Wednesday, April 29, 2026
Home Blog Page 301

WORLD : इमरान खान ने ऐसा क्या लिखा था जिसकी अब हो रही खूब चर्चा, ‘मेरी मौत का जिम्मेदार आसिम मुनीर’

0

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट जगत के सितारे रहे इमरान खान पिछले दो साल से अडियाला जेल में बंद हैं. अगस्त 2023 से उनका राजनीतिक संघर्ष जेल की दीवारों के पीछे सिमट गया है. खान ने कहा था कि उनके खिलाफ दर्ज केस सत्ता और सैन्य नेतृत्व के दबाव में बनाए गए थे. परिवार को उम्मीद थी कि अदालत की सुनवाई से हालात सुधरेंगे, लेकिन पिछले करीब एक महीने से उन्हें किसी भी तरह की मुलाक़ात की अनुमति नहीं मिली है. इसी वजह से शंका और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है.

अडियाला जेल के अधिकारियों का कहना है कि इमरान खान की सेहत सामान्य है और उन्हें जेल के भीतर सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं. प्रशासन यह भी दोहराता रहा है कि उन्हें कहीं और ले जाने की जो बातें सोशल मीडिया में घूम रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं. इसके बावजूद परिवार को जानकारी न दिए जाने की वजह से विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा.

इमरान खान के पुराने लेख ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है, जो 2 मई 2024 को ब्रिटेन के टेलीग्राफ में छपा था. उस लेख में खान ने यह लिखकर हलचल मचा दी थी कि सैन्य प्रतिष्ठान उनके खिलाफ सभी रास्ते आज़मा चुका है और अब उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है. उन्होंने साफ कहा था कि अगर उन्हें या उनकी पत्नी को कुछ होता है तो इसकी सीधी जिम्मेदारी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की होगी. आज जब सोशल मीडिया पर उनकी मौत या खराब सेहत की अफवाहें उभर रही हैं, वही पंक्तियां फिर से चर्चा में आ गई हैं.

इमरान खान के समर्थक और PTI कार्यकर्ता लगातार अडियाला जेल के बाहर इकट्ठा हो रहे हैं. वे चाहते हैं कि परिवार को तुरंत मुलाक़ात की अनुमति दी जाए और खान की सेहत को लेकर किसी भी तरह का संदेह दूर किया जाए. कोर्ट के आदेशों के बावजूद मुलाक़ात न होने से माहौल और गर्म होता जा रहा है.

इमरान खान के छोटे बेटे कासिम खान ने ब्रिटेन से सोशल मीडिया के माध्यम से एक भावुक संदेश जारी किया. उन्होंने कहा कि उनके पिता को छह हफ्तों से एकांत में रखा गया है और परिवार को यह तक नहीं पता कि उनकी तबीयत कैसी है. कासिम के अनुसार यह केवल सुरक्षा का बहाना नहीं बल्कि जानबूझकर की गई सूचना रोक है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इमरान खान के साथ कोई अनहोनी होती है तो पाकिस्तान सरकार और उसके पीछे खड़े लोगों की जिम्मेदारी बनती है. कासिम ने अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से हस्तक्षेप की भी मांग की.

सरकारी और जेल प्रशासन दोनों का दावा है कि इमरान खान को जेल में सुविधा और सुरक्षा दोनों दी जा रही हैं. उनके अनुसार न तो उन्हें कहीं और ले जाया गया है और न ही उनकी सेहत को खतरा है. प्रशासन यह कहता है कि PTI नेताओं को भी सभी जरूरी जानकारियां दी जा चुकी हैं, लेकिन परिवार और समर्थन समूह इन बातों पर भरोसा करने को तैयार नहीं, क्योंकि उन्हें मुलाक़ात की अनुमति अब तक नहीं मिली.

UP : बारात में DJ बंद होने पर बवाल, दूल्हे के जीजा ने चलाई गोली से एक व्यक्ति की मौत, FIR दर्ज

0

इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और सीओ संडीला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शादी समारोह के दौरान डीजे बंद करने को लेकर इतना विवाद बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई. मामला अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव का है. शाहपुरा गांव निवासी टीकाराम की बेटी की शादी लखनऊ के जेहटा निवासी विकास से तय हुई थी. गुरुवार देर रात बारात आई. अतरौली के ही बरगदी गांव के अमित का डीजे लगा था. रात करीब 12 बजे अमित ने डीजे बंद कर दिया.

