Wednesday, April 29, 2026
Home Blog Page 302

WORLD : पूर्व पीएम इमरान खान की हो गई मौत? पाकिस्तान में मचा तूफान! अदियाला जेल प्रशासन ने बताया क्या है सच

0

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत और खराब स्वास्थ्य की खबरों से देश में हंगामा मच गया. इस बीच अदियाला जेल प्रशासन ने अफवाहों को खारिज किया कर दिया है.

पाकिस्तान में बुधवार (26 नवंबर 2025) देर रात सोशल मीडिया पर अचानक यह खबर फैलने लगी कि पूर्व प्रधानमंत्री और PTI संस्थापक इमरान खान की हालत बेहद खराब है या उनकी मौत हो चुकी है. देखते ही देखते यह अफवाह इतनी तेज़ी से फैली कि अदियाला जेल के बाहर हजारों लोग जमा हो गए और पूरे देश में हलचल मच गई. रावलपिंडी, पेशावर और कई शहरों में PTI कार्यकर्ताओं ने आपात प्रदर्शन शुरू कर दिया.

अफवाहों के बढ़ते दबाव के बीच जेल प्रशासन को आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा. अधिकारियों का कहना है कि इमरान खान जेल में पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इमरान को किसी भी दूसरी जगह नहीं ले जाया गया है और सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूरी तरह मनगढ़ंत हैं.

जेल प्रशासन के बयान के बावजूद PTI नेताओं का दावा है कि इमरान खान को गुप्त रूप से किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है. उनका कहना है कि कई दिनों से न परिवार को अंदर जाने दिया जा रहा है और न ही वकीलों को मुलाकात की अनुमति दी जा रही है. इसी वजह से पेशावर में एक बड़ी रैली रखी गई है और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इमरान से मुलाकात करने की घोषणा की है.

माहौल को और तनावपूर्ण बनाने में इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी के पहले किए गए आरोपों को भी जिम्मेदार बताया जा रहा है. जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा था कि इमरान खान को जहर देने की योजना बनाई गई थी और सेना प्रमुख आसिम मुनीर उन्हें खत्म करना चाहते हैं. इन बयानों ने लोगों के मन में पहले ही गहरे संदेह पैदा कर दिए थे, जिनके कारण यह अफवाह बहुत तेजी से फैल गई.

इमरान खान के समर्थक लगातार पूछ रहे हैं कि अगर वे स्वस्थ हैं तो मुलाकात पर पाबंदी क्यों है. जेल के अंदर क्या हो रहा है, इस पर सरकार और सेना की चुप्पी ने PTI समर्थकों के संदेह को और गहरा कर दिया है. इमरान और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच लंबे समय से चले आ रहे टकराव के कारण लोग घटनाओं को राजनीतिक नजरिए से देख रहे हैं.

इमरान खान की गिरफ्तारी, कोर्ट केस, सेना से संघर्ष और अब मौत की अफवाहों ने पाकिस्तान की राजनीति को अस्थिर कर दिया है. देश पहले ही आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे में यह घटना और तनाव पैदा कर रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है.

NATIONAL : पाक जासूसी मामला… नूंह का वकील रिजवान पुलिस रिमांड पर, आतंकी फंडिंग में शामिल पंजाब का हवाला कारोबारी भी गिरफ्तार

0

केंद्रीय जांच एजेंसियों ने नूंह के युवा वकील रिजवान को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए जासूसी और आतंकी फंडिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार नूंह के युवा वकील रिजवान को बुधवार देर रात अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. इस मामले में पुलिस ने रिजवान को हवाला के जरिए पैसे पहुंचाने और लेन-देन में सहयोग करने के आरोप में पंजाब के जालंधर निवासी अजय अरोड़ा को भी गिरफ्तार किया है.

लिस ने पंजाब के जालंधर के शाहकोट निवासी अजय अरोड़ा को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर मिठाई का कारोबारी है और हवाला का काम भी करता था. अजय अरोड़ा पर हवाला के जरिए रिजवान को पैसे पहुंचाने और संदिग्ध लेन-देन में सहयोग करने का आरोप है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिजवान के पंजाब नेशनल बैंक खाते में करोड़ों रुपये की हवाला राशि पाकिस्तानी हैंडलरों से आई थी. इस राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से पंजाब में देशविरोधी गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में किया जाना था.

