Monday, June 22, 2026
Home Blog Page 1229

कुत्ते के हमले से जख्मी बच्ची की 2 महीने बाद मौत, न्याय के लिए दर-दर भटक रहा बुजुर्ग दादा

मध्य प्रदेश के खंडवा शहर और ग्रामीण क्षेत्र में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कुत्ता अब खतरनाक और जान लेवा साबित हो रहे हैं। ग्राम बड़गांव गुर्जर में कुत्ते के काटने से एक बालिका 6 वर्ष की दिव्यांशी पवार पिता दिनेश पवार की मौत हो गई। विगत दिनों ग्राम बड़गांव गुर्जर में 6 वर्षी बालिका दिव्यांशी को कुत्ते ने काट लिया था, गंभीर रूप से घायल बालिका को खंडवा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया था, गंभीर घायल बालिका का इलाज इंदौर में चल रहा था, 23 जनवरी को बालिका की मौत हो गई। बालिका के दादा कैलाश पवार मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दो महीने से बालिका दिव्यांशी पवार का उपचार चल रहा था।

इंदौर में बच्ची की मौत हो गई हम मजदूरी करते हैं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कुत्तों का आतंक है. आए दिन कुत्ते शिकार कर रहे हैं, इन पर कार्रवाई होनी चाहिए और बालिका की मौत पर मध्य प्रदेश सरकार से सहायता राशि मिलती जिससे हमेशा सहयोग मिलता, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर खेतवास ने बताया कि 26 नवंबर को ग्राम बड़गांव गुर्जर में बालिका को कुत्ते ने काट लिया था। जिससे दिव्यांशी पवार की मौत हो गई थी, शहर तो शहर ग्रामीण क्षेत्र में भी अब बच्चे सुरक्षित नहीं है, एक ओर मध्य प्रदेश सरकार आनंद उत्सव बना रही है। वहीं दूसरे तरफ बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन दिया है की कुत्तों को पकड़ा जाए ताकि इस प्रकार की घटना नहीं हो परिजनों को आर्थिक सहायता सरकार दे मृतक बेटी के दादा कैलाश पवार ने कहा कि सिस्टम की लापरवाही की वजह से उन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को खोया है।

वहीं इलाके के लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की नसबंदी व एंटी रेबीज टीकाकरण की रफ्तार बेहद कम होने के कारण घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कुत्तों के काटने से लगातार शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में हालत गंभीर बने हुए हैं। वहीं शहरी क्षेत्र खंडवा में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर बनाने के लिए धनराशि स्वीकृति की है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर आरोप लगाया है कि इस सेंटर के निर्माण को लेकर भी नगर निगम में कुछ ज्यादा दिलचस्पी दिखाई नहीं दे रही है। नतीजतन आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और कुत्तो के काटने के साथ ही लोगों को अपनी जान से हाथ भी धोना पड़ रहा है।

बार-बार घर छोड़कर भाग जाता है पति! शिकायत लेकर SP ऑफिस पहुंची पत्नी, हैरान कर देगा पूरा

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पत्नी से परेशान पति बार बार घर से भाग जाता है। अब परेशान पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देने पहुंची। जहां उसने अपने पति के कारनामों को उजागर करते हुए उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाए जाने की मांग की है।

पीड़ित महिला सुमन राठौर निवासी छतरपुर ने बताया कि वर्ष 2020 में उसका विवाह महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टटम निवासी दुर्गेश राठौर के साथ हुआ था। विवाह के बाद उसे पता चला कि दुर्गेश का प्रेम-प्रसंग हिनौता निवासी उसकी सगी भांजी पूजा राठौर से चल रहा है और इसी के चलते दुर्गेश ने उसे प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। सुमन के मुताबिक दुर्गेश की प्रताड़ना से तंग आकर उसने न्यायालय में केस दायर किया था लेकिन दुर्गेश ने उसके माता-पिता को धमकाकर राजीनामा करा लिया। सुमन का आरोप है कि दुर्गेश ने कई बार उसके साथ मारपीट की, यहां तक कि एक बार जलाने का भी प्रयास किया। सुमन ने बताया कि दुर्गेश उसे छोड़कर अपनी भांजी पूजा राठौर के साथ कहीं भाग गया है। सुमन ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दुर्गेश पर कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है।

●पहले भी हो चुका पति लापता, सोशल मीडिया से लाई थी पत्नी वापिस

बता दें कि सुमन का पति उसको छोड़कर पहले भी जा चुका है जिसकी तलाश के लिए उसने सोशल मीडिया का सहारा लेकर उसकी तलाश की थी और कोतवाली थाने में आवेदन देकर गुमशुदगी कि रिपोर्ट लिखाई थी। तत्पश्चात उसका पति मिल गया आ गया था पर अब वह फिर से लापता हो गया है जिससे कयास लगाया जा रहा है कि 2 साल पूर्व भी वह इसी प्रेम प्रसंग के चलते गायब हुआ था जो अब निकलकर सामने आया है।

YouTuber Elvish Yadav की फिर बढ़ी मुश्किलें, गाजियाबाद में दर्ज हुई FIR, जानें क्या है पूरा मामला?

