Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 540

NATIONAL : तंत्र-मंत्र क्रिया! अपने पिता को बचाने के लिए राजा की नरबलि, घर में क्यों उलटी टांगी गई सोनम की तस्वीर?

0

राजा रघुवंशी के परिजनों ने सोनम सहित उसके पूरे परिवार की नार्को टेस्ट की मांग करते हुए तंत्र क्रिया कर उनके बेटे की नरबलि देने का आरोप लगाया है. राजा रघुवंशी हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. इसी कड़ी में राजा के परिजनों ने अब सोनम रघुवंशी पर तंत्र क्रिया कर नरबलि देने का आरोप पर लगाया है. दरअसल राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद राजा के घर इंदौर के सहकार नगर में सोमवार को तेरहवीं का कार्यक्रम कर राजा की आत्मा को शांति देने के लिए 11 पंडितों से हवन पूजन करवाया गया.

वहीं परिजनों द्वारा सोनम सहित उसके परिवार की नार्को टेस्ट की मांग करते हुए तंत्र क्रिया कर नरबलि का आरोप लगाया गया है. राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने बताया कि राजा की अकाल मृत्यु हुई है आज उसकी तेरहवीं का कार्यक्रम रखा गया था. हमारे द्वारा किसी को भी नहीं बुलाया गया. राजा को जो भी चीजें पसंद थीं वह हर चीज आज बनाकर उसका भोग लगाया गया है.तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने आए राजा रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी को लेकर कहा कि किसी को आमंत्रित नहीं किया था मेरे द्वारा गोविंद से बात नहीं की गई न ही उससे मिला तेरहवीं पर कोई आ गया तो उसे मना भी नहीं कर सकते.

वहीं सोनम द्वारा तंत्र मंत्र कर नरबलि देने के आरोपों पर कहा कि हम किसी पर आरोप नहीं लगा रहे लेकिन हमें सोचने पर मजबूर कर दिया है, जिस तरह से सोनम के घर पर सोनम की उल्टी तस्वीर टांगी गई थी कि वह जिंदा लौट सके वह लौटी जिंदा लौटी भी.वहीं जहां सोनम गई थी वहां भी तंत्र क्रिया होती है. जब सोनम के पापा को अटैक आया था तो पापा को बचाने के लिए अरेंज मैरेज कर राजा को मार डाला जो प्लानिंग बनाई थी वह सक्सेस हो जाती इसलिए यह बाते सामने आई है. इसलिए हमारे द्वारा नार्को टेस्ट की मांग की गई है.

 

BUSINESS : मई में कम हुई थोक महंगाई, 14 महीने के सबसे निचले स्तर पर आयी

0

मैन्युफैक्चिंग WPI 2.62 प्रतिशत से कम होकर 2.04 प्रतिशत पर आ गया है तो वहीं आलू की थोक महंगाई -24.30 प्रतिशत से कम होकर -29.42 प्रतिशत पर आ गई है.

आम जनता के लिए ये राहत देनेवाली खबर है. देश में थोक महंगाई दर (Wholesale Price Index) घटकर 14 महीने के सबसे निचले स्तर पर आ गई है. ये मई के महीने में 0.39 प्रतिशत रही, जबकि अप्रैल में थोक महंगाई दर 0.85 प्रतिशत थी. थोक महंगाई मई में 0.80 प्रतिशत का अनुमान लगाया गया था. खाद्य वस्तुएं सस्ती हो गई है. महीने के आधार पर अगर देखें तो मई में खाद्य महंगाई दर 2.55 प्रतिशत से कम होकर 1.72 प्रतिशत पर आ गई है. मैन्युफैक्चरिंग प्रोडक्ट्स थोक महंगाई दर 2.62 प्रतिशत से कम होकर 2.04 प्रतिशत रही. मैन्युफैक्चिंग WPI 2.62 प्रतिशत से कम होकर 2.04 प्रतिशत पर आ गया है तो वहीं आलू की थोक महंगाई -24.30 प्रतिशत से कम होकर -29.42 प्रतिशत पर आ गई है.

प्याज की थोक महंगाई 0.20 प्रतिशत से कम होकर -14.41 प्रतिशत पर रही. इसी तरह सब्जियों की महंगाई -18.26 प्रतिशत से कम होकर -21.62 प्रतिशत आ गई. जबकि मांस, मछली और अंडे का का WPI -0.29 प्रतिशत से कम होकर -1.01 प्रतिशत पर आ गया. ईंधन और पावर की थोक महंगाई दर -2.18 प्रतिशत से -2.27 प्रतिशत रही.

