Thursday, April 30, 2026
Home Blog Page 336

ENTERTAINMENT : ‘सच्चाई का प्रोपेगेंडा…’, अमाल मलिक ने तोड़ा रिश्ता, रो पड़ीं तान्या, बिग बॉस में मचा बवाल

0

बिग बॉस 19 के दो जिगरी दोस्त अमाल मलिक और तान्या मित्तल के रिश्ते में दरार पड़ गई है. अमाल ने तान्या की दोस्ती पर सवाल उठाए, उन्हें खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद तान्या रोती नजर आईं.बिग बॉस 19 अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. शो में अब कंटेस्टेंट्स के बीच के रिश्ते भी बदल चुके हैं. दोस्त अब दुश्मन बनते जा रहे हैं और जो अब तक दुश्मनी निभा रहे थे उनके बीच दोस्ती होने लगी है. इसी बीच राशन टास्क करते हुए घरवालों के बीच घमासान मच गया. सभी एक दूसरे को टारगेट करते दिखे.

शो का नया प्रोमो वीडियो सामने आ चुका है. प्रोमो में गौरव खन्ना भोजपुरी हसीना नीलम गिरी और और तान्या मित्तल की दोस्ती पर सवाल उठाते दिखे. गौरव गुस्से में नीलम से बोले- रोती रहो तुम उसके साथ. इसपर नीलम भी चुप नहीं रहीं. वो चिल्लाकर बोलीं- आप मत सिखाइए कि मुझे कब रोना है और कब नहीं. आप लोगों के ताने हमें समझ आ रहे हैं.

वहीं, दूसरी ओर राशन टास्क में अमाल मलिक और तान्या मित्तल की दोस्ती भी टूटती नजर आई. अमाल ने तान्या को खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद वो इमोशनल होती दिखीं. अमाल ने तान्या से कहा- मुझे नहीं लगता कि आप एक सच्ची और अच्छी इंसान हो. इतना जो आपने सच्चाई का प्रोपेगेंडा फैलाया है, मुझे लगता है कि आपने झूठ फैलाया है. आपने अच्छी दोस्ती निभाने की एक्टिंग की है या नहीं ये मुझे नहीं पता. इतना फेंकती हो, एक स्टैंड तो लो.

इसपर तान्या ने जवाब दिया- सही देख रहा है ना तू…तुझे कभी दोस्ती अच्छी नहीं लगी. अमाल की कड़वी बातों से तान्या टूटती दिखीं. गार्डन एरिया में बैठकर तान्या रोती नजर आईं.टास्क में अभिषेक बजाज एक बार फिर कुनिका सदानंद को ऐज शेम करते दिखे. अभिषेक ने कुनिका से कहा- आंटी जी जलती हैं. इसपर कुनिका गुस्से से बोलीं- चुपकर चमचे. अपनी मालकिन को बोलने दे. बिग बॉस हाउस में इस समय बवाल मचा हुआ है. सभी एक दूसरे पर भड़कते नजर आ रहे हैं. प्रोमो देखकर इतना तो साफ है कि घर का माहौल इस समय पूरी तरह से बिगड़ चुका है. सिर्फ निगेटिविटी ही दिखाई दे रही है. अब इस लड़ाई का क्या अंजाम होगा ये देखने वाली बात होगी.

NATIONAL : ‘तुम मेरी नहीं तो किसी और की नहीं हो सकती’, वरमाला में फिल्मी स्टाइल में हथियार लेकर पहुंचा प्रेमी, फिर…

0

फरीदाबाद में एक शादीशुदा प्रेमी (धर्मवीर, 30) अपनी प्रेमिका की शादी रोकने के लिए वरमाला के दौरान कुल्हाड़ी लेकर फिल्मी अंदाज़ में पहुंचा और चिल्लाया, “तुम मेरी नहीं तो किसी और की नहीं हो सकती”. लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा. पुलिस चौकी में उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली और लगभग 50% झुलस गया. वह 4 साल से युवती के साथ रिश्ते में था. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

