Wednesday, June 24, 2026
Home Blog Page 636

PATNA : बर्थडे पार्टी में होटल गई लड़की का यौन उत्पीड़न, कमरे में मिली बेहोश

0

पटना के दीघा में एक नाबालिग लड़की के साथ होटल में यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पीड़िता की मां का आरोप है कि युवक ने लड़की के सॉफ्ट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया और फिर उसका उत्पीड़न किया. पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.

बिहार की राजधानी पटना के दीघा में एक होटल में नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर दीघा थाने में एक मामला दर्ज किया गया है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक व्यक्ति ने लड़की के सॉफ्ट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया और फिर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया. पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार (20 मई) को हुई, जब पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थी.

दीघा के एक पुलिस अधिकारी (कानून और व्यवस्था) नितीश चंद्र धरिया ने बताया कि गुरुवार को दीघा पुलिस को सूचना मिली कि एक होटल के कमरे में नाबालिग लड़की बेहोशी की हालत में पड़ी है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो लड़की बोलने में असमर्थ थी. पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी मंगलवार को एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुई थी, जिसके बाद वह और उसकी सहेली एक होटल में गईं. वहां आरोपी और उसके कुछ दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुईं. मां की शिकायत के अनुसार, पीड़िता और आरोपी देर रात तक होटल में रुके थे.

उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने लड़की के सॉफ्ट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और उसका यौन उत्पीड़न किया गया. इस घटना के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा. एसडीपीओ धरिया ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने होटल के कर्मचारियों और अन्य गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा सके.

NATIONAL : लखनऊ में CBI दफ्तर के गेट पर खड़ा था शख्स, सुरक्षा में तैनात जवान ने पूछा तो तीर से किया हमला

0

लखनऊ के सीबीआई दफ्तर की सुरक्षा में तैनात एएसआई (Assistant Sub inspector) पर तीर से हमले का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि बिहार के 50 वर्षीय दिनेश मुर्मू ने एएसआई के टोकने पर तीर से हमला किया.

लखनऊ के सीबीआई दफ्तर की सुरक्षा में तैनात एएसआई (Assistant Sub inspector) पर तीर से हमला करने का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि बिहार के 50 वर्षीय दिनेश मुर्मू ने एएसआई के टोकने पर तीर से हमला कर दिया. जिससे वे घायल हो गए और उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी दिनेश मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है.

लखनऊ पुलिस लाइन से एएसआई वीरेंद्र सिंह की सीबीआई के लखनऊ दफ्तर पर तैनाती है. इसी बीच शुक्रवार को मुर्मू सीबीआई गेट पर खड़ा था. मुर्मू से जब एएसआई ने खड़े रहने का कारण पूछा तो उसने झोले से धनुष-बाण निकालकर वीरेंद्र सिंह को मार दिया. जिससे ASI वीरेंद्र सिंह घायल हो गए और उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

पूछताछ में पता चला है कि दिनेश मुर्मू बिहार में रेलवे में नौकरी करता था लेकिन साल 2000 में अपने आक्रामक रवैया और गुस्से की वजह से रेलवे से बर्खास्त कर दिया गया था. साल 2005 में दिल्ली पुलिस के सिपाही से मारपीट में भी वह जेल जा चुका है.2015 में दिनेश मुर्मू को जौनपुर से जीआरपी ने सिपाही के साथ मारपीट में भी जेल भेजा था. रेलवे में नौकरी के दौरान मुर्मू ने रेलवे के ट्रैक इंस्पेक्टर की सीबीआई से 200 रुपये घूस मांगने की शिकायत की थी. जिसके बाद सीबीआई की टीम ने ट्रैक इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया था.

शुक्रवार शाम को सीबीआई के गेट पर जैसे ही ASI वीरेंद्र सिंह पहुंचे उन्होंने दिनेश मुर्मू को खड़े देखा. इसके बाद उन्होंने पूछताछ के बाद उसे गेट से भगा दिया. लेकिन जैसे ही वह थोड़ी दूर गया, वैसे ही झोले में रखे धनुष-बाण को निकाला और चला दिया. जिससे एएसआई वीरेंद्र सिंह घायल हो गए.

