Friday, March 20, 2026
Home Blog Page 20

BIHAR : दूल्हा इंजीनियर, दुल्हन पुलिस में और 30 बैलगाड़ियों की बारात… बिहार बेतिया की अनोखी शादी

0

बिहार के बेतिया जिले के कटैया गांव में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई. इंजीनियर देवशील कुमार और बिहार पुलिस में कार्यरत सोनिया कुमारी की शादी में करीब 30 बैलगाड़ियों की बारात निकली. दूल्हा लग्जरी कार की जगह पालकी में बैठकर दुल्हन के घर पहुंचा. थारू जनजाति की परंपराओं के अनुसार निकली यह बारात लोगों को पुराने दौर की याद दिला गई. 9 मार्च को हुई इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग इसकी सादगी व परंपरा की जमकर सराहना कर रहे हैं.

बिहार के बेतिया में एक ऐसी बारात निकली, जिसने लोगों को पुराने दौर की याद दिला दी. जहां आजकल शादियों में लग्जरी कार, डीजे और दिखावे का चलन बढ़ गया है, वहीं इस शादी में सादगी और परंपरा की ऐसी मिसाल देखने को मिली कि लोग तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. यह अनोखी बारात थरूहट क्षेत्र के हरनाटांड़ से करीब 2 किलोमीटर दूर कटैया गांव की है. यहां स्वर्गीय मनबहाली महतो के बेटे देवशील कुमार, जो पेशे से इंजीनियर हैं, और नंद किशोर महतो की बेटी सोनिया कुमारी, जो बिहार पुलिस में कार्यरत हैं, उन्होंने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया.

आधुनिक गाड़ियों और भव्य काफिलों से दूर इस बारात में करीब 30 बैलगाड़ियां मंगवाई गईं, जिन पर बाराती सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचे. सबसे खास बात यह रही कि दूल्हा देवशील कुमार ने भी स्कॉर्पियो या किसी लग्जरी कार की जगह पालकी में बैठकर बारात निकाली. बैलगाड़ियों पर लाउडस्पीकर के साथ निकली यह बारात देखकर लोग हैरान भी हुए और खुश भी. पूरे इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बन गई है.

दरअसल, पश्चिम चंपारण के थरूहट इलाके में रहने वाला थारू जनजाति समुदाय अपनी परंपराओं और प्रकृति से जुड़े जीवन के लिए जाना जाता है. जब दुनिया तेजी से आधुनिकता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में आगे बढ़ रही है, तब भी यह समुदाय अपनी पुरानी संस्कृति और रीति-रिवाजों को संजोए हुए है.

9 मार्च को हुई इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस बारात की जमकर सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि “ऐसी बारात अब शायद ही देखने को मिलती है, इसने 90 के दशक की यादें ताजा कर दीं.कई लोगों का कहना है कि इंजीनियर दूल्हा और बिहार पुलिस की दुल्हन ने मिलकर एक बार फिर साबित कर दिया कि शादी की असली खूबसूरती दिखावे में नहीं, बल्कि परंपरा और सादगी में होती है.

MP : ‘बेटी की शादी है, अनाज खरीद लो साहब…’, मंडी में हाथ जोड़कर रो पड़ा अन्नदाता, इंस्पेक्टर की तानाशाही से रुका काम, वीडियो वायरल होने के बाद IAS का बड़ा एक्शन

0

मध्य प्रदेश की कृषि उपज मंडी में धनिया, सरसों की फसल बेचने आए किसान के आंसू निकल पड़े. आंखों में आंसू लिए किसान हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा, लेकिन मंडी प्रबंधन की तानाशाही ने मामले को गर्मा दिया. किसान दुहाई देता रहा कि उसके घर में बेटी का ब्याह है और उसे पैसों की जरूरत है. यदि समय पर फसल नहीं बिकी और पैसे नहीं मिले तो शादी कैसे होगी.

अन्नदाता के आंसू पोंछने के लिए न ही प्रबंधन न ही कोई किसान नेता आगे आया. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद मप्र मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम (IAS) ने एक्शन लेते हुए दोषी कर्मचारी को निलंबित करने के आदेश दे दिए.