मीडिया को भनक न लगे, इसलिए दोनों आरोपियों को रात करीब ढाई बजे सीजेएम छवि गोयल की अदालत में पेश किया गया. सरकारी वकील विजय सहरावत ने बताया कि पुलिस ने 10 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन अदालत ने 8 दिन का रिमांड दिया है.रिमांड के दौरान पुलिस अजय अरोड़ा से करीब 33-34 लाख रुपए की बरामदगी करने और अन्य सुरागों का पता लगाने की कोशिश करेगी.

नूंह जिलाके रिजवान के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) की धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस ने उसके पास से एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया है, जिनकी फॉरेंसिक जाँच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में कई संदिग्ध चैट और दस्तावेज पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े मिले हैं.पुलिस ने फिलहाल मामले पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.

उधर, रिजवान के परिजनों ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि पाकिस्तान में रिश्तेदार हैं और उनसे सामान्य बातचीत होती रहती है, लेकिन देश विरोधी किसी भी गतिविधि में रिजवान शामिल नहीं है.परिजनों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम रिजवान सोहना कोर्ट से घर लौट रहा था और रास्ते में अपने साथी के साथ पीपाका (ससुराल) रुका था, तभी पुलिस ने उसे उठा लिया.

गांव के सरपंच अशफाक ने कहा कि रिजवान एक होनहार और काबिल वकील था. गुरुग्राम, नूंह और सोहना कोर्ट में प्रैक्टिस करता था. उसका सम्मानित परिवार है, कभी ऐसी कोई शिकायत नहीं आई.बता दें कि इससे पहले मई महीने में तावड़ू के गांव कांगरका और नगीना के गांव राजाका से दो युवकों को पाकिस्तान जाकर आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. रिजवान की गिरफ्तारी के साथ इस साल मेवात में पाक जासूसी के आरोप में कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं.

सूत्रों के मुताबिक, रिजवान का एक साथी वकील भी हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है. पुलिस ने अभी मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन जांच गहनता से चल रही है. पूरे क्षेत्र में इस गिरफ्तारी से हड़कंप की स्थिति है.

PUNJAB : पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, गैंगस्टर निशान जोरियान का साथी गिरफ्तार, अवैध हथियार भी बरामद

0

बटाला पुलिस ने गैंगस्टर निशान जोरियान के साथी कवलजीत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसने एक व्यापारी से 2 करोड़ की रंगदारी मांगी थी और इनकार करने पर दुकान पर गोलीबारी की थी.पंजाब की बटाला पुलिस ने गुरुवार (27 नवंबर) को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर निशान जोरियान के खास साथी कवलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है. पुलिस ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की.

पुलिस के मुताबिक, कवलजीत सिंह ने साथी के साथ मिलकर गैंगस्टर निशान जोरियान के नाम का डर दिखाते हुए बटाला शहर के एक व्यापारी से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी. जब व्यापारी ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसकी दुकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं. यह घटना कुछ दिन पहले हुई थी, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई थी.

बटाला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. विशेष टीम बनाकर छापेमारी की गई और कवलजीत सिंह को दबोच लिया गया. पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस ने उसके ठिकानों से एक पिस्तौल और कुछ कारतूस जब्त किए हैं.

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह गिरफ्तारी सिर्फ शुरुआत है. अब आरोपी के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं. रंगदारी मांगने की इस साजिश के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है और पैसे कहां जाने थे? इसकी गहन जांच की जा रही है. जल्द ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा.

पंजाब पुलिस ने साफ कहा कि वह पूरे राज्य में गैंगस्टर और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दिन-रात मुस्तैद है. लोगों से अपील की गई है कि अगर कोई भी व्यक्ति रंगदारी या धमकी का शिकार हो रहा हो तो बिना डरे तुरंत पुलिस से संपर्क करे. पुलिस गोपनीयता का पूरा ध्यान रखेगी और तुरंत कार्रवाई करेगी.