इससे पहले 12 जून को सरकार की तरफ से खुदरा महंगाई दर के आंकड़े जारी किए गए थे. इसमें 2025 के मई महीने में भारत की खुदरा महंगाई कम होकर 2.82 प्रतिशत हो गई है. खुदरा महंगाई दर में कमी खाद्य पदार्थों में नरमी की वजह से देखने को मिल रही है. ये पिछले छह वर्षों के दौरान सबसे निम्न स्तर है. खुदरा महंगाई साल 2019 में 2.86 प्रतिशत थी. इस साल अगर खुदरा महंगाई के आंकड़ों पर गौर करें तो अप्रैल में ये 3.16 प्रतिशत रही, जबकि मार्च में 3.34 प्रतिशत थी. ये खुदरा महंगाई दर पिछले सरसठ महीने में सबसे निम्न दर थी.

इधर, वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय जीडीपी वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 7.4 प्रतिशत के ग्रोथ रेट के साथ मजबूती से खड़ी है. जबकि सालाना जीडीपी ग्रोथ 6.5 प्रतिशत अनुमान से भी कहीं ज्यादा है. हालांकि, पिछले दो वर्षों के जीडीपी औसत ग्रोथ 8.4 प्रतिशत के मुकाबले यह कम है. लेकिन वित्त वर्ष 2026 के लिए ग्रोथ 6.2 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है.

NATIONAL : गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के बीच आई दरार! साथ नहीं करेंगे काम, जानें किस बात पर हुआ विवाद

0

लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आयी है. दावा किया जा रहा है कि लॉरेंस और गोल्डी के बीच विवाद हो गया है.साबरमती जेल में बंद हाई-प्रोफाइल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार को लेकर एक अहम खबर सामने आयी है. लॉरेंस और गोल्डी की वजह अब खुफिया एजेंसियों और पुलिस का सिर दर्द फिर से बढ़ने वाला है. एक रिपोर्ट के मुताबिक बिश्नोई और बराड़ अलग हो गए हैं. वे दोनों अब साथ काम भी नहीं करेंगे. इन दोनों के बीच किसी बात को लेकर बड़ा विवाद हो गया है.

इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के मुताबिक गोल्डी और लॉरेंस के बीच झगड़ा हो गया है. एक अधिकारी ने बताया, ”दोनों गैंगस्टर अब साथ काम नहीं करेंगे. यह उनका खुद का फैसला है. गोल्डी ने अजरबैजान के रोहित गोदारा के साथ काम करना शुरू कर दिया है, जबकि बिश्नोई अब कनाडा के नोनी राणा के साथ जुड़ गया है. यह झगड़ा और उनके नए सिंडिकेट अब पुलिस के लिए सिरदर्द बनने वाला हैं.”

रिपोर्ट के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई अपने भाई अनमोल के केस को अमेरिका में संभालने के तरीके को लेकर बरार और गोदारा से नाराज हो गया है. इसी वजह से अब दोनों के बीच दूरी बढ़ गई है. केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि बरार और गोदारा ने अनमोल को जरूरी बेल बॉन्ड दाखिल करने में मदद नहीं की थी. हालांकि अनमोल को बाद में रिहा कर दिया गया, लेकिन उसके पैर में ब्रेसलेट ट्रैकर लगा दिया गया.”

अनमोल को नवंबर 2024 में अमेरिकी इमीग्रेशन अथॉरिटी ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के साथ यात्रा करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. अनमोल पर मई 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल होने का आरोप भी लगा था. आरोप यह भी है कि वह पिछले साल एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या का मास्टरमाइंड था.

 

NATIONAL : 60 हजार की जैकेट पर मचा बवाल तो बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री बोले, ‘अगली बार और…’

0

महंगे जैकेट पर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अगर तुम्हें पेट में दर्द है तो हम 1 लाख 20 हजार रुपये की पहनेंगे. जिसपर कमेंट कर रहे हो उसके जीवन को तो देखो. मशहूर कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस समय विदेश यात्रा पर हैं. वह “फिज़ी” में हनुमत कथा कर रहें हैं. कथा के दौरान उनके पहनावे को लेकर विवाद हो गया. इसको लेकर उन्होंने सफाई दी है.

