Friday, June 26, 2026
Home Blog Page 657

GUJARAT : जाफराबाद तट के पास देखी गई संदिग्ध नाव, पीछा करने पर दमन की ओर भागी

0

गुजरात के जाफराबाद तट से 20 समुद्री मील दूर एक संदिग्ध नाव देखी गई, जिसकी सूचना मछुआरों ने दी. कोस्ट गार्ड ने हेलीकॉप्टर से निगरानी शुरू की, लेकिन नाव दमन की ओर भाग गई. अब तक नाव या उसमें मौजूद लोगों की पुष्टि नहीं हुई है. प्रशासन सतर्क है और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

जाफराबाद तट से लगभग 20 समुद्री मील दूर समुद्र में एक संदिग्ध नाव देखे जाने से हड़कंप मच गया. यह जानकारी स्थानीय मछुआरों की ओर से वायरलेस के माध्यम से अपने बोट कप्तान को दी गई, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम की सूचना जाफराबाद बोट एसोसिएशन ने भारतीय तटरक्षक बल (Coast Guard) को दी.

सूचना मिलते ही कोस्ट गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए एक हेलीकॉप्टर के जरिए इलाके की निगरानी शुरू कर दी. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध नाव दमन की ओर भागते हुए देखी गई है. हालांकि, नाव की पहचान और उसमें मौजूद लोगों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.

गौरतलब है कि गुजरात का समुद्री तट सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है, ऐसे में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जा रहा है.

ENTERTAINMENT : शूरा खान ने लूज आउटफिट में छुपाया बेबी बंप? फैंस बोले- ‘प्रेग्नेंट की तरह चल रही हैं’

शूरा खान को लेकर कुछ समय से फैंस कयास लगा रहे हैं कि वो प्रेग्नेंट हैं. अब उनका एक वीडियो सामने आया है जिसे देखकर कहा जा रहा है कि वो बेबी बंप छुपाने की कोशिश कर रही हैं.

एक्टर अरबाज खान की वाइफ शूरा खान इन दिनों प्रेग्नेंसी की अफवाहों को लेकर चर्चा में हैं. शूरा को कुछ दिनों पहले पति अरबाज के साथ क्लीनिक के बाहर स्पॉट किया गया था तब से ही उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. वहीं हाल ही में शूरा का एक वीडियो सामने आया है जिसे देखकर कहा जा रहा है कि उन्होंने कैमरे के सामने अपना बेबी बंप छुपाने की कोशिश की.

दरअसल शूरा खान को ब्लैक कलर के प्रिंटेड कॉर्सेट में देखा गया. उनकी ये ड्रेस काफी ज्यादा लूज थी. इसके साथ उन्होंने स्लीपर्स पेयर किए थे. खुले बालों और काले चश्मे में शूरा काफी प्यारी दिख रही थीं. लेकिन उनके लूज आउटफिट और चलने के तरीके ने सभी का ध्यान खींचा. ऐसे में फैंस उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर कमेट कर रहे हैं.

 

 

BUSINESS : चोरी हो गई बैंक की पासबुक तो ऐसे कर सकते हैं डुप्लीकेट पासबुक के लिए आवेदन, लेकिन पहले जरूर कर लें ये काम

0

लगभग सभी के बैंक खाता होते हैं. आज के दौर में कैश लोग घरों पर कमी रखते हैं. ज्यादातर लोग अपने बैंक खातों में ही पैसे जमा करके रखते हैं. बैंक में खाता खुलवाने के बाद आपको बैंक की ओर से पासबुक दी जाती है. इस पासबुक में आपकी बैंक खाते से जुड़ी पूरी जानकारी शामिल होती है. जिसमें न सिर्फ आप का नाम आपका एड्रेस और बैंक अकाउंट और अकाउंट की पूरी जानकारी दर्ज होती है.