MP : MP के मंत्री विजय शाह का तीसरा माफीनामा, बोले- ये भाषाई भूल थी, मैं बहन सोफिया और देश से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं

0

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए विवादित बयान को लेकर तीसरी बार माफी मांगी है. सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो में उन्होंने यह मांफी मांगी.

जनजातीय कार्य मंत्री शाह ने माफीनामे में कहा, ”जय हिन्द, पिछले दिनों पहलगाम में हुए जघन्य हत्याकांड से मैं मन से बहुत दुखी एवं विचलित हूं, मेरा राष्ट्र के प्रति अपार प्रेम और भारतीय सेना के प्रति आदर एवं सम्मान हमेशा रहा है.

मेरे कहे गए शब्दों से समुदाय, धर्म, देशवासियों को दुख पहुंचा है, यह मेरी भाषाई भूल थी, मेरा आशय किसी भी धर्म, जाति एवं समुदाय को ठेस पहुंचाने, आहत करने का नहीं था, मैं भूलवश अपने कहे गए शब्दों के लिए पूरी भारतीय सेना से, बहन कर्नल सोफिया से एवं समस्त देशवासियों से पूरी तरह से क्षमा प्रार्थी हूं और पुनः हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं.”

 

 

KERALA : अगले 24 घंटे के भीतर केरल पहुंच जाएगा मानसून, 16 साल बाद बनने जा रहा ये अनूठा रिकॉर्ड!

0
मानसून की बारिश फसलों की सिंचाई और भूजल एवं जलाशयों को पुनः भरने के लिए महत्वपूर्ण है, तथा इसका सीधा प्रभाव देश के कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ता है. आईएमडी ने 2025 के लिए औसत से अधिक मानसून की बारिश का अनुमान लगाया है, जिससे खरीफ सीजन की फसलों का रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद बढ़ गई है.
अगले 24 घंटों में मानसून केरल में पहुंचने वाला है, जो अपने तय समय से करीब एक सप्ताह पहले है. इस साल केरल में मानसून का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी होने वाला है. राज्य में मानसून के आगमन के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. निम्न दबाव वाले क्षेत्र और आगे बढ़ते मानसून सिस्टम के कारण पिछले दो दिनों में केरल के कई हिस्सों में भारी वर्षा हुई है. पिछली बार राज्य में मानसून इतनी जल्दी 2009 और 2001 में आया था, जब यह 23 मई को राज्य में पहुंचा था.
केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून है. हालांकि, 1918 में राज्य में 11 मई को ही मानसून ने दस्तक दे दी थी, जो आज तक का केरल में सबसे जल्दी मानसून आगमन का इकलौता मामला है. दूसरी ओर, मानसून के देरी से केरल आगमन का रिकॉर्ड 1972 में दर्ज है, जब मानसून की बारिश 18 जून को शुरू हुई थी. पिछले 25 वर्षों में सबसे अधिक देरी से मानसून का आगमन 2016 में हुआ, जब मानसून ने 9 जून को केरल में प्रवेश किया.
आईएमडी ने एक बयान में कहा, ‘अगले 2-3 दिनों में केरल में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है.’ इस वर्ष मानसून के आने का पूर्वानुमान आईएमडी के 27 मई के डेडलाइन के भीतर है, जिसमें चार दिनों का मॉडल एरर मार्जिन चलता है. पिछले साल मानसून ने केरल में 30 मई को दस्तक दी थी. मानसून का समय पर आगमन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कारक है, जहां वार्षिक वर्षा का लगभग 70% जून-सितंबर की अवधि के दौरान होता है.
मानसून की बारिश फसलों की सिंचाई और भूजल एवं जलाशयों को पुनः भरने के लिए महत्वपूर्ण है, तथा इसका सीधा प्रभाव देश के कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ता है. आईएमडी ने 2025 के लिए औसत से अधिक मानसून की बारिश का अनुमान लगाया है, जिससे खरीफ सीजन की फसलों का रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद बढ़ गई है. उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण आय में वृद्धि होगी, खाद्य सुरक्षा बढ़ेगी और देश के समग्र आर्थिक विकास में कृषि क्षेत्र का योगदान बढ़ेगा. शुरुआती बारिश से धान, मक्का, कपास, सोयाबीन और तिलहन की बुवाई को बढ़ावा मिलने तथा रबी सीजन से पहले जलाशयों का जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है.
केरल के अलावा, आईएमडी ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण और मध्य अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, तमिलनाडु, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में इसी अवधि के दौरान आगे बढ़ने का अनुमान लगाया है. इसके समानांतर, दक्षिण कोंकण-गोवा तट से दूर, पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर एक लो प्रेशर वेदर सिस्टम बनने की खबर है. अगले 36 घंटों में उत्तर की ओर बढ़ते हुए यह लो प्रेशर वेदर सिस्टम और भी मजबूत हो सकता है और स्थानीय वेदर पैटर्न को प्रभावित कर सकता है, जिससे पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों में बारिश और हवा में बदलाव हो सकता है.
देश के कुछ हिस्सों में चल रही गर्मी की स्थिति से राहत मिलने की व्यापक उम्मीद के बीच मानसून की प्रगति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. अभी तक, मानसून की राह में कोई बड़ी देरी या विचलन नहीं देखा गया है. यह भारत भर में कृषि के लिए बारिश पर निर्भर क्षेत्रों के लिए सकारात्मक खबर है. जहां तक उत्तर भारतीय राज्यों की बात है, तो इस क्षेत्र में 25 से 30 जून के बीच मानसून के आगमन की संभावना आईएमडी ने जताई है. यह क्षेत्र देश के दक्षिणी और मध्य भागों की तुलना में मौसमी बदलाव को थोड़ा देर से दर्शाता है. पश्चिमी भारत में 15 से 20 जून के बीच मानसून की बारिश होने का अनुमान है.

