भारतीय शेयर बाजार ने 24 जनवरी को सप्ताह का अंत भारी गिरावट के साथ किया, जो निवेशकों के लिए निराशाजनक रहा। लगातार तीसरे हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स आज 330 अंक गिरकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 23,100 के स्तर के नीचे आ गया। इस गिरावट के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में करीब 5 लाख करोड़ रुपए की कमी आई। ब्रॉडर मार्केट में बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.60% और स्मॉलकैप इंडेक्स 2.23% तक लुढ़क गए। FMCG को छोड़कर बीएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 329.92 अंक या 0.43 फीसदी गिरकर 76,190.46 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 113.15 अंक या 0.49 फीसदी की लुढ़ककर 23,092.20 के स्तर पर बंद हुआ। इस पूरे कारोबारी हफ्ते, यानी 20 से 24 जनवरी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में 0.5 फीसदी की गिरावट आई। वहीं मिडकैप इंडेक्स 2 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स इस दौरान 4 फीसदी टूट गए।
निवेशकों के ₹5.02 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 24 जनवरी को घटकर 419.61 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार 23 जनवरी को 424.63 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.02 लाख करोड़ रुपए घटा है या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.02 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयरों में 1.98 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), नेस्ले इंडिया (Nestle India), भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के शेयर 0.58 फीसदी से लेकर 0.75 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 20 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 2.94 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं जोमैटो (Zomato), टाटा मोटर्स (Tata Motors), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में 1.42 फीसदी से 2.75% तक की गिरावट देखी गई।