उन्होंने कहा, ”हमारे लिए वीडियो बनाया गया है. ऑस्ट्रेलिया में हमें ठंडी लगी. एक बच्ची जिसने दीक्षा ली है, उसने महंगी जैकेट दे दी. 60-65 हजार रुपये की रही होगी. बड़े ब्रांड का है. जब यूट्यूबर ने बनाया, तब पता चलेगा. समुद्र में गए तो, बचने के लिए हमने चश्मा लगा लिया, वो भी महंगा. फोटो वायरल हो रहा है. लोग कह रहे हैं बाबा के जलवे देखो, कुछ तो कह रहे हैं, ऐस देखो. कुछ कह रहे हैं मजे तो इन्हीं के हैं.”

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ”10 रुपये का आदमी, नाचने वाला, गंदे चरित्र का आदमी दो लाख की जैकेट पहन सकता है, तो महात्मा अगर 60 हजार की पहन लेता है, तो तेरे पेट में दर्द होता है.”

उन्होंने कहा, ”ये भी सुनो, हमने खरीदी नहीं, हमें चेलों ने दी. अगर तुम्हें पेट में दर्द है तो हम 1 लाख 20 हजार रुपये की पहनेंगे. तुम बनाना वीडियो और डालना वीडियो. तुम्हें हमसे बहुत दिक्कत है. जिसपर कमेंट कर रहे हो उसके जीवन को तो देखो.”

बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ”जो समाज को दारू पीने का संदेश देते हैं, जो सिगरेट पीकर बच्चों को बर्बाद करते हैं, जो गंदी-गंदी मूवी बनाकर बच्चों को बर्बाद करते हैं, तुम्हारे पैसे के टिकट से मौज करते हैं, उनपर कमेंट करने में तेरी नानी मर जाती है. हिंदुओं पर कमेंट करते हो, दोबारा अगर मुझपर कमेंट किया तो, पराडा का चश्मा पहनूंगा. मैं जैक्सन का जैकेट पहनूंगा.”

उन्होंने कहा, ”हम पढ़कर आए हैं, देखकर आए हैं कि सबसे महंगा ब्रांड कौन सा है. हमें शौक नहीं है, लेकिन कोई देता है तो ले लेते हैं. हम मना नहीं करते हैं. हम हिंदुओं के लिए जीते हैं. हिंदुओं पर कमेंट करना सस्ता है. यही कमेंट दूसरे मजहब पर करके बता दो, घर से उठा लिए जाओगे. इससे हम विचलित नहीं हुए हैं, तुम्हें हमारी याद तो आई.”

 

RAJASTHAN : महिला ने प्रेम जाल में फंसाकर बनाए अश्लील वीडियो, फिर वसूले 80 लाख…परेशान स्कूल संचालक ने किया सुसाइड

0

राजस्थान के फलोदी में एक प्राइवेट स्कूल संचालक मेगाराम जाणी को एक महिला के बच्चे का एडमिशन देना भारी पड़ गया. कथित तौर पर महिला ने शख्स को प्यार के जाल में फंसाकर उसके अश्लील वीडियो बनाए और फिर ब्लैकमेल कर उससे 80 लाख वसूल लिए. बदनामी के डर से शख्स ने आत्महत्या कर ली.

राजस्थान के फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र पुनासर गांव के एक प्राइवेट स्कूल संचालक मेगाराम जाणी को एक महिला के बच्चे का एडमिशन देना भारी पड़ गया. महिला ने मेगाराम को प्रेम के जाल में फंसाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल करने लगी. उसने डरे हुए युवक से उसकी संपत्ति बिकवाकर 80 लाख की रुपए ऐंठ लिए गए. संतोष नाम की महिला बार- बार मेगाराम को वीडियो वायरल करने की धमकी देती थी. लगातार इज्जत पर खतरा मंडराने से पूरी तरह त्रस्त हो चुके मेगाराम ने फांसी पर झूलकर जान दे दी.

मेगाराम ने अपने ही घर में पेड़ पर लटक कर फांसी लगा कर जान दे दी. घटना के बाद से आरोपी संतोष व उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकरजोधपुर मोर्चरी के बाहर धरना चला. परिजनों ने महिला की गिरफ्तारी के बाद ही परिजनों ने शव के उठाया. संतोष दो बच्चों की मां है जबकि मेगाराम को तीन बच्चे थे. दोनों ने 25 मार्च 2025 को जोधपुर में आर्य समाज फोर्ट में कोर्ट मैरिज की थी.