RAJASTHAN : ₹1 भेजा, स्क्रीनशॉट दिखाकर 1.54 लाख के गहने ले उड़ी महिला… अलवर में नई तरह की ऑनलाइन ठगी

0

अलवर से ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शिवाजी पार्क स्थित ज्वेलरी शॉप पर पहुंची एक महिला ने पहले 1 रुपए खाते में डाल ज्वेलर का भरोसा जीता. फिर ₹1.54 लाख के फर्जी NEFT ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर दो अंगूठियां और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गई. दो घंटे बाद भी पैसे नहीं आए तो ज्वेलर को ठगी का अहसास हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी है.

राजस्थान के अलवर जिले में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने ज्वेलरी दुकानदार को झांसे में लेकर लाखों रुपए के गहनों की ठगी कर ली. ठग महिला ने दुकान पर आकर पहले 1 रुपए का ट्रांजैक्शन किया, जिससे ज्वेलर को विश्वास हो गया कि ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम काम कर रहा है. इसके बाद उसने 1 लाख 54 हजार 500 रुपए के जेवर खरीदकर एक फर्जी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाया और जेवर लेकर फरार हो गई.

दरअसल, यह घटना अलवर के शिवाजी पार्क क्षेत्र स्थित एसके ज्वेलर्स की है. यहां मंगलवार को एक महिला जींस-शर्ट पहने एक पुरुष और एक बच्ची के साथ दुकान पर पहुंची. महिला ने बताया कि बाजार बंद है और उसे इमरजेंसी में एक अंगूठी व मंगलसूत्र खरीदना है. व्यापारी सुरेंद्र कुमार सोनी ने पहले मना कर दिया क्योंकि वह केवल गहने बनाने का काम करते हैं, लेकिन महिला के बार-बार आग्रह पर उन्होंने उसे एक पुराने ग्राहक का तैयार सामान दिखाया.

महिला ने वह जेवर पसंद किया जिसमें दो अंगूठियां और एक मंगलसूत्र शामिल था. कुल वजन 15.2 ग्राम और कीमत ₹1 लाख 54 हजार 500 थी. जब व्यापारी ने कैश मांगा तो महिला ने ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कही. इसके बाद उसने पहले 1 रुपए का ट्रांजैक्शन किया, जो तुरंत व्यापारी के बेटे के खाते में आ गया. फिर उसने ₹1 लाख 54 हजार के ट्रांजैक्शन का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया और कहा कि उसने NEFT से पैसे ट्रांसफर किए हैं, जो दो घंटे में खाते में आ जाएंगे.

