SPORTS : 159 रन का बचाव नहीं कर पाई एमआई, चेन्नई ने कैसे पलटा मैच? कप्तान Ruturaj Gaikwad ने खोला राज

0
21

आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेली और युवा सनसनी कार्तिक शर्मा के पहले आईपीएल अर्धशतक के दम पर चेन्नई ने मुंबई के ‘विजय रथ’ को रोक दिया।

दरअसल, मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए। चेन्नई के गेंदबाजों ने डेथ ओवर्स में जिस तरह वापसी की, उसने मैच का रुख वहीं मोड़ दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक बार फिर जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेते हुए नाबाद 67 रनों की शानदार पारी खेली। उनके साथ युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने अपनी पहली आईपीएल फिफ्टी जड़ते हुए टीम को जीत की राह पर मजबूती से बनाए रखा।

दोनों के बीच हुई साझेदारी पर मुंबई के गेंदबाज कभी भी दबाव बना ही नहीं पाए। चेन्नई ने महज दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मैच जीतने के बाद सीएसके के कप्तान गायकवाड़ (CSK Captain Ruturaj Gaikwad) ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने के बाद अपनी रणनीति पर खुलासा किया। उन्होंने कहा,

“मुंबई ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन पावरप्ले के बाद हमारे गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। हमें लगा कि लक्ष्य 20-30 रन कम है। मेरा काम बस अंत तक टिके रहना था।”

गायकवाड़ ने खास तौर पर युवा गेंदबाज कम्बोज और स्पिनर नूर की तारीफ की। ऋतुराज ने कहा, “तो जाहिर है अच्छा लग रहा है। देखिए, वो एक ऐसा खिलाड़ी है जो चीजों को बहुत सिंपल रखता है, अपनी प्रोसेस पर डटा रहता है, समझता है कि पिच कैसा खेल रही है। उसका दिमाग बिल्कुल एक बल्लेबाज की तरह चलता है। तो मुझे लगता है यही चीज उसे सबसे अलग बनाती है और नूर एक ऐसा खिलाड़ी है जिसे बस थोड़ी लय की जरूरत थी और ऐसी विकेट जहां वो अपना असर दिखा सके। तीसरे मैच से मुझे लगता है उसने कुछ बदलाव किए हैं और काफी अच्छा आया है। तो हमारे लिए आगे के लिए ये बहुत अच्छा संकेत है।”

प्लेइंग इलेवन में अकील हुसैन की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए, लेकिन कप्तान ने साफ किया कि ये पूरी तरह रणनीतिक फैसला था।उन्होंने कहा कि टीम को नंबर 8 पर ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी जो बल्लेबाजी में गहराई दे सके। इसी सोच के तहत युवा खिलाड़ियों वीर और घोष को मौका दिया गया, जिन्होंने अभ्यास मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था।शर्मा की पारी पर सीएसके के कप्तान ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ ‘हिटर’ कहना गलत होगा। उन्होंने कहा,

वो सिर्फ बड़े शॉट नहीं लगाते, बल्कि सही गेंदबाज को चुनकर अटैक करते हैं। स्पिन और पेस, दोनों के खिलाफ उनका नियंत्रण शानदार है। जैसा मिस्टर क्रिकेट ने उस दिन कहा था कि वो ऐसा खिलाड़ी है जो एक बार लय में आ गया तो आने वाले सालों में हमें और भी बहुत कुछ देगा।

जीत के बाद गायकवाड़ भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपनी पत्नी, टीम मैनेजमेंट और फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, “हमसे गलतियां होंगी, लेकिन हम हर बार वापसी करेंगे। ये टीम इस जर्सी के लिए सब कुछ देने को तैयार है।”

बता दें कि इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने न सिर्फ दो अहम अंक हासिल किए, बल्कि यह भी दिखा दिया कि चेपॉक में उन्हें हराना अभी भी आसान नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here