SPORTS : WPL 2026 Mega Auction Live: डब्ल्यूपीएल की मेगा नीलामी आज, दीप्ति शर्मा-एलिसा हीली पर निगाहें

0

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए मेगा नीलामी आज (27 नवंबर) नई दिल्ली के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में है. सभी 5 फ्रेंचाइजी टीमों के साथ ही फैन्स को भी इस मेगा ऑक्शन का बेसब्री से इंतजार था.मेगा नीलीमी दोपहर 3.30 बजे शुरू होगी. मेगा नीलामी से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहिए…

महिला प्रीमियर लीग के लिए इस मेगा ऑक्शन में 277 खिलाड़ियों पर बोली लग रही है. शॉर्टलिस्ट किए गए 277 खिलाड़ियों में 194 भारतीय और 83 विदेशी (4 एसोसिएट देशों के खिलाड़ी भी शामिल) हैं. खास बात यह है कि ऑक्शन में शामिल 155 प्लेयर्स अनकैप्ड हैं.

हालांकि इस ऑक्शन में अधिकतम 73 खिलाड़ियों को ही खरीदा जा सकता है, जिसमें विदेशी प्लेयर्स की अधिकतम संख्या 23 हो सकती है. सभी 5 टीमों के पर्स में कुल मिलाकर 41.1 करोड़ रुपये ही शेष हैं. एक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं, जिनमें विदेशी खिलाड़ियों की संख्या सात हो सकती है. दीप्ति शर्मा, एलिसा हीली, मेग लैनिंग, जैसी स्टार प्लेयर्स पर ऑक्शन में बड़ी बोली लग सकती है. मल्लिका सागर नीलामीकर्ता हैं, यानी वो ही खिलाड़ियों की बोली लगवा रही हैं.

ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, एनाबेल सदरलैंड, मारिजाने कैप और निकी प्रसाद को रिटेन किया था. जबकि मुंबई इंडियंस ने नैट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, हेली मैथ्यूज, अमनजोत कौर और जी. कमलिनी को अपने साथ बरकरार रखा. स्मृति मंधाना, ऋचा घोष, एलिसा पेरी और श्रेयंका पाटिल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ बनी हुई हैं. उधर गुजरात जायंटस ने दो खिलाड़ियों एश्ले गार्डनर और बेथ मूनी को रिटेन करने का फैसला लिया था. यूपी वॉरियर्स ने सिर्फ एक खिलाड़ी (श्वेता सेहरावत) को बरकरार रखा.

सभी टीमों के पास उपलब्ध स्लॉट
दिल्ली कैपिटल्स- 13 (5 विदेशी)
मुंबई इंडियंस- 13 (5 विदेशी)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- 14 (6 विदेशी)
यूपी वॉरियर्स- 17 (7 विदेशी)
गुजरात जायंट्स- 16 (5 विदेशी)

सभी टीमों के पास बकाया पर्स
दिल्ली कैपिटल्स- ₹5.70 करोड़
मुंबई इंडियंस- ₹5.75 करोड़
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- ₹6.15 करोड़
यूपी वॉरियर्स- ₹14.50 करोड़
गुजरात जायंट्स- ₹9 करोड़

NATIONAL : देहरादून से बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, कोरोना के दौरान अवैध रूप से आई थी भारत

0

उत्तराखंड के देहरादून से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है. महिला ने नकली डॉक्यूमेंट्स की मदद से एक व्यक्ति से शादी कर ली थी और हिंदू बनकर रह रही थी.

देहरादून पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है. महिला नकली डॉक्यूमेंट्स और हिंदू नाम का इस्तेमाल करके भारत में गैर-कानूनी तरीके से रह रही थी. इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस ने बताया कि राज्य में अवैध रूप या फिर पहचान छिपाकर रहने वालों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमी चलाया जा रहा है. इस अभियान के दौरान बबली बेगम (28) नाम की महिला देहरादून के पटेल नगर इलाके में भूमि शर्मा के नकली नाम से रहती हुई मिली.

पुलिस के मुताबिक हिरासत में पूछताछ के दौरान बांग्लादेश के गायबंडा जिले की रहने वाली बेगम ने खुलासा किया कि वह COVID-19 महामारी के दौरान गैर-कानूनी तरीके से भारत में बॉर्डर पार करके आई थी. अलग-अलग जगहों पर रहने के बाद 2021 में देहरादून पहुंची. उसने कहा कि 2022 में उसने देहरादून के एक आदमी से शादी की और भूमि शर्मा के नाम से नकली भारतीय डॉक्यूमेंट्स बनवाए.