इसी बात से नाराज दूल्हे के बहनोई आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने अमित से डीजे फिर से चालू करने को कहा. अमित ने देर रात का हवाला देकर ऐसा करने से मना कर दिया. इस पर दोनों भाइयों ने अमित से धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी.

झगड़ा बढ़ता देख अमित ने अपने पिता पुत्तीलाल (55) और बड़े भाई आशीष को बुला लिया. जब पिता और भाई उन्हें समझाने आए तो आकाश गौतम ने खुद को लखनऊ में बड़ा प्रॉपर्टी डीलर और किसी संगठन का अध्यक्ष बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. बात इतनी बढ़ गई कि अखिलेश के इशारे पर आकाश ने कमर से लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और पुत्तीलाल के सीने में गोली मार दी.

गोली लगते ही पुत्तीलाल जमीन पर गिर पड़ा. शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई, बाराती इधर-उधर भागने लगे. इस घायल पुत्तीलाल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली ले जाया गया, वहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरा मंडप सूना पड़ गया. जयमाला की रस्म हो चुकी थी, लेकिन फेरे नहीं पड़े थे. डरे हुए बाराती अपने-अपने घर लौट गए. दूल्हा और उसके परिजन कोतवाली पहुंच गए, जिससे शादी में व्यवधान पड़ गया.

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और सीओ संडीला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. अमित की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे के दोनों बहनोई आकाश गौतम और अखिलेश गौतम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं. बहुत जल्द दोनों को पकड़ लिया जाएगा. पुलिस पूरे इलाके में छापेमारी कर रही है.

UP : रिसेप्शन में आशीर्वाद देने पहुंचे नेताजी, अचानक टूटा स्टेज और दूल्हा- दुल्हन समेत हुए धड़ाम

0

यूपी के बलिया में शादी के रिसेप्शन में अचानक स्टेज टूट गया. जब ये हादसा हुआ उस समय स्टेज पर वर वधु का आशीर्वाद देने के लिए बीजेपी नेता भी मौजूद थे.उत्तर प्रदेश के बलिया में एक शादी के रिसेप्शन में उस वक्त हलचल मच गई जब कार्यक्रम के दौरान अचानक स्टेज टूटकर गिर गया. जिस वक्त ये हादसा हुआ स्टेज पर वर वधु का आशीर्वाद देने के लिए बीजेपी बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा और बीजेपी विधायक के प्रतिनिधि विश्राम सिंह भी मौजूद थे. जैसे ही वो वर वधु को आशीर्वाद देने पहुंचे स्टेज भरभरा कर टूट गया.

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि बुधवार 26 नवंबर की शाम को स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता के भाई की शादी का रिसेप्शन चल रहा था. ये कार्यक्रम शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान में आयोजित किया गया था. जिसमें तमाम रिश्तेदार और नेता शामिल हुए थे.

वीडियो में देखा जा सकता है कि बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा और बीजेपी विधायक केतकी सिंह के प्रतिनिधि विश्राम सिंह वर वधु का आशीर्वाद देने के लिए मंच पर पहुंचते हैं, उन्हें देखते ही दूल्हा कुर्सी से उठकर उनके पास पहुंचता है और पैर छूकर आशीर्वाद लेता है, जिसके बाद दोनों नेता अन्य मेहमानों के साथ वर-वधु के पास पहुंचते हैं.

ये सभी नेता वर वधु के साथ खड़े होकर आशीर्वाद दे रहे थे तभी भीड़ बढ़ने की वजह से स्टेज का संतुलन बिगड़ गया और अचानक मंच टूट गया. जिसके बाद दूल्हा-दुल्हन समेत बीजेपी नेता संजय मिश्रा और विश्राम सिंह भी धड़ाम से नीचे जा गिरे. इस घटना के बाद शादी समारोह में हलचल मच गई. एक पल के लिए कोई समझ ही नहीं पाया कि ये क्या हुआ?

