Wednesday, April 29, 2026
Home Blog Page 306

MAHARASHTRA : महिला की हत्या के बाद सूटकेस में भरकर फेंका शव, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

0

महाराष्ट्र के ठाणे से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने लिव इन पार्टनर की हत्या के बाद शव को सूटकेस में भरकर फेंक दिया. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक नाले के किनारे एक सूटकेस में महिला की लाश मिली थी. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए महिला के लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर 21 नवंबर को झगड़े के बाद महिला की हत्या कर दी और अगले दिन लाश को नाले के पास फेंक दिया. प्रियंका विश्वकर्मा (22) की लाश सोमवार को देसाई गांव के पास नाले के पुल के नीचे मिली. मृतका की कलाई के पास ‘P V S’ शब्द का टैटू बना हुआ मिला.

पुलिस को शक था कि लाश को नाले में फेंकने के लिए सूटकेस में भरकर लाया गया था. सोशल मीडिया और इलाके के CCTV फुटेज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने देसाई गांव से विनोद श्रीनिवास विश्वकर्मा (50) को पकड़ा है.

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल कर लिया कि उसने हत्या की है. पीड़िता पिछले पांच साल से आरोपी के साथ रह रही थी. 21 नवंबर की रात को उनका झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. अधिकारी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने दिन तक लाश को अपने घर में रखा, लेकिन जब वह सड़ने लगी और बदबू फैलने लगी, तो उसने लाश को एक सूटकेस में भरकर पैदल नाले के पास ले जाकर 22 नवंबर की रात को पुल से फेंक दिया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

NATIONAL : बद्रीनाथ मंदिर को 12 क्विंटल फूलों से सजाया गया, धाम के कपाट कल होंगे बंद, चारधाम यात्रा होगी संपन्न

0

उत्तराखंड के ऊपरी गढ़वाल में बद्रीनाथ मंदिर के कपाट मंगलवार को बंद हो रहे हैं, जिससे इस साल की चारधाम यात्रा समाप्त होगी. गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट पहले ही बंद किए जा चुके हैं. इस साल लगभग 51 लाख श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए, जिनमें 2.74 लाख हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा गए. यमुनोत्री में 6.44 लाख, गंगोत्री में 7.58 लाख, केदारनाथ में 17.68 लाख और बदरीनाथ में 16.47 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए.

उत्तराखंड के ऊपरी गढ़वाल क्षेत्र में स्थित बद्रीनाथ मंदिर के कपाट मंगलवार को दोपहर 2.56 बजे बंद हो जाएंगे, जिससे इस साल की चारधाम यात्रा औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी. बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि गढ़वाल हिमालय के चार प्रमुख धामों में से तीन के कपाट पहले ही बंद किए जा चुके हैं. मंदिर को 12 क्विंटल फूलों से सजाया गया है.

गंगोत्री के कपाट 22 अक्टूबर को दिवाली और अन्नकूट के अवसर पर बंद हुआ था, जबकि केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट उसके अगले दिन बंद किए गए. हिमालय की ऊंची चोटियों में भारी बर्फबारी और सर्दी के कारण ये चारों धाम हर साल अक्टूबर-नवंबर में बंद कर दिए जाते हैं और अगले साल अप्रैल-मई में पुनः खोले जाते हैं.

चारधाम यात्रा लगभग छह महीने तक चलती है, ये राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है. इस साल लगभग 51 लाख श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए, जिनमें 2.74 लाख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा भी गए.

DELHI : कमला पसंद पान मसाला के मालिक की बहू ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा- ‘प्यार नहीं, भरोसा नहीं…’

दिल्ली के वसंत विहार इलाके में पान मसाला कारोबारी की बहू ने खुदकुशी कर ली है. महिला का शव घर में चुनरी से लटका मिला है. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.दिल्ली के वसंत विहार इलाके में कमला पसंद और राजश्री पान मसाला के मालिक कमल किशोर की पुत्रवधू दीप्ति चौरसिया (40) ने खुदकुशी कर ली. मंगलवार शाम उनका शव घर में चुनरी से लटका हुआ मिला.