दरअसल, कृषि उपज मंडी में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक मंडी इंस्पेक्टर की कथित शराबखोरी और तानाशाही के कारण नीलामी प्रक्रिया ठप हो गई. घंटों तक मंडी बंद रहने से आक्रोशित किसानों ने नेशनल हाईवे (एबी रोड) पर चक्काजाम कर दिया.करीब आधे घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिसे बाद में कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर और किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया.

प्रत्यक्षदर्शी किसानों और व्यापारियों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात मंडी निरीक्षक राजकुमार शर्मा शराब के नशे में बुरी तरह धुत्त थे. नीलामी के दौरान एक किसान की सरसों की ऊंची बोली 5700 रुपये प्रति क्विंटल लगी थी, लेकिन नशे में धुत इंस्पेक्टर ने जानबूझकर या गलती से पर्ची पर मात्र 5400 रुपये दर्ज कर दिए. जब किसान ने इस 300 के अंतर का विरोध किया, तो इंस्पेक्टर अभद्रता पर उतर आया. ताज्जुब की बात यह रही कि खरीदार व्यापारी भी 5700 रुपये में फसल लेने को तैयार था, लेकिन इंस्पेक्टर पर्ची सुधारने और हस्ताक्षर करने पर अड़ गया.

इंस्पेक्टर द्वारा व्यापारियों के साथ भी बदतमीजी की गई, जिससे नाराज होकर व्यापारियों ने फसल खरीदी का बहिष्कार कर दिया और मंडी बंद करा दी. सुबह 7 बजे से अपनी उपज लेकर आए किसान घंटों तक बिना नीलामी के परेशान होते रहे. राम सिंह रघुवंशी और गिर्राज यादव ने बताया कि मंडी प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें 2-2 बार ट्रैक्टर का भाड़ा देना पड़ रहा है. कई किसानों के घर में शादियां हैं और वे अपनी उपज बेचकर पैसों का इंतजाम करने आए थे, लेकिन मंडी कर्मचारियों की मनमानी ने उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया.

उधर, किसानों की परेशानी को देखते हुए पूर्व मंत्री और कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है. जयवर्धन ने लिखा, ”कल बेटी की शादी है… और किसान मंडी में रोकर कह रहा है, ”साहब मेरा अनाज खरीद लो…”

Guna की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में श्रीपुरचक निवासी किसान को अपनी ही मेहनत की फसल बेचने के लिए अधिकारियों के सामने रोना और गिड़गिड़ाना पड़ा.वैसे ही भाजपा शासन में किसानों के साथ लगातार भेदभावपूर्ण अन्याय हो रहा है. न फसल का उचित दाम मिल रहा है और न ही समय पर खरीदी हो रही है. अन्नदाता को इस तरह अपमानित और मजबूर किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

मैं जिला कलेक्टर महोदय, गुना से मांग करता हूं कि इस मामले की तत्काल जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. यदि किसानों के साथ इस तरह का अन्याय जारी रहा, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हक के लिए सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेगी. किसानों के आंसुओं की कीमत सरकार को चुकानी पड़ेगी.” देखें VIDEO:-
इस मामले पर मंडी सचिव आरपी सिंह ने स्वीकार किया कि प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के कारण विवाद की स्थिति बनी है. उन्होंने कहा राजकुमार शर्मा पहले भी विवादित रहे हैं.

किसानों ने उनके शराब के नशे में होने की शिकायत की है, जिसकी डॉक्टरी जांच कराई जाएगी. मौके का पंचनामा तैयार कर लिया गया है और वरिष्ठ कार्यालय को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है. हमारी प्राथमिकता मंडी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है ताकि सीजन के समय किसानों को कोई असुविधा न हो.

मंडी सचिव ने व्यापारियों से चर्चा कर दोबारा खरीदी शुरू करवाई और आश्वासन दिया कि स्टाफ की कमी को लेकर भी शासन को अवगत कराया गया है. फिलहाल, विवादित इंस्पेक्टर को ड्यूटी से हटाकर जांच शुरू कर दी गई है.

SPORTS : स्मृति मंधाना की ‘द हंड्रेड’ में हुई धमाकेदार एंट्री, 50,000 पाउंड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने खरीदा

0

इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड के महिला खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिली. इसमें भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना और ऋचा घोष को 50,000 पाउंड का कॉन्ट्रैक्ट मिला.