मृतक के भाई मदन राम ने बताया की गांव कपुरिया में भाई मेगाराम जाणी का सीनियर सेकेंडरी स्कूल था. यहां 700 छात्र छात्राएं पढ़ते थे जो और इस स्कूल का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहता था. खेल प्रतियोगिता में यह स्कूल फलोदी जिले में टॉप रहती है. लेकिन साल 2024 जुलाई में आरोपी महिला अपने पुत्र का दसवीं में एडमिशन करवाने आई थी. वह स्कूल संचालक मेगाराम से संपर्क में आ गई थी. उसने बहाने से मेगाराम को अपने घर बुलाया और नशा देने के बाद उसके अश्लील फोटो वीडियो बना लिए. वह उन्हें वायरल कर बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकियां देकर ब्लैकमेल करने लगी और पैसो की डिमांड करने लगी.

मृतक की जेब में सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था कि उसने मुझे प्यार में फंसाया, मेरी अश्लील फोटो वीडियो बनाई. वो मुझे ब्लैकमेल करने लगी, जोधपुर में जबरन लव इन रिलेशनशिप के दस्तावेज बनवाये और कोर्ट मैरिज भी की. महिल ने मुझे परिवार दोस्त और रिश्तेदारों से दूर कर मेरी जिंदगी को बंधक बना लिया. हमेशा मुझे अपने पास रखती थी या फिर हरदम मोबाइल चालू रखना पड़ता था. इस जिंदगी से थक गया हूं. अब मरने के अलावा कोई चारा नहीं है.

मृतक के भाई ने बताया कि मेगाराम जाणी की जिंदगी अच्छी चलती थी. जिस दिन से वह ब्लैक मेलर महिला के जाल में फंसा उस दिन के बाद अपना निजी विधालय, जमीन , वाहन सहित सभी संपत्ति 80 लाख में बेचकर कंगाल हो गया था. उसके बाद भी वह महिला द्वारा बार-बार पैसों की मांग को लेकर परेशान रहता था.

NATIONAL : रिटर्न ऑर्डर को पुराने सामान से बदलकर कंपनी को लगाता था चूना… ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का डिलीवरी बॉय अरेस्ट

0

दिल्ली के द्वारका में एक 22 वर्षीय डिलीवरी बॉय को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी रिटर्न किए गए सामान को पुराने या इस्तेमाल किए गए सामान से बदल देता था. जिससे कंपनी को नुकसान हो रहा था.

दिल्ली के द्वारका में एक 22 वर्षीय डिलीवरी बॉय को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. आरोप है कि डिलीवरी बॉय ने रिटर्न किए गए सामान को पुराने या इस्तेमाल किए गए सामान से बदल दिया और उन्हें असली रिटर्न के तौर पर जमा कर दिया.

आरोपी की पहचान किशन के रूप में हुई है. वह ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ काम कर रहा था और नियमित रिटर्न के दौरान असली रिटर्न किए गए सामान को पुराने या इस्तेमाल किए गए सामान से बदल देता था. शिकायत सामने आने के बाद बिंदापुर पुलिस स्टेशन में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी. शिकायत में कहा गया था कि रिटर्न किए गए उत्पादों को धोखाधड़ी से बदला जा रहा था, जिससे कंपनियों को वित्तीय नुकसान हो रहा था.

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए टीम ने उत्तम नगर के राजापुरी इलाके से आरोपी का पता लगाया और उसे पकड़ लिया. सिंह ने कहा कि उसके कब्जे से धोखाधड़ी से बदले गए कुल 38 पैकेज बरामद किए गए. इनमें कपड़ों के 22 पैकेट, तीन कलाई घड़ियां, दो जोड़ी चप्पल, एक जोड़ी जूते और अन्य विविध सामान शामिल हैं.

पुलिस ने बिंदापुर और उत्तम नगर पुलिस थानों में पहले से दर्ज एफआईआर से जुड़ा एक टैबलेट और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. किशन पर कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है.

NATIONAL : टैटू से हुई पहचान, मॉडल की लाश सोनीपत में, जख्मी बॉयफ्रेंड पानीपत में… आखिर क्या है शीतल की मौत का सच?