0

नोएडा रेव पार्टी मामले में एक गवाह को धमकाने के आरोप में यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त दीवानी न्यायाधीश प्रतिभा द्वारा 24 जनवरी को आदेश दिए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। ‘पीपल फॉर एनिमल’ (पीएफए) के पदाधिकारी सौरभ गुप्ता, यादव द्वारा नोएडा में आयोजित पार्टी में सांप के जहर के संदिग्ध इस्तेमाल से जुड़े मामले में गवाह हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एल्विश और उसके समर्थक 10 मई 2024 कई गाड़ियों में सवार होकर राज नगर एक्सटेंशन स्थित उनकी सोसायटी में आए थे और उन्हें धमकी दी।” गुप्ता ने दावा किया कि उन्होंने इस बारे में नंदग्राम पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई जिसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। सौरभ के भाई गौरव गुप्ता ने एल्विश के खिलाफ नवंबर 2023 में नोएडा में एक पार्टी में सांप के जहर के संदिग्ध इस्तेमाल के आरोप में शिकायत दर्ज कराई थी।

सौरभ ने आरोप लगाया, ‘‘जब से नोएडा में मामला दर्ज हुआ है तभी से एल्विश, हम दोनों भाइयों को झूठे मामले में फंसाने या दुर्घटना कराकर जान से मारने की कोशिश कर रहा है। यादव सोशल मीडिया के जरिए रोजाना धमकी दे रहा है।” नंदग्राम थाने के प्रभारी धर्मपाल सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार रात भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच जारी है।

पत्नी की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर कुकर में उबाला, गिरफ्तारी के बाद हत्यारे पति ने पुलिस के सामने खोले अहम राज

0

पुलिस ने एक महिला की बर्बर हत्या के मामले में मंगलवार को चौंकाने वाले खुलासे किए। इसने बताया कि आरोपी पूर्व सैनिक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उसकी हड्डियों को कुचलकर पाउडर बना दिया तथा अवशेषों को शौचालय में बहा दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कहा कि पूर्व सैनिक और वर्तमान में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाले व्यक्ति ने हत्या से लेकर शव को ठिकाने लगाने तक के पूरे कांड को एक दिन में आठ घंटे के भीतर अंजाम दिया।

अपराध का रोंगटे खड़े कर देने वाला विवरण देते हुए पुलिस ने इस कृत्य को ‘‘दुर्लभ से भी दुर्लभतम” और ‘‘बर्बर प्रकृति” वाला बताया। रचाकोंडा के पुलिस आयुक्त सुधीर बाबू ने कहा कि पी गुरुमूर्ति (39) को यह ‘‘इकबालिया बयान” देने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की और फिर उसके शव को छोटे-छोटे हिस्सों में काटा, उन्हें उबाला और बाद में हड्डियों को कुचलकर पाउडर बनाने से पहले उन्हें जला दिया। बाबू ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी माधवी (35) की हत्या करने के इरादे से अपने दोनों बच्चों को एक रिश्तेदार के घर छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी की 16 जनवरी को अपनी पत्नी साथ बहस हुई और उसने महिला का सिर दीवार पर दे मारा, जिससे वह नीचे गिर गई। बाद में, आरोपी ने असहाय पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, हत्या की घटना को छिपाने के लिए उसने अपनी पत्नी के शव को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट दिया और इन्हें एक बाल्टी में रख दिया। फिर उसने ‘वॉटर हीटर’ का उपयोग करके पानी गर्म किया, शव के टुकड़ों को उबाला और बाद में उन्हें गैस स्टोव पर जला दिया। इसके बाद, आरोपी ने हड्डियों को पत्थर के बेलन से कुचलकर पाउडर बना दिया। हड्डी के चूरे और मांस के छोटे-छोटे टुकड़ों को शौचालय में बहा दिया। बची हुई छोटी हड्डियों को बाद में निपटाने के इरादे से उसने इन्हें घर के कूड़ेदान में डाल दिया। जलते समय दुर्गंध को कम करने के लिए उसने दरवाजे और रसोई की खिड़कियां खुली रखीं। आरोपी ने 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम लगभग 6 बजे तक शव को ठिकाने लगाने की घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। बाद में, सबूतों का हर निशान मिटाने के लिए उसने डिटर्जेंट और फिनाइल का उपयोग करके बाथरूम को साफ किया।