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को जीतने वाली भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों की डिमांड पूरे वर्ल्ड में बढ़ती जा रही है. इसका नया उदाहरण इंग्लैंड की लीग ‘द हंड्रेड’ में देखने को मिला. भारतीय महिला टीम की ओपनर स्मृति मंधाना की अगुवाई में ‘द हंड्रेड’ के महिला खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिली. ऋचा घोष को 50,000 पाउंड (करीब 61 लाख रुपये) का कॉन्ट्रैक्ट मिला और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी बुधवार यानी 11 मार्च को यहां हुई नीलामी में कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया.

द हंड्रेड के महिला खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में कुल 178 खिलाड़ियों की बोली लगी, जबकि 28 प्लेयर्स को टूर्नामेंट से पहले ही फ्रेंचाइजी ने रिटेन कर लिया था या सीधे साइन किया था. इस लीग की शुरुआत 21 जुलाई से होगी और 16 अगस्त को खत्म होगा. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने ऋचा को 50,000 पाउंड में खरीदा, जो भारतीय रुपये में करीब 61 लाख होता है. इस भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को खरीदने के लिए नीलामी में सिर्फ इसी फ्रेंचाइजी ने बोली लगाई थी.

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने नीलामी के पहले ही स्मृति मंधाना के साथ ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज मेग लैनिंग को अपनी टीम में सीधे साइन किया था, जबकि इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया था. इस बीच दीप्ति शर्मा को सनराइजर्स लीड्स ने 27,500 पाउंड (करीब 34 लाख) में अपने टीम के साथ जोड़ा. इस अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर को लेने के लिए फ्रेंचाइजी ने बोली शुरू की और किसी और से मुकाबला नहीं करना पड़ा. हालांकि भारत की यास्तिका भाटिया और श्री चरणी को ड्राफ्ट में किसी ने नहीं खरीदा.

द हंड्रेड टूर्नामेंट के हर महिला फ्रेंचाइजी के पास 880,000 पाउंड का बजट था. बर्मिंघम फीनिक्स, लंदन स्पिरिट, सदर्न ब्रेव और ट्रेंट रॉकेट्स के पास ड्राफ्ट से पहले 520,000 पाउंड बचे थे, जबकि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सनराइजर्स लीड्स और वेल्श फायर के पास नीलामी होने से पहले 570,000 पाउंड का बजट था.

NATIONAL : शादी का झांसा देकर यौन शोषण, निकाह के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव… लखनऊ में पीड़िता ने पुलिस को सुनाई आपबीती

0

लखनऊ के तालकटोरा इलाके में 23 वर्षीय युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. युवती ने गर्भवती होने पर उसके साथ मारपीट करने का इल्जाम भी लगाया है. पढ़ें संगीन आरोपों वाले इस मामले की पूरी कहानी.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. जहां आलमनगर इलाके में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आरोपी युवक ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए.

युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली है. वह पिछले करीब तीन साल से अपनी मां के साथ लखनऊ के आलमनगर इलाके के अशोक विहार राज गार्डेन में रह रही है.

युवती के मुताबिक इसी दौरान उसकी पहचान कश्मीरी बाग पक्का बाग निवासी फरदीन खान से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया. युवती का आरोप है कि इसी भरोसे के चलते उसने आरोपी पर विश्वास किया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.
युवती का कहना है कि आरोपी फरदीन खान ने उससे कहा कि वह उससे निकाह करेगा और बाद में हिंदू धर्म अपनाकर हिंदू रीति-रिवाज से भी शादी करेगा.

पीड़िता के अनुसार 20 अक्टूबर 2024 को आरोपी ने निकाह किया. लेकिन युवती का आरोप है कि निकाह के दौरान उससे फर्जी तरीके से निकाहनामा पर हस्ताक्षर करवा लिए गए. उसे भरोसा दिलाया गया कि आगे चलकर दोनों परिवारों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से भी शादी की जाएगी. इसी भरोसे में युवती आरोपी के साथ संबंध में रही.

