Wednesday, April 29, 2026
Home Blog Page 319

NATIONAL : मुख्तार के बेटे उमर अंसारी का हाई प्रोफाइल वेडिंग रिसेप्शन, ओवैसी-सिब्बल समेत पहुंची ये बड़ी हस्तियां…

0

मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी और फातिमा के वेडिंग रिसेप्शन में दिल्ली में दिग्गजों का जमावड़ा लगा. इस भव्य रिसेप्शन में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, असदुद्दीन ओवैसी, कपिल सिब्बल, इमरान मसूद, इकरा हसन और प्रिया सरोज जैसी हस्तियों ने शिरकत की. मेहमानों की अगवानी सपा सांसद अफजाल अंसारी ने की. यह रिसेप्शन 15 नवंबर को हुए गुपचुप निकाह के बाद आयोजित किया गया था.

मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी की शादी के रिसेप्शन में दिग्गजों का जमावड़ा लगा. पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, सांसद असदुद्दीन ओवैसी, इमरान प्रतापगढ़ी, इकरा हसन, प्रिया सरोज, इमरान मसूद और सुप्रीम कोर्ट के वकील कपिल सिब्बल समेत कई नामी-गिरामी हस्तियां इस रिसेप्शन में शिरकत करने पहुंची थीं. ये वेडिंग रिसेप्शन दिल्ली में हुआ था, जिसकी तस्वीरें अब सामने आ रही हैं.

आपको बता दें कि उमर अंसारी की शादी यूपी के गाजीपुर (मोहम्दाबाद) निवासी फातिमा से हुई है. 17 नवंबर की रात दिल्ली के एक लॉन में भव्य रिसेप्शन हुआ जिसमें कई राजनीतिक हस्तियों ने पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया. इस कार्यक्रम में शहाबुद्दीन के बेटे और बिहार के विधायक ओसामा भी शामिल रहे.

मेहमानों की अगवानी खुद गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी कर रहे थे, जबकि पूरे आयोजन की जिम्मेदारी उमर के बड़े भाई अब्बास अंसारी और भाभी निकहत अंसारी ने संभाली थी. यह वेडिंग रिसेप्शन 15 नवंबर को हुए गुपचुप निकाह के बाद आयोजित किया गया, जिसे परिवार ने बेहद निजी रखा था.

NATIONAL : पुणे एयरपोर्ट पर हंगामा, इंडिगो की फ्लाइट 3 घंटे लेट होने पर भड़के यात्री

0

पुणे से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट में तीन घंटे से अधिक की देरी होने के कारण यात्रियों नाराजगी जताई. यात्री बोर्डिंग गेट पर ही एयरलाइन कर्मचारियों पर भड़क गए, जिससे एयरपोर्ट पर हंगामा मच गया. इस घटना का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है.

पुणे एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की पुणे-दिल्ली फ्लाइट (6E 6763) करीब तीन घंटे की देरी से उड़ान भरी, जिससे यात्री भड़क उठे और एयरपोर्ट पर हंगामा मच गया. ये फ्लाइट सुबह 5:05 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने थी, लेकिन तीन घंटे से ज्यादा देरी से 8:17 बजे रवाना हुई.

फ्लाइट में देरी से परेशान यात्रियों ने बोर्डिंग गेट पर ही इंडिगो स्टाफ पर भड़क गए. कई यात्री चिल्लाते और शिकायत करते भी दिखे. इस दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यात्रियों को स्टाफ से ऊंची आवाज में बहस करते सुना जा सकता है.यात्रियों का कहना था कि फ्लाइट की देरी के बारे में पहले कोई सूचना नहीं दी गई और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई. कई लोगों की दिल्ली से आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी छूट गईं.

इस पूरे घटना क्रम पर इंडिगो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक देरी की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है.पुणे-दिल्ली रूट पर इंडिगो की ये सुबह की पहली फ्लाइट होती है और ज्यादातर बिजनेस और जरूरी यात्रा करने वाले यात्री इसी पर निर्भर रहते हैं. तीन घंटे की देरी से कई लोगों के महत्वपूर्ण मीटिंग और अपॉइंटमेंट प्रभावित हुए हैं, जिससे लोग नाराज थे.

