिलीट किया. फिर भी बंगाल पुलिस ने कार्रवाई की. पवन कल्याण ने कहा ‘जब हमारे धर्म को गंध धर्म कहा जाता है तब इनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?

शर्मिष्ठा पनौली, जिनके एक्स और इंस्टाग्राम पर 1.75 लाख फॉलोअर्स हैं, को उनके एक अब हटाए जा चुके वीडियो के कारण गिरफ्तार किया गया. इस वीडियो में उन्होंने कुछ बॉलीवुड सितारों की आलोचना की थी, और पूछा था कि ऑपरेशन सिंदूर पर चुप्पी क्यों साधी है? आरोप है कि उन्होंने वीडियो में एक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया.

हालांकि शर्मिष्ठा ने वीडियो हटाने के बाद बिना शर्त माफी मांग ली थी, फिर भी कोलकाता में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई. कोर्ट से बाहर आते समय शर्मिष्ठा ने मीडिया से कहा, ‘लोकतंत्र में जिस तरह से यह उत्पीड़न किया जा रहा है, यह लोकतंत्र नहीं है.’

NATIONAL : दिल्ली पुलिस ने किया ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश, लाखों की कोकीन के साथ नाइजीरियाई तस्कर गिरफ्तार

0

आरोपी का नाम डेविड लीन है, जो नाइजीरिया का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक आरोपी बहुत लंबे समय से भारत में अवैध तरीके से रह रहा था और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था.

दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने दिल्ली में बड़े ड्रग्स सिंडिकेट नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में कोकीन के साथ एक नाइजीरियाई नागरिक को अरेस्ट किया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक बरामद कोकीन की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत लाखों रुपये है.गिरफ्तार आरोपी की पहचान डेविड लीन के रूप में हुई है. जो नाइजीरिया का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक आरोपी बहुत लंबे समय से भारत में अवैध तरीके से रह रहा था और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था.

दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल को जानकारी मिली थी कि एक विदेशी नागरिक दिल्ली के तिलक नगर इलाके में कोकीन की एक बड़ी खेप की डिलीवरी के लिए आने वाला है. दिल्ली पुलिस को मिली सूचना के बाद तुरंत एक टीम का गठन किया गया.वहीं दिल्ली पुलिस ने महावीर नगर के इलाके में प्लान बनाकर मौके पर आरोपी डेविड लीन को एक बड़े से कैरी बैग के साथ गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली,तो उसमें पीले रंग का पाउडर नुमा पदार्थ मिला. जिसे मौके पर ही फॉरेन्सिक टीम ने जांच कर कोकीन होने की पुष्टि भी कर दी.

दिल्ली पुलिस के द्वारा आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा है और लियो नाम के एक दूसरे नाइजीरिया के व्यक्ति से ड्रग्स लेकर दिल्ली एनसीआर में उसकी सप्लाई करता है. दिल्ली पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि उसके पास जो पासपोर्ट है वह साउथ अफ्रीका का फर्जी पासपोर्ट है. जिसे उसने दिल्ली में ही बनवाया था.

आरोपी डेविड लीन साल 2015 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था. जो महज 3 महीने के लिए ही वैध था. आरोपी का वीजा खत्म होने के बाद भी वह अवैध रूप से यही रह रहा था. शुरुआत में उसने महरौली और तिलक नगर में सैलून और अफ्रीकी किचन चलाया. लेकिन आर्थिक तंगी के चलते आरोपी डेविड ड्रग्स के बड़े सिंडिकेट के साथ जुड़ गया. दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे एक खेप की डिलीवरी के बदले 35 हजार रुपए मिलते थे.

हालांकि दिल्ली पुलिस अब फरार आरोपी लियो और उसके दूसरे साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. वहीं पुलिस का कहना है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गैंग का हिस्सा है. जो दिल्ली को केंद्र बनाकर ऑपरेट कर रहा था.

 

NATIONAL : दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश, भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत

0

दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश के बाद मौसम ने फिर से करवट ली है. दक्षिणी दिल्ली वसंत कुंज इलाके में बारिश शुरू होने से भीषण गर्मी से राहत मिली है. तेज हवा और बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है.

दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. पिछले कुछ दिनों से चल रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है. तेज हवाओं के साथ घने बादल आसमान में छा गए हैं, जिससे मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है. धूल भरी आंधी के साथ ही हवा ने तापमान को कम कर दिया है, जिससे मौसम ठंडा हो गया, लेकिन कई इलाकों में धूल भरी आंधी से लोग परेशान भी हुए हैं.