0

शीतल उर्फ सिम्मी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की एक उभरती मॉडल मानी जा रही थी, 14 जून को गांव अहर में एक शूटिंग के लिए गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. परिवार वालों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई. दो दिन तक कोई सुराग नहीं मिला. फिर सोनीपत के रिलायंस नहर से एक युवती की लाश बरामद हुई. कलाई पर बने एक खास टैटू से उसकी पहचान शीतल के तौर पर हुई.

पानीपत की 23 वर्षीय मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी की लाश सोनीपत के गांव खांडा के पास रिलायंस नहर से बरामद हुई है. मौत की गुत्थी उलझी हुई है, लेकिन टैटू ने उसकी पहचान खोल दी. सवाल ये है कि यह सिर्फ एक हादसा था, या प्लानिंग के साथ हत्या. बताया जा रहा है जिस कार में शीतल और उसके बॉयफ्रेंड शूटिंग पर गए थे वह पानीपत के नहर में मिली है, शीतल का दोस्त सुनील घायल हालत में ही पानीपत के एक अस्पताल में भर्ती है. जबकि शीतल का लाश सोनीपत में मिली है. पुलिस अब इस मिस्ट्री को सुलझाने में लगी है.

शीतल उर्फ सिम्मी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की एक उभरती मॉडल मानी जा रही थी, 14 जून को गांव अहर में एक शूटिंग के लिए गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. देर शाम तक कोई संपर्क नहीं हुआ तो परिवार वालों ने पानीपत के मतलौड़ा थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करवाया. दो दिन तक कोई सुराग नहीं मिला. फिर सोनीपत के खरखोदा थाना क्षेत्र में बह रही रिलायंस नहर से एक युवती की लाश बरामद हुई. शुरुआत में पहचान नहीं हो पाई, लेकिन कलाई पर बने एक खास टैटू ने उसकी पहचान उजागर कर दी. यह वही शीतल थी, जिसकी तलाश में पुलिस और परिवार दोनों लगे थे.

शीतल की गर्दन पर गहरे कट के निशान थे, जो साफ संकेत देते हैं कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह किसी दुर्घटना का नतीजा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रहा है. डीएसपी राजबीर सिंह ने भी शीतल की हत्या की पुष्टि की है और मामले को गंभीर मानते हुए सोनीपत पुलिस की विशेष टीम जांच में जुट चुकी है.

शीतल की पहचान उसकी कलाई पर बने टैटू के जरिए की गई. नहर से बरामद लाश की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन टैटू स्पष्ट रूप से नजर आ रहा था. शीतल के परिवार ने भी इसी टैटू के आधार पर लाश की पुष्टि की. घटना के दिन शीतल अपने साथी सुनील के साथ कार में थी. कार के नहर में गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार को बाहर निकाला गया. इस दौरान सुनील घायल अवस्था में मिल गया. सुनील को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. अब उससे पूछताछ के बाद ही कुछ पता चलेगा.

अब पानीपत और सोनीपत पुलिस इस मामले की संयुक्त जांच कर रही है. क्योंकि गुमशुदगी की रिपोर्ट पानीपत में दर्ज है, और लाश सोनीपत में मिली, इसलिए दोनों जिलों की टीमें मिलकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही हैं.

इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस:

– क्या शीतल की हत्या पहले की गई और फिर लाश को नहर में फेंका गया?

– क्या कार को जानबूझकर नहर में गिराया गया?

– क्या सुनील इस घटना में शामिल है, या खुद भी एक शिकार?

– क्या शूटिंग के नाम पर शीतल को फंसाया गया?

शीतल की बहन नेहा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि, मेरी बहन 14 जून को गांव अहर शूटिंग के लिए गई थी, लेकिन उसके बाद कोई संपर्क नहीं हुआ. हमने उसकी बहुत तलाश की, लेकिन न कोई कॉल, न कोई मैसेज. नेहा ने अपनी शिकायत में इस मामले को हत्या का मामला बताया है और पुलिस से दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है. परिवार का कहना है कि शीतल मजबूत स्वभाव की लड़की थी और अपने करियर को लेकर बेहद संजीदा थी. इसे किसी साजिश हत्या की गई होगी.

