जयपुर, 08 मई (हि.स.)। राजस्थान में शुक्रवार को मौसम ने एक बार फिर दो अलग-अलग तस्वीरें पेश की हैं। पूर्वी राजस्थान के छह जिलों भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और अलवर में मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जयपुर, भरतपुर संभाग, दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर, टोंक और कोटपूतली-बहरोड़ सहित कई क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छाए, तेज आंधी चली, हल्की बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। टोंक और अलवर में कई जगहों पर ओले गिरने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दौसा में गुरुवार शाम करीब 30 मिनट तक तेज अंधड़ चला, जिसके बाद जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। दौसा में सबसे अधिक 14.2 मिमी वर्षा हुई, जबकि टोंक के वनस्थली क्षेत्र में 4 मिमी बारिश हुई।

दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। गुरुवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में 44.2, फलोदी में 43.6 और बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
जयपुर में गुरुवार को दिनभर तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम को मौसम बदला, बादल छाए और धूलभरी हवाएं चलने से लोगों को राहत मिली। वहीं उदयपुर में भी गर्मी ने असर दिखाया और तापमान बढ़कर 39.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
कोटा में दिनभर गर्मी और उमस के बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि अजमेर में अगले दो दिनों तक आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।
सीकर में दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को धूलभरी आंधी चली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक से दो दिन तक पूर्वी राजस्थान के जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे हीटवेव का असर तेज हो सकता है।
प्रदेश में बदलते मौसम के इस दौर ने जहां पूर्वी जिलों को गर्मी से कुछ राहत दी है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के लोगों के लिए आने वाले दिन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।