पुलिस ने उसके पास से भूमि शर्मा के नाम का एक आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर ID कार्ड और दूसरे नकली भारतीय डॉक्यूमेंट्स के साथ-साथ बबली बेगम के नाम का एक बांग्लादेशी पहचान पत्र भी बरामद किया है. बांग्लादेशी महिला के खिलाफ नकली डॉक्यूमेंट्स बनाकर भारत में गैर-कानूनी तरीके से रहने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने कहा कि वे उन लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं जिन्होंने नकली डॉक्यूमेंट्स बनाने में आरोपी की मदद की और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने पटेल नगर इलाके के कालिंडा विहार फेज-2 से एक और संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया. उसने अपनी पहचान बांग्लादेश के बोगुरा जिले की रहने वाली बॉबी खातून (41) के रूप में बताई है.

पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह 2023 में बांग्लादेश से चुपके से आकर बस गई थी और तब से देहरादून में गैर-कानूनी तरीके से रह रही थी. यहां मजदूरी करके अपना गुजारा कर रही थी. पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके बांग्लादेशी पासपोर्ट की एक फोटोकॉपी मिली. पुलिस ने कहा कि महिला को हिरासत में ले लिया गया है और नियमों के अनुसार उसे बांग्लादेश डिपोर्ट किया जा रहा है.

पिछले हफ्ते ही पुलिस ने देहरादून में सचिन चौहान के नकली नाम और पहचान से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक मामून हसन को गिरफ्तार किया था. ऑपरेशन कालनेमी के तहत अब तक देहरादून जिले में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

NATIONAL : मां बाप ने कहीं और तय कर दिया रिश्ता…, प्रेमिका को गोली मारकर युवक ने किया सुसाइड

0

त्रिपुरा के गोमती जिले में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारकर खुद भी सुसाइड कर लिया. मालूम हुआ कि दोनों के माता पिता ने उनका रिश्ता कहीं और तय कर दिया था. इसी बात से बौखलाकर उन्होंने ये भयानक कदम उठाया है.

त्रिपुरा के गोमती जिले में एक 26 साल व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार को आरके पुर पुलिस थाना क्षेत्र के होलाशेत इलाके में हुई. दरअसल उस शख्स और उसकी प्रेमिका के माता-पिता ने उनकी शादी किसी और से तय कर दी थी जिससे नाराज होकर उन्होंने ये कदम उठाया है.

उदयपुर उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) देबांजलि रॉय ने एजेंसी को बताया कि गोलियों से छलनी दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अगरतला ले जाया गया.एसडीपीओ ने कहा, ‘बुधवार शाम करीब 4.30 बजे हमें होलाशेत में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली. पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और एक वाहन में महिला को मृत पाया, जबकि उसका प्रेमी घायल हालत में मदद के लिए चिल्ला रहा था.’ रॉय ने बताया कि गोमती जिला अस्पताल ले जाते समय युवक ने भी दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि पुलिस को करीब 20 मीटर की दूरी पर एक पिस्तौल मिली.

उन्होंने कहा, ‘ऐसा मालूम होता है कि व्यक्ति ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और फिर उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली. जांच अभी जारी है और हम किसी तीसरे पक्ष की संलिप्तता से इनकार नहीं कर सकते. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. लेकिन यह लगभग तय है कि यह घटना प्रेम संबंधों के कारण हुई.’ मृतकों की पहचान शालगरा निवासी शोहेल मिया और उदयपुर के शिलघाटी निवासी जन्नत अख्तर के रूप में हुई है. एसडीपीओ ने बताया कि वे एक रिश्ते में थे, लेकिन उनके माता-पिता ने उनकी शादी अलग- अलग जगह तय कर दी थी.

BIHAR : सीवान में लाखों की लूट, 10-12 राउंड फायरिंग, बोरी में भरकर ले गए गहने………….

0

घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के टारी बाजार की है. एक अनुमान के मुताबिक लूटे गए गहनों की कीमत 50 लाख तक हो सकती है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

सीवान में गुरुवार (27 नवंबर, 2025) को एक ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपये के गहने की लूट हो गई. घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के टारी बाजार की है. छह की संख्या में हथियार बंद बदमाशों ने इस लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है. 10 से 12 राउंड फायरिंग की भी बात कही जा रही है.