पीड़िता ने आरोप लगाया कि निकाह के बाद आरोपी उसे अपने घर ले जाने के बजाय पास में ही एक किराए के मकान में रखने लगा. वहीं रहकर वह लगातार उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने और कलमा पढ़ने का दबाव बनाता था. युवती का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने लगा. इसके अलावा उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाता था. युवती के मुताबिक आरोपी का व्यवहार धीरे-धीरे और अधिक हिंसक होता चला गया.

पीड़िता के मुताबिक वह करीब तीन महीने की गर्भवती हो गई थी. इसी दौरान उसने आरोपी से धर्म परिवर्तन के वादे को लेकर सवाल किया. आरोप है कि इस बात से नाराज होकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और पेट पर लात मार दी. युवती का कहना है कि इस हमले के कारण उसका गर्भपात हो गया. आरोप यह भी है कि घटना के बाद आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गया.

मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. इस पूरे मामले पर डीसीपी वेस्ट जोन विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सच्चाई का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

BUSINESS : छुट्टे पैसे को लेकर अब दुकानदार से नहीं होगी झिकझिक, जल्द ATM से निकलेंगे 10-20 और 50 रुपये के नोट

डिजिटलाइजेशन के इस नए दौर में बिल पेमेंट से लेकर रिचार्ज तक सबकुछ ऑनलाइन हो रहा है. कई बार अगर हम 100 या 500 रुपये का नोट लेकर बाजार जाते हैं, तो दुकानदारों का यही कहना रहता है कि ‘भाई साहब! छुट्टे नहीं है.’ ऑनलाइन पेमेंट के इस जमाने में छोटे नोटों की कमी अब खलने लगी है, जिनकी जरूरत ऑटो-रिक्शा का किराया चुकाने से लेकर छोटे-मोटे सामान की खरीदारी करते वक्त पड़ती है. । हालांकि, सरकार का कहना है कि मार्केट में छोटे नोटों की कोई कमी नहीं है. अब योजना ATM से भी छोटे नोट निकालने की है.

बीते मंगलवार को केंद्र सरकार की तरफ से संसद में बताया गया कि देश में छोटे नोटों की कोई कमी नहीं है. एक सवाल के जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के नोट पहले से ही काफी संख्या में चलन में हैं. हालांकि, ATM से कैश विदड्रॉल के दौरान हमें अकसर 500 रुपये के ही नोट मिलते हैं. कभी-कभार100 या 200 रुपये के भी नोट निकल जाते हैं. ऐसे में 500 के नोट का छुट्टा मिलना कई बार मुश्किल हो जाता है.

इस दुविधा पर बात करते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पुराने ATM छोटे नोट बांटने के लिए डिजाइन नहीं किए गए हैं. हालांकि, इस समस्या को हल करने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है. इस पहल के तहत, खास ‘छोटे मूल्य वाले डिस्पेंसर’ की टेस्टिंग की जा रही है. इन मशीनों से लोग सीधे 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के नोट निकाल सकेंगे. इस तरह, लोग ATM से कैश निकालते समय छुट्टे पैसे भी पा सकेंगे.

सरकार ने छोटे नोटों की सप्लाई का डेटा भी शेयर किया. मौजूदा फाइनेंशियल ईयर (26 फरवरी तक) में रिजर्व बैंक (RBI) ने 439.4 करोड़ रुपये के 10 रुपये के नोट, 193.7 करोड़ रुपये के 20 रुपये के नोट और 130.3 करोड़ रुपये के 50 रुपये के नोटों की सप्लाई की. इसी तरह से पिछले कारोबारी साल 2025 में 180 करोड़ रुपये के 10 रुपये के नोट, 150 करोड़ रुपये के 20 करोड़ के नोट और 300 करोड़ रुपये के 50 रुपये के नोट सप्लाई की गई.

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) नियमित तौर पर अलग-अलग डिनॉमिनेशन की डिमांड का रिव्यू करता है और बताता है कि कितने नोट छापे जाने चाहिए. सरकार के मुताबिक, कम वैल्यू वाले कैश की डिमांड बैंक नोट और सिक्कों को मिलाकर पूरी की जाती है. साथ ही, डिजिटल पेमेंट अब कम वैल्यू वाले पेमेंट सहित ट्रांजैक्शन का एक बड़ा हिस्सा है.

