Thursday, April 30, 2026
Home Blog Page 335

NATIONAL : न दुल्हन की मांग में सिंदूर, न सात फेरे, फिर भी हो गई शादी… झांसी सामूहिक विवाह में रस्में बनीं दिखावा

0

झांसी जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 283 जोड़ों की शादी में बड़ी अनियमितता सामने आई है. सरकारी लाभ के लालच में कई जोड़ों ने न सात फेरे लिए और न ही मांग में सिंदूर भरा. नेहा राजपूत जैसी दुल्हनों ने रस्में पूरी न होने की बात कही, जबकि रुचि और राहुल जैसे जोड़े सवाल सुनते ही भाग खड़े हुए.

यूपी के झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुए भव्य समारोह में 283 जोड़ों की शादी कराई गई. बाहर से सब कुछ सुनियोजित दिखा, लेकिन मंडप के अंदर की हकीकत चौंकाने वाली थी. कई जोड़ों ने न सात फेरे लिए और न ही मांग में सिंदूर भरा गया. सरकारी ‘लाभ’ (1 लाख रुपये की सहायता) के लालच में कई शादियां दोबारा रचाई गईं, जबकि कुछ जोड़े मीडिया के सवाल सुनते ही भाग खड़े हुए.

सामूहिक विवाह समारोह का बाहरी दृश्य भव्य था, लेकिन अंदर का नजारा अलग था. 247 हिंदू और 36 मुस्लिम जोड़ों ने भाग लिया. कई दूल्हे-दुल्हन न तो सात फेरे ले रहे थे और न ही दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा जा रहा था. दुल्हन नेहा राजपूत ने बताया, “पंडित जी ने न ही मांग भराई न ही फेरे लगवाए.”

सूत्रों के अनुसार, अधिकांश जोड़ों की असली शादी कुछ दिनों बाद होनी है, लेकिन वे सरकारी योजना का लाभ पाने के लिए इस समारोह में शामिल हुए. हद तो तब हुई जब अशोक और रजनी नामक एक जोड़े का 5 महीने पहले (11 मई 2025) हुई शादी का कार्ड सामने आया. सरकारी पैसे की लालच में इन्होंने दोबारा शादी रचाई. रजनी के माता-पिता ने पहले शादी कल ही होने की बात कही, लेकिन कार्ड देखने पर उनकी बोलती बंद हो गई. बताया जा रहा है कि 7 से 8 जोड़े ऐसे थे जिनकी शादी पहले हो चुकी थी.

जिला समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव ने इसे ‘गरीब परिवारों के लिए वरदान’ बताया. उन्होंने 1 लाख की सहायता राशि का जिक्र किया, जिसमें 60000 नकद और 25000 का सामान (कपड़े, बर्तन, गहने) मिलता है. जब उनसे रस्में पूरी न होने पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “यहां सब कुछ नियमों के अनुसार हो रहा है, सभी कन्याओं की मांग भरी जा रही है.” हालांकि, बाद में मीडिया रिपोर्ट सामने आने पर आनन-फानन में रस्में पूरी कराई गईं, लेकिन फिर भी कई जोड़े बिना रस्में पूरी किए ही चले गए.

MUMBAI : ‘मैं तुम्हारा नौकर नहीं’, खाना लाने से मना करने पर दोस्तों ने ही टैक्सी ड्राइवर को मार डाला

0

मुंबई के साकीनाका में दोस्तों ने टैक्सी ड्राइवर जावेद खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी. खाना लाने से इंकार पर बढ़े विवाद में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि तीन अब भी फरार हैं.मुंबई के साकीनाका इलाके में एक टैक्सी ड्राइवर की उसके ही चार दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह जानकर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि यह मामला दोस्ती जैसे भरोसेमंद रिश्ते पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है.

पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 फरार हैं. घटना 4 नवंबर तड़के उस समय हुई जब मृतक ने रोजाना की तरह खाना लाने से मना कर दिया. बस इतनी सी बात पर उसकी हत्या कर दी जाती है. सभी आरोपी और मृतक उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं और मुंबई में साथ ही रहते थे.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 42 वर्षीय जावेद अहमद खान के रूप में हुई है, जो पेशे से टैक्सी ड्राइवर था. वह साकीनाका के जरिमरी इलाके में अपने चार दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रहता था। सभी पांचों प्रतापगढ़ के रहने वाले और टैक्सी चलाने का काम करते थे. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय शहबाज खान के रूप में हुई है. पूछताछ में शहबाज ने बताया कि वे लोग रोजाना पास के होटल से खाना मंगाते थे और जो भी पहले घर पहुंचता, वही खाना लाता था. पिछले तीन दिनों से जावेद ही यह काम कर रहा था.