महिला की बातों पर विश्वास करके व्यापारी ने उसे जेवर सौंप दिए. लेकिन दो घंटे बीतने के बाद भी जब पैसे नहीं पहुंचे तो व्यापारी तुरंत बैंक गया. जांच में पता चला कि कोई ट्रांजैक्शन हुआ ही नहीं है और न ही कोई प्रक्रिया लंबित है. बैंक अधिकारियों ने यह भी बताया कि पहले भी इस खाते में ऐसे कई फर्जी ट्रांजैक्शन हो चुके हैं.

जब व्यापारी ने महिला से संपर्क करने की कोशिश की तो महिला ने उसे धमकाने की कोशिश की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. इसके बाद व्यापारी ने तुरंत शिवाजी पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें महिला गहनों की खरीदारी करते हुए नजर आ रही है. पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

RAJASTHAN : राजस्थान के भीलवाड़ा में तेज आंधी और बारिश का कहर, तो दूसरी तरफ जालोर में गर्मी से लोग बेहाल

0

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच कई जगह हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई. इस दौरान सबसे अधिक वर्षा शाहपुरा (भीलवाड़ा) में 30 मिलीमीटर दर्ज की गई.

राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. भीषण गर्मी के बीच गुरुवार देर शाम भीलवाड़ा जिले में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने एक ही परिवार से 2 जिंदगियां छीन ली. वहीं मांडलगढ़ विधानसभा के काछोला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगे पेड़ के टूटने से एक 72 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई.

वहीं राजस्थान के जालोर जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री दर्ज किया गया. इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक है.

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में प्रचंड गर्मी के 43 डिग्री सेल्सियस तापमान के आंकड़े के पास पहुंचते ही तपन का कहर चल रहा था. इसी दौरान तेज आंधी और बेमौसम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया.

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर और जैसलमेर में 23 व 24 मई को हीटवेव का असर रहेगा, जिसका प्रभाव जालोर जिले में भी देखने को मिलेगा. गुरुवार को जिले भर में 18 किमी प्रतिघंटे की गति से गर्म हवाएं चलीं और तेज धूप के कारण आमजन को दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ा.

भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा, जहाजपुर मांडल के विभिन्न क्षेत्रों में अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश का कहर बढ़ गया था. इसके चलते कई पेड़ धराशाई हो गए, तो होर्डिंग और बिजली के खंभे उखड़ गए. तेज हवाओं ओर बारिश ने यातायात को भी प्रभावित किया था. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है.

वहीं जालोर जिले में हीटवेव और लू के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से ‘‘क्या करें व क्या ना करें’’ के संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है. एडवाइजरी के अनुसार आमजन को स्थानीय मौसम संबंधी जानकारी के लिए समाचार पत्र, टीवी या मोबाइल ऐप्स से अपडेट रहने की सलाह दी गई है, साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ORS, नींबू पानी, लस्सी व छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है.

 

UP : साहब यही है क्या यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था? CHC में खुले में हुआ महिला का प्रसव

0

प्रदेश के बलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के परिसर में ही एक प्रशव पीड़ा से पीड़ित महिला का खुले में प्रशव बीती रात को हो गया. स्वास्थ्य केंद्र पर कोई डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं था.

उत्तर प्रदेश के बलिया में स्वास्थ्य विभाग और उसके कर्मचारियों की लापरवाही की खबर सामने आई है. यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के परिसर में ही एक प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला का खुले में प्रसव बीती रात को हो गया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. ऐसा इसलिए हो गया क्योंकि रात के वक्त अस्पताल में कोई डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं था. यह वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है.

दरअसल 22 मई की रात बैरिया तहसील क्षेत्र के बैरिया गांव की रहने वाली गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा से परेशान होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची थी. जहां ड्यूटी पर कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नही था. जहां परिजनो ने अस्पताल में अंदर घुमकर कर्मचारी को आवाज लगाई लेकिन न एएनएम और न ही स्वास्थ्य कर्मी ही मिले. जिस कारण गर्भवती महिला की डिलीवरी हो गयी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा.

हालांकि वीडियो वायरल होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी संजीव वर्मन ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया है और बताया कि जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वही जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ऐसी कोई लापरवाही या ड्यूटी से नजारत कोई कर्मचारी मिलेंगे तो कार्रवाई की जाएगी.

सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उसी दौरान मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शी युवराज ने बताया कि 22 मई की रात पेट में दर्द होने की वजह से मैं भी स्वास्थ्य केंद्र गया था. लेकिन वहां देखा तो एक महिला का खुले में प्रसव पीड़ा होने से बच्चा पैदा हो गया. लेकिन अस्पताल में न कोई कर्मचारी और न कोई एएनएम ड्यूटी पर मौजूद था. ऐसे लापरवाह व्यक्तियों पर कारवाई होनी चाहिए.

 

NATIONAL : सोनीपत ITI में छात्रों के दो गुटों में जमकर हुई मारपीट, चाकू से हमले में दो छात्र गंभीर रूप से घायल

0

सोनीपत आईटीआई में छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया. बीच बचाव करने पहुंचे दो छात्रों पर भी चाकू से हमला कर दिया गया औप दोनों घायल हो गए. उन्हें सिविल अस्पताल से खानपुर पीजीआई रेफर किया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आईटीआई प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है.

सोनीपत के आईटीआई संस्थान में बुधवार सुबह छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया. झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और बीच बचाव करने पहुंचे वेल्डर ट्रेड के छात्र अजय और रोहित पर एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया.

हमले में दोनों छात्र घायल हो गए. घटना के बाद हमलावर छात्र मौके से फरार हो गया. घायल छात्रों को तुरंत सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उन्हें हालत गंभीर होने पर खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया गया.घायल छात्र अजय ने बताया कि वह क्लास जा रहा था, तभी कुछ छात्रों के बीच झगड़ा हो रहा था. अजय ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन तभी पीछे से एक छात्र ने उस पर और उसके साथी रोहित पर चाकू से हमला कर दिया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. वहीं आईटीआई के एनसीसी टीचर संजय सिंह ने बताया कि सुबह 9 बजे घटना की सूचना मिली. मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा गया.

आईटीआई प्रशासन ने पुलिस को शिकायत सौंप दी है और आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है. प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित छात्र पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

MP : ट्रैफिक के बीच दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नेताजी ने कार से उतारकर महिला से बनाए संबंध, FIR दर्ज, राष्ट्रीय महामंत्री पद से भी बर्खास्त

0

बेशर्म नेता की शर्मनाक करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि अपनी एक महिला मित्र के साथ बीच सड़क शख्स ने आपत्तिजनक हरकत की.

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक शख्स का एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाने वाला वीडियो वायरल हुआ है, हालांकि बीजेपी ने इस बात से इनकार किया है कि वह सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़ा है. उस व्यक्ति की पहचान उज्जैन में रजिस्टर्ड धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय सचिव मनोहरलाल धाकड़ के रूप में हुई है.

धाकड़ महासभा ने बयान जारी कर कहा है कि उसे पद से बर्खास्त कर दिया गया है. धाकड़ की पत्नी भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य हैं और वर्तमान में मंदसौर जिला पंचायत के वार्ड नंबर 8 का प्रतिनिधित्व करती हैं.

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का है और 13 मई को रिकॉर्ड किया गया था. अब शर्मनाक करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि अपनी एक महिला मित्र के साथ बीच सड़क शख्स ने आपत्तिजनक हरकत की. परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाली सफेद कार मनोहरलाल धाकड़ के नाम पर रजिस्टर्ड है. धाकड़ से उनकी टिप्पणी के लिए संपर्क करने का प्रयास असफल रहा.

मंदसौर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, “मनोहरलाल धाकड़ बनी गांव के हैं, लेकिन वे भाजपा के प्राथमिक सदस्य नहीं हैं. उनकी पत्नी सोहन बाई जिला पंचायत सदस्य हैं. यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मनोहरलाल ने ऑनलाइन माध्यम से पार्टी की सदस्यता ली है या नहीं.” दीक्षित ने कहा कि उन्होंने सुना है कि आपत्तिजनक वीडियो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का है.

वहीं, BJP के प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी मामले पर कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है और अगर किसी ने गलत किया है तो निश्चित तौर पर करवाई होगी‌. इस मामले में बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व ने बताया कि मनोहरलाल धाकड़ भाजपा का प्राथमिक सदस्य भी नहीं है.

