Friday, March 20, 2026
Home Blog Page 16

Bollywood : काफी सीरियस है अनुराग डोभाल की हालत, मैनेजर ने पोस्ट कर दिया हेल्थ अपडेट, बोले- ‘उनके लिए दुआ करें’

अनुराग डोभाल की हालत अचानक बिगड़ गई है. उनके मैनेजर ने हेल्थ अपडेट देते हुए बताया कि एक्सीडेंट के कारण उनके फेफड़ों को चोट लगी है और उन्हें गंभीर बीमारी हो गई है. यूट्यूबर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल के हेल्थ को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है. बीते दिन उनके मैनेजर रोहित पांडे ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया था कि उनकी हालत अब ठीक हो रही है और उन्हें आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है. जिसके बाद फैंस ने थोड़ी राहत की सांस ली और उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करने लगे. इसी बीच आज रोहित ने एक और स्टोरी शेयर कर बताया कि उनकी हालत अचानक बिगड़ गई है.

अनुराग के मैनेजर ने एक नई स्टोरी पोस्ट करते हुए बताया कि ‘अनुराग भाई की हालत पहले स्थिर थी, लेकिन अब गंभीर हो गई है. एक्सीडेंट के कारण उनके फेफड़े को बहुत नुकसान हुआ है, जिससे उन्हें गंभीर बीमारी यानी निमोनिया हो गया है. वह फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं. हम आप सभी से अनुरोध करते हैं कि उनके लिए प्रार्थना करें.’ इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस के बीच चिंता बढ़ गई और सभी उनके लिए दुआ करने लगे हैं. इसके अलावा बीते दिन उनकी पत्नी ऋतिका ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर खुद के बारे में बताते हुए लिखा था कि उन्हें पैसे और शोहरत से कोई मतलब नहीं है, उनके लिए धर्म और कर्म ही सबसे जरूरी है.

बता दें, बीते कुछ समय से वो अपने परिवार से परेशान थे, जिसे लेकर उन्होंने एक आखिरी वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था. उन्होंने अपने परिवार पर आरोप लगाए थे कि इंटरफेथ शादी के बाद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. इसके बाद 7 मार्च को उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के समय अपनी SUV चलाते हुए अचानक फैंस के सामने आत्महत्या करने की कोशिश की थी. इस एक्सीडेंट में उन्हें गंभीर चोटें आई और उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके अलावा, हाल ही में खबर आई कि अनुराग के पिता ने एक बयान जारी कर उन्हें परिवार से अलग कर दिया है.

World : ईरान-इजरायल जंग के बीच किम जोंग ने भी कर दिया धमाका! उत्तर कोरिया ने दागी मिसाइल, पड़ोसी देशों में हड़कंप

0

यह प्रोजेक्टाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 9 मार्च से 19 मार्च तक वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है. उत्तर कोरिया ने शनिवार को एक संदिग्ध बैलिस्टिक प्रोजेक्टाइल दागकर एक बार फिर क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. यह प्रक्षेपण ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही देश के नेता किम जोंग उन ने अपने नए युद्धपोत से क्रूज प्रोजेक्टाइल परीक्षण की निगरानी की थी. इस कदम को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है.

जापान के कोस्ट गार्ड के अनुसार दागा गया संदिग्ध बैलिस्टिक प्रोजेक्टाइल समुद्र में गिर गया. जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके ने रक्षा मंत्रालय के एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि प्रोजेक्टाइल देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर समुद्री क्षेत्र में गिरी. यह प्रोजेक्टाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 9 मार्च से 19 मार्च तक वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है. उत्तर कोरिया लंबे समय से इन अभ्यासों का विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी करार देता है.

हाल ही में प्योंगयांग ने अमेरिका से उसे परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में मान्यता देने की मांग की थी. यह मांग पांच साल में पहली बार आयोजित सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की कांग्रेस के दौरान उठाई गई थी, जिसमें देश की सुरक्षा और परमाणु नीति पर भी चर्चा हुई. उत्तर कोरिया ने हाल ही में ईरान पर अमेरिका के हमले की भी कड़ी आलोचना की है. प्योंगयांग ने इस कार्रवाई को अमेरिका का ‘बेशर्म’ कदम बताते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी निंदा की.