RAJASTHAN : बहू के कैरेक्टर पर सवाल उठाते थे सास-ससुर, मां ने कर दी 9 माह की बच्ची की हत्या

0

खैरथल तिजारा जिले में 9 माह की बच्ची की गला घोटकर हत्या करने के आरोप में मां रुनीजा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि ससुराल पक्ष उसके कैरेक्टर पर सवाल उठाता था और बच्ची को पति की संतान नहीं मानता था. लगातार ताने और दहेज की मांग से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया.

खैरथल तिजारा जिले के किशनगढ़बास में 9 माह की मासूम बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने बच्ची की मां रुनीजा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि रुनीजा ने अपने ही हाथों से अपनी बच्ची अक्स की गला घोटकर हत्या कर दी. यह घटना 16 तारीख को सामने आई, जब परिवार के लोगों ने कमरे में बिछी घाट पर बच्ची का शव देखा और मामले की सूचना पुलिस को दी.

जफरुद्दीन नाम के व्यक्ति ने किशनगढ़ बास थाने में एफआईआर दर्ज करवाई. एफआईआर में बताया गया कि रुनीजा ने अपनी 9 माह की बच्ची की हत्या की है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जांच के दौरान पुलिस ने रुनीजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

पुलिस पूछताछ में रुनीजा ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि उसके सास ससुर उसके कैरेक्टर पर सवाल उठाते थे और कहते थे कि बच्ची उसके पति की नहीं है. लड़की होने पर भी वे ताना मारते थे और लड़का पैदा करने का दबाव बना रहे थे. रुनीजा ने बताया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की भी मांग करते थे और गाड़ी की मांग को लेकर आए दिन विवाद करते थे. इन सब बातों से वह लंबे समय से परेशान थी.

रुनीजा ने बताया कि रोजाना के तानों और आरोपों से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया. इसी तनाव में उसने अपनी बच्ची की गला घोटकर हत्या कर दी और फिर घर से निकल गई. पुलिस ने उसे बाद में पकड़ लिया और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ससुराल पक्ष द्वारा लगाए गए ताने, दहेज की मांग और दबाव ने घटना को किस हद तक प्रभावित किया. एसएचओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है.

UP : अमीर परिवार में शादी करने के लिए बना फर्जी SI, शाहजहांपुर से युवक गिरफ्तार

0

शाहजहांपुर में पुलिस ने एक फर्जी पुलिसवाले को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को पुलिसवाला बताकर अमीर घर में शादी करना चाहता था. लेकिन उससे पहले ही उसका राज खुल गया और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक व्यक्ति जो खुद को सब-इंस्पेक्टर बताकर किसी अमीर परिवार में शादी का झांसा दे रहा था, उसे मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भावरे ने बताया कि सोमवार रात खुटार थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच के दौरान पुलिस को एक कार में सब-इंस्पेक्टर का बैज लगी वर्दी दिखाई दी. भावरे ने बताया कि संदेह होने पर ड्राइवर गौरव शर्मा से पूछताछ की गई.

एएसपी ने बताया कि शर्मा ने दावा किया था कि वह लखीमपुर खीरी में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है, लेकिन संबंधित थाने से पुष्टि करने पर पता चला कि वह झूठ बोल रहा था. बाद में शर्मा को हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में उसने बताया कि वह मथुरा का रहने वाला है और खुटार में किराए पर रह रहा है.

अधिकारी ने कहा, “वह शादी नहीं कर पा रहा था, इसलिए उसने सब-इंस्पेक्टर की वर्दी बनवाई और लोगों को डराने-धमकाने के लिए उसे पहनना शुरू कर दिया. उसे लगता था कि वह सरकारी नौकरी में है और किसी अमीर परिवार में शादी कर सकता है.”भावरे ने बताया कि आरोपी ने यह भी कहा कि जब भी उसे ज़रूरत होती, वह वर्दी पहन लेता. इससे उसे टोल टैक्स देने से भी छुटकारा मिल जाता था. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.