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि कोई व्यक्ति इस तरह का व्यवहार कैसे कर सकता है, यह बर्बरता की पराकाष्ठा है। किसी व्यक्ति को मारने का दुर्लभ से भी दुर्लभतम तरीका।” गुरुमूर्ति आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले का मूल निवासी है और यहां एक रक्षा प्रतिष्ठान में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। वह अपने ससुराल वालों के साथ तब भी मौजूद था जब उन्होंने 18 जनवरी को मीरपेट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तब ‘महिला की गुमशुदगी’ की प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में, पुलिस पूछताछ के दौरान गुरुमूर्ति ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए, जिसके बाद जांच में तेजी लाई गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने शरीर के कुछ हिस्सों के अवशेष पास की एक झील में भी फेंके थे।

आरोपी अपने बच्चों को भी घर ले आया था और जब उन्होंने अपनी मां के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह कहीं गई है। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की और कोई पश्चाताप व्यक्त नहीं किया। शीर्ष अधिकारी ने कहा कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं जिन्हें अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच जल्द पूरी होगी और आरोपपत्र जल्द दायर किया जाएगा। जांच के दौरान, घर की सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करने वाली पुलिस ने पाया कि गुरुमूर्ति और माधवी 15 जनवरी की रात घर के अंदर गए थे। इसने कहा कि फुटेज के अनुसार माधवी के बाहर जाने का कोई सबूत नहीं दिखा।

जनता के पैसे का इस्तेमाल आम आदमी या बड़े कॉरपोरेट के लिए: केजरीवाल का भाजपा पर हमला

0

आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कड़ी आलोचना करते हुए आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को आम आदमी के कल्याण के लिए सार्वजनिक धन का उपयोग करने या बड़े कॉरपोरेट घरानों को बचाने के बीच एक विकल्प के रूप में पेश किया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंडा निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर 400 प्रमुख निगमों के 10 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ करके करदाताओं के पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया, साथ ही वादा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) जन-कल्याण योजनाओं में निवेश करना जारी रखेगी।

उन्होंने कहा, “यह चुनाव यह तय करने के लिए है कि हमारा सार्वजनिक धन कहां जाए – क्या इसका इस्तेमाल आम लोगों के लिए किया जाना चाहिए या उन बड़े कॉरपोरेट घरानों को दिया जाना चाहिए, जिन्हें ऋण माफी से लाभ मिला है।” दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याणकारी योजनाओं को “रेवड़ी” बताने के लिए भाजपा की आलोचना की तथा जनता से यह समझने का आग्रह किया कि प्रत्येक नागरिक करों के माध्यम से सरकार के राजस्व में योगदान देता है, यहां तक ​​कि माचिस जैसी बुनियादी वस्तुओं पर भी। उन्होंने कहा, “लोग दैनिक आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी (माल एवं सेवा कर) का भुगतान करते हैं। यह पैसा जनता का है और इसका इस्तेमाल उनके लाभ के लिए किया जाना चाहिए, न कि उद्योगपतियों की मदद के लिए।”

केजरीवाल ने दिल्ली में आप सरकार की उपलब्धियों, विशेषकर 24 घंटे बिजली, मुफ्त पानी, स्वास्थ्य सेवा और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के प्रावधानों पर जोर दिया और दावा किया कि इन पहलों से हर परिवार को सालाना 25,000 रुपये से अधिक की बचत करने में मदद मिली है। उन्होंने इसकी तुलना भाजपा द्वारा आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने के बजाय कथित तौर पर कॉरपोरेट घरानों की सहायता करने पर ध्यान देने से की। आप ने घोंडा से गौरव शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने अजय महावर को उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने 2020 के चुनाव में आप के दत्त शर्मा को हराया था।