Sports : विराट कोहली नहीं ये खिलाड़ी बना RCB का कप्तान, दिनेश कार्तिक ने चुनी ऑल-टाइम प्लेइंग 11

0

आरसीबी के बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने आईपीएल 2026 से पहले अपनी ‘ऑल-टाइम इलेवन’ चुनकर सबको चौंका दिया है. कार्तिक ने विराट नहीं, बल्कि रजत पाटीदार को टीम का कप्तान चुना है.

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले आरसीबी के बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने अपनी पसंदीदा ‘आरसीबी की ऑल-टाइम इलेवन’ चुना है. कार्तिक की इस टीम में साल 2025 की ऐतिहासिक खिताबी जीत का असर साफ नजर आया, जहां उन्होंने पुराने दिग्गजों की तुलना में मौजूदा चैंपियन खिलाड़ियों को अपनी टीम में जगह दी है. इस टीम का सबसे चौंकाने वाला फैसला कप्तानी को लेकर लिया है. कार्तिक ने अपनी टीम का कप्तान विराट कोहली को नहीं, बल्कि रजत पाटीदार को बनाया है. उन्होंने क्रिकबज पर कहा, ‘विराट कोहली ने कई सीजन तक टीम का नेतृत्व किया और सफल भी रहे, लेकिन रजत पाटीदार मेरे कप्तान होंगे. वे आरसीबी के सबसे सफल कप्तान हैं (खिताब जीतने के नाते) और बतौर बल्लेबाज उन्होंने बहुत कम समय में जो प्रभाव छोड़ा है, वो असाधारण है.’

दिनेश कार्तिक ने बल्लेबाजी में क्रिस गेल और फाफ डु प्लेसिस को बतौर ओपनर चुना है. इसका मतलब है कि आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली को ओपनिंग स्लॉट से हटाकर नंबर 3 पर रखा है. नंबर 4 पर कप्तान रजत पाटीदार और नंबर 5 पर आरसीबी के लेजेंड एबी डिविलियर्स को जगह दी गई है. कार्तिक ने नंबर-6 पर जितेश शर्मा को बतौर विकेटकीपर चुना है, जिन्होंने आरसीबी के लिए महज एक सीजन खेला है, जबकि नंबर-7 पर ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या को रखा है. क्रुणाल के बारे में कार्तिक ने कहा, ‘अगर आज आरसीबी के पास ट्रॉफी है, तो उसका बड़ा श्रेय फाइनल में क्रुणाल की गेंदबाजी और सीएसके के खिलाफ उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन को जाता है.’

दिनेश ने गेंदबाजी में हर्षल पटेल और युजवेंद्र चहल को उनके पुराने रिकॉर्ड्स के आधार पर चुना है. तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज को जगह दी गई है, तो नंबर-11 के रूप में जोश हेजलवुड ने टीम में जगह बनाई है, जिन्होंने आईपीएल 2025 की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. क्रिस गेल, फाफ डु प्लेसिस, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), एबी डिविलियर्स, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, जोश हेजलवुड.

Education : दुबई की यूनिवर्सिटी का बड़ा फैसला, स्प्रिंग ब्रेक के बाद कुछ छात्रों के लिए ऑनलाइन क्लास

0

दुबई की मिडिलसेक्स यूनिवर्सिटी ने स्प्रिंग ब्रेक के बाद पढ़ाई को लेकर नई व्यवस्था घोषित की है. 23 मार्च से कैंपस पर कक्षाएं शुरू होंगी, लेकिन जो छात्र वापस नहीं आ पाएंगे उनके लिए 5 अप्रैल तक ऑनलाइन क्लास की सुविधा दी जाएगी.

दुनिया के कई देशों में बदलती परिस्थितियों के बीच शिक्षा व्यवस्था भी लगातार नए तरीके अपना रही है. इसी कड़ी में दुबई की एक यूनिवर्सिटी ने स्प्रिंग ब्रेक के बाद पढ़ाई को लेकर बड़ा फैसला लिया है. यूनिवर्सिटी ने घोषणा की है कि छुट्टियों के बाद कक्षाएं दो तरीके से चलेंगी कैंपस पर भी और ऑनलाइन भी. दुबई की मिडिलसेक्स यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए यह जानकारी दी. यूनिवर्सिटी ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं के लिए कैंपस लौटना संभव नहीं होगा, वे कुछ समय तक ऑनलाइन क्लास के जरिए पढ़ाई जारी रख सकेंगे.