फरीदाबाद में प्रेमिका की शादी में पहुंचे युवक ने खूब हंगामा मचाया. कुल्हाड़ी लेकर शादी में पहुंचे युवक को देखकर पहले तो लोग डर गए, लेकिन बाद में उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उसने बैग में अपने साथ लाई पेट्रोल की बोतल से पेट्रोल उड़ेल कर खुद को आग लगा ली. जिसे देखकर पुलिस के हाथपांव फूल गए और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

फरीदाबाद के रामनगर में वरमाला की तैयारी चल रही थी. तभी एक वैगनआर कार शादी के वेन्यू पर पहुंची. उसमें से एक युवक निकला जिसके हाथ में एक बैग था. अचानक उसने बैग से कुल्हाड़ी निकाली और जोर से चिल्लाता हुआ बोला कि यह शादी नहीं हो सकती. यह बात बोलते ही वहां हंगामा शुरू हो गया. तभी उसने हाथ में कुल्हाड़ी उठा ली और कहा कि वह ये शादी नहीं होने देगा. वह इस लड़की को किसी और की नहीं होने देगा. तभी शादी में मौजूद लोगों ने पहले उसकी कुल्हाड़ी पकड़ी और फिर उसे काबू कर लिया.

इसके बाद उसे पकड़ कर पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस आरोपी को पकड़ कर सेक्टर-11 चौकी में ले गई, जहां उसने बैग से पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़क कर आग लगा ली. पुलिस ने आग बुझाई और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों का कहना है कि मरीज करीब 50 फीसदी झुलसा है. उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के कोसीकलां निवासी धर्मवीर (30) के रूप में हुई है.

RAJASTHAN : सब्जी बेचने वाले ने जीती 11 करोड़ की लॉटरी, उधार लेकर पहुंचा रकम लेने

0

राजस्थान के एक सब्ज़ी विक्रेता, अमित सेहरा ने पंजाब राज्य लॉटरी में 11 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीता है. जयपुर के कोटपुतली निवासी सेहरा ने यह टिकट बठिंडा में दोस्त से उधार पैसे लेकर खरीदा था. अब वह इस रकम को बच्चों की शिक्षा पर खर्च करेंगे और अपने मददगार दोस्त मुकेश को 1 करोड़ देंगे. यह जैकपॉट पंजाब स्टेट लॉटरी-दिवाली बम्पर 2025 का है.

किस्मत कब और कैसे बदल जाए, यह कोई नहीं जानता. राजस्थान के एक सब्ज़ी विक्रेता के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. पंजाब की यात्रा, एक दोस्त की छोटी सी मदद और किस्मत के सहारे, इस सब्ज़ी विक्रेता ने राज्य लॉटरी में 11 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीतकर अपनी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल ली है. लॉटरी जीतने के बाद चंडीगढ़ में औपचारिकताएं पूरी करने आए अमित सेहरा ने नम आंखों से अपनी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि उनके पास लॉटरी का इनाम लेने के लिए चंडीगढ़ आने तक के पैसे नहीं थे. उधार लेकर वे रकम लेने गए.

जयपुर के कोटपुतली निवासी अमित सेहरा सब्ज़ी का ठेला लगाते हैं. उन्होंने बठिंडा की एक दुकान से लॉटरी का टिकट खरीदा था, जिसके लिए उन्हें अपने एक दोस्त से पैसे उधार लेने पड़े थे. किस्मत ने उनका साथ दिया और उन्होंने पंजाब स्टेट लॉटरी-दिवाली बम्पर 2025 का शीर्ष पुरस्कार जीत लिया. लॉटरी का परिणाम 31 अक्टूबर को घोषित किया गया था.

उन्होंने कहा, ‘यह भगवान का आशीर्वाद है कि उन्होंने मुझे ‘छप्पर फाड़ के’ (अचानक और बड़ी राशि) दिया है.’ सेहरा ने बताया कि वह इस बड़ी जीत से बेहद खुश हैं और अब उनकी आर्थिक मुश्किलें खत्म हो जाएंगी.

इसके साथ ही, उन्होंने अपने मददगार दोस्त के प्रति आभार व्यक्त किया. सेहरा ने कहा कि वह अपने दोस्त मुकेश को लॉटरी टिकट खरीदने के लिए पैसे उधार देने के बदले 1 करोड़ देंगे. यह एक मिसाल है कि कैसे एक छोटी सी मदद किसी की किस्मत बदल सकती है. सेहरा की कहानी दर्शाती है कि आम आदमी के जीवन में भी भाग्य अचानक दस्तक दे सकता है.