कांग्रेस ने भीष्म शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। आगामी चुनाव के लिए आप की “15 गारंटी” को दोहराते हुए केजरीवाल ने कई कल्याणकारी पहलों का वादा किया, जिनमें महिलाओं के लिए 2,100 रुपये की मासिक राशि, संजीवनी योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सेवा, छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा और मेट्रो किराए में 50 प्रतिशत की छूट शामिल है। केजरीवाल ने मतदाताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी चुनावों में भाजपा विजयी हुई तो वह इन कल्याणकारी योजनाओं को खत्म कर देगी।

उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने द्वारा दिए जाने वाले करों से लाभ प्राप्त करने के अपने अधिकार की रक्षा करें। उन्होंने कहा, “असली लड़ाई आप की सार्वजनिक धन का उपयोग जन कल्याण के लिए करने की प्रतिबद्धता और भाजपा की अमीरों और शक्तिशाली लोगों की मदद करने की नीति के बीच है।” उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर निर्वाचन क्षेत्र में एक अन्य जनसभा में कुछ लोगों ने आप प्रमुख को काले झंडे दिखाए। केजरीवाल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भाजपा के कई लोग मुझे काले झंडे दिखा रहे थे। उनको भी मेरा सलाम। मैं इन भाजपा वाले भाइयों से कहना चाहता हूं कि दिल्ली में सरकार बनने के बाद हम आपके लिए भी मुफ्त बिजली की व्यवस्था करेंगे। हम उन्हें भी अच्छे स्कूल मुहैया कराएंगे। वे भी हमारे भाई हैं।”

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने दावा किया कि भगवान हनुमान के आशीर्वाद से केवल वह ही 24 घंटे मुफ्त बिजली उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने भाजपा समर्थकों के बच्चों सहित सभी बच्चों के भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “मुझे भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त है कि पूरी दुनिया में केवल मैं ही 24 घंटे मुफ्त बिजली उपलब्ध करा सकता हूं।” आप ने करावल नगर से भाजपा के नेता कपिल मिश्रा के खिलाफ मनोज त्यागी को मैदान में उतारा है। कपिल मिश्रा ने 2015 में आप के टिकट पर यह सीट जीती थी।

मिश्रा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा, “2015 में आपने यहां से हमारा विधायक चुना, लेकिन मुझे दुख हुआ जब उन्होंने हमें धोखा देकर पाला बदल लिया। मैं करावल नगर का सर्वांगीण विकास चाहता था, लेकिन पता नहीं उनके दिमाग में क्या आया कि वह हमें छोड़कर दूसरी पार्टी में चले गए।” उन्होंने मिश्रा की आलोचना करते हुए कहा, “वह राजनीति के अलावा कोई काम नहीं करते। वह केवल गाली-गलौज की राजनीति करते हैं, विकास कार्यों पर ध्यान नहीं देते।” कांग्रेस ने करावल नगर से पी के मिश्रा को मैदान में उतारा है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव पांच फरवरी को होंगे और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किये जायेंगे।

महाकुंभ : मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ लोग कर सकते हैं संगम में स्नान, श्रद्धालुओं पर होगी पुष्प वर्षा

महाकुंभ 2025 में पिछले 17 दिनों में 15 करोड़ से अधिक लोग गंगा और संगम में स्नान कर चुके हैं तथा बुधवार को मौनी अमावस्या पर और 10 करोड़ लोगों के गंगा स्नान करने की संभावना है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को कहा कि प्रशासन ने मौनी अमावस्या के लिए पूरी तैयारी कर ली है।

मौनी अमावस्या पर भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर सुरक्षा के उपाय किए गए हैं और एआई से युक्त सीसीटीवी कैमरे तथा ड्रोन से लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मेला क्षेत्र को अगले कुछ दिनों के लिए पहले ही नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है, प्रयागराज जिला प्रशासन ने भी स्थानीय लोगों से चार पहिया वाहनों के उपयोग से बचने तथा वरिष्ठ नागरिकों को संगम पर ले जाने के लिए केवल दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

प्रदेश सरकार के मुताबिक, मकर संक्रांति (14 जनवरी) को 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों ने अमृत स्नान में हिस्सा लिया। वहीं आगामी मौनी अमावस्या के लिए आठ से 10 करोड़ लोगों के 28 से 30 जनवरी तक स्नान करने की संभावना है। अकेले मंगलवार को 4.80 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। यह संख्या मकर संक्रांति को अमृत स्नान में डुबकी लगाने वाले 3.5 करोड़ लोगों से भी अधिक है। राज्य सरकार ने कहा कि उसने मौनी अमावस्या के अवसर पर बुधवार को सुबह पौने सात बजे श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करने की योजना बनाई है।