यूनिवर्सिटी के अनुसार स्प्रिंग ब्रेक खत्म होने के बाद 23 मार्च से कैंपस पर कक्षाएं फिर से शुरू करने की योजना है. यानी जिन छात्र-छात्राओं के लिए यूनिवर्सिटी आना संभव है, वे सीधे कैंपस में पढ़ाई कर सकेंगे. लेकिन जिन छात्रों को किसी कारण से उस समय तक दुबई लौटने में परेशानी हो रही है, उनके लिए ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी रखा गया है. यह सुविधा 23 मार्च से 5 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी.

दरअसल शुक्रवार सुबह यूनिवर्सिटी की ओर से एक पोस्ट जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि 23 मार्च से 5 अप्रैल तक सभी कक्षाएं पूरी तरह ऑनलाइन होंगी. इस घोषणा के बाद कई छात्रों और अभिभावकों के बीच सवाल उठने लगे कि क्या कैंपस पूरी तरह बंद रहेगा. बाद में यूनिवर्सिटी ने एक नया अपडेट जारी कर स्थिति साफ कर दी. नई जानकारी में बताया गया कि कैंपस पर कक्षाएं तय समय से शुरू होंगी, लेकिन जिन छात्रों के लिए आना संभव नहीं होगा, उन्हें ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा दी जाएगी. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से कहा है कि वे अपनी ऑनलाइन क्लास नियमित रूप से अटेंड करें और समय-समय पर अपने स्टूडेंट ईमेल और यूनिवर्सिटी की वेबसाइट देखते रहें. प्रशासन ने यह भी कहा कि आगे की स्थिति के अनुसार जरूरत पड़ने पर नई जानकारी जारी की जा सकती है.

यूनिवर्सिटी ने अपने बयान में कहा कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा और स्वास्थ्य उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. यही कारण है कि पढ़ाई को जारी रखने के साथ-साथ सावधानी बरतने के लिए यह मिश्रित व्यवस्था अपनाई गई है. इस फैसले का मकसद यह है कि पढ़ाई भी प्रभावित न हो और छात्रों को सुरक्षित माहौल भी मिले. सरकार की ओर से पहले ही बताया गया था कि छुट्टियां खत्म होने के बाद 23 मार्च से फिर से पढ़ाई और कार्यालय का काम शुरू हो जाएगा. हालांकि कई संस्थान हालात को देखते हुए अलग-अलग व्यवस्थाएं अपना रहे हैं. कुछ जगहों पर पूरी तरह कैंपस क्लास शुरू होंगी, जबकि कुछ संस्थान ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी दे रहे हैं.

दरअसल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पिछले कुछ समय से चल रहे संकट के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है. हालात को देखते हुए सरकार ने पहले ही स्कूलों और यूनिवर्सिटियों की छुट्टियों में बदलाव किया था. सरकार ने 4 मार्च को घोषणा की थी कि स्प्रिंग ब्रेक को पहले शुरू किया जाएगा. पहले यह छुट्टी 16 मार्च से 29 मार्च तक तय थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 9 मार्च से ही लागू कर दिया गया. यह फैसला पूरे देश के सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों पर लागू किया गया था.

Trending : बीमार पत्नी के मेडिकल बिल भरने के लिए डिलीवरी मैन बना 78 साल का बुजुर्ग, वायरल हो गई स्टोरी

0

यह बुजुर्ग व्यक्ति अमेरिका के टेनेसी राज्य के मैनचेस्टर शहर में फूड डिलीवरी का काम कर रहे थे. उम्र के इस पड़ाव पर जहां ज्यादातर लोग आराम की जिंदगी बिताना चाहते हैं. आज के समय में सोशल मीडिया पर कई कहानियां वायरल होती हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सीधे दिल को छू जाती हैं. हाल ही में अमेरिका से एक ऐसी ही भावुक कहानी सामने आई, जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया. यह कहानी है 78 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति की, जो अपनी पत्नी के इलाज और घर के खर्चों को पूरा करने के लिए बुढ़ापे में भी मेहनत करने को मजबूर थे.