सोमवार देर रात करीब 1 बजे सभी दोस्त कमरे पर पहुंचे तो खाना लाने को लेकर बहस शुरू हो गई. जावेद ने गुस्से में कहा, “मैं तुम्हारा नौकर नहीं हूं जो रोज खाना लाऊं, कभी तुम भी जल्दी आओ.” इसी बात पर विवाद बढ़ गया. पुलिस के मुताबिक शहबाज और उसके साथियों ने गुस्से में लकड़ी का डंडा उठाकर जावेद के सिर पर वार किया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी.

झगड़े के दौरान जावेद बेहोश होकर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा. शोर सुनकर पड़ोसी जमा हुए और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डीसीपी दत्ता नलावडे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शहबाज को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं. उन्हें पकड़ने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं और रेलवे टर्मिनस सहित संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है. पुलिस तकनीकी सहायता लेकर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.

NATIONAL : बदरीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, उत्तराखंड में बढ़ी सर्दी- पर्वतीय जिलों के लिए अलर्ट

0

शाम के सबमय बदरीनाथ धाम के आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी शुरू हुई,तापमान गिरने से धाम में ठिठुरन बढ़ गई.श्रद्धालुऔर यात्री धर्मशालाओं व होटलों में अलाव जलाकर खुद को गर्म रख रहे हैं.

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है, मंगलवार को बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर सीजन की ताजा बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे. मौसम में आए इस बदलाव से धाम में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है. स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालु भी ठंड से राहत पाने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं.

शाम के समय बदरीनाथ धाम के आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी शुरू हुई, अचानक तापमान गिरने से धाम में ठिठुरन बढ़ गई. श्रद्धालु और यात्री धर्मशालाओं व होटलों में अलाव जलाकर खुद को गर्म रख रहे हैं, बर्फीली हवाओं ने पूरे क्षेत्र में सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है.

वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के पर्वतीय जिलों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने कहा कि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बर्फबारी के चलते राज्य के पर्वतीय इलाकों में शीतलहर का असर और बढ़ सकता है. सुबह और शाम के समय लोगों को कड़ाके की ठंड परेशान कर सकती है. हालांकि, विभाग के अनुसार 6 से 8 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. उधर, मैदानी इलाकों विशेष रूप से देहरादून और हरिद्वार में कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.

मौसम के इस अचानक बदलाव से यात्रियों को यात्रा के दौरान सतर्क रहने और पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही सभी जिलों में आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं.

NATIONAL : देहरादून में मातृत्व हुआ कलंकित! सौतेली मां के धक्के से मासूम की मौत, इलाके में गुस्सा

0

घटना 27 अक्टूबर की है. राहुल कुमार के चार वर्षीय बेटे विवान को घायल अवस्था में जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. डोईवाला क्षेत्र के बुल्लावाला में सौतेली मां ने चार साल के मासूम बच्चे की जान ले ली. नफरत और गुस्से में अंधी हुई महिला ने बच्चे को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर फर्श पर जा लगा और उसे गंभीर चोट आई. सिर पर लगी गहरी चोट से बच्चे की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

कोतवाली पुलिस के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर की है. डोईवाला के बुल्लावाला निवासी राहुल कुमार के चार वर्षीय बेटे विवान को घायल अवस्था में जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. उस समय राहुल ड्यूटी पर थे और पत्नी प्रिया ने फोन कर बताया था कि विवान शौचालय में गिर गया है. मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया. रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि विवान की मौत सिर पर चोट से हुई थी, जिससे ब्रेन हेमरेज हुआ.

रिपोर्ट आने के बाद विवान के पिता राहुल ने दो नवंबर को अपनी पत्नी प्रिया के खिलाफ तहरीर दी. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी प्रिया को सोमवार को बुल्लावाला से गिरफ्तार किया, पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गुस्से में उसने विवान को धक्का दिया था, जिससे उसका सिर फर्श पर जा लगा और उसकी मौत हो गई.

पुलिस जांच में पता चला कि प्रिया, जो आंबेडकर कॉलोनी बड़ोवाला की रहने वाली है, की शादी राहुल कुमार से वर्ष 2022 में हुई थी. राहुल की पहली पत्नी अन्नू की कैंसर से मौत हो चुकी थी. विवान उसी पहली पत्नी से हुआ था. बच्चे की देखभाल के लिए राहुल ने दूसरी शादी की थी. शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे प्रिया का व्यवहार विवान के प्रति बदल गया. वह छोटी-छोटी बातों पर उसे मारती-पीटती थी.

राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि प्रिया अक्सर विवान के साथ दुर्व्यवहार करती थी, जिससे उसे पहले से आशंका थी कि बेटे की मौत किसी हादसे से नहीं हुई. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.चार साल के मासूम विवान की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. पड़ोसी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं.

BUSINESS : भारतीय UPI की मलेशिया में हुई एंट्री! अब विदेश में भी कर सकेंगे ऑनलाइन पेमेंट

0

भारत और मलेशिया के बीच यूपीआई भुगतान को लेकर सहमति बनी है. इस समझौते के बाद से भारतीय नागरिक मलेशिया में फोन पे, गूगल पे, पेटीएम इत्यादि का इस्तेमाल भुगतान करने के लिए कर सकेंगे.

भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) का बोलबाला अब दुनिया में देखने को मिल रहा है. हाल ही में भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) की इंटरनेशनल यूनिट, NIPL ने आधिकारिक तौर पर मलेशिया में अपनी सेवाओं की शुरुआत कर दी है. जिसका मतलब है कि, अब मलेशिया जाने वाले भारतीय यूपीआई के माध्यम से पेमेंट कर पाएंगे.उन्हें मनी एक्सचेंज करने या फिर विदेशी करेंसी पर निर्भर नहीं रहना होगा. इस कदम से अब भारत के यूपीआई को 9 देशों में मान्यता मिल गई है. इन देशों में खरीदारी करने से लेकर व्यापार करने के लिए आप यूपीआई का इस्तेमाल कर सकते है. आईए जानते हैं कि, यह सुविधा कैसे काम करेगी.

भारत और मलेशिया के बीच यूपीआई भुगतान को लेकर सहमति बनी है. इस समझौते के तहत भारत के एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) और मलेशिया के पेमेंट गेटवे रेजरपे कर्लक ने हाथ मिलाया है. इस समझौते के बाद से भारतीय नागरिक मलेशिया में फोन पे, गूगल पे, पेटीएम इत्यादि का इस्तेमाल किसी भी तरह के भुगतान करने के लिए कर सकेंगे. मलेशिया में यह सुविधा रेजरपे कर्लक के प्लेटफॉर्म के माध्यम से काम करेगी.

इस नई सुविधा से एक ओर तो मलेशिया जाने वाले सैलानियों को लाभ मिलेगा. वे खरीदारी करने या फिर दूसरे कामों के लिए यूपीआई का इस्तेमाल कर सकेंगे. मलेशियन रिंगिट खरीदने और इंटरनेशनल क्रेडिट और डेबिट कार्ड के भारी शुल्क से भी वे बच जाएंगे.इसके साथ ही मलेशिया में व्यापार करने वालो को भी इसका सीधा लाभ होगा. वे अपने व्यापार संबंधी भुगतानों के लिए यूपीआई का इस्तेमाल करेंगे. जिससे दोनों ही देश के व्यापारियों का समय बचेगा.

जिन 9 देशों में भारतीय यूपीआई के माध्यम से आप पेमेंट कर सकते हैं. उनमें फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), मलेशिया, मॉरीशस, श्रीलंका, सिंगापुर, भूटान, नेपाल और कतर शामिल हैं.

NATIONAL : रोते- रोते लड़की ने पुल से लगा दी छलांग, तभी ‘फरिश्ता’ बनकर आए युवक ने हवा में ही यूं बचाई जान

0

देवरिया जिले में गंडक नदी के पुराने पटनवा पुल पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब बुर्का पहने एक 14 साल की लड़की आत्महत्या के लिए पुल के पिलर पर बैठ गई. वह लगातार रो रही थी. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से काम लेते हुए उसे कूदने से बचा लिया. युवती की पहचान तरकुलवा थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. थाना रामपुर कारखाना क्षेत्र के पुराने पटनवा पुल पर एक बुर्का पहने 14 साल की लड़की आत्महत्या के लिए पुल के पिलर पर बैठी रो रही थी. राहगीरों ने जब यह दृश्य देखा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.

सूचना मिलते ही कार्तिक स्नान की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे सीओ सिटी संजय रेड्डी और थाना प्रभारी अभिषेक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने की कोशिश की कि वह कोई गलत कदम न उठाए. इस बीच नदी किनारे भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि किसी अप्रिय स्थिति में तुरंत बचाव किया जा सके.