मौसम विभाग ने बताया कि सफदरजंग में हवा की गति 67 किलोमीटर प्रति घंटा और पालम (IGI एयरपोर्ट) क्षेत्र में 65 किलोमीटर प्रति घंटा रही. वसंत कुंज और उसके आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया. मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले एक घंटे के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

खासतौर से दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जो गर्मी से परेशान लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. तेज हवा और बादल छाने के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को राहत मिली है.

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जैसे एनसीआर के क्षेत्रों में भी धूल भरी आंधी चली और कई जगहों पर बूंदाबांदी देखने को मिली. आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं ने गर्मी के प्रभाव को काफी हद तक कम कर दिया. इन इलाकों में दिनभर झुलसाने वाली गर्मी झेलने के बाद लोगों को राहत की सांस मिली.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. इससे अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है.

ENTERTAINMENT : ‘अनुपमा’ में ड्रग्स ट्रैक से मचा हंगामा, आर्यन की मौत पर उठे सवाल तो दर्शकों ने बताया ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की कॉपी

0

रुपाली गांगुली के सीरियल ‘अनुपमा’ में एक बड़ा मोड़ देखने को मिलने वाला है. शो में दिखाया जाएगा कि ड्रग्स ओवरडोज से आर्यन की मौत हो जाएगी, जिसके बाद अनुपमा पर इल्जाम लगाया जाएगा.

सीरियल ‘अनुपमा’ में एक नया मोड़ आने वाला है, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है. शो में जल्द ही दिखाया जाएगा कि आर्यन, जो माही से शादी करने वाला है, ड्रग्स की लत में फंसा हुआ है.

शादी के बाद शाह परिवार आर्यन और माही का स्वागत करने की तैयारी में होता है. इसी बीच आर्यन कहता है कि उसे वॉशरूम जाना है. वो एक कमरे में जाता है और अपने दोस्तों से ली हुई ड्रग्स लेता है. दूसरी ओर अनुपमा सिंदूर का डिब्बा लेने के लिए उसी कमरे में जाती है और वहां का नजारा देखकर हैरान रह जाती है.

अनुपमा देखती है कि आर्यन फर्श पर गिरा हुआ है और उसके हाथ में ड्रग्स का पैकेट है और वो बड़बड़ाता है-, ‘क्या कमाल का माल है.’ अनुपमा इस हालत में उसे देखकर टूट जाती है

रिपोर्ट्स के मुताबिक आर्यन की ड्रग्स ओवरडोज से मौत हो जाती है. आर्यन ने अनुपमा से वादा किया था कि रिसेप्शन के बाद वो अपनी लत के बारे में सबको बता देगा. लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो जाती है और सभी घरवाले अनुपमा को ही दोषी ठहराते हैं.

जैसे ही शो के ट्रैक का प्रोमो आया , सोशल मीडिया पर लोगों ने ‘अनुपमा’ के मेकर्स की ट्रोलिंग करनी शुरू कर दी. दर्शकों का कहना है कि ये कहानी तो पहले ही ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में दिखाई जा चुकी है. उसमें भी शुभम नाम का किरदार भी ड्रग्स की गलत लत में फंस गया था. सुगना के धोखे के बाद शुभम ने ड्रग्स लेना शुरु कर दिया और बाद में ओवरडोज होने से उसकी मौत हो गई थी. तब भी नायरा को दोषी ठहराया गया था, जैसे अब अनुपमा को ठहराया जा रहा है.

 

RAJASTHAN : महिला को बंधक बनाकर 20 लाख की लूट, मंदिर और गुल्लक तक नहीं छोड़ी

0

राजस्थान के धौलपुर में सैपऊ थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में आधी रात को छह हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बना लिया और 20 लाख की डकैती को अंजाम दिया. बदमाश मंदिर की चढ़ावा राशि और बच्चों की गुल्लक तक लूट ले गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू कर दी है.

राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. करीमपुर गांव स्थित अचल सिंह परमार के घर में आधा दर्जन बदमाश रात करीब पौने दो बजे घुसे और परिवार की महिला को तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की. बदमाश करीब 15 तोला सोना, आधा किलो चांदी और लगभग 3 लाख रुपये नकद समेत कुल 20 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए.