यह बुजुर्ग व्यक्ति अमेरिका के टेनेसी राज्य के मैनचेस्टर शहर में फूड डिलीवरी का काम कर रहे थे. उम्र के इस पड़ाव पर जहां ज्यादातर लोग आराम की जिंदगी बिताना चाहते हैं, वहीं यह बुजुर्ग हर दिन लोगों के घर-घर जाकर खाना पहुंचा रहे थे. उनकी मेहनत और उनकी पत्नी के लिए किया जा रहा संघर्ष देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का दिल पिघल गया.

78 वर्षीय रिचर्ड पुली पहले से रिटायर हो चुके थे. उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा काम करके बिताया था और अब वह आराम करना चाहते थे, लेकिन हालात ने उन्हें फिर से काम करने पर मजबूर कर दिया. दरअसल, उनकी पत्नी ब्रेंडा की नौकरी चली गई थी. नौकरी के साथ ही उनकी हेल्थ इंश्योरेंस भी खत्म हो गया. इसके बाद घर का खर्च और दवाइयों का खर्च उठाना दोनों के लिए बहुत मुश्किल हो गया. रिचर्ड ने बताया कि वह काम करना नहीं चाहते थे, लेकिन मजबूरी में उन्हें फिर से काम शुरू करना पड़ा. उन्होंने कहा कि घर के सामान्य खर्चों और मेडिकल बिल भरने के बाद महीने के अंत में उनके पास लगभग कुछ भी नहीं बचता था. इस मुश्किल समय में दोनों पति-पत्नी ने मिलकर समाधान निकाला. वे फूड डिलीवरी ऐप के जरिए ऑर्डर डिलीवर करने लगे. ब्रेंडा कार चलाती थीं और रिचर्ड घरों तक जाकर खाना पहुंचाते थे. दोनों की शादी को 56 साल से ज्यादा हो चुके हैं. इस उम्र में भी दोनों एक-दूसरे का सहारा बने हुए थे. हालांकि बढ़ते मेडिकल खर्च और सीमित आमदनी ने उनकी जिंदगी को काफी कठिन बना दिया था.

इस कहानी का मोड़ तब आया जब एक महिला ब्रिटनी स्मिथ ने रिचर्ड को अपने घर पर खाना डिलीवर करते हुए देखा. उन्होंने अपने घर के बाहर लगे कैमरे में देखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति बहुत धीरे-धीरे और सावधानी से उनके दरवाजे तक आ रहे हैं और उनका स्टारबक्स का ऑर्डर रखकर वापस जा रहे हैं. उनकी उम्र और मेहनत देखकर ब्रिटनी भावुक हो गईं. उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर शेयर कर दिया और लोगों से इस बुजुर्ग के बारे में जानकारी देने की अपील की. कुछ ही घंटों में यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, हजारों लोगों ने इस वीडियो को देखा और उस बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी.

जल्द ही सोशल मीडिया यूजर्स ने पता लगा लिया कि वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग का नाम रिचर्ड पुली है, इसके बाद लोगों को उनके जीवन की असली कहानी भी पता चली. जब लोगों को पता चला कि वह अपनी पत्नी के मेडिकल खर्च और घर के बिल भरने के लिए इस उम्र में काम कर रहे हैं, तो इंटरनेट पर सहानुभूति की लहर दौड़ गई. ब्रिटनी स्मिथ ने तय किया कि वह रिचर्ड और उनकी पत्नी की मदद करेंगी. उन्होंने उनके लिए एक ऑनलाइन फंड रेजिंग अभियान शुरू किया ताकि यह बुजुर्ग दंपति बिना आर्थिक चिंता के आराम से अपनी रिटायरमेंट की जिंदगी जी सकें. लोगों ने इस अभियान का जबरदस्त समर्थन किया. कुछ ही दिनों में हजारों लोगों ने इसमें दान देना शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह रकम लाखों डॉलर तक पहुंच गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक लोगों ने मिलकर लगभग 5 लाख डॉलर (करीब 4 करोड़ रुपये) से ज्यादा की मदद जुटा दी.

बाद में ब्रिटनी स्मिथ रिचर्ड और उनकी पत्नी से एक स्थानीय रेस्टोरेंट में मिलीं और उन्हें यह फंड रेजिंग पेज दिखाया. जब दंपति को पता चला कि अजनबी लोग उनकी मदद के लिए इतनी बड़ी रकम दान कर रहे हैं, तो वे बेहद भावुक हो गए. रिचर्ड ने कहा कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि इतने लोग उनकी मदद करना चाहते हैं, जबकि वे उन्हें जानते तक नहीं हैं. उन्होंने कहा कि यह इंसानियत और दयालुता की सबसे बड़ी मिसाल है.

