रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 7 दिसंबर को खत्म हो गया। इस दौरान दो नक्सली व एक पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक घटना सामने आई। दूसरे चरण की 20 सीटों पर 64.84% मतदान दर्ज किया गया। यह मतदान प्रतिशत 2014 विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज में हुई वोटिंग प्रतिशत से 3.17% कम है। जबकि, पहले चरण की वोटिंग में 1.62% की वृद्धि हुई है। वहीं, इस मतदान प्रतिशत से पार्टी प्रत्याशी उलझ गए हैं। मतदाताओं का रुझान उनके पल्ले नहीं पड़ रहा है।
दूसरे चरण में सबसे कम मतदान जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी में दर्ज किया गया, जो कि शहरी क्षेत्र में आता है। जमशेदपुर पश्चिमी में 54.41% व जमशेदपुर पूर्वी में 56.30% वोटिंग रिकॉर्ड की गई। दोनों ही सीट पर 2014 विस चुनाव की तुलना में 5.26% व 4.06% कमी आई है। वहीं, सर्वाधिक वोट प्रतिशत वाला विस सीट रहा बहरागोड़ा। यहां 75.36% मतदान हुआ है। जो 2014 विस चुनाव में इस सीट पर हुई वोटिंग से करीब 1% कम है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 नवंबर को 13 सीटों पर वोटिंग हुई थी। यहां तमाम हिंसक कोशिशों के बावजूद वोटरों ने जमकर वोटिंग की थी। गुमला के विशुनपुर में चार आईईडी ब्लास्ट किए। कोई हताहत नहीं हुआ और लोगों में दहशत फैलाने के मकसद में भी नक्सली बुरी तरह से विफल हो गए। पहले चरण में 64.92% वोटिंग हुई। वर्ष 2014 के विस चुनाव में इन क्षेत्रों में वोट प्रतिशत 63.29 रहा था। इस बार इसमें 1.62% की वृद्धि हुई है। सबसे अधिक वोट लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में पड़े थे। इस क्षेत्र में 71.47 प्रतिशत वोटरों ने मतदान किया। चतरा में सबसे कम 58.92 प्रतिशत वोट पड़े।
कब कहां हुई घटना
- 30 नवंबर को पहले चरण में 13 सीटों पर हुई वोटिंग के दौरान नक्सलियों ने गुमला के विशुनपुर में चार आईईडी ब्लास्ट किए। कोई हताहत नहीं हुआ।
- 7 दिसंबर को दूसरे चरण में 20 सीटों पर हुई वोटिंग के दौरान सिसई विस क्षेत्र में कुदरा पंचायत 36 नंबर बूथ पर उपद्रवी व पुलिस के बीच हिसंक झड़प हो गई। पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक की मौत हो गई।
- दूसरे चरण के चुनाव में चाईबासा में चुनाव आयोग के निर्देश पर वोटरों को बूथ तक लाने जा रही स्कूल बस को जोजोहातू में नक्सलियों ने आग के हवाले किया।
- अड़की प्रखंड के बूथ संख्या 132 से मतदान संपन्न करा कर लौट रहे मतदानकर्मियों की गाड़ी पर पहले से घात लगाए नक्सलियों ने हमला किया। सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। नक्सली घने जंगल की ओर भाग निकले।
पहले चरण का मतदान प्रतिशत
विधानसभा सीट | 2014 | 2019 |
चतरा | 53.68% | 58.92% |
गुमला | 60.81% | 68.77 % |
बिशुनपुर | 67.05% | 69.95% |
लोहरदगा | 67.93% | 71.47% |
मनिका | 61.28% | 62.92% |
लातेहार | 66.16% | 65.19% |
पांकी | 65.12% | 66.78% |
डाल्टनगंज | 64.69% | 64.10% |
विश्रामपुर | 61.43% | 61.12% |
छतरपुर | 59.18% | 62.42% |
हुसैनाबाद | 62.32% | 60.94% |
गढ़वा | 67.54% | 66.70% |
भवनाथपुर | 68.10% | 67.34% |
दूसरे चरण का मतदान प्रतिशत
विधान सभा सीट | 2019 का वोट प्रतिशत | 2014 का वोट प्रतिशत |
बहरागोड़ा | 75.36% | 76.00% |
घाटशिला | 70.37% | 69.26% |
पोटका | 67.87% | 68.71% |
जुगसलाई | 65.78% | 67.38% |
जमशेदपुर पूर्वी | 56.30% | 60.90% |
जमशेदपुर पश्चिमी | 56.30% | 59.67% |
सरायकेला | 63.93% | 72.00% |
खरसावां | 66.37% | 77.76% |
चाईबासा | 65.09% | 72.76% |
मझगांव | 66.84% | 73.20% |
जगरनाथपुर | 62.57% | 70.92% |
मनोहरपुर | 60.03% | 68.71% |
चक्रधरपुर | 65.61% | 71.54% |
तमाड़ | 68.11% | 70.91% |
सिसई | 68.60% | 65.98% |
मांडर | 67.52% | 66.17% |
तोरपा | 64.24% | 61.08% |
खूंटी | 63.66% | 63.34% |
सिमडेगा | 64.74% | 65.89% |
कोलेबिरा | 65.48% | 65.66% |