शीतल पिछले दो साल से हरियाणवी गानों की म्यूजिक वीडियो में बतौर मॉडल काम कर रही थी. उसकी कई एल्बम रिलीज हो चुकी थीं और सोशल मीडिया पर भी वह खासा एक्टिव रहती थी. उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर हजारों फॉलोअर्स हैं.

पुलिस अब शीतल और सुनील दोनों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा, और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है. साथ ही नहर के आसपास और गांव अहर से लेकर नहर तक के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पता चल सके कि उनके साथ और कौन लोग मौजूद थे. पुलिस को उम्मीद है कि जल्दी ही कई अहम सुराग हाथ लगेंगे.

 

ENTERTAINMENT : अक्षय-परेश रावल की फिल्म रोकने के लिए मिली 8 करोड़ की रिश्वत? इस डायरेक्टर ने बताई सच्चाई

0

डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने आमिर खान की ‘पीके’ और अपने डायरेक्शन में बनी अक्षय कुमार की OMG के बीच होने वाली तुलना पर बात की. इसके अलावा उन्होंने 8 करोड़ रुपये की रिश्वत की अफवाहों पर भी चुप्पी तोड़ी है.

उमेश शुक्ला के डायरेक्शन में बनी फिल्म ओएमजी (Oh My God) और राजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में बनी फिल्म पीके (PK) को हिंदी सिनेमा की सफल फिल्मों में गिना जाता है. हालांकि पीके को लेकर उस समय काफी विवाद भी हुआ था. उस वक्त इस फिल्म पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप तो लगे ही साथ ही इस फिल्म की तुलना अक्षय कुमार की फिल्म OMG से की जाने लगी. इसके अलावा ये अफवाह भी चलीं कि OMG के डायरेक्टर को आमिर और विधु विनोद ने 8 करोड़ रुपये की रिश्वत देकर उनकी फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए कहा था. अब हाल ही में उमेश ने इसपर चुप्पी तोड़ी है.

फ्राइडे टॉकीज से बात करते हुए डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने पीके और ओएमजी के एक जैसे कॉन्सेप्ट को लेकर खुलकर बात की है. उमेश ने कहा- मुझे लगता है कि उनके (विधु-राजकुमार) मन में भी ऐसा ही आइडिया रहा होगा. अगर पीके मेरी फिल्म से पहले रिलीज होती तो लोग मेरी फिल्म पीके की कॉपी है.

बता दें कि उमेश ने ही फिल्म ओएमजी की कहानी लिखी थी. इस कहानी के नाटक हुए करते थे. जिन्हें पीके की टीम ने भी देखा था. उमेश ने इस पर कहा ‘राजकुमार, विधु और राइटर अभिजात जोशी ने मेरा प्ले देखा था. जब कोई एक जैसे सब्जेक्ट पर काम करता है तो उसमें समानता दिखाई देना स्वाभाविक है. अगर आप एक लव स्टोरी पर फिल्म बना रहे हैं और उसमे कोई न कोई तो आई लव यू कहेगा ही. क्योंकि वो लव स्टोरी है.’

वहीं डायरेक्टर उमेश ने ये भी बताया कि उस समय यह भी अफवाह थी कि विधु विनोद चोपड़ा ने मुझे 8 करोड़ रुपये दिए ताकि मैं फिल्म OMG न बनाऊं. लेकिन ये सब सिर्फ अफवाह थी. असल में तो ऐसा कुछ नहीं हुआ था. विधु-राजकुमार-आमिर सभी ही टैलेंटेड लोग हैं. वो ऐसी ओछी हरकत कभी करते ही नहीं कि किसी को पैसे देकर फिल्म रुकवा दें. असल में ऐसा कुछ नहीं हुआ था.

दरअसल अक्षय कुमार और परेश रावल की फिल्म ओएमजी में परेश ने नास्तिक आदमी के किरदार का रोल प्ले किया था. जो भूकंप में अपनी दुकान टूट जाने के बाद भगवान पर ही मुकदमा कर देता है. वहीं पीके में आमिर खान ने दूसरे दुनिया से आए एलियन का रोल प्ले किया था. वो भारत में धर्म के नाम पर चल रहे धंधे का पर्दाफाश करता है.