इसके अलावा आपकी पासबुक में कितने रुपये हैं. इस बारे में लिखा होता है. आपने कब कहां कौनसा ट्रांजेक्शन किया है. इस बारे में भी पूरी जानकारी लिखी होती है. इसलिए पासबुक काफी जरूरी होती है. लेकिन कई बार लोगों से उनकी पासबुक खो जाती है या फिर चोरी हो जाती है. अगर आपकी पासबुक चोरी हो जाती है तो फिर आप डुप्लीकेट पासबुक के लिए अप्लाई कर सकते हैं. चलिए बताते हैं आपको इसका तरीका.

अगर आपकी बैंक पासबुक कहीं खो जाती है. तो सबसे पहले आपको अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन जाना होता है. वहां जाकर आपको लिखित में अपनी पासबुक खोने को लेकर शिकायत दर्ज करवानी होती है. शिकायत दर्ज करवाने के बाद आपको पुलिस स्टेशन से उसकी रिसीविंग काॅपी भी लेनी जरूरी है.

क्योंकि जब आप बैंक में डुप्लीकेट पासबुक के लिए अप्लाई करने जाते हैं. तो आपको वहां इस काॅपी की जरूरत पड़ेगी. इसलिए आपको एफआईआर दर्ज करवानी जरूरी होती है. इस एफआईआर की काॅपी के साथ आप अन्य दस्तावेजों की काॅपी जमा करनी होती है.

पासबुक खोेने की एफआईआर दर्ज कराने के बाद आपको बैंक को भी इस बारे में सूचना देना होती है. जब आप इस बारे में बैंक को जानकारी दे देते हैं. इसके बाद आप बैंक जाकर डुप्लीकेट पासबुक के लिए अप्लाई कर सकते हैं. आपको बता दें आप अपने बैंक की डुप्लीकेट पासबुक अपनी ही ब्रांच से हासिल कर सकते हैं.

इसके बाद आपको बैंक में संबधित अधिकारी से मिलना होगा. और डुप्लीकेट पासबुक के लिए फार्म भर कर जमा करना होगा. इसके साथ ही आपको कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. फिर बैंक के ब्रांच मैनेजर की ओर से डुप्लीकेट पासबुक जारी कर दी जाएगी.

 

NATIONAL : बेटी ने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर की मां की हत्या, चिनहट हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा

0

कुछ दिन पहले चिनहट के एक घर में महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. इस जघन्य वारदात की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने बताया कि मृतका की बेटी का एक नाबालिग युवक से प्रेम संबंध था. वर्ष 2024 में दोनों घर से फरार हो गए थे, जिसके बाद चिनहट थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था.

राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में 40 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसकी ही नाबालिग बेटी ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर की थी.दरअसल, कुछ दिन पहले चिनहट के एक घर में महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. इस जघन्य वारदात की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने बताया कि मृतका की बेटी का एक नाबालिग युवक से प्रेम संबंध था. वर्ष 2024 में दोनों घर से फरार हो गए थे, जिसके बाद चिनहट थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था.

पुलिस ने लड़की को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था. लड़की के वापस आने के बाद उसकी मां ने उस पर निगरानी बढ़ा दी थी और लड़के से मिलने-जुलने पर सख्त पाबंदी लगा दी थी. इसी बात से नाराज होकर प्रेमी युवक ने घर में घुसकर पहले महिला का मुंह दबाया और फिर शीशे के टुकड़े से उसका गला रेतकर हत्या कर दी.

इस वारदात में लड़की ने भी उसकी मदद की. पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. उन्हें बाल सुधार गृह भेजा जाएगा. इस मामले ने एक बार फिर नाबालिगों में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और पारिवारिक संवाद की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

NATIONAL : भिलाई में बांग्लादेशी पति-पत्नी गिरफ्तार… ‘ज्योति’ बनकर रह रही थी शाहिदा, फर्जी तरीके से बनवा लिए दस्तावेज

0

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई में एक बांग्लादेशी महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया गया है. दोनों फर्जी दस्तावेज बनाकर भिलाई में वर्षों से रह रहे थे. पुलिस का कहना है कि महिला ने अपना नाम ज्योति बताया, जबकि उसका असली नाम शाहिदा है और वह बांग्लादेश की नागरिक है. उसने फर्जी दस्तावेज भी बना रखे थे.