JAIPUR : चालान के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी से भिड़ी महिला, मौका पाकर ई-रिक्शा लेकर भागा पति

0

जयपुर के चांदपोल मेट्रो चौराहे पर चालान काटने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने संदिग्ध हालत में ई-रिक्शा चालक को रोका तो उसकी पत्नी पुलिस से भिड़ गई. इसी दौरान महिला का पति मौका पाकर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया. पूरी घटना का वीडियो राहगीर ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में चांदपोल मेट्रो चौराहे पर ट्रैफिक नियमों की जांच के दौरान एक अजीब स्थिति देखने को मिली. यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा चालान काटने की कार्रवाई के बीच एक महिला पुलिसकर्मी से भिड़ गई, जबकि इसी दौरान उसका पति मौका पाकर ई-रिक्शा लेकर वहां से फरार हो गया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार दोपहर चांदपोल मेट्रो चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक संदिग्ध हालत में वाहन चलाते हुए दिखाई दिया. पुलिसकर्मी ने उसे रोककर पूछताछ की, तो चालक के शराब के नशे में होने का शक हुआ. इसके बाद पुलिसकर्मी ने ई-रिक्शा का चालान काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी.

इसी बीच ई-रिक्शा में बैठी चालक की पत्नी नीचे उतर आई और चालान को लेकर पुलिसकर्मी से उलझ गई. महिला ने पुलिसकर्मी को घेरकर बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी. चौराहे पर मौजूद लोग भी यह नजारा देखने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए.

कुछ देर तक महिला पुलिसकर्मी को बहस में उलझाए रही. इसी दौरान ई-रिक्शा चालक ने मौका देखा और वाहन स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया.जब तक पुलिसकर्मी स्थिति को समझ पाता, तब तक चालक चौराहे से गायब हो चुका था. इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच हुई बहस और उसके बाद ई-रिक्शा चालक के मौके से फरार होने की घटना देखी जा सकती है.

 

NATIONAL : बच्चों पर उड़ेल दी खौलते तेल की बाल्टी… तेरहवीं के कार्यक्रम में पानी डालने से भड़का था युवक

0

उन्नाव जिले में तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. मामूली बात पर नाराज युवक ने बच्चों पर खौलता तेल डाल दिया, जिससे पांच बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों को इलाज के लिए लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर नाराज एक युवक ने बच्चों पर खौलता तेल डाल दिया, जिससे पांच बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चों को तत्काल लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां दो बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है.यह मामला औरास थाना क्षेत्र के हसनपुर द्रगपालखेड़ा गांव का है. जानकारी के अनुसार गांव के लगभग 100 वर्षीय हीरालाल का निधन हो गया था. मंगलवार को उनके घर पर तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान खाना बनाने की व्यवस्था भी चल रही थी और हलवाई पूड़ियां तल रहा था.

बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे कुछ बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे. खेल-खेल में बच्चों ने वहां मौजूद युवक विशाल पर पानी डाल दिया. इस बात से नाराज होकर युवक गुस्से में आ गया. गुस्से में उसने हलवाई की कढ़ाई से निकाला गया खौलता तेल, जो एक बाल्टी में रखा था, उठाकर बच्चों पर डाल दिया.अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई. बच्चों की हालत देखकर परिजन और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. झुलसे हुए बच्चों को तुरंत उपचार के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया.

घायलों में 14 साल के सुधीर, उसका 11 साल के भाई रौनक, 14 साल के सुमित, उसका 10 साल का भाई श्यामबाबू और गांव का 12 साल का मनोज शामिल हैं. इनमें से सुधीर और मनोज की हालत गंभीर बताई जा रही है. उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए दोनों को बाद में लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

ग्राम प्रधान बाल्मीकि के मुताबिक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. वहीं पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक विशाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

DELHI : LPG किल्लत के बीच कुछ दिन के लिए भूल जाएं भटूरों का स्वाद! CP की फेमस दुकान पर लिखा- ‘अब केवल…’

ईरान-इजरायल संघर्ष से भारत में गैस सिलेंडर की कमी हो गई है, जिससे दिल्ली के कनॉट प्लेस जैसे लोकप्रिय फूड हब भी प्रभावित हैं. यहां छोले-भटूरे जैसी पसंदीदा व्यंजन उपलब्ध नहीं हैं.

ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत पर भी पड़ा है. कमर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने की वजह से कई राज्यों में 20 फीसदी तक होटल बंद हो गए हैं. बाहर के खाने पर निर्भर करने वाले बैचलर और अन्य लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है. वहीं, फूड बिजनेस पर भी भारी असर पड़ा है. दिल्ली का लोकप्रिय कनॉट प्लेस भी इस मार से अछूता नहीं है.

दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) में फेमस फूड जॉइंट्स को भी इसका नुकसान झेलना पड़ रहा है. केवल बिजनेस ही नहीं, लोग भी अब अपने पसंदीदा स्वाद के लिए कुछ दिन तरसने को मजबूर हैं. दरअसल, सीपी के फेमस छोले-भटूरे की दुकान पर अब आपको भटूरे नहीं केवल चावल मिलेंगे.

छोले-भटूरे की दुकान पर पोस्टर लगाया गया है जिसपर लिखा है, “अब सिर्फ चावल मिलेंगे.” यहां की गलियों में दशकों से एक दुकान है जो छोले-भटूरे के लिए मशहूर है. लोग मीलों दूर से यहां केवल छोले के चटकारे लेने आया करते हैं, लेकिन अब उस दुकान के बाहर एक पोस्टर चिपका दिया गया है कि वहां पर चावल के अलावा कुछ नहीं मिल पाएगा.यह सिर्फ एक दुकान की बात नहीं है. ये उस आग की कहानी है जो हजारों किलोमीटर दूर ईरान और इजरायल के बीच लगी है और जिसकी तपिश अब भारत की रसोई तक पहुंच गई है.

वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के बीच एलपीजी आपूर्ति में अनियमितता के कारण दिल्ली के कई रेस्टोरेंट ईंधन की कमी का सामना कर रहे हैं. इस वजह से परोसे जाने वाले व्यंजनों में फेरबदल, लागत बढ़ने और कर्मचारियों के वेतन को लेकर चिंता जैसी समस्याएं पैदा होने लगी हैं. उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि कई रोस्टोरेंट फिलहाल वैकल्पिक इंतजामों के जरिये स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन व्यवधान लंबे समय तक जारी रहने पर छोटे प्रतिष्ठानों के लिए बढ़ती लागत को संभाल पाना मुश्किल हो सकता है.

सरकार ने पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को एलपीजी उत्पादन, सीएनजी और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है. गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरत पूरी होने के बाद ही अन्य उद्योगों को गैस दी जाएगी.

दिल्ली के शाहदरा स्थित रेस्टोरेंट ‘अर्बन कबाब’ में भी एलपीजी स्टॉक खत्म हो चुका है और अनियमित आपूर्ति के कारण रोजमर्रा के रसोई संचालन में कठिनाई हो रही है. अगर स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो परिचालन लागत कम करने के लिए कर्मचारियों के वेतन में कटौती या कुछ कर्मचारियों को हटाने जैसे कदम भी उठाने पड़ सकते हैं. ‘द पियानो मैन’ रेस्टोरेंट चेन में एलपीजी की आपूर्ति रुक गई है, जिसके कारण पाइप से मिलने वाली प्राकृतिक गैस पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने भी इस संबंध में परिपत्र जारी किया है और वे फिलहाल यह तय करने की कोशिश कर रहे हैं कि बिना गैस के कौन-कौन से व्यंजन बनाए जा सकते हैं.

NATIONAL : ‘3-3 बेटियां हो गईं, अब पति को दूसरी शादी करने दे…’ सास-ससुर के टॉर्चर से तंग महिला ने दे दी जान

0

बीड जिले से घरेलू प्रताड़ना का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तीन बेटियों की मां ने कथित रूप से ससुराल वालों के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर जहरीला पदार्थ पी लिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

महाराष्ट्र के बीड जिले के बीड तालुका अंतर्गत म्हाळसापुर गांव से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय विवाहिता द्वारा ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर जहरीली दवा पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मृतक महिला का नाम भक्ति अमोल कोरडे है. इस मामले में पिंपळनेर पुलिस स्टेशन में पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

शिकायत के अनुसार, भक्ति की तीन बेटियां थीं, इसी कारण पिछले ढाई साल से उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था. ससुराल वाले भक्ति पर दबाव बना रहे थे कि वह अपने पति को दूसरी शादी करने की अनुमति दे. इसके लिए उसे बार-बार पीटा जाता था और एक बॉण्ड पेपर पर सहमति लिखकर देने के लिए मजबूर किया जा रहा था.