समारोह में आए लोगों ने भागकर उन सभी को उठाया. लेकिन, गनीमत ये रही कि इस घटना में दूल्हा-दुल्हन, बीजेपी नेता संजय मिश्रा और विश्राम सिंह तो बाल-बाल बच गए लेकिन कुछ लोग चोटिल हो गए. जबकि स्टेज पर खड़े एक प्रधान के पैर में फ्रैक्चर हो गया.

लोगों का कहना है कि इस मंच को लकड़ी और लोहे की जाली से बनाया गया था लेकिन स्टेज पर ज्यादा लोगों के चढ़ने की वजह से ये लोगों का भार नहीं सह पाया गया और टूट गया. इस घटना के वजह से शादी समारोह में थोड़ी रूकावट जरूरी आई लेकिन बाद में सब कुछ ठीक कर दिया गया और कार्यक्रम फिर से शुरू हो गया.

ENTERTAINMENT : अपने गांव जाऊं… धर्मेंद्र की आवाज में आख‍िरी कविता, मगर दिल तोड़ देगा टीजर का ये फ्रेम

दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया था. उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ थी, जिसे श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया है. अब मेकर्स की तरफ से फिल्म में धर्मेंद्र की लिखी हुई एक इमोशनल कविता सभी के साथ शेयर की है.

24 नवंबर को हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र ने इस दुनिया को हंसते हुए अलविदा कह दिया. धर्मेंद्र ने अपनी पूरी जिंदगी मस्तमौला अंदाज में जी और सभी लोगों को हमेशा खुश रहने की सलाह दी. पर्सनल से लेकर प्रोफेशनल तक वो काफी जिंदादिल इंसान थे. एक परफेक्ट एक्टर होने के साथ ही साथ वो शानदार कलमकार भी थे. जिसकी छोटी सी झलक फिल्म ‘इक्कीस’ में देखने को मिली है.

ये बता बहुत कम लोग जानते हैं कि धर्मेंद्र अपने फॉर्म हाउस में कविताएं लिखते थे और उसके बाद उसे बकायदा रिकॉर्ड कर अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट भी करते थे. अब फिल्म ‘इक्कीस’ के मेकर्स ने उनकी कविता को फिल्म में सबसे खास जगह देते हुए ट्रिब्यूट दिया है.

मैडॉक फिल्म्स ने अपने सोशल मीडिया पेज पर फिल्म इक्कीस से जुड़ी खास पोस्ट शेयर की. धर्मेंद्र की पंजाबी भाषा में लिखी हुई इमोशनल कविता, उनकी ही आवाज में सुनाई दे रही है. जिसमें धर्मेंद्र कह रहे हैं – ‘आज भी मन करता है…अपने गांव जाऊ, तालाब में घुसकर, भैंसों को नहलाऊं. हंसिया (दराती) लेकर खेतों से, चारा भी लाऊं. मिट्टी में कबड्डी वाला खेल खेलना, गांव वाली जिंदगी का किससे मेल (तुलना). पांच नदियों (पंजाब) का मीठा-मीठा पानी, बहती हवाओं में गुरुओं की वाणी. मुश्किल है, मां की गोद (आंचल) को मन से भुलाना. हां ओ मेरी मां, मैं तुझ पर बलिहारी जाऊं. आज भी मन करता है अपने गांव जाऊं… आज भी मन करता है अपने गांव जाऊं…’

मेकर्स ने धर्मेंद्र को उनकी ही कविता के माध्यम से ट्रिब्यूट दिया है. खास बात ये है कि इस छोटे से वीडियो में धर्मेंद्र के साथ एक्टर गोवर्धन आसरानी को भी देखा गया है. जिसका पिछले महीने 20 अक्तूबर को निधन हो गया था. दोनों ही दिवंगत एक्टर ने फिल्म शोले में साथ काम किया था.

मेकर्स ने इसे शेयर करते हुए लिखा, ‘धरम जी मिट्टी के सच्चे बेटे थे, और उनके शब्दों में उस मिट्टी की खुशबू है. उनकी यह कविता एक तड़प है, एक लेजेंड से दूसरे लेजेंड को एक ट्रिब्यूट. हमें यह टाइमलेस वर्स गिफ्ट करने के लिए धन्यवाद.