BUSINESS : लाडकी बहिन योजना की e-KYC की लास्ट डेट थी 18 नवंबर, अब आया ये बड़ा अपडेट

0

महाराष्ट्र की मंत्री अदिति सुनील तटकरे ने जानकारी देते हुए बताया है कि राज्य की लाडकी बहिन योजना की e-KYC के लिए डेडलाइन को बढ़ा दिया गया है.

महाराष्ट्र की लाडकी बहिन योजना की e-KYC के लिए लास्ट डेट 18 नवंबर तय किया गया था. इस बीच मंगलवार को राज्य की मंत्री अदिति तटकरे ने जानकारी दी कि इसकी डेडलाइन को बढ़ा दिया गया है. उन्होंने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार के आदेश पर डेडलाइन 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है.

मंत्री अदिति सुनील तटकरे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “लाडकी बहिन योजना के लिए हमने ई-केवाईसी की प्रक्रिया दो महीने पहले शुरू की थी. 18 नवंबर को उसकी आखिरी तारीख थी. हमने आज (18 नवंबर) को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार की अनुमति और मार्गदर्शन से इस समय सीमा को बढ़ा दिया है. इस डेडलाइन को एक्सटेंशन देकर समय सीमा को 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है ताकि कोई लाभार्थी जिसने ई-केवाईसी की प्रक्रिया नहीं की, उस लाभ से वंचित न हो. हमने उन्हें एक महीने से अधिक समय का एक्सटेंशन दिया है. मुझे विश्वास है कि इस इससे वंचित लाभार्थियों को राहत मिलेगी.”

लाडकी बहिन योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी का बैंक खाता आधार नंबर से लिंक होना जरूरी है. अन्यथा वो इस योजना के तहत फायदा नहीं उठा सकते हैं. लाडकी बहिन योजना का ई-केवाईसी कराते वक्त सबसे पहले लाभार्थी महिला का आधार कार्ड नंबर सरकारी वेबसाइट पर दर्ज किया जाता है. उसके बाद उस मोबाइल नंबर पर OTP आता है जिससे महिला का आधार कार्ड लिंक है. कई पात्र लाभार्थियों को ओटीपी की वजह से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी. अब समय सीमा बढ़ाने से लाभार्थियों को राहत मिलेगी.

महाराष्ट्र सरकार हर महीने लाडकी बहिन योजना के तहत लाभार्थियों को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है. इस योजना को महाराष्ट्र चुनाव से पहले लॉन्च किया गया था. राज्य विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को मिली बड़ी जीत के पीछे मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना को बड़ा कारण माना गया था.

सनातन कुमार साल 2016 से एबीपी न्यूज़ से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में एसोसिएट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. 9 सालों के अनुभव के साथ टीम लीड और डिजिटल मीडिया की बारीक समझ है. राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय डेस्क की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय के रामलाल आनंद कॉलेज से 2015 में हिंदी पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातक की डिग्री हासिल की. राजनीति, चुनाव, सामाजिक विषयों और साहित्य में रुचि है. तथ्यों की गहराई और भाषा की संवेदनशीलता पर जोर देते हैं. संपर्क करें: Email: sanatank@abpnetwork.com

Entertainment : ‘पहले तेरे बच्चों को गोली मारेंगे, फिर तुझे…’, करोड़पति यूट्यूबर को मिली धमकी, मांगी मदद

यूट्यूबर अरमान मलिक को पिछले एक महीने से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर ऑडियो क्लिप शेयर कर पंजाब पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.करोड़पति यूट्यूबर अरमान मलिक एक बार फिर सुर्खियों में हैं. बिग बॉस ओटीटी फेम अरमान मलिक को जान से मारने की धमकी मिली है. उन्होंंने पंजाब पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.

