Thursday, April 30, 2026
Home Blog Page 329

WORLD : US और जॉर्जिया से गिरफ्तार हुए दो कुख्यात गैंगस्टर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है भानु राणा, भारत लाने की तैयारी

0

जांच एजेंसियों के मुताबिक वेंकटेश गर्ग जॉर्जिया में बैठकर नए शूटरों की भर्ती कर रहा था. दिल्ली में हाल ही में हुई गोलीबारी में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में ये जानकारी सामने आई है.भारत की सुरक्षा एजेंसियों को इंटरनेशनल लेवल पर बड़ी कामयाबी मिली है. हरियाणा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर 2 मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया से और भानु राणा को अमेरिका से गिरफ्तार किया है. दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया से और भानु राणा को अमेरिका से डिपोर्ट किया जाएगा.

भारत के करीब दो दर्जन गैंगस्टर देश से बाहर हैं और अपने गैंग में नए-नए लोगों की भर्ती कर रहे हैं. जांच एजेंसियों के अनुसार गैंगस्टर विदेशों में बैठकर भारत में अपने सिंडिकेट चला रहे हैं. इनमें गोल्डी बराड़, कपिल सांगवान, अनमोल बिश्नोई, हैरी बॉक्सर, हिमांशु भाऊ जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं. ये पुर्तगाल, कनाडा, अमेरिका, इंग्लैंड और यूएई जैसे देशों में खासे एक्टिव हैं और वहां बैठकर भारत में अपराध की जड़ें मजबूत कर रहे हैं.

वेंकटेश गर्ग हरियाणा के नारायणगढ़ का रहने वाला है और इसके खिलाफ हत्या, लूट और फिरौती के 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. वेंकटेश गुरुग्राम में बसपा नेता की हत्या में शामिल रहा है. उसके बाद वेंकटेश फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भाग गया और जॉर्जिया को अपना नया ठिकाना बना लिया.

जांच एजेंसियों के मुताबिक वेंकटेश गर्ग जॉर्जिया में बैठकर नए शूटरों की भर्ती कर रहा था. दिल्ली में हाल ही में हुई गोलीबारी में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में ये जानकारी सामने आई है. वो सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को पैसे का लालच देकर अपने गैंग में भर्ती कर रहा था. गर्ग कपिल सांगवान के साथ मिलकर एक्सटॉर्शन का भी सिंडिकेट चला रहा था.

वहीं, भानु राणा हरियाणा के करनाल का रहने वाला है और वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है. भानु राणा हथियार सप्लाई का नेटवर्क संभालता है. करनाल एसटीएफ ने उसके इशारे पर काम कर रहे 2 लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. भानु राणा का नेटवर्क हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ है. बता दें कि राणा लंबे समय से अपराध की दुनिया में एक्टिव है और उस पर कई केस चल रहे हैं.

NATIONAL : ‘सौरव गांगुली को ICC अध्यक्ष होना चाहिए’, सीएम ममता बनर्जी ने जमकर की पूर्व कप्तान की तारीफ

0

ईडन गार्डन्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सौरव ने देश, दुनिया और बंगाल- तीनों के लिए योगदान दिया है.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईडन गार्डन्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की जमकर तारीफ की और कहा कि अब उन्हें ICC (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) का अध्यक्ष होना चाहिए. सीएम ममता ने कहा, “हम चाहते थे कि सौरव भारत के कप्तान बनें और उन्होंने देश, दुनिया और बंगाल- तीनों के लिए योगदान दिया. अब मैं कहूंगी कि सौरव गांगुली को ICC अध्यक्ष बनना चाहिए. वे फिलहाल वहां नहीं हैं, लेकिन एक दिन ICC अध्यक्ष जरूर बनेंगे.”

ममता बनर्जी ने ईडन गार्डन्स की तारीफ करते हुए कहा, “यह सिर्फ ईडन गार्डन्स नहीं, बल्कि गोल्डन गार्डन है. ईडन गार्डन से सोना निकलता है.” उन्होंने सौरव गांगुली की कप्तानी में नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल (2002) में लॉर्ड्स बालकनी में हुई उनकी ऐतिहासिक जीत का जिक्र भी किया और कहा कि मैं आज भी गांगुली का वह जश्न याद करती हूं. वह क्षण पूरे भारत के गर्व का था.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौरव गांगुली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि बंगाल की शान हैं. उन्होंने कहा, “गांगुली ने बंगाल का सिर ऊंचा किया है. उन्होंने क्रिकेट में जो किया, वह इतिहास बन गया. देश को ऐसे और आइकॉन चाहिए.”