अमृत स्नान (पूर्व में शाही स्नान), महाकुंभ मेले का सबसे पवित्र और सबसे बड़ा स्नान पर्व होता है जिसमें दुनियाभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के लिए आते हैं। अमृत स्नान का मुख्य आकर्षण विभिन्न अखाड़ों के साधुओं का स्नान होता है। अमृत स्नान की तिथियां सूर्य, चंद्र और बृहस्पति के ज्योतिषीय मेल पर आधारित होती हैं और माना जाता है कि इनके योग से पवित्र नदियों की अध्यात्मिक शक्ति बढ़ जाती है। यह भी माना जाता है कि मौनी अमावस्या के दिन पवित्र नदियों का जल अमृत में परिवर्तित हो जाता है। मौनी अमावस्या का स्नान पारंपरिक रूप से मौन रहकर किया जाता है।

जगद्गुरु साई मां लक्ष्मी देवी ने मीडिया को बताया, ‘‘मौनी अमावस्या न केवल संतों के लिए बल्कि सभी हिंदुओं के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि लोग इस तिथि पर मौन रहते हुए अध्यात्मिक वृद्धि की कामना करते हैं। मौनी अमावस्या पर गंगा नदी में स्नान करने से शारीरिक और मानसिक लाभ होता है।” इस बीच, प्रयागराज जिला प्रशासन ने पूरे कुंभ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बलों की तैनाती की है।

जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मांदड़ ने कहा, दुनियाभर से आ रहे श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रयागराज के लोगों से दोपहिया वाहनों का उपयोग करने या हो सके तो पैदल चलने का अनुरोध है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज में कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल 28, 29 और 30 जनवरी को बंद रहेंगे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी मौनी अमावस्या के अवसर पर अवकाश घोषित कर दिया है। हर 12 साल में होने वाला महाकुंभ मेला 13 जनवरी को प्रारंभ हुआ और यह 26 फरवरी तक चलेगा। इस मेले में 40 से 50 करोड़ लोगों के आने की संभावना है।

‘डर और बहादुरी पर उपदेश मत दीजिए, देश जानता है कि कायर कौन है’: केजरीवाल का राहुल गांधी पर पलटवार

0

आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए नेशनल हेराल्ड मामले और रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े कथित भूमि हड़पने के मामले को लेकर उन पर निशाना साधा और इस तरह एक प्रकार से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में गहराते आपसी मतभेद और उजागर हुए। केजरीवाल मंगलवार को दिल्ली में एक चुनावी रैली में राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे।

दरअसल चुनावी रैली में राहुल ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार किया था और आरोप लगाया कि साफ-सुथरी राजनीति की बात करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सबसे बड़ा शराब घोटाला कर दिया और वह ‘शीशमहल’ में रहने लगे। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘डरते’ हैं।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डर और बहादुरी पर उपदेश मत दीजिए। देश जानता है कि कौन कायर है और कौन बहादुर है।” ‘आप’ प्रमुख ने गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा शासन के तहत उनके परिवार को जांच से कथित छूट के बारे में सवाल उठाए।

केजरीवाल ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी तो शराब घोटाले जैसा फर्जी मामले बनाकर भी लोगों को जेल में डाल देते हैं। आप और आपका परिवार नेशनल हेराल्ड जैसे मामले में अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए? रॉबर्ट वाड्रा को भाजपा से क्लीन चिट कैसे मिल गई? डर और बहादुरी पर ज्ञान ना ही दें तो अच्छा है। देश जानता है कौन कायर है और कौन बहादुर।”

केजरीवाल ने राहुल गांधी का एक छोटा क्लिप भी साझा किया जिसमें गांधी कह रहे हैं, ‘‘मुझे अन्य पार्टी के नेताओं के बारे में नहीं पता कि वे प्रधानमंत्री मोदी से डरते हैं या नहीं, लेकिन अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री के सामने कांपते हैं।”

बीमा के एक करोड़ रुपए के लिए बड़े भाई ने की छोटी बहन की हत्या, जानें पूरा मामला

0

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में एक रियल एस्टेट व्यवसायी को एक करोड़ रुपये की बीमे की राशि के लालच में अपनी तलाकशुदा एवं निःसंतान छोटी बहन की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि दो फरवरी 2024 को पूडिली में एक पेट्रोल स्टेशन के पास हुए इस अपराध के लिए मालपति अशोक कुमार (30) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि कुमार कर्ज में डूबा हुआ था, उसने कथित तौर पर अपनी बहन का विभिन्न बीमा कंपनियों से एक करोड़ रुपये का बीमा कराने, उसकी हत्या करने और बीमा राशि का दावा करने के लिए मौत को दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई थी।