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की धरपकड़ जारी है. दुर्ग पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वैशाली नगर विधान सभा क्षेत्र के सुपेला कांट्रेक्टर कॉलोनी में छापा मारा. यहां से एक बांग्लादेशी महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है. यह एसटीएफ की चार दिनों के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई है. पूछताछ में महिला ने अपना नाम ज्योति और पुरुष ने रासेल शेख बताया. दस्तावेजों की जांच की गई तो सामने आया कि महिला का असली नाम शाहिदा खातून है, जो बांग्लादेश की नागरिक है.

दुर्ग एसएसपी.विजय अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि सुपेला थाना क्षेत्र के कांट्रेक्टर कॉलोनी में एक महिला और पुरुष फर्जी पहचान के साथ रह रहे हैं. पुलिस ने तुरंत दबिश दी और दोनों को हिरासत में लिया. जांच में खुलासा हुआ कि 35 वर्षीय शाहिदा खातून ने 2017 में बांग्लादेश के रहने वाले मोहम्मद रासेल से शादी की थी. इसके बाद दोनों ने पासपोर्ट और वीजा के जरिए भारत में प्रवेश किया था. महिला का वीजा 13 सितंबर 2018 को और रासेल का वीजा 12 अप्रैल 2020 को समाप्त हो गया था.

वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी दोनों भारत में अवैध रूप से रह रहे थे. एसटीएफ को यह भी जानकारी मिली कि शाहिदा खातून ने भारत में रहकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए. उसने ‘ज्योति’ नाम का आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पासपोर्ट तक बनवा लिया था. वह भिलाई सुपेला थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रही थी और वाट्सऐप व इंटरनेट कॉल के जरिए बांग्लादेश में अपने परिवार से संपर्क में थी.

दुर्ग पुलिस को जांच में पता चला कि शाहिदा इससे पहले 2009 में भी अवैध रूप से भारत आई थी. वह बांग्लादेश-भारत अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार कर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में दाखिल हुई थी. वहां से वह हावड़ा होते हुए मुंबई पहुंची और मजदूरी करने लगी. इसी बीच उसकी मुलाकात मोहम्मद रासेल से हुई. कुछ समय बाद पश्चिम बंगाल लौटे और वहीं शादी कर ली. बाद में वे बांग्लादेश चले गए और साल 2017 में पासपोर्ट और वीजा के जरिए भारत वापस लौटे, फिर कभी वापस नहीं गए. पुलिस के अनुसार, मोहम्मद रासेल पूर्व में लूटपाट के मामले में आरोपी रह चुका है. फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ विदेशी अधिनियम और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

NATIONAL : चादर ओढ़कर चारपाई पर सोया था युवक और ऊपर रेंग रही थी मौत, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजरG

0

सांप के काटने के कुछ ही देर बाद मनोज की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि मनोज एक बेहद मेहनती लड़का था, जो रेस्टोरेंट में काम करके अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था.

बागपत में सीसीटीवी में एक खौफनाक मंजर कैद हुआ है, जिसमें एक युवक चारपाई पर कंबल ओढ़कर सो रहा है और उसके ऊपर काला जहरीला सांप रेंग रहा है. जैसे ही युवक हिलता है तो सांप उसे डस लेता है. युवक लड़खड़ाते हुए चारपाई से उठता है और घबराहट में कमरे के दरवाजे के पास पहुंचता है. पता चला है कि युवक की सर्पदंश से मौत हो गई. यह रूह कंपा देने वाली घटना बागपत के छपरौली क्षेत्र के लूम्ब गांव की है. युवक की पहचान मनोज के रूप में हुई है.

मनोज स्थानीय रेस्टोरेंट में काम करता था. वह घटना के वक्त रेस्टोरेंट में ही बने एक कमरे में सो रहा था. रात के समय अचानक एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया और मनोज को काट लिया. यह पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सांप मनोज के ऊपर रेंग रहा है और जब वह उठता है तो उसे डस लेता है.

