स्पेन में हजारों की संख्या में मोरक्कन लोगों ने घुसपैठ की है। यह घुसपैठ सेउटा में हुई है। इसके चलते सेउटा के प्रशासन ने स्पेन से राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने और सीमा को बहाल करने के लिए सेना भेजने का आग्रह किया है। हालांकि, स्पेन ने आपातकाल की मांग को खारिज कर दिया है।
बार्सिलोना: स्पेन के सेउटा में हजारों की संख्या में अवैध प्रवासियों ने घुसपैठ की है। सेउटा सरकार ने गुरुवार को कहा कि पिछले 10 दिनों में 1500 से 2000 लोग सीमा में प्रवेश कर चुके हैं। अनुमान है कि गुरुवार को सैकड़ों और लोग पहुंचे, जिसके चलते क्षेत्रीय राष्ट्रपति जीसस विवाज ने पूर्ण मानवीय और सामाजिक आपातकाल घोषित किया है। उन्होंने मैड्रिड से सीमा पर नियंत्रण बहाल करने के लिए सेना भेजने और राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने का आह्वान किया है।

हालांकि, स्पेन के आंतरिक मंत्रालय ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने की मांगों को खारिज कर दिया है। मंत्रालय का कहना है कि वह नागरिकों की सुरक्षा और देश की सीमा की अखंडता की गारंटी देगा, लेकिन सरकार प्रवासन संबंधी चिंताओं को लेकर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित नहीं कर सकती। इसके चलते पूरे स्पेन में सरकार के खिलाफ नाराजगी देखी गई है। सोशल मीडिया पर स्पेनिश लोग बड़े पैमाने पर प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की आलोचना कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने इसे देश के साथ गद्दारी करार दिया है।
स्पेन के स्यूटा में सीमा की निगरानी करने वाले सिविल गार्ड अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन के प्रमुख रशीद स्बिही ने कहा, “हालात पूरी तरह से अराजक हैं।” उन्होंने कहा, “सटीक संख्या बताना संभव नहीं है, लेकिन हजारों प्रवासी सीमा पार कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि सीमा पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उत्तरी मोरक्को में मानवाधिकार संघ के सदस्य अशरफ मैमौनी ने स्थिति को “असाधारण” बताया। उन्होंने कहा, “आज सुबह असामान्य परिस्थितियों में ताराजल सीमा खोली गई और लोगों ने सीमा पार की।”
वीडियो फुटेज में ताराजल बीच पर बने तटबंधों के चारों ओर घूमते हुए लोगों की भीड़ दिखाई दी, जिनमें ज्यादातर मोरक्कोवासी थे। ये लोग काफी संख्या में युवा पुरुष थे, लेकिन इनमें महिलाएं और बच्चे सहित परिवार भी शामिल थे। एक फ्रीलांस फोटोग्राफर को देखकर कुछ लोगों ने “विवा एस्पाना!” के नारे लगाए। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि इतने सारे प्रवासियों को सेउटा जाने के लिए किसने प्रेरित किया।