इस प्रताड़ना से तंग आकर भक्ति ने 2 फरवरी 2026 की सुबह अपने घर पर जहर पी लिया था. उसे तुरंत बीड के जिला अस्पताल और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसे दोबारा सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान 6 मार्च 2026 को उसकी मृत्यु हो गई.

भक्ति की मां, गंगुबाई प्रभु ठोकळ की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति अमोल अर्जुन कोरडे, ससुर अर्जुन साधू कोरडे और सास आशाबाई अर्जुन कोरडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 115(2), 3(5) और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस उपनिरीक्षक अर्जुन घोलवाल मामले की आगे की जांच कर रहे हैं.

MUMBAI : मुस्लिम बॉयफ्रेंड से परेशान महिला डॉक्टर ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में कई खुलासे

0

मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में महिला डॉक्टर स्तुति सोनावने की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उनके बॉयफ्रेंड फैजुल मोहम्मद खान को गिरफ्तार किया है. कमरे से छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है जिसमें डॉक्टर ने मानसिक तनाव का जिक्र किया है. पुलिस के अनुसार अभी तक जांच में लव जिहाद का कोई एंगल सामने नहीं आया है.

मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में महिला डॉक्टर स्तुति सोनावने की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनके बॉयफ्रेंड फैजुल मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसे एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. पुलिस के अनुसार डॉक्टर के कमरे से छह पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. इस नोट में डॉक्टर ने अपने बॉयफ्रेंड फैजुल मोहम्मद खान का जिक्र किया है. सुसाइड नोट में लिखा है कि दोनों ने साथ में कई खुशहाल पल बिताए थे.

डॉक्टर ने नोट में यह भी लिखा कि फैजुल ने उनका जन्मदिन मुंबई के ताज होटल में मनाया था. लेकिन कुछ समय बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया. वह उन पर शक करने लगा और उनके लिए अपमानजनक बातें कहने लगा. इससे डॉक्टर को गहरा मानसिक आघात लगा. पुलिस का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण महिला डॉक्टर ने अपने कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

डॉक्टर के पिता ने पुलिस को बताया कि 8 मार्च की शाम करीब 7 बजे उनकी बेटी अपने कमरे में चली गई थी. उस समय माता पिता बाहर एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे. घर से निकलते समय उन्होंने बेटी से पूछा था कि क्या उसे बाहर से कुछ मंगवाना है, लेकिन उसने मना कर दिया. रात में जब माता पिता वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि बेटी के कमरे की लाइट जल रही है. उन्हें लगा कि वह पढ़ाई कर रही होगी, इसलिए उन्होंने उसे परेशान नहीं किया.

अगले दिन 9 मार्च की सुबह करीब 10 बजे तक जब बेटी ने दरवाजा नहीं खोला तो परिवार को चिंता हुई. कई बार आवाज देने और कॉल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो बेटी को नायलॉन के दुपट्टे से लटका हुआ पाया गया.पुलिस के अनुसार आरोपी फैजुल मोहम्मद खान एक इंश्योरेंस ब्रोकर है और उसने कानून की पढ़ाई भी की है. दोनों की मुलाकात एक मोबाइल ऐप के जरिए हुई थी और कुछ समय से दोनों के बीच दोस्ती थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा. मामले की आगे की जांच जारी है.

इसके अलावा पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में इस मामले में लव जिहाद का कोई एंगल सामने नहीं आया है. इस मामले पर स्तुति सोनावने के पिता बजरंग सोनावने ने कहा कि उन्होंने पुलिस को जो कहना था वह बता दिया है. उनका कहना है कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, वह देश में किसी और के साथ नहीं होना चाहिए और जो भी दोषी हो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

- Advertisement -