NATIONAL : कहीं कराहते लोग, कहीं पड़ी थीं लाशें… हैवान लूटने लगे जेवरात और मोबाइल, बिलासपुर हादसे का शर्मनाक मंजर

0

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए रेल हादसे ने जहां एक ओर इंसानियत की मिसाल पेश की, वहीं दूसरी ओर इंसानियत को शर्मसार भी कर दिया. बचाव दल ने दिन-रात एक कर घायलों को बाहर निकाला, तो वहीं कुछ असामाजिक तत्वों ने हादसे का फायदा उठाते हुए लूटपाट शुरू कर दी. मृतकों के जेवर और मोबाइल तक गायब हो गए. परिजनों में रोष है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए इस रेल हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की बात सामने आई है. यहां मौत के मंजर के बीच दो अलग-अलग तस्वीर देखने को मिलीं. जहां एक तरफ इस हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों ने दिन-रात एक कर ट्रेन के डिब्बे को भीतर से गंभीर रूप से घायलों को निकालने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी.वहीं दूसरी तरफ हादसे के आसपास रहने वाले लोग और ट्रेन में मौजूद अज्ञात लोगों ने मौके का फायदा उठाते हुए, लूटपाट और चोरी की घटना को अंजाम दिया. किसी ने घायलों का सामान चोरी कर लिया तो किसी ने सोने चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर लिया.

मृत लोगों के सोने के आभूषण मदद करने के बहाने निकल लिए गए. इन दोनों तस्वीरों ने यह साफ कर दिया कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है. बताया जा रहा है कि घायलों के मोबाइल, बैग और पैसे गायब हैं, जबकि मृत महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने-चांदी के जेवर उतार लिए गए थे.

इस कृत्य से परिजनों में भारी आक्रोश है. परिजनों का कहना है कि जब लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे, तब कुछ असामाजिक तत्व मौके का फायदा उठाकर लूटपाट में लग गए. इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की जा रही है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

इस रेल हादसे में देर रात तक प्रशासन ने छह लोगों की मौत की खबर की पुष्टि की. वहीं अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आठ लोगों की जान जा चुकी है. घायलों में से 2 साल के बच्चे हरीश यादव की हालात बेहद गंभीर बनी हुई है. उसकी मां की मौत हो चुकी है. सबसे विचलित करने वाली बात यह है कि उसकी मां की मौत के बाद किसी ने उसका मंगलसूत्र निकाल लिया. इतना ही नहीं एक महिला ने उसका मोबाइल फोन भी ले लिया और घटनास्थल से फरार हो गई.

मृत महिला के परिजनों ने रेल हादसे की खबर मिलते ही चिंता करते हुए उसे फोन लगना शुरू कर दिया. तकरीबन 80 बार फोन लगाने के बावजूद किसी ने उनका फोन नहीं उठाया और जब एक अज्ञात महिला ने फोन उठाया तो उल्टे उन्हें के साथ गाली-गलोज करना शुरू कर दिया. दरअसल परिजनों ने सिर्फ इतना पूछा था कि, उनकी बेटी की हालत कैसा है? और उसका फोन उनके पास कैसे पहुंचा? इस पर दूसरी तरफ मौजूद अज्ञात महिला ने बताया कि, यह फोन उन्हें पड़ा हुआ मिला, जिसे उसके पति ने उठाकर ले आया है और अब उसे वे वापस नहीं करने वाले हैं. इस बात से नाराज यादव परिवार की परिजनों ने इसकी पुलिस में शिकायत करने की बात कही जिसपर महिला गाली गलौच करने लगी.

MAHARASHTRA : दुकानदार के नजरें फेरते ही महिला ने नकली से बदल दी असली सोने की अंगूठी

0

महाराष्ट्र के वाशीम जिले के कारंजा में लोनकर ज्वेलर्स में दो बुर्काधारी शातिर महिलाओं ने चोरी की. उन्होंने लगभग 70 हजार की दो असली सोने की अंगूठियों के बदले, सोने जैसी दिखने वाली नकली अंगूठियां ट्रे में रख दीं. दुकान मालिक निशांत लोनकर को नकली अंगूठी देखकर शक हुआ. यह पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब दोनों चोरनियों की तलाश कर रही है.महाराष्ट्र के वाशीम जिले से चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो बुर्काधारी महिलाओं ने ज्वेलरी शॉप से सोने की दो अंगूठियां चुरा लीं. इस पूरी वारदात को दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद कर लिया गया है.