जानकारी के मुताबिक, दीप्ति का अपने पति हरप्रीत चौरसिया के साथ विवाद चल रहा था. दोनों की शादी वर्ष 2010 में हुई थी और उनका 14 साल का एक बेटा है.पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दीप्ति ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

सूत्रों के मुताबिक सुसाइड नोट में प्यार और भरोसे की बातें लिखी हुईं है. नोट में लिखा, अगर प्यार नहीं, भरोसा नहीं किसी रिश्ते में तो फिर रिश्ते में रहने की और जीने की वजह क्या है.शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दीप्ति मानसिक तनाव या किसी अन्य परेशानी से जूझ रही थीं या नहीं.

ENTERTAINMENT : धर्मेंद्र के निधन से टूटा डायरेक्टर, ‘अपने 2’ की बंद, बोला- उनके बिना नहीं हो सकती

फिल्ममेकर अनिल शर्मा ने बताया कि इस साल अक्टूबर में उनकी धर्मेंद्र से आखिरी मुलाकात हुई थी. उस वक्त लेजेंड ने कहा था, ‘अनिल, कोई अच्छी कहानी ला, अच्छी फिल्म करनी है… कैमरा मेरी महबूबा है, मुझे याद करती है. मुझे उसके सामने जाना है.’

दिग्गज बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र का सोमवार, 24 नवंबर 2025 को निधन हो गया. थिएटर्स में उनकी आखिरी रिलीज फिल्म ‘इक्कीस’ होगी. लेकिन एक और फिल्म थी, जिसमें वे नजर आने वाले थे. वो थी ‘अपने 2’. इस फिल्म में देओल परिवार की तीन पीढ़ियां, धर्मेंद्र, सनी देओल, बॉबी देओल और करण देओल, एक साथ आने वाली थीं. मगर डायरेक्टर अनिल शर्मा ने साफ कह दिया है कि धर्मेंद्र के बिना यह फिल्म बनाना असंभव है.

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा, ‘अपने तो अपनों के बिना नहीं हो सकती. धरम जी के बिना सीक्वल बनाना नामुमकिन है. सब कुछ ट्रैक पर था, स्क्रिप्ट भी तैयार थी, लेकिन वे हमें छोड़कर चले गए. कुछ सपने अधूरे ही रह जाते हैं. उनके बिना यह मुमकिन नहीं.’अनिल शर्मा पहले भी धर्मेंद्र के साथ ‘हुकूमत’, ‘ऐलान-ए-जंग’, ‘फरिश्ते’, ‘तहलका’ और ‘अपने’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. ‘अपने 2’ की घोषणा कुछ साल पहले हो चुकी थी, लेकिन फिल्म फ्लोर पर नहीं जा सकी. ये साल 2007 में आई धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल स्टारर हिट फिल्म ‘अपने’ का सीक्वल थी.

फिल्ममेकर ने बताया कि इस साल अक्टूबर में उनकी धर्मेंद्र से आखिरी मुलाकात हुई थी. उस वक्त लेजेंड ने कहा था, ‘अनिल, कोई अच्छी कहानी ला, अच्छी फिल्म करनी है… कैमरा मेरी महबूबा है, मुझे याद करती है. मुझे उसके सामने जाना है.’

धर्मेंद्र के निधन पर अनिल शर्मा ने बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर की थी. उन्होंने लिखा, ‘अभी तो संग था. अभी तो संग था, वो संग था. वो संसार का सबसे सुंदर इन्सां था. वो आसमान जमीन पर था, फिर से आसमानों का हो गया. जाने नहीं दिया दिलों ने उसे. यूं उठा हमीं से, उठकर हर दिल में ठहर गया. नजरों में था, मन में था. अब रूह में रब की तरह उतर गया. धरम जी सिर्फ एक अभिनेता नहीं, एक एहसास थे. दिलों ने जाने नहीं दिया… अब हर रूह में, हर मुस्कान में, हर याद में ठहर गए. आप हमेशा-हमेशा रहेंगे हमारे दिल में, सर आपकी गर्माहट, आपकी सादगी, आपकी रोशनी अमर है.’

धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ होगी. इसमें अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं. श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म ठीक उनके निधन के एक महीने बाद, 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी. धर्मेंद्र के जाने से बॉलीवुड में शोक पसरा हुआ है.

ENTERTAINMENT : शुभांगी अत्रे ने 10 साल बाद छोड़ा ‘भाभीजी घर पर हैं’, मेकर्स से हुईं नाराज? शो में लौटेंगी शिल्पा शिंदे

0

टीवी शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ को शुभांगी अत्रे ने 10 साल बाद शो छोड़ दिया है. शिल्पा शिंदे को अंगूरी भाभी के रोल में वापस लाने का फैसला हुआ है. शुभांगी ने अपने जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे इस जर्नी को आभार के साथ समाप्त कर रही हैं और नए अवसरों की तलाश में हैं.

टीवी शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ के फैंस को तब झटका लगा था जब उनकी फेवरेट शिल्पा शिंदे ने शो छोड़ा था. इस रोल में शिल्पा को शुभांगी अत्रे ने रिप्लेस किया. लेकिन फैंस को दोबारा झटका इसलिए लगा है क्योंकि 10 साल बाद शुभांगी ने शो को अलविदा कह दिया है. उनके शो से जाने की वजह मेकर्स का वो फैसला बना है, जिसके तहत उन्होंने पुरानी अंगूरी भाभी यानी शिल्पा शिंदे को वापस लेने का फैसला किया है.

शुभांगी ने खुद शो छोड़ने की अटकलों को कंफर्म कर दिया है. पिछले हफ्ते उन्होंने अपना आखिरी एपिसोड शूट किया है. उनका कहना है वो ग्रैटिट्यूड के साथ अपनी इस जर्नी को खत्म कर रही हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में शुभांगी ने अपनी जर्नी और शिल्पा शिंदे की वापसी पर बात की.

उन्होंने कहा- मैंने प्रोड्यूसर मिसेज कोहली से हमेशा ये कहा था कि शो में मेरी जर्नी आन बान और शान के साथ शुरू होगी. ठीक वैसे ही मेरी जर्नी यहां पर खत्म हो रही है. इससे अच्छी एग्जिट की मैं कल्पना नहीं कर सकती थी. मुझे क्यों रिप्लेस किया जा रहा है, इसकी वजह में घुसने का मतलब नहीं है. मैं इसे ब्लेसिंग्स की तरह लेती हूं क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं. मैं नए कैरेक्टर्स को एक्सपलोर करना चाहती हूं. यहां से निकलकर फिर से काम की तलाश करनी है. जिंदगी में इतना कुछ देखने के बाद अब मैं फाइटर मोड में हूं. अभी मैं अपने काम और बेटी पर फोकस कर रही हूं.

शुभांगी ने कहा कि ‘भाभीजी घर पर हैं’ शो में जर्नी खत्म होने को लेकर वो इमोशनल हैं. उनके लिए ये घर छोड़ने जैसा है. अंगूरी भाभी का रोल जैसे उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. इस शो से शुभांगी को जो भी मिला है उसका वो शुक्रिया आदा करती हैं. 2016 से शुभांगी शो का हिस्सा रही हैं. वो कहती हैं कि किसी को रिप्लेस करना आसान नहीं होता, लोगों ने जिस तरह अंगूरी भाभी के रोल में उन्हें स्वीकारा, इसका वो आभार जताती हैं.

वैसे ये पहली बार नहीं था जब शुभांगी ने शिल्पा शिंदे को रिप्लेस किया था. शो चिड़ियाघर में भी शुभांगी ने शिल्पा की जगह ली थी. इस पर शुभांगी ने कहा- मैं इस रिप्लेसमेंट गेम को अब खत्म करती हूं. मैंने अपनी मां से कहा कि शिल्पा ने शो (भाभीजी घर पर हैं) को 9-10 महीने में छोड़ दिया था. ऐसा महसूस हुआ जैसे न्यूबॉर्न बेबी वो मुझे सौंपकर गई हों. अब वो बच्चा बड़ा होकर 10 साल का हो चुका है. मैं अब इसे वापस कर रही हूं. मैंने उसे सभी वैल्यूज और संस्कार दिए हैं. मैं इसे दिल से सौंप रही हूं. मैं शिल्पा शिंदे और पूरी टीम को इस शो के 2.0 वर्जन के लिए ऑल द बेस्ट कहूंगी.