 

NATIOANL : फादर्स डे पर बेटे की कॉल का इंतजार करता रहा पिता, लेकिन आ गई हेलीकॉप्टर क्रैश में शहादत की खबर

0

केदारनाथ में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर के पायलट कैप्टन राजवीर सिंह चौहान की मौत हो गई. फादर्स डे पर उनके पिता बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार कर रहे थे, तभी हादसे की खबर मिली. राजवीर हाल ही में वायुसेना से रिटायर हुए थे. चार महीने पहले ही जुड़वा बच्चों के पिता बने थे. पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

उत्तराखंड के केदारनाथ में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश ने जयपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं. इस हादसे में जयपुर निवासी कैप्टन राजवीर सिंह चौहान की मौत हो गई. राजवीर सिंह हाल ही में भारतीय वायुसेना से रिटायर होकर एक निजी एविएशन कंपनी में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में कार्यरत थे. उनके पास 2000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव था. खराब मौसम के चलते उनका हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया.

जानकाी के मुताबिक, राजवीर सिंह का परिवार जयपुर के शास्त्री नगर में रहता है. फादर्स डे पर उनके पिता गोविंद सिंह चौहान बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार कर रहे थे, जो रोज सुबह 8 बजे आता था. लेकिन इस बार कॉल नहीं आया. तभी एक फोन आया लेफ्टिनेंट कर्नल वी.के. सिंह का. उन्होंने बड़े बेटे से बात करवाने को कहा, लेकिन जब बहू दीपिका ने कॉल रिसीव किया, तो उन्हें पता चला कि राजवीर अब इस दुनिया में नहीं हैं.

परिवार इस खबर पर यकीन नहीं कर पाया. सबका रो-रो कर बुरा हाल है. कैप्टन राजवीर सिंह की पत्नी दीपिका चौहान खुद लेफ्टिनेंट कर्नल हैं. चार महीने पहले ही दोनों जुड़वा बच्चों के माता-पिता बने थे. घर में जलवा पूजन की तैयारी चल रही थी, लेकिन अब मातम छा गया है.स्थानीय विधायक बालमुकुंद आचार्य भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और कहा, यह घटना अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं. हम इस कठिन समय में पूरी तरह से उनके साथ खड़े हैं.

UP : घर में फंदे से लटकी मिलीं नाबालिग बुआ और भतीजी, कहीं गया हुआ था पूरा परिवार

0

बांदा में एक घर के कमरे में दो नाबालिग लड़कियों की लाश मिली है. इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. बताया जा रहा कि दोनों नाबालिग आपस मे बुआ भतीजी हैं. पहली नजर में ये आत्महत्या का मामला मालूम पड़ रहा है.

उत्तर प्रदेश के बांदा में एक घर के कमरे में दो नाबालिग लड़कियों की लाश मिली है. इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है. बताया जा रहा कि दोनों नाबालिग आपस मे बुआ भतीजी हैं. कहा जा रहा है कि दोनों कमरे में काफी देर तक बातचीत करती रहीं, इसके बाद दोनों ने खौफनाक कदम उठा लिया. फिलहाल पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालकर मामले की जांच में जुटी हुई है.

मामला पैलानी थाना क्षेत्र का है. जहां की रहने वाली दो नाबालिग लड़कियां आपस मे बुआ भतीजी थीं. उनकी उम्र 14 वर्ष और 16 वर्ष थी. दोनों के शव एक घर मे फंदे से लटके मिले हैं. गांव वालों ने पुलिस को बताया कि घर वाले देर शाम कहीं गए हुए थे, उसी दौरान 14 साल की भतीजी बुआ के घर आई. दोनों आपस मे काफी देर तक बन्द कमरे में बातचीत करती रहीं. इसके बाद दोनों ने फंदा लगाकर जान दे दी. गांव वालों ने पुलिस को कुछ लव स्टोरी की कहानी बताई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल से जांच शुरू कर दी है. काल डिटेल से पूरा मामला पकड़ में आ जायेगा.

डीएसपी बांदा राजवीर सिंह ने कहा- थाना पैलानी पर सूचना प्राप्त हुई कि एक ही घर की बुआ और भतीजी जिनकी उम्र करीब 16 वर्ष व 14 वर्ष थी उन्होने फांसी लगा ली है. सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों द्वारा मौका मुआयना किया गया. फील्ड यूनिट द्वारा गहनता से साक्ष्य संकलन कर दोनों शवो को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी.

- Advertisement -

News of the Day