Life style : चाय-कॉफी से नहीं मिटेगी शरीर की प्यास, डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अपनाएं ये आदतें

0

जल है तो कल है यह कहावत हमने काफी सुना है. चलिए आपको बताते हैं कि क्या चाय- कॉफी शरीर में इसकी जरूरत को पूरा कर सकते हैं या नहीं और कौन सी चीज इसका विकल्प है. पानी शरीर के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक है, लेकिन अक्सर लोग इसकी अहमियत को नजरअंदाज कर देते हैं. सही मात्रा में पानी पीना पाचन को बेहतर बनाने, शरीर में पोषक तत्वों को पहुंचाने, शरीर का तापमान संतुलित रखने और शरीर से गंदे पदार्थों को बाहर निकालने के लिए बेहद जरूरी होता है. पानी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में भी मदद करता है. इसके अलावा यह जोड़ों को चिकनाई देता है, जिससे शरीर की गतिविधियां आसानी से हो पाती हैं.

TOI की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमन पुरी बताते हैं कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीना अच्छी सेहत के लिए बहुत जरूरी है. आमतौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में करीब 2 से 3 लीटर यानी लगभग 8 गिलास पानी पीने की सलाह दी जाती है. हालांकि हर व्यक्ति के लिए पानी की जरूरत अलग हो सकती है. यह उम्र, जेंडर, शारीरिक गतिविधि, मौसम और स्वास्थ्य की स्थिति जैसे कई कारकों पर निर्भर करती है.

कई लोग यह मान लेते हैं कि चाय, कॉफी या जूस पीने से भी शरीर में पानी की कमी पूरी हो जाती है. हालांकि ऐसा पूरी तरह सही नहीं है. चाय और कॉफी में कैफीन की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर में डिहाइड्रेशन को बढ़ा सकती है. वहीं पैकेट वाले जूस या मीठे पेय पदार्थों में ज्यादा शुगर और कैलोरी होती है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है. इसी तरह कार्बोनेटेड ड्रिंक्स में भी कैफीन और शुगर की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को सही तरीके से हाइड्रेट करने के बजाय उल्टा असर डाल सकती है.

अगर किसी को सादा पानी पीना पसंद नहीं है, तो उसे थोड़ा स्वाद देकर भी पिया जा सकता है. इन्फ्यूज्ड वाटर यानी स्वाद वाले पानी का विकल्प काफी अच्छा माना जाता है. इसमें नींबू, पुदीना, अदरक, दालचीनी, सौंफ या हल्दी जैसी चीजें डालकर पानी को ज्यादा ताजगी भरा बनाया जा सकता है. इससे न सिर्फ पानी का स्वाद बेहतर होता है, बल्कि शरीर को एंटीऑक्सीडेंट्स का फायदा भी मिलता है.

इसके अलावा फलों और सब्जियों से बने हल्के फ्लेवर वाले पेय भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकते हैं. संतरा, बेरी, सेब, खीरा, चुकंदर और गाजर जैसी चीजों को पानी में डालकर पीना एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं और मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ावा मिलता है. कुछ फल और सब्जियां ऐसी भी होती हैं जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है. तरबूज, खरबूजा, संतरा, स्ट्रॉबेरी, टमाटर, लेट्यूस और सेलरी जैसे फूड्स शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. इसलिए इन्हें भी डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है.

Bollywood : अनिल कपूर ने क्यों ठुकराया ‘धुरंधर 2’ का ऑफर? ‘सूबेदार’ एक्टर ने खुद बताई चौंकाने वाली वजह, बोले- ‘ये मेरा नुकसान है.’

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर एक्साइटमेंट पीक पर है. वहीं खबरें हैं कि इस फिल्म के लिए अनिल कपूर को भी एक रोल ऑफर किया गया था लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया था. ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ इस समय भारत की सबसे चर्चित फ़िल्मों में से एक बन चुकी है. आदित्य धर निर्देशित और रणवीर सिंह स्टारर इस सीक्वस फ़िल्म में इसकी ओरिजिनल स्टार कास्ट अपने पुराने किरदारों में नज़र आएगी, साथ ही कुछ नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे. वहीं रूमर्स है कि अनिल कपूर भी धुरंधर 2 में नजर आएंगे. ‘सूबेदार’ एक्टर ने खुद इन अफवाहों का सच बताया है.