कार्यक्रम में ममता ने बंगाल की महिला खिलाड़ियों की भी सराहना की. उन्होंने ऋचा घोष, झूलन गोस्वामी और अन्य खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की बेटियां क्रिकेट, फुटबॉल, तैराकी और तीरंदाज़ी में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. ममता ने कहा, “मुझे विश्वास है कि बंगाल के तीरंदाज आने वाले ओलंपिक में पदक लाएंगे. हम अपनी बेटियों को हर क्षेत्र में शीर्ष पर देखना चाहते हैं.”

‘दादा’ के नाम से मशहूर सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल और करिश्माई कप्तानों में गिने जाते हैं. उन्होंने 1992 में भारत के लिए वनडे डेब्यू किया और 1996 में लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार शतक के साथ टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा. गांगुली ने 113 टेस्ट मैचों में 7,000 से अधिक रन और 311 वनडे में 11,000 से ज्यादा रन बनाए.

कप्तान के रूप में उन्होंने भारतीय टीम को आक्रामकता, आत्मविश्वास और नई पहचान दी. उनके नेतृत्व में भारत 2003 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान जैसी टीमों को उनके घर में चुनौती दी. कप्तानी के बाद भी गांगुली ने घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी की और क्रिकेट प्रशासन में भी अपनी अहम भूमिका निभाई. 2019 में वे BCCI अध्यक्ष भी चुने गए थे.

ENTERTAINMENT : भारती सिंह ने फ्लॉन्ट की लाखों की घड़ी, तो प्रियंका चोपड़ा ने किया ऐसा कमेंट, बोलीं- ‘अगली ब्रांड एंबेसडर’

0

भारती सिंह अपने लेटेस्ट व्लॉग में लाखों रुपए की घड़ी फ्लॉन्ट करती हुई नजर आई. ये देखकर देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने उनके लिए बेहद खास कमेंट किया.

कॉमेडी क्वीन और टीवी की फेमस होस्ट भारती सिंह इन दिनों अपना प्रेग्नेंसी पीरियड एंजॉय कर रही है. इस दिनों में भी एक्ट्रेस काम से दूर नहीं हैं. वो ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ के अलावा अपने यूट्यूब चैनल पर भी लागातार काम कर रही हैं. अपने हालिया व्लॉग में भारती ने खुलासा किया कि पति हर्ष लिंबाचिया ने उन्हें एक बेहद लग्जरी घड़ी गिफ्ट की. ये देखकर प्रियंका ने भी भारती के व्लॉग में एक मजेदार कमेंट किया है.

भारती ने अपने व्लॉग में ये लग्जरी घड़ी फ्लॉन्ट की. इस फ्लॉन्ट करते हुए भारती ने कहा प्रियंका चोपड़ा मैंने भी ले ली आपकी जैसी घड़ी, सुन रही हो क्या. इसपर हर्ष मजाक में बोलते हैं कि, ‘क्या वो तुम्हारा व्लॉग देखती हैं?’ भारती फिर अपने फैंस से रिक्वेस्ट करती हैं कि वो वीडियो को इतना शेयर कर दें कि ये प्रियंका तक ये बात पहुंच जाए.

भारती की ये बात प्रियंका तक पहुंच भी गई. प्रियंका ने भारती के लिए सोशल मीडिया पर कमेंट किया. उन्होंने लिखा, ‘मैं देख रही हूं और तुम पर ये घड़ी मुझसे भी ज्यादा खूबसूरत लग रही है. तुम तो घड़ी की कंपनी की अगली ब्रांड एंबेसडर हो, बस अभी तक उन्हें पता नहीं था..’ एक्ट्रेस का ये कमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस उनकी तारीफ भी कर रही हैं.