मशहूर यूट्यूबर अरमान मलिक ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर खुलासा किया कि उन्हें और उनके बच्चों को पिछले एक महीने से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया और पंजाब पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की. वीडियो में अरमान ने एक ऑडियो क्लिप भी पेश की जो सबूत के तौर पर दी गई है.

अरमान ने कहा- अभी-अभी जो मुझे धमकी आई है, वो सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. उन्होंने बताया कि उन्हें पिछले एक महीने से ये परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं. ना सिर्फ उन्हें बल्कि उनके बच्चों को भी धमकी दी जा रही है. उन्होंने पंजाब सरकार से इस मामले में दखल देने की गुहार लगाई और साथ ही उस व्यक्ति की ऑडियो क्लिप भी लगाई जिसने धमकी दी थी. वो व्यक्ति क्लिप में कहता है, अपने बच्चे को बचा के रखिए, तुझे गोली बाद में लगेगी, तेरे बच्चों को पहले लगेगी.

अरमान का ये सोशल मीडिया पोस्ट देखकर उनके फैन्स काफी परेशान हैं. एक यूजर ने कमेंट किया, हम आपके लिए प्रार्थना करेंगे. दूसरे ने लिखा, हमेशा आपके साथ हैं, कुछ दिनों तक बाहर मत जाइए और सुरक्षित रहिए. अरमान मलिक ने दो शादियां की हुई हैं. उनकी पहली पत्नी का नाम पायल और दूसरी का कृतिका मलिक है. अरमान के चार बच्चे हैं. पायल और अरमान के जुड़वां बच्चे अयान और तुबा हैं और एक बेटा चिरायु है. अरमान और कृतिका का एक बेटा जैद है.

पायल तीसरी बार प्रेग्नेंट हैं. वो जल्दी ही अपने चौथे बच्चे का वेलकम करने वाली हैं. अरमान अपनी दोनों पत्नियों के साथ बिग बॉस ओटीटी सीजन 3 में नजर आए थे.

National : सिर गायब, शरीर पर एक कपड़ा नहीं…रेलवे ट्रैक पर मिला महिला का क्षत विक्षत शव

0

बलिया में बैरिया थाना क्षेत्र के बकुलहा गांव के पास रेलवे ट्रैक से एक महिला का बिना सिर का निर्वस्त्र शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. बैरिया थाना क्षेत्र के बकुलहा गांव में रेलवे ट्रैक के पास एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. शव का सिर गायब था और शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था. यह घटना स्थानीय लोगों के लिए चौंकाने वाली होने के साथ ही पुलिस के लिए भी गंभीर चुनौती बन गई है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बैरिया थाना क्षेत्र के बकुलहा गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला का शव पड़ा है. मौके पर तुरंत पुलिस टीम भेजी गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान महिला का सिर गायब होने के साथ-साथ शरीर निर्वस्त्र पाया गया, जो घटना की गंभीरता को दर्शाता है.

एसपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस हत्या की आशंका को नजरअंदाज नहीं कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने आसपास के इलाकों में किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच शुरू कर दी है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए जा सकें. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शव रेलवे ट्रैक पर किस वजह से छोड़ा गया और क्या हत्या कहीं और हुई थी. इसके साथ ही आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के संदर्भ में अहम जानकारी जुटाई जा रही है.

National : चर्चा में MP की लेडी नर्सिंग ऑफिसर… अस्पताल को बताया ‘मंदिर’, कलेक्टर ने बुलाकर दिया सम्मान

0

नर्सिंग ऑफियर होने के साथ गायत्री चौधरी एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर भी हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 22K से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. सोशल मीडिया बायो के अनुसार वह ‘मिस बैतूल’ में सेकंड रनर अप रह चुकी हैं और मॉडल की ख्वाहिश भी रखती हैं.

मध्य प्रदेश के अशोकनगर की नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी इन दिनों इंटरनेट पर वायरल हैं. सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर गायत्री ने एक मरीज को अपने रिश्तेदारों संग शराब पीने से रोका था. अब कलेक्टर ने अपने दफ्तर बुलाकर नर्सिंग ऑफिसर गायत्री का सम्मान किया है.

