राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से हरा दिया है. इसी के साथ राजस्थान आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जाने वाली चौथी टीम बन गई है. उससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद अंतिम-4 में जगह पक्की कर चुकी हैं.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए थे. इसके जवाब में मुंबई की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 175 रन ही बना सकी. राजस्थान की इस जीत की वजह से पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल 2026 से बाहर हो गई हैं.
यह आईपीएल के इतिहास में सातवीं बार है जब राजस्थान रॉयल्स की टीम ने प्लेऑफ में जगह बनाई है. इतिहास में सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ में जगह बनाने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम है, जो 12 बार अंतिम-4 में पहुंची है. यह रियान पराग के लिए भी बहुत बड़ी उपलब्धि है, जिन्होंने बतौर कप्तान पहले ही सीजन में राजस्थान को प्लेऑफ में पहुंचाया.

मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी. वानखेड़े के मैदान पर 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई मुंबई इंडियंस की शुरुआत बहुत खराब रही. MI की हार की नींव वहीं से रखी जा चुकी थी जब रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए. 38 रन पर 4 विकेट गिर चुके थे, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने पहले विल जैक्स के साथ मिलकर 63 रनों की पार्टनरशिप की, फिर हार्दिक पांड्या संग मिलकर 48 रनों की साझेदारी की.
सूर्या 42 गेंद में 60 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं हार्दिक पांड्या ने भी 15 गेंद में 34 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत तक नहीं ले जा सके.
पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का प्लेऑफ में जाना राजस्थान रॉयल्स की हार पर निर्भर था. राजस्थान हार जाती तो कोलकाता और पंजाब के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुले रहते. राजस्थान के अब 16 पॉइंट्स हो गए हैं, जबकि पंजाब के 15 अंक हैं. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स भी अपना आखिरी मैच जीतकर अधिकतम 15 अंकों तक ही पहुंच सकती है.