उन्होंने बताया कि घटना के दिन कुमार अपनी बहन को अस्पताल ले जाने के बहाने अपनी कार से ओंगोल ले गया फिर उसे नींद की गोलियां दीं और वापस आते समय गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि कुमार को 120 (बी), 302 और 201 तथा आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

अमेरिका का WHO से अलग होना क्या भारत के लिए बुरी खबर है?, जानें क्या बोले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा

0

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से बाहर निकलने की घोषणा से भारत में इस वैश्विक संस्था के साथ साझेदारी में संचालित हो रहीं परियोजनाओं पर असर नहीं पड़ेगा।

नड्डा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत पिछले 10 साल में हुई प्रगति पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमारी परियोजनाएं और कार्यक्रम जारी रहेंगे। जहां तक स्वास्थ्य की बात है तो हम किसी पर आश्रित नहीं हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘कई ऐसे कार्यक्रम हैं जिनमें डब्ल्यूएचओ हमारा साझेदार है और कोई अवरोध पैदा नहीं होगा। भारत डब्ल्यूएचओ में योगदान करने वाला प्रमुख देश है।”

ISRO श्रीहरिकोटा से आज अपना 100वां मिशन GSLV-F15 करेगा लांच; NVS-02 से रीजनल नेविगेशन क्षमता बढ़ेगी

0

इसरो के 100वें मिशन जीएसएलवी-एफ 15 रॉकेट के साथ सैटेलाइट एनवीएस-02 को लॉन्च करने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। स्वदेशी क्रायोजेनिक स्टेज वाले रॉकेट को 29 जनवरी को सुबह 6.23 बजे सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से प्रक्षेपित किया जाएगा। 27 घंटे का काउंटडाउन पूरा करने के बाद रॉकेट सैटेलाइट को लेकर रवाना होगा। इसके साथ ही यह इसरो के नए अध्यक्ष वी नारायणन का पहला मिशन होगा।

इसरो ने बताया कि जीएसएलवी-एफ15, एनवीएस-02 सैटेलाइट को भू-स्थिर स्थानांतरण कक्षा में स्थापित करेगा। इसकी 27.30 घंटे की उल्टी गिनती मंगलवार सुबह 02.53 बजे शुरू हुई। इसरो के अनुसार, NavIC (नेविगेशन विद इंडियन कंस्टीलेशन) भारत का स्वतंत्र क्षेत्रीय नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम है। इसका उद्देश्य भारत और भारतीय जमीन से 1,500 किमी तक फैले क्षेत्र में उपयोगकर्ताओं को सटीक पोजीशन, वेलोसिटी और टाइमिंग सेवाएं प्रदान करना है।

इसरो ने बताया कि यूआर सैटेलाइट सेंटर द्वारा डिजाइन और विकसित एनवीएस-02 उपग्रह का वजन लगभग 2250 किलोग्राम है। इसमें एल1, एल5 और एस बैंड में नेविगेशन पेलोड के साथ-साथ सी-बैंड में रेंजिंग पेलोड भी लगाया गया है, जैसा कि इसकी पहली पीढ़ी की सैटेलाइट एनवीएस-01 में था।

कम्यूनिकेशन और वेदर प्रिडिक्शन के लिए खास सैटेलाइट
GSLV-F15 रॉकेट के जरिए जाने वाले सैटेलाइट NVS-02 जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) तक पहुंचाएगा, जिसका सबसे पास वाला पॉइंट (Perigee) लगभग 200 किलोमीटर और सबसे दूर वाला पॉइंट (Apogee) लगभग 36,000 दूर है। यह एक हाईली एलिप्टिकल ऑर्बिट है, जो सैटेलाइट को जियोस्टेशनरी ऑर्बिट में जाने के लिए सक्षम बनाती है। यह सैटेलाइट खास तौर पर कम्यूनिकेशन और वेदर प्रिडिक्शन के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इन्हें विशेष क्षेत्रों पर नज़र रखने की जरूरत होती है। आसान शब्दों में कहें तो इस ऑर्बिट में सैटेलाइट अपने ही स्थान पर स्थिर रहते हैं, जिससे वो किसी भी स्थान पर लगातार नज़र रख सकते हैं।

- Advertisement -