भारती सिंह ने हर्ष लिंबाचिया से शादी की है. दोनों की ‘कॉमेडी सर्कस’ के सेट पर हुई थी. वहीं उनकी दोस्ती बढ़ी और प्यार परवान चढ़ा. ये कपल पहले एक बेटे के पेरेंट्स हैं. जिसका नाम गोला है. अब एक्ट्रेस दूसरी बार प्रेग्नेंट हैं. ये गुड न्यूज देते हुए – ‘हम दोबारा प्रेग्नेंट हैं, गणपति बप्पा मोरया..’

NATIONAL : नाबालिग ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से क्लासमेट को मारी गोली, गुरुग्राम में सनसनीखेज वारदात

0

गुरुग्राम में 11वीं कक्षा के छात्र को उसके सहपाठी और उसके साथी ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर घायल कर दिया. पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस ने मौके से पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए हैं.

हरियाणा के गुरुग्राम में सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां 11वीं कक्षा के छात्र को उसके क्लासमेट और उसके साथी ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इस मामले में पुलिस ने दोनों नाबालिगों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.

दरअसल, गुरुग्राम पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर 48 में एक लड़के को गोली लगी है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. घायल छात्र को परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे. सीन ऑफ क्राइम, FSL, फिंगरप्रिंट टीम के साथ ही थाना प्रबंधक को बुलाकर जांच की गई.पुलिस का कहना है कि पिता के लाइसेंसी पिस्टल से 17 वर्षीय क्लासमेट साथी को गोली मार दी गई. इस जानलेवा हमला करने के मामले में 2 नाबालिगों को पकड़ा गया है. घटनास्थल से 1 पिस्टल, 1 मैगजीन, 5 जिंदा कारतूस व 1 खाली खोल कारतूस बरामद हुआ है. इसी के साथ कमरे के अंदर रखे बॉक्स से 1 मैगजीन और 65 जिंदा कारतूस मिले हैं.

घायल लड़के की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि बेटा 11th क्लास में पढ़ता है. बेटे के स्कूल के दोस्त का फोन आया कि मिलना है तो इसने मना कर दिया. इस पर इसके दोस्त ने कहा कि मैं आ रहा हूं तुम्हें लेने, फिर बेटा खेड़की दौला टोल तक गया, जहां बेटे का दोस्त मिला.करीब 2 महीने पहले इसके दोस्त के साथ कुछ कहासुनी हो गई थी, जिसके वह अपने साथ ले गया और अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से गोली मारी है. इस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. घटना के कुछ घंटों में पुलिस ने 2 नाबालिगों को पकड़ लिया.

नाबालिगों से पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों दोस्त एक ही स्कूल में 11th कक्षा के छात्र हैं. दो महीने पहले आरोपी का पीड़ित से झगड़ा हो गया था, जिसकी रंजिश रखते हुए उसने पीड़ित को बुलाया और फिर रास्ते में खाना पीना किया, फिर एक अन्य दोस्त को लेने गए.इसके बाद सेक्टर 48 गुरुग्राम में आरोपी ने अपने पिता के लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी. आरोपी के पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं. पिता की लाइसेंसी पिस्टल घर में रखी हुई थी, जिसे वह उठा लाया था. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि लाइसेंसी हथियारों को लोग अपने बच्चोंं की पहुंच से दूर रखें.

UP: दहेज उत्पीड़न से तंग विवाहिता ने दी जान, पति समेत 4 पर FIR

0

कैशाम्बी में एक महिला ने दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर जान दे दी. घर में उसका शव फांसी के फंदे से लटकता मिला. मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत 4 लोगों पर FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है.उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में ससुरालियों के दहेज़ उत्पीड़न से परेशान विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. विवाहिता की मौत पर उसकी मां ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है. फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मामला सराय अकील कोतवाली के कटैनी मजरा गांव का है. इमलीगांव की रहने वाली संगीता देवी ने बताया कि उसने बेटी दीपा उर्फ गुड्डी (22) की शादी कटैनी निवासी साहिल यादव के साथ 15 मई 2023 को की थी. आरोप है की बेटी दीपा का पति साहिल और उसके घरवाले अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये के लिए उसे आये दिन प्रताड़ित करते रहते थे.आए दिन उसे मारा-पीटा भी करते थे. आरोप है कि दहेज के लिए ही पति साहिल, पिता राम सिंह, मां शर्मिला और बहन रंजना ने मिलकर बेटी दीपा की फांसी का फंदा लगाकर हत्या कर दी. मायके वालों को सूचना मिलते ही कोहराम मच गया. जिसके बाद मायके के लोग कटैनी गांव पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी.