पीड़िता सरोज देवी ने बताया कि गर्मी के कारण घर के पुरुष बाहर सो रहे थे और वह बच्चों के साथ अंदर कमरे में थीं. तभी बदमाश खिड़की की जंगला काटकर भीतर घुसे और सीधे कमरे में आकर उनके सीने पर तमंचा तान दिया. इसके बाद अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया गया. बदमाशों की हैवानियत इस हद तक पहुंच गई कि उन्होंने बच्चों की मिट्टी की गुल्लक तक तोड़कर उसमें रखे पैसे भी निकाल लिए.

इतना ही नहीं, घर के मंदिर को भी नहीं बख्शा गया. मंदिर में रखी चढ़ावे की रकम भी लूट ली गई. पूरी घटना करीब आधे घंटे तक चली और उसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. तुरंत सैपऊ थाना पुलिस को सूचना दी गई. एसएचओ वीरेंद्र सिंह मौके पर पुलिस टीम और एफएसएल टीम के साथ पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं.

एएसआई अजय सिंह ने बताया कि वारदात करीमपुर गांव में अचल सिंह परमार के घर पर हुई. मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है. बदमाशों की तलाश की जा रही है. बदमाशों ने बच्चों की मिट्टी की गुल्लक भी नहीं छोड़ी और उसे तोड़कर उसमें से पैसे निकाल लिए. घर में मंदिर में रखा चढ़ावा भी उठा ले गए.

NATIONAL : सुकमा में 21 लाख के इनामी तीन नक्सली गिरफ्तार, शिक्षक की हत्या में थे शामिल

0

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने 21 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. ये तीनों पिछले साल एक शिक्षक की हत्या में शामिल थे. गोंडपल्ली गांव से पकड़े गए इन माओवादियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर लगाम की उम्मीद जताई जा रही है. पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे होने की संभावना है.

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने तीन इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिनके सिर पर कुल 21 लाख रुपये का इनाम घोषित था. इन तीनों पर पिछले साल एक “शिक्षक” की निर्मम हत्या का आरोप है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान डोडी पोड़िया (36), डोडी पांडू (18) और डोडी नंदू (28) के रूप में हुई है. ये सभी जगारगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उनके पैतृक गांव गोंडपल्ली से पकड़े गए. यह कार्रवाई CRPF की 165वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की.

डोडी पोड़िया माओवादियों के प्लाटून पार्टी कमेटी का सदस्य है, जबकि डोडी पांडू पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की कंपनी नंबर 10 का सदस्य है. दोनों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था. वहीं, डोडी नंदू पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस ने जानकारी दी कि इन तीनों नक्सलियों का नाम 13 सितंबर 2023 को गोंडपल्ली गांव में शिक्षा दूत डोडी अर्जुन (25) की हत्या में सामने आया था. अर्जुन को नक्सलियों ने पुलिस का मुखबिर होने के शक में पहले बेरहमी से पीटा और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी थी. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी.

गिरफ्तार नक्सलियों को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है और उनसे अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है. पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी इलाके में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

 

UP : गोरखपुर में दर्दनाक हादसा… कार-बाइक टक्कर में चार दोस्तों की मौत, एक की 1 जून को थी सगाई

0

गोरखपुर के बड़हलगंज में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई. सभी एक ही बाइक पर सवार थे. मृतकों में राहुल कुमार की 1 जून को सगाई होनी थी. हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ है. कार चालक फरार है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गांव में मातम पसरा है.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.

दरअसल, हादसा गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे पर सिधुआपार ग्राम सभा के गरथौली टोला के पास हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार चार दोस्त अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ग्रैंड विटारा कार ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे.

हादसे में मौके पर ही सुनील कुमार, प्रदुम्न कुमार और अरविंद कुमार की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल कुमार को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. चारों युवक अपाचे बाइक पर सवार होकर फोरलेन से गुजर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया.

हादसे के बाद चारों परिवारों में कोहराम मच गया है. मृतक राहुल की 1 जून को सगाई तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. राहुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. वहीं मृतक सुनील की दो बेटियां हैं और अरविंद हाल ही में बैंकॉक से लौटा था. चारों की असामयिक मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है. वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.