बता दें कि दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की इस आखिरी फिल्म का नाम है ‘इक्कीस’ है. यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है, जो भारत के सबसे जवान परमवीर चक्र पाने वाले सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की कहानी है. फिल्म में धर्मेंद्र आर्मी ऑफिसर के पिता का किरदार निभा रहे हैं. इसका डायरेक्शन श्रीराम राघवन ने किया है.

NATIONAL : देहरादून में जंगली हाथी का कहर,12 साल के बच्चे को सूंड से उठाकर पटका, मौत

0

देहरादून के रायपुर थाना रोड क्षेत्र में गुरुवार शाम एक जंगली हाथी ने अचानक हमला कर 12 साल के बच्चे की जान ले ली. बच्चा अपने माता-पिता के साथ दवाई लेकर घर लौट रहा था. हाथी ने स्कूटी के नजदीक आते ही बच्चे को सूंड से उठाकर पटक दिया. माता-पिता किसी तरह बच निकले. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है. वन विभाग और पुलिस ने इलाके में सतर्कता जारी की है.

उत्तराखंड में देहरादून के रायपुर थाना रोड क्षेत्र में हाथी का हमला होने से हड़कंप मच गया. यहां गुरुवार शाम करीब 4:15 बजे दर्दनाक हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़े एक जंगली हाथी के हमले में 12 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता ने बमुश्किल किसी तरह अपनी जान बचाई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, डोईवाला के कोठारी मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटे के साथ दवाई लेकर घर की ओर लौट रहा था. इसी दौरान जैसे ही स्कूटी कालू सिद्ध मंदिर के पास पहुंची, अचानक सड़क किनारे मौजूद हाथी ने बच्चे को अपनी सूंड से पकड़ लिया और नीचे पटक दिया. इस दौरान माता-पिता भी स्कूटी से गिर पड़े.

हादसे के बाद बच्चे के पिता ने सड़क पर आग जलाकर हाथी को वहां से हटाने की कोशिश की और सफल भी हुए. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को डोईवाला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान 12 वर्षीय कुनाल के रूप में हुई, जो छठी कक्षा का छात्र था,घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची.डीएफओ देहरादून ने आज तक को जानकारी देते हुए बताया कि विभाग ने स्थानीय लोगों और सड़क से गुजरने वाले यात्रियों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की. साथ ही जंगल से सटे इलाकों में रहने वालों को भी क्षेत्र में दूरी और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.

UP : 3 बेटे ही निकले मां-बाप के कातिल, मास्टरमाइंड था वकील…, प्रॉपर्टी के लिए डबल मर्डर

0

श्रावस्ती जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन बेटों ने कथित रूप से एक वकील के बहकावे में आकर अपने ही माता-पिता की हत्या कर दी. वकील ने दंपति की तीन दुकानों पर कब्जा करने के बाद उन्हें मारने की साजिश रची और बेटों को पैसे व उपहार का लालच देकर हत्या के लिए उकसाया. पुलिस ने वकील सहित सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एक चौंकाने वाला घटना क्रम सामने आया है, जहां एक वकील ने लालच और धोखाधड़ी के चलते दंपति की हत्या की साजिश रची और उनके तीन बेटों को ही अपराध में शामिल कर लिया. पुलिस ने वकील प्रभाकर त्रिपाठी उर्फ रिंकू और मृतक दंपति के तीनों बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मृतकों की पहचान 80 साल के रोशन खान और उनकी 60 साल की पत्नी वसीला के रूप में हुई है.

घटना 22 और 23 नवंबर की दरमियानी रात की है. पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के अनुसार, रोशन खान का शव उनके घर से बरामद हुआ जबकि वसीला का शव घर के पास झाड़ियों में पड़ा मिला. पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि उनकी हत्या बांस की लाठी से गला घोंटकर की गई थी.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वकील प्रभाकर त्रिपाठी ने एक षड्यंत्र के तहत दंपति की इकौना स्थित तीन दुकानों पर धोखे से कब्जा कर लिया था. अगस्त में रोशन खान ने ये दुकानें अपने नाम से पत्नी वसीला के नाम ट्रांसफर की थीं. उसी दिन वकील ने वसीला को 10 लाख रुपये का चेक दिखाकर एक फर्जी बिक्री विलेख पर हस्ताक्षर करा लिए. बाद में उसने इन दुकानों को लगभग 80 लाख रुपये में बेच दिया.