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. मामले में चायल डीएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि एक विवाहिता के फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना मिली थी. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच किया है. मृतक की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

NATIONAL : यूट्यूब पर देखा प्रमोशन वीडियो, फिर दुकान में लगा दी सेंध… कैश को छोड़ा, 25 लाख के मोबाइल लेकर फरार चोर

0

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चोरी की चौंकाने वाली वारदात हुई. शातिर चोरों ने एक दुकान से करीब 25 लाख रुपये के सैकड़ों मोबाइल चोरी कर लिए. जांच में पता चला कि चोरों ने दुकान के मालिक द्वारा यूट्यूब पर किए गए प्रमोशन वीडियो का फायदा उठाकर प्लानिंग की. सीसीटीवी फुटेज में चोरों की चालाकी और पूरी प्रक्रिया कैद हो गई है.

छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर शहर के गुदड़ी बाजार में स्थित मोबाइल दुकान में चौंकाने वाली घटना हुई है. पुलिस का कहना है कि चोरी की इस घटना में लगभग 25 लाख रुपये के मोबाइल चोरी हो गए. चोरी का तरीका बेहद शातिराना था. दुकान के मालिक द्वारा यूट्यूब पर किए गए प्रमोशन वीडियो को देखकर चोरों ने पूरी प्लानिंग की थी. वीडियो को देख चोरों ने दुकान के अंदरूनी हिस्से, स्टॉक और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इसके बाद रात के समय घटना को अंजाम दे दिया.

चोरी की सूचना के बाद मौके पर जांच करने गई पुलिस ने बताया कि चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में छेद किया और एंट्री की. दुकान के काउंटर का ताला और सेफ सुरक्षित थे, कैश भी रखा रहा. चोर सिर्फ महंगे मोबाइल ले गए, वहीं करीब 5 लाख के मोबाइल दुकान में छोड़ गए.इस चोरी की घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से हुआ. फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर कैसे दुकान में एंट्री करता है और किस रास्ते से बाहर निकलता है. पुलिस ने इस मामले को लेकर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरी करने वालों का पता लगाकर उन्हें पकड़ने का दावा किया है. स्थानीय लोग इस घटना से सकते में हैं. व्यापारियों ने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर एक्शन ले.

दुकान के मालिक ने कहा कि चोरी से उन्हें काफी नुकसान हुआ है. इस घटना की जांच में पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच शुरू कर दी है. इस चोरी की घटना से अंबिकापुर में व्यापारियों और आम जनता में सनसनी फैल गई. पुलिस और प्रशासन का दावा है कि जल्द ही इस चोरी का पर्दाफाश होगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ENTERTAINMENT : बेटी चाहती हैं भारती, बेटे गोला को सबसे पहले दी थी प्रेग्नेंसी की खबर, कैसा था रिएक्शन

0

भारती सिंह ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी पर बात करते हुए अपने बेटे लक्ष्य यानी गोला का रिएक्शन भी शेयर किया है. वो बताती हैं कि उन्होंने अपने दूसरे बच्चे की न्यूज सबसे पहले गोला को ही दी थी.टीवी पर सभी को हंसाने वाली भारती सिंह जल्द दूसरी बार मां बनने वाली हैं. कॉमेडियन अपने पति हर्ष लिंबाचिया और बेटे लक्ष्य, जिसे गोला के नाम से जाना जाता है, अपने परिवार में एक और नन्हे मेहमान का स्वागत करेंगी. इस खास मौके पर भारती को हर तरफ से शुभकामनाएं मिलीं. अब अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की न्यूज के बाद, कॉमेडियन ने पहली बार खुलकर बात की है.