यह चोरी जिले के कारंजा शहर में स्थित लोनकर ज्वेलर्स की दुकान में हुई. CCTV फुटेज में साफ दिखाई देता है कि दुकान में काफी भीड़ थी, जब दो बुर्काधारी महिलाएं एक ट्रे में रखी सोने की अंगूठियों को देख रही थीं.कुछ ही सेकंड के भीतर, शातिर तरीके से एक महिला ट्रे से असली अंगूठी उठाती है, जबकि दूसरी महिला तुरंत उसकी जगह सोने जैसी दिखने वाली नकली अंगूठी ट्रे में रख देती है, ताकि किसी को जरा भी शक न हो. इस तरह उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

दुकान मालिक निशांत लोनकर ने बताया कि महिलाओं ने लगभग 70 हजार कीमत की दो सोने की अंगूठियों पर हाथ साफ किया. उन्होंने चालाकी से दो असली अंगूठियों के बदले दो नकली अंगूठियां ट्रे में रख दी थीं.चोरी का पता तब चला जब निशांत लोनकर को ट्रे में रखी दो अंगूठियां कुछ अलग दिखीं. शक होने पर उन्होंने उन अंगूठियों की जांच की, तो पता चला कि वे नकली हैं. तुरंत CCTV फुटेज चेक किए गए, जिसमें दोनों महिलाएं बड़ी सफाई से हाथ की कलाकारी करती नज़र आईं.

दुकान मालिक निशांत लोनकर ने कहा है कि वह इस चोरी की शिकायत लेकर जल्द ही पुलिस स्टेशन जाने वाले हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस अब दोनों शातिर चोरनियों की तलाश में जुट गई है.

Dev Diwali 2025: देव दिवाली है आज, जानें शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और पौराणिक महत्व

0

पंचांग के अनुसार, देव दिवाली कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है. इस पर्व को देव दीपावली, त्रिपुरारी पूर्णिमा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे अन्य नामों से भी जाना जाता है. इस महापर्व पर भगवान शिव और भगवान विष्णु का पूजन किया जाता है. इस पर्व का पूजन शाम के वक्त प्रदोष काल में किया जाता है.

आज देव दिवाली का पर्व मनाया जाएगा. यह त्योहार हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है. देव दिवाली को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन भगवान शिव की पूजा करना भी सबसे शुभ माना जाता है क्योंकि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था. इसी वजह से इस दिन को ‘देवताओं की दिवाली’ भी कहा जाता है.

कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाला ये पर्व खासतौर पर वाराणसी में बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाता है. जब शाम को गंगा के घाटों पर लाखों दीपक जलते हैं, तो पूरा बनारस रोशनी से जगमग हो जाता है, मानो देवता स्वयं धरती पर उतर आए हों. इसलिए, इस दिन प्रदोष काल में दीपदान करना सबसे शुभ माना जाता है.

देव दिवाली की तिथि 4 नवंबर की रात 10 बजकर 36 मिनट पर शुरू हो चुकी है और तिथि का समापन 5 नवंबर यानी आज शाम 6 बजकर 48 मिनट पर होगा. वहीं, ज्योतिषियों के अनुसार, देव दिवाली का पूजन और दीप दान प्रदोषकाल और गोधूली मुहूर्त में करना बहुत ही शुभ माना जाता है. इसलिए प्रदोष काल आज शाम 5 बजकर 15 मिनट से लेकर शाम 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा. इसके अलावा, गोधूली मुहूर्त शाम 5 बजकर 33 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 59 मिनट तक रहेगा.