सांप के काटने के कुछ ही देर बाद मनोज की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि मनोज एक बेहद मेहनती लड़का था, जो रेस्टोरेंट में काम करके अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था. मनोज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था. कुछ वर्षों पहले उसके पिता का देहांत हो गया और बड़ा भाई गांव से बाहर काम करता है. ऐसे में घर की जिम्मेदारियां मनोज ने बहुत छोटी उम्र में ही संभाल ली थीं.

वह रेस्टोरेंट में काम करके अपने परिवार के खर्च चलाने में मदद कर रहा थ. उसकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है. गांव के लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, जिससे इस संकट की घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके. इस घटना की CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

MAHARASHTRA : बेकाबू आयशर टेंपो ने बाइक में मारी टक्कर, आधा किलोमीटर तक घसीटा, बहन-भाई की दर्दनाक मौत

0

महाराष्ट्र के धाराशिव में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक बेकाबू आयशर टेंपो ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मारने के बाद करीब आधा किलोमीटर तक घसीटा. इस हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है.

महाराष्ट्र के धाराशिव से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. उमरगा शहर के पास बायपास रोड पर एक तेज रफ्तार आयशर टेंपो ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों को आयशर वाहन बाइक समेत करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया. हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उमरगा तहसील के कोलसूर (गुंजोटी) गांव के रहने वाले शिवप्पा माली और उनकी बहन अनिता माली के साथ हुआ. दोनों बाइक पर कहीं जा रहे थे, तभी हैदराबाद की ओर तेज गति से जा रहे एक आयशर टेंपो ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेंपो की रफ्तार काफी ज्यादा थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया था.

हादसे के बाद टेंपो ने बाइक समेत दोनों को सड़क पर करीब आधा किलोमीटर तक घसीटा. इससे दोनों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. कुछ लोगों ने इस भयावह घटना को कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो दिल दहला देने वाला है.

हादसे की सूचना मिलते ही उमरगा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. इसी के साथ कार्रवाई करते हुए आयशर टेंपो को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है. स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर आक्रोश है. उनका कहना है कि बायपास रोड पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है और प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है.

NATIONAL : देशभक्ति के रस में डूबे काशी के शिल्पकार, गुलाबी मीनाकारी से बनाई ब्रह्मोस मिसाइल, देशभर से आए सैकड़ों ऑर्डर

0

भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद वाराणसी के मीनाकारी कलाकारों द्वारा ब्रह्मोस मिसाइल के मॉडल तैयार किए जा रहे हैं. देशभर से इसको खरीदने के लिए सैकड़ों ऑर्डर भी मिल चुके हैं.

पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई के बाद अब ऑपरेशन सिंदूर को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है. इसी बीच शहर के अलग-अलग विरासत में भी ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवादी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करने वाले भारतीय हथियारों की भी झलक देखने को मिल रही है. इसी क्रम में वाराणसी की पहचान के रूप में पूरे विश्व में पसंद किए जाने वाले गुलाबी मीनाकारी की मदद से ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस मिसाइल का मॉडल तैयार किया गया है. और न सिर्फ इसे कलाकारों द्वारा आकर्षक रूप में तैयार किया गया है बल्कि देशभर से इसको खरीदने के लिए सैकड़ों ऑर्डर भी मिल चुके हैं.

इस क्षेत्र में दशकों से जुड़े गुलाबी मीनाकारी कलाकार कुंज बिहारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, आतंकवाद और पाकिस्तान पर बड़ी कार्यवाही के तहत भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. उनकी बहादुरी को हम सलाम करते हैं. जैसा कि हम सभी जानते हैं कि इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन में ब्रह्मोस मिसाइल का भी योगदान रहा है और इसी को ध्यान में रखते हुए हमने गुलाबी मीनाकारी की मदद से पूरे ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस मिसाइल का मॉडल तैयार किया है.

उन्होंने बताया कि गुलाबी मीनाकारी की मदद से बनाए ब्रह्मोस मिसाइल अलग-अलग साइज के अनुसार हैं. इसकी कीमत 10 हजार से शुरू होकर 25 हजार तक है. अभी तक इसके सैकड़ों ऑर्डर भी देशभर से मिल चुके हैं. लोगों द्वारा अपनी सेना के इस शौर्य और पराक्रम की गाथा को गुलाबी मीनाकारी क्राफ्ट के माध्यम से अपने घरों में सजाने के लिए स्वीकार किया जा रहा है.