ज्वेलरी शॉप के मालिक कृष्णा सोनी को दुकान के अंदर बंधक बनाकर बदमाशों ने गहनों को एक बोरी में भर लिया और फरार हो गए. एक अनुमान के मुताबिक लूटे गए गहनों की कीमत 50 लाख तक हो सकती है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

इस लूटपाट की वारदात से जुड़ा वीडियो सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि दो बाइक से छह बदमाश आए हैं. एक पर तीन बदमाश बैठे हैं. फायरिंग कर रहे हैं. दूसरी बाइक पर दो बदमाश बैठे हैं. वहीं तीसरा बदमाश बोरी लेकर खड़ा है. इसके बाद वो भी उसी बाइक पर बैठकर फायरिंग करते हुए भागने लगता है.

दूसरी ओर इस घटना में शामिल छह में से एक बदमाश के पकड़े जाने की सूचना है. बताया जा रहा है कि लोगों ने खदेड़कर एक बदमाश को पकड़ लिया. यह बदमाश टारी गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बदमाशों के भागने का जो वीडियो बनाया है वह वायरल हो रहा है. अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.

NATIONAL : अब उत्तराखंड में नाइट शिफ्ट में काम कर सकेंगीं महिलाएं, लेकिन सरकार ने रखी ये शर्त

0

उत्तराखंड कैबिनेट ने दुकानों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाली महिलाओं को रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट शिफ्ट में काम करने की सशर्त अनुमति दी है. यह अनुमति केवल उन जगहों पर लागू होगी जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों. महिलाओं की लिखित सहमति अनिवार्य होगी. सरकार का कहना है कि इससे महिलाओं को ज्यादा रोजगार अवसर और आर्थिक मजबूती मिलेगी.

उत्तराखंड कैबिनेट ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्य की दुकानों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाली महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने की सशर्त अनुमति दे दी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि यह छूट केवल उन स्थानों पर लागू होगी जहां महिलाओं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद हों.

सरकार द्वारा तय किए गए नियमों के अनुसार, नाइट शिफ्ट का समय रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक निर्धारित किया गया है. इस दौरान महिलाओं को तभी काम पर लगाया जा सकेगा जब दुकान या प्रतिष्ठान में सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड, सुरक्षित ट्रांसपोर्ट और अन्य सुरक्षा उपाय उपलब्ध हों.सरकार ने साफ किया है कि किसी भी महिला कर्मचारी को उसकी लिखित सहमति के बिना नाइट शिफ्ट में काम नहीं कराया जा सकता. नियोक्ताओं को पहले से महिलाओं की सहमति लेना जरूरी होगा, ताकि किसी तरह का दबाव या मजबूरी नहीं बने.

कैबिनेट का यह निर्णय महिलाओं के लिए ज्यादा रोजगार के अवसर खोलने वाला माना जा रहा है. अधिकारियों ने कहा कि इससे महिलाओं को पुरुषों के समान काम के अवसर मिलेंगे, जिससे आर्थिक रूप से वे और अधिक मजबूत बन सकेंगी. यह कदम लैंगिक समानता को भी बढ़ावा देगा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगा.

NATIONAL : गुवाहाटी टेस्ट की हार से गुस्साए फैन्स ने भरे स्टेडियम कर दी ये हरकत, शांत खड़े रहे गंभीर फिर मोहम्मद सिराज ने जो किया वो हुआ वायरल

0

साउथ अफ्रीका से शर्मनाक क्लीन स्वीप के बाद गुवाहाटी में फैंस ने हेड कोच गौतम गंभीर के खिलाफ ‘हाय-हाय’ के नारे लगाए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे दर्दनाक यादों में से एक बन चुकी है. यह सीरीज सिर्फ हार नहीं थी, बल्कि ऐसी शिकस्त थी जिसने भारतीय फैंस को हिला कर रख दिया. साउथ अफ्रीका ने भारत को 2-0 से क्लीन स्वीप किया. गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय टीम 408 रन से हार गई, जो टेस्ट क्रिकेट में भारत की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी हार है.

इतनी बड़ी हार के बाद गुवाहाटी के मैदान में माहौल गरमा गया. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि दर्शक स्टैंड से भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर के खिलाफ “हाय-हाय” के नारे लगा रहे थे. टीम इंडिया के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ भी मैदान में मौजूद थे, जिससे स्थिति और असहज हो गई.

इसी दौरान तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ऐसा कदम उठाया जिसने हर किसी का दिल जीत लिया. सिराज ने फैंस की ओर देखकर मुंह पर उंगली रखते हुए उन्हें चुप रहने का इशारा किया. उनका यह जेस्चर साफ बता रहा था कि वह अपने हेड कोच के साथ खड़े हैं. वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और सिराज की हर तरफ तारीफ हो रही है.

गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से टीम इंडिया का टेस्ट रिकॉर्ड बहुत मजबूत नहीं रहा है. अब तक भारत ने गंभीर की कोचिंग में 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 7 जीते, 10 हारे और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे. लगातार हारों के बाद आलोचकों का कहना है कि टीम को नई रणनीति और मजबूत प्लानिंग की जरूरत है.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली करारी हार के बाद गंभीर के कार्यकाल पर सवाल उठने लगे हैं. खासकर घरेलू मिट्टी पर क्लीन स्वीप मिलना भारतीय फैंस के लिए बिल्कुल अस्वीकार्य रहा.

टीम इंडिया अब अपनी अगली टेस्ट सीरीज 2026 में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी. इससे पहले टीम मैनेजमेंट को अपनी खामियों को पहचानना होगा. चाहे बात बल्लेबाजी के ढहने की हो, गेंदबाजी में धार की कमी की हो या टीम संयोजन की.

BUSINESS : अब इनकी भी नौकरी खा लेगा AI! 6000 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी, कम्प्यूटर बनाती है कंपनी

0

कम्प्यूटर बनाने वाली कंपनी HP Inc ने 2028 तक 4000 से 6000 कर्मचारियों की कटौती करने का बड़ा ऐलान कर दिया है. इसके पीछे भी आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस (AI) को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है.

टेक्नोलॉजी तेजी से आगे बढ़ती जा रही है. इससे एक तरफ इंसान को तमाम सुविधाएं मिल रही हैं. वहीं, दूसरी तरफ नुकसान भी जमकर हो रहा है. अब आप आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस (AI) को ही ले लीजिए, जिसके चलते लाखों की तादात में कर्मचारियों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ रहा है. इस क्रम में एक और कंपनी का नाम जुड़ने जा रहा है, जिसने 2028 तक 4000 से 6000 कर्मचारियों की कटौती करने का मन बना लिया है.

बताया जा रहा है कंपनी में होने वाली यह छंटनी उनके ‘फिस्कल 2026 प्लान’ का हिस्सा है, जिसका फोकस AI को अपनाने और उसे इनेबल करने पर है ताकि प्रोडक्टिविटी बढ़ सके, प्रोडक्ट इनोवेशन में तेजी आ सके और कस्टमर कंपनी के साथ कैसे इंटरैक्ट करते हैं, इसे बेहतर बनाया जा सके. यह रीस्ट्रक्चरिंग इस बात का सिग्नल है कि HP का मानना ​​है कि AI उसके वर्कफोर्स को पूरी तरह से बदल देगा. यह एक ऐसा ट्रेंड है जिसे टेक सेक्टर में अपनाए जाने की होड़ सी लगी हुई है और इस पर एक्सपर्ट्स की पैनी नजर बनी हुई है.

छंटनी की चपेट में कई टीमें आएंगी क्योंकि लोग कई सेगमेंट्स से निकाले जाएंगे. कंपनी के सीईओ Enrique Lores के मुताबिक, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, इंटरनल ऑपरेशंस और कस्टमर सपोर्ट पर इसका असर देखने को मिलेगा क्योंकि HP के पूरे ऑर्गनाइजेशन में AI को अपनाने और इनेबल करने की वजह से कस्टमर सपोर्ट वाले पोस्ट खाली हो जाएंगे.

HP को उम्मीद है कि इन कामों से बड़े फाइनेंशियल फायदे होंगे और फिस्कल ईयर 2028 के आखिर तक हर साल लगभग 1 बिलियन डॉलर की ग्रॉस रन रेट सेविंग का अनुमान है. हालांकि, HP के मुताबिक, रीस्ट्रक्चरिंग प्रोसेस में ही लगभग 650 मिलियन डॉलर की लेबर और नॉन-लेबर कॉस्ट आएगी, जिसमें फिस्कल ईयर 2026 में लगभग 250 मिलियन डॉलर का खर्च बैठने की उम्मीद है. कर्मचारियों की संख्या में कटौती का यह मौजूदा दौर इस साल की शुरुआत में किए गए पिछले रीस्ट्रक्चरिंग प्लान के बाद आया है, जिसमें कंपनी पहले ही 1,000 से 2,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी है.

- Advertisement -

News of the Day