भारती ने HT को बताया है कि जबसे उनकी दूसरी प्रेग्नेंसी की न्यूज सामने आई है, तबसे उनकी खूब खातिरदारी हो रही है. हर कोई उन्हें खाना, अचार और घी भेज रहा है, ताकि वो स्वस्थ रह सकें. भारती ने कहा, ‘मुझे बहुत सारा प्यार मिल रहा है. मैंने कभी नहीं सोचा था कि दूसरी प्रेग्नेंसी में भी मेरी इतनी खातिरदारी होगी. कोई घी दे रहा है, कोई लड्डू ला रहा है, मेरी दादी ने मेरे लिए अचार बहाना, कोई पहनने के लिए काला धागा ला रहा है. मैं कभी-कभी अपने आसपास इतना प्यार देखकर इमोशनल हो जाती हूं.’

भारती आगे बताती हैं कि जब वो दूसरी बार प्रेग्नेंट हुईं, तब सबसे पहले उन्होंने ये बात अपने बेटे गोला को बताई. वो उसे सोनोग्राफी के दौरान ले गईं, जहां वो भारती के पेट में अपने छोटे भाई/बहन की पहली झलक देख पाए. कॉमेडियन ने कहा, ‘उसे हम सोनोग्राफी के वक्त ले गए. वहां उसने बच्चे की धड़कन सुनी. तब उसे कुछ समझ नहीं आया, लेकिन 2-3 सेशन बाद उसे बेबी काजू की तरह दिखने लगा और मुझे बोला कि आपके पेट में काजू है.’

भारती ने अंत में उन बातों पर भी रिएक्ट किया जब ऐसा कहा जा रहा था कि वो विदेश में अपने बेबी का जेंडर चेक कराने गई हैं. कॉमेडियन ने इसपर कहा, ‘हमें बहुत लोगों ने बोला था कि आप बाहर विदेश में घूमने गए थे, आप जेंडर चेक करवा लो. लेकिन मुझे और घरवालों को ये नहीं चाहिए था. मैं तो यही दुआ करती हूं कि बेटी हो जाए. बहन भाई होने चाहिए, एक लड़की होनी चाहिए. पूरा घर अनुशासन में रहता है. गोला बहुत एक्साइटेड है.’

बता दें कि भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया की शादी साल 2017 में हुई थी. दोनों ने साल 2022 में अपने बेटे लक्ष्य यानी गोला का स्वागत किया था. अब दोनों कुछ महीनों में दोबारा पेरेंट्स बनने वाले हैं.

KANPUR : कानपुर देहात में चलती आटा चक्की में ब्लास्ट, 15 साल के मोहित की दर्दनाक मौत

0

कानपुर देहात के सरगांव में शनिवार दोपहर एक चलती आटा चक्की में अचानक ब्लास्ट हो गया. मशीन का पत्थर टूटकर लगने से 15 साल के मोहित की मौके पर मौत हो गई. हादसे का वीडियो सामने आया है. पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. परिवार में मातम और ग्रामीणों में आक्रोश है.

कानपुर देहात के रुरा थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग गांव में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती हुई आटा चक्की में अचानक ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में 15 साल के नाबालिग मोहित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

मिली जानकारी के अनुसार, किशोर मोहित गांव की एक आटा चक्की पर बाजरा पिसवाने गया था. उसी दौरान अचानक चक्की के अंदर तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ और मशीन का पत्थर टूटकर मोहित को जा लगा. हादसा इतना भीषण था कि मोहित की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

हादसे का भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चक्की के फटने और आसपास के लोगों में मची भगदड़ के दृश्य देखे जा सकते हैं. घटना की सूचना मिलते ही रुरा थाने की पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा. पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का मुआयना कराया और साक्ष्य जुटाए.
क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, संजय वर्मा ने बताया कि ‘आज दोपहर करीब 3:15 बजे सरगांव बुजुर्ग गांव में चल रही आटा चक्की के पिल के फटने से निकले पत्थर की चपेट में आने से एक 15 साल के लड़के की मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था बहाल है.’

बच्चे की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

BUSINESS : घर में रखी चांदी से भी मिलेगा लोन, आरबीआई ने दी राहत, जानें पूरा नियम

0

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से एक नया सर्कुलर जारी किया गया है. जिसके तहत आप अब सोने के साथ-साथ चांदी पर भी लोन ले सकेंगे. जानें कैसे मिल सकता है आपको लोन और क्या हैं इसके नियम.