इसी दौरान एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए पुल से पिलर पर छलांग लगाई और युवती को पकड़ने की कोशिश की. तभी किशोरी ने भी नदी में कूदने का प्रयास किया, लेकिन उसके बुर्के का सिरा युवक के हाथ में आ गया जिससे वह हवा में लटक गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी. पुलिस और स्थानीय युवकों ने तत्काल प्रतिक्रिया दी और मिलकर किशोरी को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

लड़की को थाने लाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि वह तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम बालपुर श्रीनगर की रहने वाली है और उसके पिता का नाम मुहम्मदद्दीन है. किशोरी की मां सलमा ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान रहती है और कभी-कभी बिना वजह रोने लगती है. उन्होंने कहा कि बेटी को ‘प्रेत बाधा’ का असर बताया गया है और उसका झाड़-फूंक इलाज भी चल रहा है.

थाना प्रभारी अभिषेक यादव ने बताया कि किशोरी की मां ने बताया कि वह अपनी चाची के साथ बाजार गई थी, जहां से बिछड़ने के बाद वह पुल पर पहुंच गई. पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद लड़की को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. सीओ सिटी संजय रेड्डी ने कहा कि स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई. कार्तिक स्नान के मद्देनजर इस तरह की गश्त और निगरानी आगे भी जारी रहेगी.

ENTERTAINMENT : ‘सच्चाई का प्रोपेगेंडा…’, अमाल मलिक ने तोड़ा रिश्ता, रो पड़ीं तान्या, बिग बॉस में मचा बवाल

0

बिग बॉस 19 के दो जिगरी दोस्त अमाल मलिक और तान्या मित्तल के रिश्ते में दरार पड़ गई है. अमाल ने तान्या की दोस्ती पर सवाल उठाए, उन्हें खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद तान्या रोती नजर आईं.बिग बॉस 19 अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. शो में अब कंटेस्टेंट्स के बीच के रिश्ते भी बदल चुके हैं. दोस्त अब दुश्मन बनते जा रहे हैं और जो अब तक दुश्मनी निभा रहे थे उनके बीच दोस्ती होने लगी है. इसी बीच राशन टास्क करते हुए घरवालों के बीच घमासान मच गया. सभी एक दूसरे को टारगेट करते दिखे.

शो का नया प्रोमो वीडियो सामने आ चुका है. प्रोमो में गौरव खन्ना भोजपुरी हसीना नीलम गिरी और और तान्या मित्तल की दोस्ती पर सवाल उठाते दिखे. गौरव गुस्से में नीलम से बोले- रोती रहो तुम उसके साथ. इसपर नीलम भी चुप नहीं रहीं. वो चिल्लाकर बोलीं- आप मत सिखाइए कि मुझे कब रोना है और कब नहीं. आप लोगों के ताने हमें समझ आ रहे हैं.

वहीं, दूसरी ओर राशन टास्क में अमाल मलिक और तान्या मित्तल की दोस्ती भी टूटती नजर आई. अमाल ने तान्या को खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद वो इमोशनल होती दिखीं. अमाल ने तान्या से कहा- मुझे नहीं लगता कि आप एक सच्ची और अच्छी इंसान हो. इतना जो आपने सच्चाई का प्रोपेगेंडा फैलाया है, मुझे लगता है कि आपने झूठ फैलाया है. आपने अच्छी दोस्ती निभाने की एक्टिंग की है या नहीं ये मुझे नहीं पता. इतना फेंकती हो, एक स्टैंड तो लो.

इसपर तान्या ने जवाब दिया- सही देख रहा है ना तू…तुझे कभी दोस्ती अच्छी नहीं लगी. अमाल की कड़वी बातों से तान्या टूटती दिखीं. गार्डन एरिया में बैठकर तान्या रोती नजर आईं.टास्क में अभिषेक बजाज एक बार फिर कुनिका सदानंद को ऐज शेम करते दिखे. अभिषेक ने कुनिका से कहा- आंटी जी जलती हैं. इसपर कुनिका गुस्से से बोलीं- चुपकर चमचे. अपनी मालकिन को बोलने दे. बिग बॉस हाउस में इस समय बवाल मचा हुआ है. सभी एक दूसरे पर भड़कते नजर आ रहे हैं. प्रोमो देखकर इतना तो साफ है कि घर का माहौल इस समय पूरी तरह से बिगड़ चुका है. सिर्फ निगेटिविटी ही दिखाई दे रही है. अब इस लड़ाई का क्या अंजाम होगा ये देखने वाली बात होगी.