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से लेकर देश भर के प्रमुख त्योहार और आयोजन पर गुलाबी मीनाकारी से बने अलग-अलग मॉडल की खूब मांग रहती है. रिपोर्ट के अनुसार सालाना 15 करोड़ तक गुलाबी मीनाकारी का व्यापार किया जाता है. चांदी, हीरा और अलग-अलग कीमती रत्नों से इसके आकर्षक मॉडल तैयार किए जाते हैं.

लोगों द्वारा प्रमुख आयोजन में उपहार और अपने घरों के साज सजावट के लिए इसका ऑर्डर दिया जाता है. वर्तमान समय में पूरे देश में ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा है, इसी को ध्यान में रखते हुए तकरीबन 200 से अधिक गुलाबी मीनाकारी के कलाकारों द्वारा इसका मॉडल तैयार किया जा रहा है. प्रारंभिक दौर में सैकड़ों ऑर्डर देशभर से इसके मिल चुके हैं.

 

NATIONAL : जासूसी के आरोप में फंसी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के वीडियो से खुला राज, पाकिस्तानी अफसर से थे करीबी रिश्ते

0

हरियाणा की रहने वाली फेमस यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. ‘ट्रैवल विद जो’ नाम के चैनल से मशहूर हुई ज्योति का वीडियो अब जांच के घेरे में है, जिनमें से एक वीडियो ने पाकिस्तान उच्चायोग के जासूसी में पकड़े गए अधिकारी से उसके करीबी रिश्ते को उजागर कर दिया है. बताया जा रहा है कि यही अधिकारी उसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से मिलवाने वाला भी था.

हरियाणा की रहने वाली और ‘Travel with JO’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाली व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में उसकी पाकिस्तान हाई कमीशन के एक अधिकारी से करीबी संबंध सामने आए हैं, जो अब भारत सरकार द्वारा देश से निष्कासित किया जा चुका है.

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा (YouTuber Jyoti Malhotra) के एक वायरल वीडियो ने खुद उसके खिलाफ सबूत पेश कर दिए हैं. इस वीडियो में वह पाकिस्तान हाई कमीशन में आयोजित इफ्तार पार्टी में उस अधिकारी के साथ देखी जा सकती है, जिसे भारत सरकार ने हाल ही में जासूसी के आरोपों में ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित कर देश से बाहर निकाल दिया.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस पाकिस्तानी अधिकारी का नाम एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश है. ज्योति को साल 2023 में पाकिस्तान की यात्रा के दौरान एक वीजा एजेंट के माध्यम से यह कान्टैक्ट मिला था. उसी दौरान उसकी दानिश से मुलाकात हुई और वहीं से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के साथ संपर्क की शुरुआत हुई.

ज्योति का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसको दानिश के साथ पाकिस्तान हाई कमीशन में देखा जा सकता है. वह कैमरे पर कहती है- ‘I’m feeling so happy to see him and the arrangements.’ वीडियो में दानिश उसे अन्य मेहमानों से मिलवाते हुए कहता है- इनका नाम ज्योति है. ये एक यूट्यूबल और व्लॉगर हैं. इनका ट्रैवल विद जो के नाम से चैनल है. और 100K से ज्यादा इनके सब्सक्राइबर हैं.

वीडियो के अंत में दानिश और उसकी पत्नी, ज्योति के साथ पाकिस्तान के नेशनल डे की चर्चा करते हैं. वहीं, ज्योति पार्टी में मौजूद भारतीय मेहमानों से पूछती है कि क्या वे कभी पाकिस्तान गए हैं और उनका अनुभव कैसा रहा.जांच में खुलासा हुआ है कि ज्योति और दानिश के बीच दिल्ली स्थित पाकिस्तानी हाई कमीशन में कई बार मुलाकातें हुईं. साथ ही उसने वॉट्सएप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तान के इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स से संपर्क बनाए रखा और उन तक संवेदनशील सूचनाएं पहुंचाईं.