जब वसीला को धोखे का पता चला तो उन्होंने जिला कोर्ट और हाई कोर्ट में विलेख रद्द करने की याचिका दायर की. उन्होंने थाना इकौना में भी शिकायत दी, लेकिन उस समय एफआईआर दर्ज नहीं की गई. इसी बीच वकील यह अंदाजा लगा रहा था कि कानूनी कार्रवाई उसे फंसा सकती है, इसलिए उसने दंपति के बेटों को अपने पक्ष में कर लिया.

रोशन खान के पहले विवाह से दो बेटे- हसीब खान और नसीब खान- थे, जबकि वसीला के पहले विवाह से पुत्र मुसिब खान है. पुलिस के मुताबिक, वकील ने एक बेटे को मोटरसाइकिल और 10 लाख रुपये देने का लालच दिया जबकि अन्य बेटों को भी आर्थिक फायदे का आश्वासन दिया.

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, गवाहों के बयान और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वकील की साजिश की पुष्टि की. तीनों बेटों ने स्वीकार किया कि उन्होंने माता-पिता को सोते समय बांस की लाठी से गला घोंटकर मार डाला. पुलिस ने 23 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया और सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. जांच में यह भी सामने आया कि वकील त्रिपाठी पर पहले से धोखाधड़ी का केस दर्ज है, जबकि हसीब खान पर मारपीट का मामला चल रहा है. पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : कियारा-सिद्धार्थ मल्होत्रा ने रिवील किया बेटी का नाम, शेयर की पहली तस्वीर

0

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी बेटी की पहली झलक फैंस के साथ शेयर की है. सोशल मीडिया पर उनकी फोटो काफी वायरल हो रही हैं. इसी के साथ दोनों कपल ने बेटी का नाम भी रिवील कर दिया.बॉलीवुड के मोस्ट पॉपुलर कपल सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने फरवरी 2023 में शादी की थी. शादी के करीब ढाई साल बाद कपल पहली बार 15 जुलाई को पेरेंट्स बने थे. अब करीब 3 महीने बाद दोनों कपल ने अपनी बेटी की पहली झलक शेयर करते हुए, नाम भी रिवील कर दिया.

कियारा आडवाणी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर बेटी के साथ फोटो शेयर कर लिखा, ‘हमारी प्रार्थनाओं से, हमारी बाहों तक.हमारा आशीर्वाद, हमारी राजकुमारी…सरायाह मल्होत्रा.’सरायाह शब्द हिब्रू भाषा से आता है. जिसका मतलब होता है, ईश्वर द्वारा मार्गदर्शन पाना या भगवान का राज यानी ऐसी लड़की जो सुरक्षित, संरक्षित और आशीर्वाद से घिरी हुई हो. नाम के भाव की अगर बात करें को ये एक राजकुमारी जैसा ही है. हालांकि कपल ने अभी बेटी का नाम या फेस रिवील नहीं किया है.

सिद्धार्थ और कियारा ने 15 जुलाई को इंस्टाग्राम पर अपनी बच्ची की अनाउंसमेंट करते हुए लिखा था, ‘हमारा दिल भर गया है और हमारी दुनिया हमेशा के लिए बदल गई है. हमें एक बच्ची का आशीर्वाद मिला है- कियारा और सिद्धार्थ.’ इसके तुरंत बाद उन्होंने फोटोग्राफरों से अपने नए जन्मे बच्चे की तस्वीरें क्लिक न करने की रिक्वेस्ट की थी.

UP : स्विफ्ट कार को ‘टीन का डिब्बा’ बोलने पर बवाल, बाइक सवार को जमकर पीटा, बोनट पर 500 मीटर तक घसीटा

0

सहारनपुर के नागल–टपरी मार्ग पर रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल है. रास्ता न देने पर बहस के बाद कार सवार युवकों ने बाइक सवार को पीटकर कार के बोनट पर 500 मीटर तक दौड़ाया. अचानक ब्रेक मारने से युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए.

यूपी के सहारनपुर में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. शेखपुरा कदीम चौकी इलाके के नागल–टपरी मार्ग पर कार सवार युवकों ने पहले एक बाइक सवार पर हमला किया, फिर उसे कार की बोनट पर लादकर करीब 500 मीटर तक तेज रफ्तार गाड़ी दौड़ाते रहे. सड़क पर मौजूद लोग तमाशा देखते रहे, लेकिन कोई भी बीच बचाव की हिम्मत नहीं जुटा सका.