NATIONAL : ‘तुम मेरी नहीं तो किसी और की नहीं हो सकती’, वरमाला में फिल्मी स्टाइल में हथियार लेकर पहुंचा प्रेमी, फिर…

0

फरीदाबाद में एक शादीशुदा प्रेमी (धर्मवीर, 30) अपनी प्रेमिका की शादी रोकने के लिए वरमाला के दौरान कुल्हाड़ी लेकर फिल्मी अंदाज़ में पहुंचा और चिल्लाया, “तुम मेरी नहीं तो किसी और की नहीं हो सकती”. लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा. पुलिस चौकी में उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली और लगभग 50% झुलस गया. वह 4 साल से युवती के साथ रिश्ते में था. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

फरीदाबाद में प्रेमिका की शादी में पहुंचे युवक ने खूब हंगामा मचाया. कुल्हाड़ी लेकर शादी में पहुंचे युवक को देखकर पहले तो लोग डर गए, लेकिन बाद में उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उसने बैग में अपने साथ लाई पेट्रोल की बोतल से पेट्रोल उड़ेल कर खुद को आग लगा ली. जिसे देखकर पुलिस के हाथपांव फूल गए और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

फरीदाबाद के रामनगर में वरमाला की तैयारी चल रही थी. तभी एक वैगनआर कार शादी के वेन्यू पर पहुंची. उसमें से एक युवक निकला जिसके हाथ में एक बैग था. अचानक उसने बैग से कुल्हाड़ी निकाली और जोर से चिल्लाता हुआ बोला कि यह शादी नहीं हो सकती. यह बात बोलते ही वहां हंगामा शुरू हो गया. तभी उसने हाथ में कुल्हाड़ी उठा ली और कहा कि वह ये शादी नहीं होने देगा. वह इस लड़की को किसी और की नहीं होने देगा. तभी शादी में मौजूद लोगों ने पहले उसकी कुल्हाड़ी पकड़ी और फिर उसे काबू कर लिया.

इसके बाद उसे पकड़ कर पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस आरोपी को पकड़ कर सेक्टर-11 चौकी में ले गई, जहां उसने बैग से पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़क कर आग लगा ली. पुलिस ने आग बुझाई और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों का कहना है कि मरीज करीब 50 फीसदी झुलसा है. उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के कोसीकलां निवासी धर्मवीर (30) के रूप में हुई है.

RAJASTHAN : सब्जी बेचने वाले ने जीती 11 करोड़ की लॉटरी, उधार लेकर पहुंचा रकम लेने

0

राजस्थान के एक सब्ज़ी विक्रेता, अमित सेहरा ने पंजाब राज्य लॉटरी में 11 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीता है. जयपुर के कोटपुतली निवासी सेहरा ने यह टिकट बठिंडा में दोस्त से उधार पैसे लेकर खरीदा था. अब वह इस रकम को बच्चों की शिक्षा पर खर्च करेंगे और अपने मददगार दोस्त मुकेश को 1 करोड़ देंगे. यह जैकपॉट पंजाब स्टेट लॉटरी-दिवाली बम्पर 2025 का है.

किस्मत कब और कैसे बदल जाए, यह कोई नहीं जानता. राजस्थान के एक सब्ज़ी विक्रेता के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. पंजाब की यात्रा, एक दोस्त की छोटी सी मदद और किस्मत के सहारे, इस सब्ज़ी विक्रेता ने राज्य लॉटरी में 11 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीतकर अपनी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल ली है. लॉटरी जीतने के बाद चंडीगढ़ में औपचारिकताएं पूरी करने आए अमित सेहरा ने नम आंखों से अपनी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि उनके पास लॉटरी का इनाम लेने के लिए चंडीगढ़ आने तक के पैसे नहीं थे. उधार लेकर वे रकम लेने गए.

जयपुर के कोटपुतली निवासी अमित सेहरा सब्ज़ी का ठेला लगाते हैं. उन्होंने बठिंडा की एक दुकान से लॉटरी का टिकट खरीदा था, जिसके लिए उन्हें अपने एक दोस्त से पैसे उधार लेने पड़े थे. किस्मत ने उनका साथ दिया और उन्होंने पंजाब स्टेट लॉटरी-दिवाली बम्पर 2025 का शीर्ष पुरस्कार जीत लिया. लॉटरी का परिणाम 31 अक्टूबर को घोषित किया गया था.