यूट्यूबर के चैनल पर पाकिस्तान से जुड़े कई वीडियो हैं, जैसे- ‘Indian Girl in Pakistan’, ‘Indian Girl Exploring Lahore’, ‘Indian Girl at Katas Raj Temple’, ‘Indian Girl Rides Luxury Bus in Pakistan’. उसके यूट्यूब चैनल पर 3.7 लाख सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1.3 लाख फॉलोअर्स हैं. फिलहाल ज्योति मल्होत्रा पुलिस रिमांड में है और पूछताछ जारी है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस मामले में और भी कई खुलासे हो सकते हैं.

ENTERTAINMENT : ‘हेरा फेरी 3’ से बाहर हुए परेश रावल, डायरेक्टर संग मतभेद है वजह? एक्टर ने बताया सच

एक्टर परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया है. ऐसी खबरे थीं कि उन्होंने क्रिएटिव डिफ्रेंसेज के चलते फिल्म से अलग होने का फैसला किया. अब एक्टर ने खुद पोस्ट करके इन सभी अफवाहों को खारिज किया है.

बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी’ के तीसरे पार्ट बनाने की बातें काफी वक्त से सामने आ रही थीं. पहले खबर थी कि अक्षय कुमार फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. लेकिन फिर वो मान गए, जिसके बाद फ्रेंचाइजी के ओरिजिनल डायरेक्टर प्रियदर्शन भी इसे बनाने के लिए तैयार हो गए. मगर अब दोबारा फैंस की उम्मीदों को धक्का लगा है, क्योंकि परेश रावल ने फिल्म से बाहर निकलने का ऐलान कर दिया है.

ऐसी रिपोर्ट्स थीं कि परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया है. जब एक्टर से इस बारे में खुद सामने से पूछा गया था, तब उन्होंने खुद इस खबर को कंफर्म करते हुए कहा था कि ये सच्चाई है. ऐसी बातें सामने आई थीं कि परेश रावल क्रिएटिव डिफ्रेंसेज के चलते, ‘हेरा फेरी 3’ से बाहर हुए थे. उनकी फिल्म को प्रियदर्शन बना रहे हैं जो खुद इसकी राइटिंग भी कर रहे हैं. अब परेश रावल ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है.

एक्टर ने X पर पोस्ट करके ये बात साफ की है कि वो ‘हेरा फेरी 3’ से क्रिएटिव डिफ्रेंसेज के चलते बाहर नहीं हुए हैं. हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि वो क्यों फिल्म से बाहर हुए. परेश रावल ने लिखा, ‘मैं ये बात रिकॉर्ड में रखना चाहता हूं कि हेरा फेरी 3 से बाहर होने का मेरा फैसला क्रिएटिव डिफ्रेंसेज के कारण नहीं था. मैं फिर से दोहराता हूं कि फिल्ममेकर के साथ कोई क्रिएटिव डिफ्रेंसेज नहीं हैं. मैं डायरेक्टर मिस्टर प्रियदर्शन के प्रति बहुत प्यार, सम्मान और विश्वास रखता हूं.’

एक्टर सुनील शेट्टी कई मौकों पर ‘हेरा फेरी 3’ के बारे में बात कर चुके हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि उनकी फिल्म तीनों किरदार राजू, श्याम और बाबू राव के बिना अधूरी है. अगर तीनों में से किसी एक को आप बाहर कर दें, तो उनकी फिल्म नहीं चलेगी. ऑडियंस को मजा नहीं आएगा. ‘हेरा फेरी’ फिल्म सीरीज की पॉपुलैरिटी मीम वर्ल्ड में काफी ज्यादा है. फैंस इसके तीसरे पार्ट का इंतजार बेसब्री से कर रहे हैं. ऐसे में परेश रावल की एग्जिट ने उन्हें काफी निराश किया है. अब देखना होगा कि कौन सा एक्टर अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ ‘बाबू राव’ का किरदार निभाएगा.

- Advertisement -

News of the Day