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से एक नया सर्कुलर जारी किया गया है. जिसके तहत आप अब सोने के साथ-साथ चांदी पर भी लोन ले सकेंगे. जीवन में ऐसे मौके आ जाते है, जब लोगों को तुरंत पैसों की जरूरत होती है. ऐसे मौकों पर लोग पर्सनल लोन से लेकर गोल्ड लोन तक के विकल्प पर विचार करते हैं.आरबीआई की इस नए कदम से अब लोग घर में रखे चांदी से भी लोन प्राप्त कर सकेंगे और अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा कर सकते है. आरबीआई के नए नियमों की तहत इस सुविधा की शुरुआत 1 अप्रैल 2026 से होगी. आइए जानते है, कौन से नियमों के तहत आप सिल्वर लोन ले सकते हैं.

आरबीआई के अनुसार, अगर आप भी सिल्वर लोन का विचार कर रहें है तो , इसके लिए कई बैंक और वित्तीय संस्थान ये सुविधा देने वाली हैं. लगभग सभी कमर्शियल बैंक, जिनमें स्मॉल फाइनेंस बैंक और रीजनल रूरल बैंक (RRB) भी शामिल होगी.इसके साथ ही, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले सहकारी बैंक भी सिल्वर लोन उपलब्ध करवाएगी. वहीं, नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियां (NBFC) और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां भी अपने ग्राहकों को सिल्वर लोन देगी.

चांदी गिरवी रखकर लोन लेने की बात करें तो, ग्राहक 10 किली ग्राम चांदी के गहने और 500 ग्राम चांदी के सिक्कों से ज्यादा गिरवी नहीं रख सकते है. आरबीआई ने यह आंकड़ा तय किया है. वहीं, लोन राशि की बात करें तो, यह रकम लोन-टू-वैल्यू (LTV) अनुपात पर निर्भर होगी.यानि, कि आप अपने द्वारा गिरवी रखे गए चांदी के बदले कितना लोन ले सकते हैं. आरबीआई ने सोना गिरवी रखने को लेकर भी नियम बनाए है. आप 1 किलोग्राम सोने के गहने और 50 ग्राम सोने के सिक्कों से ज्यादा गिरवी नहीं रख सकते हैं.

JAIPUR : बुलिंग, अनसुनी और चौथी मंजिल से जंप… किस बात से परेशान थी 9 साल की अमायरा, फैमिली ने कहीं ये बातें

0

जयपुर के नामी स्कूल में 9 साल की बच्ची अमायरा की मौत ने झकझोर कर रख दिया है. मासूम अमायरा 1 नवंबर को स्कूल की चौथी मंजिल से कूद गई थी. परिवार का आरोप है कि वह लंबे समय से स्कूल में बुलिंग (उत्पीड़न) का शिकार थी, लेकिन जब इस बारे में स्कूल टीचर से शिकायत की तो किसी ने भी उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया. अमायरा के माता-पिता स्कूल प्रशासन और शिक्षकों पर लापरवाही और साक्ष्य मिटाने के आरोप लगा रहे हैं.

राजस्थान की राजधानी जयपुर से सामने आई एक नौ साल की बच्ची की मौत की घटना ने झकझोर कर रख दिया है. यहां के नामी स्कूल की छात्रा अमायरा ने 1 नवंबर को स्कूल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी. परिवार का आरोप है कि बच्ची को लंबे समय से स्कूल में बुलिंग (उत्पीड़न) किया जा रहा था, लेकिन जब उसने इसकी शिकायत शिक्षकों से की, तो किसी ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया.

परिवार का कहना है कि अगर स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने समय पर कार्रवाई की होती, तो आज उनकी बेटी जिंदा होती. यह घटना 1 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे की है. अमायरा स्कूल में थी. स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों में दिखा कि वह कुछ देर तक गलियारे में टहलती रही, फिर चौथी मंजिल की रेलिंग के पास पहुंची. कैमरे की फुटेज में दिखाई देता है कि वह रेलिंग पर चढ़ी और कुछ सेकंड बाद नीचे जा गिरी. स्टाफ ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने अमायरा को मृत घोषित कर दिया.