 

NATIONAL : मम्मी-पापा के बाद भाई तेजस्वी को तेज प्रताप ने किया याद, कहा- जयचंद हर जगह है अंदर भी और…

0

तेज प्रताप ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक बाक एक दो पोस्ट किए, पहला पोस्ट उन्होंने लालू-राबड़ी के नाम लिखा तो दूसरा पोस्ट भाई तेजस्वी को किय़ा. उन्होंने कहा कि मेरे भाई भरोसा रखना.

आरजेडी विधायक तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) गर्लफ्रेंड के विवाद में फंस कर इन दिनों अपनी पार्टी और परिवार दोनों से बाहर हो चुके हैं. परिवार से दूर हैं, लेकिन उनके मन में परिवार की चिंता और प्यार कम नहीं हुआ है. वो भावनात्मक तौर पर तो अपने परिवार से जुड़े ही हैं, तभी तो एक के बाद एक पोस्ट कर अपने परिवार के लोगों की हिम्मत बढ़ा रहे हैं, भले ही ये पूरी परेशानी खुद उनकी वजह से हो, लेकिन परिवार की परेशानी वो बनना नहीं चाहते. उनका कहना है कि साजिश करने वालों को वह जल्द बेनकाब करेंगे.

तेज प्रताप ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक बाक एक दो पोस्ट किए, पहला पोस्ट उन्होंने लालू-राबड़ी के नाम लिखा तो दूसरा पोस्ट भाई तेजस्वी को किय़ा और कहा कि मेरे भाई भरोसा रखना मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं, फिलहाल दूर हूं लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा. उन्होंने ये भी कहा कि मम्मी पापा का ख्याल रखना.

तेजप्रताप ने लिखा, “मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नहीं हो सकोगे, कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो लेकिन खुद कृष्ण को नहीं, हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा. बस मेरे भाई भरोसा रखना. मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं. फिलहाल दूर हूं, लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा. मेरे भाई मम्मी-पापा का ख्याल रखना, जयचंद हर जगह है अंदर भी और बाहर भी.”

बता दें कि इससे पहले तेजप्रताप ने लालू यादव और राबड़ी देवी को पोस्ट कर लिखा कि “मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए ना कि कुछ और. पापा आप नहीं होते तो ना ये पार्टी होती और ना मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे”. यानी दोनों ही पोस्ट में उन्होंने ‘जयचंद’ का जिक्र किया है. तेज प्रताप का कहना है कि उनके आस-पास रहने वाले ही कुछ लोगों की साजिश का वो शिकार हुए हैं, जिसे जल्द वो बेनकाब करेंगे.

 

SURAT : पत्नी के साथ नाजायज संबंध के शक में कारोबारी दोस्त को मारने की दी 25 लाख की सुपारी, 3 गिरफ्तार

0

सूरत के गोड़ादरा में कारोबारी संजय पदशाला को गोली मारने की वारदात में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. उसके दोस्त भूपत धडुक ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में 25 लाख की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची. अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि शूटर फरार है. पुलिस आगे की जांच में जुटी है.

गुजरात के सूरत शहर के गोड़ादरा इलाके में हुए सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. टेक्सटाइल कारोबारी संजय पदशाला को गोली मारने की घटना के पीछे उसके ही दोस्त का हाथ निकला. शक था कि संजय का उसकी पत्नी से नाजायज संबंध है, इसी कारण आरोपी ने 25 लाख की सुपारी देकर उसकी हत्या करवाने की साजिश रची.

घटना कुछ दिन पहले की है, जब संजय पदशाला बाइक पर अपनी फैक्ट्री जा रहे थे, तभी गोड़ादरा इलाके में पीछे से आए एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी. गोली उनकी पीठ में लगी और संयोगवश वे बच गए. इस मामले की जांच करते हुए पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि गोली चलाने वाला शूटर फरार है.

