SPORTS : गिल-ईशान के शतकीय तूफान में उड़ा अफगानिस्तान, भारत ने 170 रन से जीता दूसरा वनडे, सीरीज पर भी कब्जा

0
243

भारत ने अफगानिस्तान को दूसरे वनडे में 170 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. शुभमन गिल और ईशान किशन के तूफानी शतकों के बाद अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने कमाल की गेंदबाजी से मेहमान टीम को 44.3 ओवर में ही 232 रन पर ढेर कर दिया. भारत ने 403 रन का विशाल लक्ष्य दिया था.

नई दिल्ली. अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच को भारत ने 170 रन से जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया. पहले बैटिंग करते हुए शुभमन गिल और ईशान किशन ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए शतक ठोके और टीम को 402 रन के पहाड़नुमा स्कोर तक पहुंचाया. जवाब में अफगानिस्तान के बल्लेबाज बोझ तले दब गए. गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और डेब्यूटेंट प्रिंस यादव की तेज रफ्तार गेंदबाजी के आगे अफगानिस्तानी पारी सिर्फ 232 रन पर ही सिमट गई. अफगानिस्तान की यह रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार है. सीरीज का तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा.

गुरनूर, अर्शदीप और प्रिंस की तिकड़ी ने बरपाया कहर
403 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल करने उतरी अफगानिस्तान की तरफ से किसी भी टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज द्वारा बड़ी पारी की जरूरत थी, लेकिन शीर्ष क्रम के 4 बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए और इस वजह से टीम को बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा. अफगानिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा 79 रन रहमत शाह ने बनाए. इसके अलावा, सेदिकुल्लाह अटल ने 42, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 41, और इब्राहिम जादरान ने 21 रन की पारी खेली. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 9 ओवर में 45 रन देकर 3 और गुरनुर बरार ने 10 ओवर में 60 रन देकर 3 विकेट लिए. अपना पहला मैच खेल रहे प्रिंस यादव को 2, जबकि वाशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here