बता दें कि इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में एक बातचीत के दौरान, अनिल कपूर ने आदित्य धर के ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ में गेस्ट अपीयरेंस के ऑफर पर बात की. उन्होंने कहा, “वह (आदित्य धर) ‘धुरंधर 2’ के लिए मेरे पास आए थे. वह चाहते थे कि मैं फिल्म में एक छोटा सा कैमियो करूं.” एक्टर ने आगे बताया कि उन्हें यह ऑफर ठुकराना पड़ा क्योंकि उन्हीं तारीखों पर उनकी किसी दूसरी फिल्म के लिए पहले से ही कमिटमेंट्स थे.

अनिल कपूर ने कहा, “मैं आज जो कुछ भी हूं, अपनी प्रोफेशनलिज़्म और अपनी कमिटमेंट की वजह से हूं. यह बहुत ज़रूरी है. सिर्फ टैलेंट आपको वह नहीं बना सकता जो आप हैं. इसलिए, वे दिन किसी दूसरे फिल्ममेकर के लिए बुक थे. मैंने कहा, ‘आदित्य, मुझे यह कैमियो करना बहुत पसंद आता, लेकिन इन दिनों मैं पहले से ही कमिटेड हूं.” अनिल ने इसे अपना ‘नुकसान’ बताया और डिटेल में ये भी बताया कि यह सही फैसला क्यों था. उन्होंने कहा, “वह अब फिल्म रिलीज़ कर रहे हैं. यह एक शानदार फिल्म है, और यह मेरा नुकसान है, लेकिन कोई बात नहीं. कम से कम मेरे मन में यह बात तो है कि ऐसा उनके साथ भी हो सकता है. हो सकता है कोई दूसरा फिल्ममेकर हो जिसने उस समय कोई बड़ी ब्लॉकबस्टर दी हो, और मैंने आदित्य को कमिटमेंट दे दी हो, और मैं जाकर वह फिल्म कर लूं, और उनकी तारीखें कैंसिल कर दूं. यह पूरी तरह से अनप्रोफेशनल होगा, इसलिए उन्होंने मुझे ऑफर दिया था, और उम्मीद है कि हम साथ काम करेंगे.”

इस बीच, धुरंधर 2: द रिवेंज को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है. यह सीक्वल पहली किस्त की जबरदस्त सफलता के बाद आ रहा है. बता दें कि पहले पार्ट ने कथित तौर पर दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 1350 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. धुरंधर 2 में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे सितारे अपने किरदारों को दोहराते हुए नजर आएंगे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ़िल्म का रनटाइम लगभग 3 घंटे 55 मिनट होगा. इसी के साथ ये हाल के सालों में रिलीज़ हुई सबसे लंबी मेनस्ट्रीम हिंदी फ़िल्मों में से एक बन गई है. सिनेमाघरों में पहले से ही ज़बरदस्त एडवांस बुकिंग की खबरें आ रही हैं, ऐसे में फ़िल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि यह सीक्वल अपनी पिछली फ़िल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता की बराबरी करेगा या उसे भी पीछे छोड़ देगा. बता दें कि धुरंधर 2 इस 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.

Technology : गैस सिलेंडर या इंडक्शन? खाना बनाने में किससे आता है कम खर्च, जानकर चौंक जाएंगे!

0

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखने लगा है. तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने से कई देशों में ईंधन की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है.

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखने लगा है. तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने से कई देशों में ईंधन की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है. भारत में भी इसी कारण एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और कीमत को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है. सरकार का कहना है कि घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है लेकिन कई जगहों पर सप्लाई अनियमित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसी वजह से अब कई लोग यह सोचने लगे हैं कि क्या खाना बनाने के लिए इंडक्शन कुकटॉप ज्यादा किफायती विकल्प हो सकता है.

देश के कई शहरों जैसे नोएडा, लखनऊ, दिल्ली और पुणे में एलपीजी एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों की खबरें सामने आई हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर बुक कराने और समय पर डिलीवरी पाने में मुश्किल हो रही है. इस समस्या का असर केवल घरों तक सीमित नहीं है. कई रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसाय भी गैस सप्लाई में देरी के कारण प्रभावित हो रहे हैं. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ होटल और रेस्टोरेंट को गैस की कमी के चलते अपने मेन्यू से कुछ व्यंजन हटाने तक की नौबत आ गई है.