गिरफ्तार मुख्य आरोपी भूपत केशु भाई धडुक खुद एक टेक्सटाइल कारोबारी है और संजय का करीबी दोस्त रहा है. पुलिस के मुताबिक, भूपत को शक था कि संजय का उसकी पत्नी से अवैध संबंध है. इसी के चलते उसने अपने एक और परिचित हरेश गजेरा को 25 लाख की सुपारी देकर संजय की हत्या करवाने की योजना बनाई. हरेश ने खुद 5 लाख रुपए रखे और बाकी 20 लाख रविंद्र उर्फ रवि प्रधान को दिए. रविंद्र ने किसी अन्य को यह काम सौंपा, जिसने फायरिंग को अंजाम दिया.​

सूरत पुलिस के डीसीपी भगीरथ गढ़वी ने बताया कि गोड़ादरा थाना क्षेत्र में 30 मई को संजय पदशाला नामक टेक्सटाइल कारोबारी पर जानलेवा हमला हुआ था. गोली उनकी पीठ में लगी थी. पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस जांच में सबसे पहले हरेश गजेरा नामक शख्स को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने बताया कि भूपत धडुक ने संजय को मारने की सुपारी उसे दी थी. भूपत को अपनी पत्नी और संजय के रिश्तों पर शक था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था.

हरेश ने इस सुपारी का कुछ हिस्सा खुद रखकर बाकी रकम रविंद्र प्रधान को दी, जो पहले उसके यहां टेंपो चलाता था. रविंद्र ने शूटर की व्यवस्था की और जानकारी दी कि संजय किस समय कहां मिलेगा. पुलिस का कहना है कि आरोपी रविंद्र प्रधान ने ही हमलावर को संजय की मूवमेंट से जुड़ी सारी जानकारी दी थी, जैसे कि वह कब घर से निकलता है, किस रास्ते से फैक्ट्री जाता है आदि. इसी जानकारी के आधार पर हमला किया गया.

फिलहाल, संजय पदशाला खतरे से बाहर हैं, लेकिन गोली उनकी पीठ में लगी थी और वे गंभीर रूप से घायल हुए थे. पुलिस ने हत्या की साजिश, सुपारी देने और फायरिंग के मामले में IPC की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें भूपत धडुक (सुपारी देने वाला), हरेश गजेरा (सुपारी लेने वाला) और रविंद्र प्रधान (शूटर तक सुपारी पहुंचाने वाला) शामिल हैं. गोली चलाने वाला असली हमलावर अब भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस टीमें कर रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

NATIONAL : उत्तराखंड में 10 जून तक दस्तक देगा मानसून, इस बार 6 फीसदी ज्यादा होगी बारिश

0

उत्तराखंड में इस बार मानसून 10 जून तक दस्तक दे देगा. इस बार प्रदेश में 6 फीसदी अधिक बारिश होने की संभावना है. वहीं सरकार ने आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने को कहा है.

उत्तराखंड में मानसून 10 जून तक अपनी उपस्थिति दर्ज करा देगा. मानसून को लेकर सरकार भी चिंतित नजर आ रही है. राज्य सरकार ने इसको लेकर आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के लिए कहा है. राज्य में बारिश का आगाज पहले ही हो गया है लेकिन 10 जून से मानसून आगाज होने जा रहा है. इसको लेकर सरकार ने अपनी कमर कस ली है.

बता दें कि प्रदेश में मानसून दस जून के बाद सक्रिय होने की उम्मीद है. मानसून आने के बाद प्रदेश में बारिश भी जोर पकड़ेगी. उत्तराखंड में 10 जून तक मानसून दस्तक देगा. मौसम विभाग की मानें तो इस बार पांच दिन पहले मानसून आ जाएगा. इस बार प्रदेश में छह फीसदी अधिक बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, इसको लेकर राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है.

उत्तराखंड मौसम विभाग केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने एबीपी लाइव से बात करते हुए बताया कि जून के पहले सप्ताह में प्री मानसून की अच्छी बारिश देखने को मिलेगी, खासकर पहाड़ी जिलों में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है. हालांकि पांच जून के बाद लोगों को बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. इससे पहले उत्तराखंड में कई जगहों पर हल्की बारिश होती रहेगी, जिसे प्री मानसून शॉवर भी कहा जा सकता है.

वही रही बात मानसून की तो प्रदेश में दस जून के बाद मानसून सक्रिय होने की उम्मीद है. मानसून आने के बाद प्रदेश में बारिश भी जोर पकड़ेगी. उत्तराखंड में लंबी अवधि का औसत बारिश मानक 87 सेंटीमीटर का है. इस बार इससे छह फीसदी ज्यादा बरसात देखने को मिलेगी. ये औसत 108 फीसदी तक भी पहुंच सकता है. चिल चिलाती गर्मी से परेशान उत्तराखंड के लोगों के लिए ये खबर राहत पहुंचाने वाली है. लोगों को बारिश का बेशब्री से इंतजार रहता है.

- Advertisement -