NATIONAL : युवती को कैफे में मुलाकात के लिए बुलाया, गैंगरेप के बाद धमकाकर छोड़ा

0

सिवनी में 20 साल की युवती को कैफे में बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके जान पहचान के एक युवक ने 22 नवम्बर की रात उसे कंडीपार रोड के एक कैफे में मिलने के लिए बुलाया था जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया.

25 नवंबर 2025,मध्य प्रदेश के सिवनी में गैंगरेप का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 20 साल की युवती को कैफे में बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. घटना सिवनी के डूंडा सिवनी थाना इलाके की है. युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके जान पहचान के एक युवक ने 22 नवम्बर की रात उसे कंडीपार रोड के एक कैफे में मिलने के लिए बुलाया था.

युवती ने बताया कि यहां उसके साथ आरोपी समेत उसके तीन दोस्तों ने रेप किया. इसके बाद उसे किसी की ना बताने की धमकी देते हुए देर रात बस स्टैंड ले जाकर छोड़ दिया. पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपियों जेल भेज दिया गया है.

DELHI : ई-कॉमर्स के वेयरहाउस से महंगे गैजेट को नकली से बदलकर करते थे चोरी, डिलीवरी बॉय समेत दो गिरफ्तार

0

दिल्ली पुलिस ने महंगे स्मार्टवॉच और ईयरपॉड्स को नकली उत्पादों से बदलकर चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्‍यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक डिलीवरी एजेंट भी शामिल है. पुलिस ने छह चोरी किए गए गैजेट और कई नकली डिवाइस बरामद किए. आरोपी महंगे उत्पादों को असली पैकेट से निकालकर नकली सामान डाल देते थे. गिरोह के अन्य सदस्य बिहार में स्थित बताए जा रहे हैं.

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो ई-कॉमर्स कंपनियों के महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को नकली उत्पादों से बदलकर चोरी कर रहा था. इस गिरोह के दो सदस्यों 22 वर्षीय उमेश और 23 वर्षीय सनी कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, इनकी हरकतों से एक गोदाम को करीब 8.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ.

गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने तीन स्मार्टवॉच, तीन ईयरपॉड्स और उनके चार्जर बरामद किए हैं. साथ ही, वे नकली डिवाइस भी मिले हैं जिनका इस्तेमाल ये लोग असली उत्पादों को बदलने के लिए करते थे.मामला तब सामने आया जब 15 नवंबर को उत्तम नगर के वेयरहाउस मालिक सनी कुशवाहा ने ई-एफआईआर दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि डिलीवरी एजेंट उमेश अपने साथी के साथ मिलकर महंगे गैजेट्स को नकली सामान से बदल रहा है.

पुलिस ने उमेश को प्रेम नगर से पकड़ा. उसकी जानकारी पर मालवीय नगर के एक फ्लैट में छापा मारकर सनी कुमार को भी हिरासत में लिया गया. चोरी का सामान रसोई में बने एक गुप्त खांचे से मिला.

पूछताछ में उमेश ने बताया कि वह ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस में काम करता था. वहीं से उसकी मुलाकात अंकित और बिहार के सनी कुमार से हुई. ये लोग उसे हर एक महंगे पार्सल के बदले 3,500 रुपये देते थे. उमेश असली गैजेट डिलीवरी के दौरान गिरोह को दे देता था, जबकि पार्सल में नकली डिवाइस डालकर ऑर्डर कैंसल कर दिया जाता था.

पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए गैजेट्स को बिहार के समस्तीपुर भेजा जाता था, जहां आरोपी अमर उन्हें एक मोबाइल डीलर राजेश को सप्लाई करता था. पुलिस अब इन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.