देव दिवाली की भव्य तैयारियां पहले से ही शुरू हो जाती हैं. घरों और मंदिरों की साफ-सफाई होती है, रंगोली सजाई जाती है और दीपक जलाने की तैयारी होती है. माना जाता है कि इस दिन देवताओं को प्रसन्न करने के लिए खास पूजा की जाती है. इस दिन घर के उत्तर दिशा में दीपक जलाना बहुत शुभ होता है. ऐसा करने से मां लक्ष्मी और कुबेर देव प्रसन्न होते हैं और घर में धन-समृद्धि आती है. इस दिन दान का भी बहुत महत्व है. लोग जरूरतमंदों को पीले कपड़े, केला, केसर, गुड़ या भोजन दान करते हैं. माना जाता है कि ऐसा करने से भगवान की कृपा बनी रहती है और जीवन में सुख-शांति आती है.

इसके अलावा, इस दिन तुलसी पूजन का भी खास महत्व है. भक्त तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाते हैं, भगवान विष्णु का स्मरण करते हैं और तुलसी की तीन बार परिक्रमा करते हैं. कई लोग इस दिन नई तुलसी भी लगाते हैं, जो भक्ति और नए आरंभ का प्रतीक मानी जाती है.

देव दिवाली की रात बनारस के घाट किसी स्वर्ग से कम नहीं दिखते हैं. खासतौर पर दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और राजेंद्र प्रसाद घाट पर लाखों दीपक जलाए जाते हैं. इन दीयों की सुनहरी रोशनी जब गंगा के पानी पर पड़ती है, तो पूरा माहौल जगमगा उठता है. इस दिन हजारों भक्त घाटों पर उमड़ते हैं ताकि भव्य गंगा आरती का दर्शन कर सकें. मंत्रों की गूंज, शंखनाद और दीपक, एक अद्भुत दृश्य रचते हैं. गंगा में बहते दीयों के साथ लोग समृद्धि, शांति और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति की कामना करते हैं.

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देव दिवाली उस दिन की याद में मनाई जाती है जब भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्त कराया था. इसी वजह से इस दिन को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है. भगवान शिव का एक नाम ‘त्रिपुरारी’ भी है, जिसका अर्थ होता है- त्रिपुर नामक असुर का विनाश करने वाला. कहते हैं कि इस विजय के बाद सभी देवता काशी नगरी में उतरे और उन्होंने गंगा घाटों पर दीप जलाकर उत्सव मनाया. तभी से यह परंपरा आज तक निभाई जा रही है.

मान्यता यह भी है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने अपने मत्स्य अवतार (मछली रूप) में धरती पर प्रकट होकर सृष्टि की रक्षा की थी. इस तरह यह दिन सृष्टि का सृजन, नवीकरण और जीवन की रक्षा का प्रतीक भी माना जाता है.

RAJASTHAN : डीग में शादी के खाने को लेकर खूनी खेल, 1 की मौत, 6 लोग घायल

0

डीग में विगत दिन मामूली कहासुनी में हुई फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है. दो पक्षों में शादी में खाने को लेकर हुई कहासुनी में फायरिंग से एक की मौत हो गई थी.राजस्थान के डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के बोड़ोली गांव में सोमवार (3 नवंबर) को शादी में खाना खाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी में मामला इतना बढ़ गया की एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जमकर फायरिंग कर दी. फायरिंग में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग 6 लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज पहाड़ी अस्पताल में जारी है. वहीं मृतक के शव का अभी पोस्टमार्टम नहीं हुआ है. अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार बताया कि तुलसी सैनी के परिवार में 2 दिन पहले शादी थी. जिसमें खाने को लेकर ग्यासी गुर्जर पक्ष के एक युवक से कहासुनी हो गई. सोमवार को भी तुलसी सैनी के यहां कोई वैवाहिक कार्यक्रम था.

इस दौरान ग्यासी गुर्जर पक्ष के लोग तुलसी सैनी के घर पहुंचे और 2 दिन पहले हुए झगड़े को लेकर फिर से झगड़ा करने लगे. तब दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई. जिसके बाद पथराव शुरू हो गया. इस दौरान ग्यासी गुर्जर पक्ष ने तुलसी सैनी पक्ष पर फायरिंग कर दी जिसमें चंदन सैनी की मौत हो गई.यह घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है. सूचना पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी घायलों को पहाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टर ने चंदन सैनी को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल चंदन सैनी के शव को मोर्च्युरी में रखवा दिया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.