उन्होंने कहा, ‘यह भगवान का आशीर्वाद है कि उन्होंने मुझे ‘छप्पर फाड़ के’ (अचानक और बड़ी राशि) दिया है.’ सेहरा ने बताया कि वह इस बड़ी जीत से बेहद खुश हैं और अब उनकी आर्थिक मुश्किलें खत्म हो जाएंगी.

इसके साथ ही, उन्होंने अपने मददगार दोस्त के प्रति आभार व्यक्त किया. सेहरा ने कहा कि वह अपने दोस्त मुकेश को लॉटरी टिकट खरीदने के लिए पैसे उधार देने के बदले 1 करोड़ देंगे. यह एक मिसाल है कि कैसे एक छोटी सी मदद किसी की किस्मत बदल सकती है. सेहरा की कहानी दर्शाती है कि आम आदमी के जीवन में भी भाग्य अचानक दस्तक दे सकता है.

NATIONAL : कहीं कराहते लोग, कहीं पड़ी थीं लाशें… हैवान लूटने लगे जेवरात और मोबाइल, बिलासपुर हादसे का शर्मनाक मंजर

0

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए रेल हादसे ने जहां एक ओर इंसानियत की मिसाल पेश की, वहीं दूसरी ओर इंसानियत को शर्मसार भी कर दिया. बचाव दल ने दिन-रात एक कर घायलों को बाहर निकाला, तो वहीं कुछ असामाजिक तत्वों ने हादसे का फायदा उठाते हुए लूटपाट शुरू कर दी. मृतकों के जेवर और मोबाइल तक गायब हो गए. परिजनों में रोष है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए इस रेल हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की बात सामने आई है. यहां मौत के मंजर के बीच दो अलग-अलग तस्वीर देखने को मिलीं. जहां एक तरफ इस हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों ने दिन-रात एक कर ट्रेन के डिब्बे को भीतर से गंभीर रूप से घायलों को निकालने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी.वहीं दूसरी तरफ हादसे के आसपास रहने वाले लोग और ट्रेन में मौजूद अज्ञात लोगों ने मौके का फायदा उठाते हुए, लूटपाट और चोरी की घटना को अंजाम दिया. किसी ने घायलों का सामान चोरी कर लिया तो किसी ने सोने चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर लिया.

मृत लोगों के सोने के आभूषण मदद करने के बहाने निकल लिए गए. इन दोनों तस्वीरों ने यह साफ कर दिया कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है. बताया जा रहा है कि घायलों के मोबाइल, बैग और पैसे गायब हैं, जबकि मृत महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने-चांदी के जेवर उतार लिए गए थे.

इस कृत्य से परिजनों में भारी आक्रोश है. परिजनों का कहना है कि जब लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे, तब कुछ असामाजिक तत्व मौके का फायदा उठाकर लूटपाट में लग गए. इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की जा रही है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

इस रेल हादसे में देर रात तक प्रशासन ने छह लोगों की मौत की खबर की पुष्टि की. वहीं अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आठ लोगों की जान जा चुकी है. घायलों में से 2 साल के बच्चे हरीश यादव की हालात बेहद गंभीर बनी हुई है. उसकी मां की मौत हो चुकी है. सबसे विचलित करने वाली बात यह है कि उसकी मां की मौत के बाद किसी ने उसका मंगलसूत्र निकाल लिया. इतना ही नहीं एक महिला ने उसका मोबाइल फोन भी ले लिया और घटनास्थल से फरार हो गई.

मृत महिला के परिजनों ने रेल हादसे की खबर मिलते ही चिंता करते हुए उसे फोन लगना शुरू कर दिया. तकरीबन 80 बार फोन लगाने के बावजूद किसी ने उनका फोन नहीं उठाया और जब एक अज्ञात महिला ने फोन उठाया तो उल्टे उन्हें के साथ गाली-गलोज करना शुरू कर दिया. दरअसल परिजनों ने सिर्फ इतना पूछा था कि, उनकी बेटी की हालत कैसा है? और उसका फोन उनके पास कैसे पहुंचा? इस पर दूसरी तरफ मौजूद अज्ञात महिला ने बताया कि, यह फोन उन्हें पड़ा हुआ मिला, जिसे उसके पति ने उठाकर ले आया है और अब उसे वे वापस नहीं करने वाले हैं. इस बात से नाराज यादव परिवार की परिजनों ने इसकी पुलिस में शिकायत करने की बात कही जिसपर महिला गाली गलौच करने लगी.

- Advertisement -

News of the Day