सामान्य घरेलू एलपीजी सिलेंडर में करीब 14.2 किलोग्राम गैस होती है और इसकी कीमत लगभग 950 रुपये के आसपास होती है. लेकिन गैस चूल्हे की दक्षता लगभग 55 प्रतिशत मानी जाती है यानी खाना बनाते समय काफी ऊर्जा गर्मी के रूप में व्यर्थ चली जाती है. दूसरी ओर इंडक्शन कुकटॉप बिजली की ऊर्जा का बड़ा हिस्सा सीधे खाना पकाने में इस्तेमाल करता है इसलिए इसे ज्यादा प्रभावी माना जाता है. कई अध्ययनों के अनुसार यदि बिजली का टैरिफ बहुत ज्यादा न हो तो इंडक्शन पर खाना बनाना सस्ता पड़ सकता है.

कुछ आकलनों में यह भी कहा गया है कि एक परिवार हर महीने लगभग 180 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की बचत कर सकता है. ऊर्जा अर्थशास्त्र से जुड़ी एक रिपोर्ट के मुताबिक बिना सब्सिडी वाले एलपीजी की तुलना में इलेक्ट्रिक स्टोव का इस्तेमाल कई मामलों में कम खर्चीला साबित हो सकता है. हालांकि इंडक्शन कुकटॉप से खर्च कम हो सकता है लेकिन देश के कई हिस्सों में लोग अब भी एलपीजी सिलेंडर को ज्यादा भरोसेमंद मानते हैं. इसकी एक बड़ी वजह बिजली कटौती है. जब बिजली नहीं होती तब गैस चूल्हा ही काम आता है. इसके अलावा भारतीय खाना पकाने के कई पारंपरिक तरीके जैसे रोटी सेंकना, तड़का लगाना या सीधे आंच पर पकाना गैस चूल्हे पर ज्यादा आसान होता है.

इंडक्शन कुकटॉप इस्तेमाल करने के लिए खास तरह के बर्तन की जरूरत होती है. भारतीय घरों में इस्तेमाल होने वाले कई पारंपरिक बर्तन इंडक्शन के लिए उपयुक्त नहीं होते. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में रहने वाले लोगों को इंडक्शन अपनाने के लिए नए बर्तन खरीदने पड़ सकते हैं जिससे शुरुआती खर्च बढ़ जाता है. यही वजह है कि लागत कम होने के बावजूद कई परिवार अभी भी एलपीजी सिलेंडर को ही प्राथमिकता देते हैं. इंडक्शन कुकटॉप कुछ परिस्थितियों में सस्ता विकल्प साबित हो सकता है लेकिन बिजली की उपलब्धता, शुरुआती खर्च और खाना बनाने की आदतें भी इस फैसले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

Sports : कौन हैं कुलदीप यादव की होने वाली दुल्हन वंशिका चड्ढा? जानें उनकी पढ़ाई से लेकर नौकरी तक सब कुछ

0

टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव 14 मार्च 2026 को मसूरी में वंशिका चड्ढा से शादी करने जा रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया से पढ़ाई कर चुकी वंशिका LIC में काम करती हैं और दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं. कुलदीप 14 मार्च 2026 को उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्मों के साथ जश्न की शुरुआत हो चुकी है.

वंशिका चड्ढा पेशे से एक प्रोफेशनल हैं और बताया जाता है कि वह जीवन बीमा निगम (LIC) में प्रशासनिक या मैनेजमेंट से जुड़ी जिम्मेदारी निभा रही हैं. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा ऑस्ट्रेलिया के शहर मेलबर्न से पूरी की है. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह भारत लौट आईं और अपने करियर पर ध्यान देना शुरू किया.

वंशिका का स्वभाव काफी निजी माना जाता है. वह सोशल मीडिया और पब्लिक इवेंट्स से दूर रहना पसंद करती हैं. यही वजह है कि क्रिकेट फैंस के बीच उनके बारे में ज्यादा जानकारी पहले सामने नहीं आई थी. रिपोर्ट्स के अनुसार वंशिका और कुलदीप यादव बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं. दोनों कानपुर के श्याम नगर इलाके में पड़ोसी रहे हैं. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी हुई और बाद में दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया. कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में एक पारंपरिक समारोह के दौरान हुई थी. उस कार्यक्रम में परिवार के करीबी लोग और दोस्त ही शामिल हुए थे.