पहाड़ी अस्पताल में समाज के लोगों की पंचायत चल रही है. पंचायत में समाज के लोग जो भी निर्णय करेंगे उसके अनुसार आगे बढ़ा जाएगा. इसलिए शव का अभी तक पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया है. पुलिस भी अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है.घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें ग्यासी गुर्जर पक्ष के लोग हाथों में हथियार लेकर खड़े नजर आ रहे हैं. साथ ही वीडियो में गोली चलने की भी आवाज आ रही है लेकिन, पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है.

SPORTS : वर्ल्डकप जीतने के बाद धोनी के अंदाज में नजर आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर, 14 साल पुरानी यादें हुईं ताजा

0

हरमनप्रीत कौर ने वर्ल्ड कप जीतने के बाद गेटवे ऑफ इंडिया पर एमएस धोनी के अंदाज में ट्रॉफी के साथ फोटोशूट कराया. उनके इस फोटोशूट को देखकर फैंस को 14 साल पुरानी यादें ताजा हो गई.

भारत ने 2 नवंबर को महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतकर इतिहास रच दिया. टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला महिला वनडे विश्व कप अपने नाम किया. इसके बाद टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऐसा काम किया जिसने फैंस को 14 साल पीछे, यानी 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीत के दौर में पहुंचा दिया.

हाल ही में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ फोटोशूट कराया. इस फोटो में हरमनप्रीत बिल्कुल धोनी के अंदाज में ट्रॉफी पकड़े नजर आईं. 2011 में जब भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में श्रीलंका को हराकर वर्ल्ड कप जीता था, तब धोनी ने भी मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ ऐसा ही फोटोशूट कराया था.

बीसीसीआई ने खुद हरमनप्रीत की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. पोस्ट करने के कुछ ही घंटों में ये फोटो वायरल हो गईं. फैंस की इन तस्वीरों को देखकर धोनी की लिगेसी याद आ गई और वो 14 साल पहले पहुंच गए.

फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. टीम इंडिया ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. शेफाली वर्मा ने 87 रन की शानदार पारी खेली, वहीं दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाते हुए एक अर्धशतक जड़ा. स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रनों का तेजतर्रार योगदान दिया. जिसके चलते भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए.

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई. दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में कहर ढाया और 5 विकेट झटके, जबकि शेफाली ने भी दो विकेट अपने नाम किए.

NATIONAL : तीन बच्चों की मां को इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, 15 साल छोटे प्रेमी से करवाई पति की हत्या!

0

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में 40 वर्षीय महिला ने 15 साल छोटे प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ रिश्ता है वानियत में बदल गया पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया.

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक अंधा प्यार और अपने से 15 साल छोटे प्रेमी के साथ भविष्य बसाने की चाहत ने एक पत्नी को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार पलारी थाना क्षेत्र के वटगन निवासी फल विक्रेता अमित गिरी की क्रूर हत्या का मामला सामने आया है.

अमित गिरी की पत्नी 40 वर्षीय चंद्रिका गिरी और उसके 25 साल के प्रेमी टूना कुमार पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसे मार दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. यह हैरान करने वाला मामला चार साल पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुए एक ‘रोमांस’ का विकराल रूप है.

सब कुछ तब शुरू हुआ जब चार साल पहले चंद्रिका की मुलाकात बिहार के मुजफ्फरनगर निवासी टूना कुमार से इंस्टाग्राम पर हुई. उम्र में करीब 15 साल छोटा होने के बावजूद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं और यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई. टूना चेन्नई में एक अच्छी नौकरी करता था, जहां उसे महीने के लगभग 80,000 रुपये मिलते थे. चंद्रिका ने टूना को अपने बच्चों से ‘अंकल’ कहलवाकर मिलवाया और उनसे होटलों में मिलने लगी.

धीरे-धीरे चंद्रिका ने टूना के साथ ही अपना भविष्य बनाने का सपना देखना शुरू कर दिया. हालांकि, इस रास्ते में सबसे बड़ी बाधा उसका अपना पति अमित गिरी था. स्थिति तब और गंभीर हो गई जब चंद्रिका को पता चला कि फरवरी में टूना की शादी तय हो गई है. इस खबर ने उसे भावनात्मक रूप से हिला दिया और उसने अपने पति को ‘रास्ते से हटाने’ का अंतिम और घातक फैसला कर लिया.