दरअसल, अशोकनगर जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज देवेंद्र यादव ‎अपने रिश्तेदारों के साथ पलंग पर बैठकर शराब पी रहा था. इस दौरान मौके पर पहुंची नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने उनको नशा करते रंगे हाथों पकड़ा और समझाइश दी. अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित और साहसी नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने उन लोगों को फटकार लगाते हुए कहा, ”हम लोग आपकी सेवा के लिए दिन-रात ड्यूटी करते हैं. ये अस्पताल हमारा मंदिर है और आप यहां शराब पी रहे हैं.शर्म नहीं आती?”

नर्सिंग ऑफिसर की समझाइश और फटकार के बाद पहले तो शराबियों ने गिलास को छिपाने की कोशिश की, और खाना खाने का बहाना बनाया. लेकिन मोबइल कैमरे में रिकॉर्ड हो जाने पर आगे से ऐसा न करने की हामी भरी.

कलेक्टर ऑफिस की ओर से कहा, ”बीते 29 अक्टूबर को रात 11 बजे जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज और उनके परिजनों को शराब का सेवन करते हुए पाया गया. इस दौरान अपनी ड्यूटी निभा रही नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने अपने कार्यस्थल को मंदिर बताकर उनको ऐसा कार्य न करने की समझाइश देकर उन लोगों को शराब का सेवन करने से रोका. इस प्रकार निडर होकर गायत्री ने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और कुशलतापूर्ण तरीके से निर्वहन किया गया. कलेक्टर ने गायत्री के इस कार्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.”

NATIONAL : महिला ने 2 बेटियों के साथ खुद को लगाई आग, बाहर सजा था देवर का मंडप, निकलनी थी बारात

0

जालौन जिले में कोंच कोतवाली क्षेत्र में ब पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ खुद को आग के हवाले कर दिया. घटना में महिला और उसकी 7 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी दूसरी बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई.

उत्तर प्रदेश में जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डाढ़ी में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई . जहां पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ खुद को आग के हवाले कर दिया. इस हादसे में महिला और उसकी 7 वर्षीय बेटी की मौके मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है.

मामला कोंच कोतवाली के क्षेत्र के गांव डाढ़ी का है. जहां 8 साल पहले रामचन्द्र निवासी मोहना जालौन की बेटी की आरती की शादी घनश्याम अहिरवार निवासी डाढ़ी के बड़े बेटे देवेंद्र की से हुई थी .देवेंद्र तीन भाईयों में सबसे बड़े थे. यहां दूसरे नम्बर पर पवन गाजियाबाद में दरोगा है और तीसरे नम्बर पर जितेंद्र आगरा में दरोगा है. जबकि देवेंद्र बस्ती जिले में पानी पूड़ी का काम करता है. शादी के बाद से ही पति पत्नी में अनबन शुरू हो गई थी.ज़रा ज़रा सी बात पर पति देवेंद्र पत्नी आरती को मारता पीटता था.

देवेंद्र का यह गुस्सा तब और बढ़ गया जब आरती ने एक बाद दूसरी बेटी को जन्म दिया. उसके बाद वह गांव छोड़कर बस्ती जिले में पानी पूड़ी का काम करने लगा. इस दौरान पत्नी ने कई बार उसके साथ बस्ती में रहने की बात कही लेकिन देवेंद्र उसे नहीं ले गया. मायके वालों के अनुसार देवेंद्र ने 3 साल से आरती को मायके नहीं भेजा था. जब भी वह उसे बुलाने के लिए गए वह वापस न भेजने की शर्त पर ले जाने को कहता था.

पत्नी आरती लड़कियों को जन्म देने के बाद उल्हना सुनते सुनते त्रस्त हो चुकी थी. घटना के दिन आरती के देवर जितेंद्र की शादी के लिए मंडप का भोज था. सुबह परिजन पुरुष सब्जी लेने गए हुए थे, तभी आरती अपनी दोनों बच्चियों के लेकर कमरे के अंदर चली गयी और घर मे रखा डीजल अपने साथ दोनों बेटियों पर छिड़ककर आग लगा ली .

