मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रतिक्रियाएं, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

0
64
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का आज सोमवार सुबह बजे गुरुग्राम मेदांता में निधन हो गया। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के ट्विटर अकांउट के जरिए मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी दी। मुलायम के निधन की सूचना पर यूपी सहित देश के सभी नेताओं ने अपना दुख प्रकट किया। और उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम की मृत्यु की सूचना पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मेदांता अस्पताल जाकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। अमित शाह ने अखिलेश यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि, मुलायम सिंह यादव अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा, समाजवाद की मुखर आवाज वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह का निधन दुखद है। वे सदैव वंचित वर्ग के कल्याण को समर्पित रहे। उनके अधिकारों की रक्षा के लिए बढ़ती आयु व अस्वस्थता के बावजूद वे लोक सभा में सक्रिय रहते थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए व्यक्तिगत क्षति बताया है।पीएम मोदी ने ट्वीट किया मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। वो एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता थे और लोगों की सेवा के लिए हर समय तैयार रहते थे। उन्होंने जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी आठ तस्वीरें शेयर कीं। कई पुरानी यादों को ताजा करते हुए सपा संरक्षक की तारीफ की। पीएम मोदी ने बताया कि, 2013 और फिर 2019 में मुलायम सिंह ने आशीर्वाद दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर अखिलेश यादव को पत्र लिखकर शोक प्रकट किया और कहाकि, वे समाजवादी आंदोलन के प्रतीक थे। पत्र में लिखा, वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका पार्टी लाइनों के बावजूद हर कोई सम्मान करता था। वह समाजवादी आंदोलन के प्रतीक थे और कई बार उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। वह एक महान सांसद और एक प्रतिष्ठित प्रशासक थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और अन्य पिछड़े समुदायों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रमुख मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्रगति और विकास में एक प्रमुख भूमिका निभाई। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदना और ईश्वर से प्रार्थना है। मुलायम सिंह यादव के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मुलायम सिंह यादव जमीन से जुड़े हुए नेता थे। जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह के साथ कई बार विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उनके दुखद निधन पर शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here