ENTERTAINMENT : दिलजीत दोसांझ को नहीं मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड, अमर सिंह चमकीला भी चूकी, देखें विनर्स लिस्ट

0

53वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2025 में फिल्म अमर सिंह चमकीला को कोई अवॉर्ड नहीं मिला. दिलजीत को बेस्ट एक्टर और फिल्म को बेस्ट TV मिनी मूवी/मिनी सीरीज में नॉमिनेट किया गया था, लेकिन दोनों कैटेगरी में जीत नहीं मिली. देखें पूरी विनर्स लिस्ट…

53वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2025 का शानदार आगाज मंगलवार को न्यूयॉर्क सिटी में हुआ. विनर्स की पूरी लिस्ट रिवील हो गई है. यहां भारत के हाथ थोड़ी निराशा लगी है. दिलजीत दोसांझ की बायोग्राफिल ड्रामा ‘अमर सिंह चमकीला’ एक भी अवॉर्ड नहीं जीत पाई है. दिलजीत को बेस्ट एक्टर और फिल्म को बेस्ट TV मिनी मूवी/मिनी सीरीज कैटिगरी में नॉमिनेट किया गया था. दोनों ही कैटिगरी में अवॉर्ड जीतने से ये फिल्म चूक गई है.

दिलजीत के बजाय बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड Oriol Pla को फिल्म ‘आई, एडिक्ट’ के लिए मिला है. वहीं बेस्ट TV मूवी/मिनी सीरीज कैटिगरी में लॉस्ट बॉयज एंड फेयरीज ने जीत हासिल की है. बेस्ट परफॉर्मेंस कैटिगरी में दिलजीत के साथ डेविड मिशेल (लुडविग), Oriol Pla (आई, एडिक्ट) और Diego Vasquez (वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिट्यूड) नॉमिनेटेड थे. अमर सिंह चमकीला फिल्म के एमी अवॉर्ड्स में चूकने से भारतीय फैंस निराश हैं. उन्हें मूवी की जीत पर भरोसा था क्योंकि इसे ग्लोबल लेवल पर भी काफी पॉपुलैरिटी मिली थी.

एमी वर्ल्ड टेलीविजन फेस्टिवल के दौरान एक पैनल में बोलते हुए इम्तियाज अली ने कहा- मेरे लिए ये फिल्म एक कलाकार और उसकी कला के बीच की लव स्टोरी थी. एक गायक और उसकी परफॉर्मेंस का रिश्ता प्रेमियों की तरह होता है. एक समय ऐसा आता है जब आप इसे पैसे, शोहरत या चमक-दमक के लिए नहीं, बल्कि उस कला के प्यार में करते हैं. ये एक ऐसा जुनून होता है जो तर्क से परे जाकर दर्शकों से जुड़ने की कोशिश करता है. इसी भाव पर मैंने अमर सिंह चमकीला के कैरेक्टर को गढ़ा.

इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म पंजाबी लोक-गायक अमर सिंह चमकीला की जिंदगी पर बेस्ड है. चमकीला को पंजाब के एल्विस के नाम से भी बुलाया जाता था. दिलजीत और परिणीति चोपड़ा लीड रोल में थे. ये फिल्म पिछले साल अप्रैल में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी. फिल्म को क्रिटिक्स ने खूब सराहा था. चमकीला के गाने उस दौर में लोगों के बीच जितने पॉपुलर थे, उतना ही विवाद इनपर हुआ था. सिंगर के गानों को अश्लील का टैग दिया गया था. 8 मार्च 1988 को गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी गई थी.

NATIONAL : ‘लड़की सांवली है, नहीं करूंगा शादी’, सगाई के बाद युवक ने विवाह से किया इनकार, थाने में हुआ ये समझौता

0

कौशांबी में सगाई के बाद एक युवक ने दुल्हन के सांवले रंग के कारण शादी करने से इनकार कर दिया. विवाद महिला थाने पहुंचा. एसओ नीलम राघव ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. आखिर में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से लेनदेन का सामान वापस कर समझौता कर लिया.

यूपी के कौशांबी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. सगाई के बाद युवक ने सिर्फ इसलिए शादी करने से मना कर दिया क्योंकि दुल्हन सांवली थी. दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो अंततः महिला थाने पहुंचा, जहां आपसी समझौते के बाद दिया गया सामान लौटा दिया गया.

