होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के बीच भारतीय टैंकर देश गरिमा सुरक्षित पार होकर मुंबई की ओर बढ़ रहा है। वहीं, दो अन्य भारतीय जहाजों को गोलीबारी की घटना के बाद वापस लौटना पड़ा। हालांकि किसी भी नाविक को नुकसान नहीं हुआ।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय झंडे वाला कच्चा तेल टैंकर “देश गरिमा” 18 अप्रैल 2026 को होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर गया। इस जहाज में 31 भारतीय नाविक सवार हैं और इसके 22 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इस अहम समुद्री मार्ग पर लगातार तनाव बना हुआ है।
हालांकि पिछले 24 घंटे में दो अन्य भारतीय जहाजों को खतरे का सामना करना पड़ा। वीएलसीसी सन्मार हेराल्ड और बल्क कैरियर जग अर्नव ने होर्मुज से गुजरते समय गोलीबारी की घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों जहाजों को वापस फारस की खाड़ी की ओर लौटना पड़ा।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है। यहां हाल के दिनों में अमेरिका और इस्राइल से जुड़े तनाव के कारण हालात संवेदनशील बने हुए हैं। इसी वजह से जहाजों की आवाजाही पर खतरा बढ़ गया है और कई घटनाएं सामने आ रही हैं।भारत सरकार ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ईरान के राजदूत को तलब किया और अपनी चिंता जाहिर की। विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि भारत के लिए समुद्री व्यापार और नाविकों की सुरक्षा बेहद अहम है। साथ ही भारत ने ईरान से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। रिफाइनरी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और पर्याप्त भंडार मौजूद है। लोगों से अपील की गई है कि घबराकर ईंधन की खरीद न करें और अफवाहों से दूर रहें।सरकार ने बताया कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विदेश मंत्रालय और अन्य एजेंसियां मिलकर पश्चिम एशिया में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों की वापसी और सहायता के लिए भी व्यवस्था की गई है।