Bedmi Poori Recipe: बेड़मी पूरी का आटा कैसे लगाएं? बनेंगी फूली और कुरकुरी, सब पूछेंगे कौन सी दुकान से मंगाई

बेड़मी पूरी एक मसालेदार और कुरकुरी पूरी होती है जो उरद दाल और मसालों के साथ बनाई जाती है. इसका आटा तैयार करने के लिए दाल को पीसकर मसालों के साथ भूनते हैं और फिर आटे में मिला…और पढ़ें

बेड़मी पूरी का आटा कैसे लगाएं

बेड़मी पूरी का आटा सही तरीके से गूंथना जरूरी है.
उरद दाल, अदरक, हरी मिर्च को दरदरा पीसें.
आटे में मसाला मिलाकर सख्त आटा गूंथें.

Bedmi Poori Recipe: अगर आप उत्तर भारत की फेमस डिश बेड़मी पूरी घर पर बनाना चाहते हैं तो सबसे पहले आपको इसका आटा सही तरीके से गूंथना आना चाहिए. क्योंकि अगर आटा सही तरीके से नहीं लगाएंगे तो न तो ये खाने में स्वाद लगेगी और न ही देखने में. बेड़मी पूरी एक खास तरह की मसालेदार पूरी होती है, जो आमतौर पर आलू की सब्जी के साथ खाई जाती है. इसका स्वाद तीखा, कुरकुरा और बहुत ही मजेदार होता है. जिस जगह भी ये मिलती है, आपको उस दुकान के बाहर सुबह से ही भीड़ देखने को मिल जाएगी. यह खासतौर पर दिल्ली, आगरा और बनारस जैसे शहरों में बहुत ज्यादा लोकप्रिय है. नाश्ते में इसे गरमा-गरम आलू की सब्जी के परोसना लोगों को बेहद पसंद आता है. यह न केवल पेट भरती है, बल्कि स्वाद से दिल भी जीत लेती है. अगर आप इसे एक बार घर पर बनाएंगे, तो बाजार की बेड़मी पूरी भूल जाएंगे. आइए जानते हैं कि इस टेस्टी पूरी का आटा कैसे तैयार करें.

जरूरी सामग्री इस प्रकार है-

गेहूं का आटा – 2 कप
उरद की दाल (धुली हुई) – ½ कप (4-5 घंटे भीगी हुई)
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
हरी मिर्च – 1 या 2
हींग – एक चुटकी
सौंफ – ½ चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
धनिया पाउडर – 1 चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 1 बड़ा चम्मच
पानी – जरूरत अनुसार

बेड़मी पूरी का आटा गूंथने की पूरी विधि स्टेप बाय स्टेप नीचे दी गई है, जिससे आप घर पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं.

स्टेप 1: उरद दाल को पीसना

सबसे पहले भीगी हुई उरद की दाल को धो लें और अदरक, हरी मिर्च के साथ मिक्सी में दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि दाल बहुत महीन नहीं होनी चाहिए, हल्का दरदरा होना चाहिए जिससे पूरियों में भरने का मजा आए. स्वाद भी लाजवाब आएगा.

स्टेप 2: मसाला तैयार करना

एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गर्म करें. उसमें हींग और सौंफ डालें, फिर पिसी हुई दाल डाल दें. अब इसमें लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर 3-4 मिनट भूनें. जब दाल सूख जाए और हल्की खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें.

स्टेप 3: आटा गूंथना

अब एक परात या बड़ी सी थाली में गेहूं का आटा लें. उसमें तैयार किया गया दाल का मसाला, थोड़ा तेल और नमक मिलाएं. इन सबको अच्छे से मिक्स करें. फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें, जैसे पूरी के लिए होता है. आटा न तो ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ज्यादा नरम, इस बात का ध्यान रखें. अब इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें.

स्टेप 4: बेड़मी पूरी बनाना

अब आटे से लोइयां बनाएं और बेलकर गर्म तेल में गोल्डन ब्राउन होने तक तलें. ध्यान रखें कि तेल अच्छा गर्म हो तभी पूरी फूलेंगी और कुरकुरी बनेंगी. अगर आपने इस रेसिपी से एक बार ट्राई किया तो घरवाले आपसे हर हफ्ते इसे बनाने की डिमांड करेंगे. इसे आप आलू की सब्जी के साथ परोस सकते हैं.

 

- Advertisement -

News of the Day