दरअसल, कड़ाधाम कोतवाली इलाके की एक युवती की शादी कोखराज थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ तय हुई थी. युवक बाहर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है. दोनों परिवारों ने मिलकर लड़का-लड़की पसंद किए और मंगनी की तारीख तय की. सगाई के दौरान, युवक ने युवती को सांवला बताते हुए शादी करने से मना कर दिया. मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस से की गई.

दोनों पक्षों को महिला थाना बुलाया गया. महिला थाना एसओ नीलम राघव ने महिला आरक्षी विद्या यादव के साथ बैठकर दोनों पक्षों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया. लेकिन युवक सांवले रंग की बात पर अड़ा रहा और शादी से इनकार कर दिया. जब दोनों पक्ष किसी भी कीमत पर शादी के लिए राजी नहीं हुए, तब एसओ नीलम राघव ने कहा कि काफी समझाने के बाद भी बात नहीं बन सकी।.

आखिरकार, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक-दूसरे को सगाई के दौरान दिया गया सारा सामान वापस कर दिया और समझौता कर लिया. एसओ नीलम राघव ने बताया कि दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायतें लेकर आए थे और अंत में समझौता करके चले गए. यह पूरा मामला कौशांबी जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.

UP : काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों के लिए बड़ी खबर, स्पर्श दर्शन को लेकर आया बड़ा अपडेट

0

सोमवार के दिन भगवान शंकर के सबसे बड़े धाम में दर्शन करने की प्रत्येक शिवभक्त की इच्छा रहती है. प्रवेश करने के बाद श्रद्धालु चाहते हैं कि उन्हें बाबा का स्पर्श दर्शन जरूर प्राप्त हो जाए

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए दूर दराज से शिवभक्त अपनी अनेक मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं. इस दौरान प्रत्येक श्रद्धालुओं की इच्छा रहती है कि बाबा विश्वनाथ का स्पर्श दर्शन उन्हें प्राप्त हो, लेकिन बीते दिनों से काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में मार्बल लगाने और स्वर्ण शिखर की सफाई का कार्य हो रहा है, जिसकी वजह से निर्धारित अवधि तक के लिए स्पर्श दर्शन पर रोक है. जानकारी मिलने तक आज सोमवार के दिन भी भक्तों को स्पर्श दर्शन नहीं मिल सकेगा.

अपने आराध्य के स्पर्श न कर पाने से भक्तों में निराशा है. जबकि आज भीड़ रोजाना के मुकाबले अधिक होगी. ऐसे में ये समाचार उनके लिए बेहद कष्टकारी है. मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है.

ABP Live को मिली जानकारी के अनुसार द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रमुख तिथियों पर पहुंचते हैं. विशेष तौर पर सोमवार के दिन भगवान शंकर के सबसे बड़े धाम में दर्शन करने की प्रत्येक शिवभक्त की इच्छा रहती है. वहीं धाम में प्रवेश करने के बाद श्रद्धालु चाहते हैं कि उन्हें बाबा का स्पर्श दर्शन जरूर प्राप्त हो जाए.

लेकिन बीते दिनों से वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में मार्बल लगाने का कार्य किया जा रहा है. इसके अलावा स्वर्ण शिखर की सफाई भी चल रही है. इसकी वजह से स्पर्श दर्शन पर रोक है और आज सोमवार के दिन भी भक्तों को स्पर्श दर्शन नहीं प्राप्त हो सकेगा. बाकी सभी पूजन और झांकी दर्शन भक्तों को प्राप्त हो रहा है. संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार से भक्तों को स्पर्श दर्शन मिलने लगेगा.

विशेष तौर पर देश के कोने-कोने से पहुंचने वाले श्रद्धालु इस बात के लिए प्रयासरत रहते हैं कि बाबा का स्पर्श दर्शन उन्हें जरूर प्राप्त हो. हालांकि अलग-अलग अवधि में मंदिर की व्यवस्थाओं को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की तरफ से श्रद्धालुओं को स्पर्श दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है.

- Advertisement -