वीडियो में साफ दिख रहा है कि रास्ता देने को लेकर कार और बाइक सवार के बीच बहस हुई. बताया जा रहा है कि नाराजगी में बाइक सवार ने स्विफ्ट कार को ‘टीन का डिब्बा’ कह दिया, जिसके बाद कार में बैठे युवक बेकाबू हो गए. उन्होंने बाइक सवार को गिराकर बेरहमी से पीटा और मौके से कार लेकर भागने लगे. कार को रोकने के लिए युवक कार के सामने आ गया तो दबंग युवक को कार की बोनट पर लादकर फर्राटे से गाड़ी को सड़क पर दौड़ाने लगे.

NATIONAL : जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह को झटका, पंजाब सरकार ने लिया ये बड़ा फैसला

0

मार्च 2023 में पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उनके 9 सहयोगियों को गिरफ्तार किया था. एनएसए के तहत डिब्रूगढ़ जेल शिफ्ट कर दिया गया. संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल होने की मांग की थी.

खडूर साहिब के सांसद और एनएसए के तहत जेल में बंद अमृतपाल सिंह को झटका लगा है. पंजाब सरकार ने संसद सत्र के शीतकालीन सत्र में भाग लेने के लिए अस्थायी रिहाई के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है. 1 दिसंबर 2025 से संसद का सत्र शुरू होने वाला है. पंजाब सरकार का यह फैसला पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में पंजाब के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी किया गया. अमृतपाल सिंह करीब दो सालों से जेल में बंद हैं. फिलहाल वे असम की डिब्रुगढ़ जेल में हैं.

इसी महीने अमृतपाल सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका दायर की थी. सुप्रीम कोर्ट ने 10 नवंबर को सुनवाई से इनकार कर दिया और इस मामले में हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया है.

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एन.वी. अंजारिया की बेंच ने अमृतपाल को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया. कोर्ट ने हाईकोर्ट से कहा कि याचिका पर छह सप्ताह के भीतर सुनवाई पूरी कर निपटारा किया जाए.

उन्होंने अपनी याचिका में दावा किया था कि एक निर्वाचित सांसद का कामकाज रोकना उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि एनएसए के तहत उनकी हिरासत राजनीतिक रूप से प्रेरित है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है. याचिका में केंद्र और पंजाब सरकार को पक्षकार बनाया गया था.

मार्च 2023 में पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उनके 9 सहयोगियों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद उन्हें एनएसए के तहत डिब्रूगढ़ जेल शिफ्ट कर दिया गया. करीब 2 सालों से जेल में बंद सांसद ने संसद के सत्र में शामिल होने के लिए अनुमति मांगी थी. अमृतपाल पर खालिस्तान समर्थन, राज्य के खिलाफ युद्ध भड़काने और रेडिकल विचारधारा फैलाने के आरोप हैं. वे ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब से जीतकर सांसद बने थे.

NATIONAL : ड्राइवर को आई झपकी, अनियंत्रित कार सड़क से फिसलते हुए खाई में गिरी

0

मसूरी में एक सड़क हादसा हो गया. जहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. जिससे एक युवक घायल हो गया. इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें कार को फिसलते हुए नीचे गिरते देखा जा सकता है.

मसूरी में सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया. हादसे की जानकारी लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायल को बाहर निकाला. वहीं सूचना मिलने पर 108 आपातकालीन सेवा भी मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचवाया गया.

फिलहाल घायल का इलाज अभी जारी है. हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. लेकिन प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वाहन चालक को नींद की झपकी आ गई थी. जिसके चलते उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में गिर गई.इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें कार को सड़क किनारे से फिसलते हुए नीचे की ओर गिरते देखा जा सकता है. फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

हादसे को लेकर संबंधित थाने की पुलिस ने बयान भी जारी किया है. पुलिस ने बताया कि एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. जिससे वाहन चालक घायल हो गया. फिलहाल वाहन चालक को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका उपचार जारी है. मामले की जांच की जा रही है.

- Advertisement -

News of the Day