मृतका की मां शिवानी ने कहा कि मैंने खुद उसकी क्लास टीचर को बताया था कि कुछ बच्चे उसे परेशान कर रहे हैं, लेकिन टीचर ने कोई सख्ती नहीं दिखाई. उन्होंने कहा कि ये तो बच्चों के बीच की बात है, आप ज्यादा मत सोचिए. वहीं पिता विजय ने भी एक पुराने वाकये का जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि एक बार पैरेंट्स मीटिंग के दौरान मैंने देखा कि एक लड़का अमायरा को अजीब इशारे कर रहा था. जब मैंने इस बारे में टीचर से पूछा, तो उन्होंने कहा कि ये को-एड स्कूल है, अमायरा को समझना चाहिए. विजय का कहना है कि इस रिप्लाई से वे हैरान रह गए थे. उन्हें लगा कि टीचर इस मामले को गंभीरता से नहीं लेना चाहती थीं.

परिजनों के मुताबिक, अमायरा लगभग एक साल से अपने क्लासमेट्स की बुलिंग का सामना कर रही थी. उसे बार-बार ताने मारे जाते, मजाक उड़ाया जाता और क्लास में अकेला छोड़ दिया जाता. परिवार के अनुसार, उसने कई बार टीचरों से कहा कि उसे परेशान किया जा रहा है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया.

परिवार ने यह भी दावा किया है कि CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि घटना के दिन अमायरा चार बार अपनी टीचर के पास जाकर कुछ कहने की कोशिश करती है, लेकिन टीचर ने उसे नजरअंदाज कर दिया.घटना के बाद जब पुलिस टीम स्कूल पहुंची, तो परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने घटना स्थल की सफाई कर दी थी. पुलिस को वह जगह पूरी तरह पोंछी हुई मिली और वहां कोई खून के निशान नहीं थे. परिवार का कहना है कि यह साफ तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश थी.

अमायरा के पिता ने कहा कि अगर स्कूल के पास छिपाने को कुछ नहीं था, तो उन्होंने फौरन उस जगह को क्यों साफ कराया? हमें लगता है कि स्कूल प्रशासन इस पूरी घटना को दबाने की कोशिश कर रहा है. परिवार ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ शिकायत की है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की मांग की है.

इस मामले को लेकर जयपुर में आक्रोश है. जॉइंट पैरेंट्स एसोसिएशन राजस्थान (JPAR) ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. संगठन के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि हमने अमायरा के चाचा से बात की. उन्होंने बताया कि बच्ची पिछले एक-दो साल से बुलिंग का शिकार थी. हमने कुछ बच्चों से भी बात की, जिन्होंने बताया कि स्कूल में उसे लगातार परेशान किया जाता था. लेकिन शिक्षकों ने कभी गंभीरता से नहीं लिया. एसोसिएशन ने मांग की है कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच हो और अगर स्कूल प्रशासन या शिक्षकों की लापरवाही साबित होती है तो सख्त कार्रवाई की जाए.

जयपुर पुलिस ने इस घटना को गंभीर और संवेदनशील मामला बताते हुए जांच शुरू की. स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और CCTV फुटेज को लेकर जांच की जा रही है. पुलिस ने फिलहाल FIR दर्ज कर ली है, जिसमें स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और सबूत मिटाने का आरोप है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद अमायरा की मौत के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सिर्फ आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे और भी कोई साजिश है.इस घटना ने हर माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है. नौ साल की बच्ची, जो रोज स्कूल जाने से डरती थी, जिसकी शिकायतों को बच्चों की नोकझोंक कहकर टाल दिया गया, वही बच्ची आखिर इतनी हताश कैसे हो गई कि उसने अपनी जान दे दी?

परिवार और अभिभावक संगठन का कहना है कि यह सिर्फ एक बच्ची की मौत नहीं, बल्कि स्कूल सिस्टम की असफलता है. स्कूलों में बच्चों की मानसिक स्थिति, बुलिंग के मामलों और शिकायतों को हल्के में लेने की प्रवृत्ति एक खतरनाक संकेत है. अमायरा के माता-पिता ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है. उनका कहना है कि हमारी बेटी अब लौटकर नहीं आएगी, लेकिन हम चाहते हैं कि किसी और अमायरा के साथ ऐसा कभी न हो. स्कूल और टीचर को उनकी लापरवाही की सजा मिलनी चाहिए.

- Advertisement -