पुलिस जांच के मुताबिक, हत्या से पहले चंद्रिका ने रायपुर के एक होटल में टूना से मुलाकात की. इसी मुलाकात में दोनों ने हत्या की अंतिम रूपरेखा तैयार की. चंद्रिका ने टूना को पूरा प्लान बताया – कब घर में घुसना है, कहां छिपना है, किस वक्त हमला करना है और कैसे फरार होना है. हत्या के लिए उसने नाचा कार्यक्रम का दिन चुना ताकि घर खाली रहे. रात में जब अमित सो गए, तब टूना ने छत से उतरकर कुल्हाड़ी से उन पर दो वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पलारी पुलिस की तकनीकी जांच ने पूरी साजिश का भंडाफोड़ किया. कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन ने पुलिस को सीधे आरोपियों तक पहुंचाया. थाना प्रभारी हेमंत पटेल की टीम ने चेन्नई जाकर टूना को गिरफ्तार किया, जहां उसने अपराध कबूल किया. एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने पुष्टि की कि चंद्रिका इस हत्या की मास्टरमाइंड थी. वही थी जिसने अपने पति की हत्या की पूरी योजना बनाई और प्रेमी को अंजाम देने के लिए उकसाया.

MP : आरोपी डॉक्टर प्रवीण सोनी की पत्नी अरेस्ट, फार्मेसी पर मिलावटी सिरप बेचने का आरोप

0

मध्य प्रदेश कफ सिरप मामले में SIT ने आरोपी डॉक्टर प्रवीण सोनी की पत्नी ज्योति सोनी को गिरफ्तार किया है, जो एक मेडिकल दुकान की मालकिन हैं. उन पर मिलावटी कफ सिरप बेचने का आरोप है.

मध्य प्रदेश में 24 बच्चों की मौत के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार माने जा रहे कफ सिरप के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने मंगलवार को आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी की पत्नी को गिरफ्तार किया है.

छिंदवाड़ा के रहने वाले डॉ. सोनी ने कथित तौर पर ज्यादातर बीमार बच्चों को मिलावटी कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ दिया था. उन्हें पिछले महीने किडनी फेल होने से बच्चों की मौत के सिलसिले में लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।अनुविभागीय पुलिस अधिकारी और एसआईटी के प्रमुख जितेंद्र जाट ने बताया कि डॉ. सोनी की पत्नी ज्योति सोनी को सोमवार (3 नवंबर) रात छिंदवाड़ा जिले के परासिया कस्बे में उनके घर से गिरफ्तार किया गया. ज्योति सोनी इस मामले में एक और आरोपी हैं.

उन्होंने बताया कि वह एक मेडिकल दुकान की मालकिन हैं, जहां से कई पीड़ितों को कफ सिरप बेचा गया था. उन्होंने बताया कि अब तक कफ सिरप मामले के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

बच्चों की मौत के बाद तमिलनाडु सरकार ने कफ सिरप बनाने वाली कंपनी ‘श्रेसन फार्मा’ का लाइसेंस रद्द कर दिया. गिरफ्तार किए गए लोगों में श्रेसन फार्मा के मालिक जी. रंगनाथन, मेडिकल प्रतिनिधि सतीश वर्मा, केमिस्ट के. महेश्वरी, थोक विक्रेता राजेश सोनी और मेडिकल स्टोर फार्मासिस्ट सौरभ जैन शामिल हैं.मध्य प्रदेश के 24 बच्चों की कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने के बाद किडनी फेल होने से मौत हो गई थी. इनमें से ज़्यादातर बच्चे पांच साल से कम उम्र के थे. वहीं, पड़ोसी राजस्थान में भी कम से कम तीन बच्चों की कफ सिरप पीने से मौत हो गई थी.

इस त्रासदी के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत में पहचाने गए तीन ‘घटिया’ ओरल कफ सिरप- कोल्ड्रिफ, रेस्पिफ्रेश और रीलाइफ के खिलाफ अलर्ट जारी किया था.

- Advertisement -

News of the Day