कमरे से धुआं उठता देख शादी में आये रिश्तेदारों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर का सीन देखकर उनके पैरों तले जमीन खसक गई. मां आरती और दोनों बेटियां झुलस गई थी. आनन फानन में परिजन उन्हें सीएचसी कोंच लाये जहां डॉक्टरों ने आरती व 7 साल की बड़ी बेटी पीहू को मृत घोषित कर दिया और छोटी बेटी दृष्टि को गम्भीर हालत में झांसी रिफर कर दिया जहां उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई.

घटना के बाद आरती के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले आरती को परेशान करते थे, मारपीट भी करते थे. ससुराल वालों के तानों और मारपीट से तंग आकर आरती ने यह कदम उठाया है. सूचना पर कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि एक सूचना मिली थी कि ग्राम दाढ़ी में एक महिला ने दो बच्चियों संग आग लगा ली है. तीनों को सीएससी कोच पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया एक बच्ची को गंभीर हालत में झांसी रेफर कर दिया गया.हां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. सभी के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए है. पुलिस ने घर से साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक टीम को भी वैज्ञानिक जांच के लिए बुलाया गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

BIHAR : नवनिर्वाचित विधायकों के लिए तैयार हुए आधुनिक आवास, परिसर में मिलेंगी कई सुविधाएं

0

बिहार में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए पटना में 44.41 एकड़ में बने 246 नए आवास तैयार कर दिए गए हैं. परिसर में हॉस्टल, कैंटीन, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की गई है.

बिहार में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित आवास कॉम्प्लेक्स तैयार कर लिया गया है. भवन निर्माण विभाग द्वारा पटना में विधायक एवं विधान पार्षद आवास परिसर में लगभग 44.41 एकड़ जमीन पर 246 नए आवासों का निर्माण पूरा किया गया है. इन आवासों को विभिन्न चरणों में तैयार किया गया है और अब इन्हें विधायकों को आवंटित किया जाएगा.

जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए एक आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-संवेदनशील आवास परिसर तैयार कर प्रदेश में एक नए मानक की शुरुआत की है.

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि प्रत्येक आवास का क्षेत्रफल लगभग 3693 वर्गफीट है. ये घर आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और विधायकों के कामकाज व निवास की सभी जरूरतें ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं. सभी आवासों पर विधानसभा क्षेत्र संख्या और क्षेत्र का नाम अंकित होगा, जिससे आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित रहेगी.

नए आवासीय परिसर को पूरी तरह सुसज्जित बनाने के लिए कई अतिरिक्त सुविधाएं भी शामिल की गई हैं. परिसर में एमएलए हॉस्टल, कैंटीन, कम्युनिटी सेंटर, पर्याप्त पार्किंग और खुले सामुदायिक क्षेत्र बनाए गए हैं. इन सुविधाओं से विधायकों के लिए कामकाज आसान होगा और वे आम जनता तथा अपने समर्थकों से आसानी से मिल सकेंगे.

इन आवासों को जीरो डिस्चार्ज कॉन्सेप्ट पर बनाया गया है. परिसर से निकलने वाले सीवेज जल को उपचारित कर बागवानी में उपयोग किया जाएगा. साथ ही वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की गई है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए परिसर में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं. परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए सड़कों के किनारे तथा आम क्षेत्रों में चम्पा, गुलमोहर, महोगनी जैसे छायादार और आकर्षक पौधे लगाए गए हैं, जिससे वातावरण हरा-भरा और मनमोहक दिखाई देता है.

इस आधुनिक आवास परिसर से नए विधायकों को क्षेत्रीय जनता के संपर्क में रहना पहले से आसान होगा. वे अपने कार्यालय कार्यों का संचालन भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे. विभाग का मानना है कि नए आवासों से विधायकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता से जुड़ाव मजबूत होगा.

- Advertisement -

News of the Day