दोनों की शादी मसूरी के प्रसिद्ध सवॉय होटल में आयोजित की जा रही है. यह होटल अपनी ऐतिहासिक विरासत और खूबसूरत लोकेशन के लिए जाना जाता है. शादी को निजी रखा गया है, लेकिन इसमें क्रिकेट और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं. बताया जा रहा है कि भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली समेत कई खिलाड़ी इस समारोह में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा बीसीसीआई के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी शादी में पहुंच सकते हैं.

मसूरी में शादी के बाद 17 मार्च 2026 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में कई राजनीतिक और खेल जगत की बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक योगी आदित्यनाथ को भी इस समारोह के लिए न्योता भेजा गया है.

Business : 31 मार्च से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना लग सकता है पेनल्टी; जानिए डिटेल

0

नया वित्त वर्ष 2026-27 शुरू होने से पहले टैक्सपेयर्स के लिए कुछ जरूरी वित्तीय काम पूरे करना अहम हो जाता है. क्योंकि मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 खत्म होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. नया वित्त वर्ष 2026-27 शुरू होने से पहले टैक्सपेयर्स के लिए कुछ जरूरी वित्तीय काम पूरे करना अहम हो जाता है. क्योंकि मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 खत्म होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है.

ऐसे में 31 मार्च 2026 से पहले कुछ जरूरी कदम उठाकर लोग टैक्स बचा सकते हैं और पेनल्टी से भी बच सकते हैं. आइए जानते हैं, किन कामों को समय रहते निपटा लेना चाहिए, ताकि आगे चलकर परेशानी न हो. अगर किसी कर्मचारी ने साल की शुरुआत में टैक्स बचाने के लिए अलग-अलग निवेश की जानकारी अपने नियोक्ता को दी थी, तो वित्त वर्ष खत्म होने से पहले उनके प्रूफ जमा करना जरूरी होता है.

आमतौर पर यह काम 31 मार्च से पहले पूरा कर लेना चाहिए. यदि कर्मचारी समय पर निवेश से जुड़े दस्तावेज नहीं देता है, तो कंपनी उसकी सैलरी से ज्यादा टीडीएस काट सकती है. जिससे आर्थिक नुकसान होने की संभावना बन सकती है. जिन टैक्सपेयर्स की कुल टैक्स देनदारी 10,000 रुपये से ज्यादा बनती है, उनके लिए एडवांस टैक्स का भुगतान करना अनिवार्य होता है. इसके लिए अंतिम तारीख 15 मार्च 2026 तय की गई है.

अगर कोई व्यक्ति इस तय समय तक एडवांस टैक्स जमा नहीं करता है, तो बाद में उसे अतिरिक्त ब्याज और पेनल्टी का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए वित्त वर्ष खत्म होने से पहले इस जिम्मेदारी को पूरा करना जरूरी माना जाता है. पुराने टैक्स सिस्टम का विकल्प चुनने वाले लोग कुछ खास बचत योजनाओं में पैसा लगाकर टैक्स में राहत पा सकते हैं. आयकर नियमों के तहत ऐसे निवेशों पर छूट मिलती है, जिनमें पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) और नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) जैसी स्कीमें शामिल हैं.

इन योजनाओं में निवेश करने से टैक्स देनदारी कम हो सकती है. वहीं खातों को सक्रिय बनाए रखने के लिए हर साल तय न्यूनतम रकम जमा करना भी जरूरी होता है. वित्त वर्ष खत्म होने से पहले इन सब की जानकारी जरूर ले लेनी चाहिए. हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी का प्रीमियम भरने पर टैक्सपेयर्स को सेक्शन 80D के तहत छूट का लाभ मिलता है. इस प्रावधान के तहत व्यक्ति अपने और परिवार के लिए भरे गए प्रीमियम पर अधिकतम 25,000 रुपये तक की छूट पा सकता है. वहीं अगर बीमित व्यक्ति की उम्र 60 साल से अधिक है तो यह सीमा 50,000 रुपये तक हो जाती है. इसके अलावा माता-पिता के हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर भी अतिरिक्त छूट मिलती है. जिससे टैक्स में राहत मिलती है.

- Advertisement -

News of the Day