NATIONAL : महाराष्ट्र की रहने वाली युवती की हमीरपुर में मौत, आत्महत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस

0
807

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिंवार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के बिगहना गांव में शुक्रवार को 19 वर्षीय युवती ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले के सामने आने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.शुरूआती जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है. लेकिन मृतका मूलरूप से महाराष्ट्र की निवासी थी. जिसको लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय के अनुसार मृतका उत्कर्षा परिवर्तित नाम फातिमा पुत्री सुनील सकपाल, महाराष्ट्र के रत्नागिरी जनपद के पीपल गांव की मूल निवासी थी. वह मुंबई के एक रेस्टोरेंट में काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात बिगहना गांव निवासी मुर्तजा खान से हुई, जो वहां चिकन शॉप में कार्यरत था. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और करीब तीन वर्ष पहले युवती उसके साथ हमीरपुर आकर रहने लगी.

पुलिस के मुताबिक आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि अप्रैल 2008 है, जिसके अनुसार युवती उस समय नाबालिग थी. गांव आने के बाद धर्म परिवर्तन कर उसका नाम फातिमा रखे जाने की बात भी जांच में शामिल की गई है. पति मुर्तजा खान ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद वह अपनी मीट की दुकान चला गया. इसी दौरान करीब 11 बजे युवती ने घर में खपरैल की कड़ी से दुपट्टा बांधकर फंदा लगा लिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.

प्रभारी निरीक्षक नंदलाल प्रजापति ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पूर्व युवती के गर्भवती होने के बाद उसका निकाह कराया गया था और उसने तीन माह पहले एक बच्चे को जन्म दिया था. हालांकि ग्राम प्रधान सोहेल अहमद ने इन आरोपों से इनकार किया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here