Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 541

ENTERTAINMENT : अक्षय-परेश रावल की फिल्म रोकने के लिए मिली 8 करोड़ की रिश्वत? इस डायरेक्टर ने बताई सच्चाई

0

डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने आमिर खान की ‘पीके’ और अपने डायरेक्शन में बनी अक्षय कुमार की OMG के बीच होने वाली तुलना पर बात की. इसके अलावा उन्होंने 8 करोड़ रुपये की रिश्वत की अफवाहों पर भी चुप्पी तोड़ी है.

उमेश शुक्ला के डायरेक्शन में बनी फिल्म ओएमजी (Oh My God) और राजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में बनी फिल्म पीके (PK) को हिंदी सिनेमा की सफल फिल्मों में गिना जाता है. हालांकि पीके को लेकर उस समय काफी विवाद भी हुआ था. उस वक्त इस फिल्म पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप तो लगे ही साथ ही इस फिल्म की तुलना अक्षय कुमार की फिल्म OMG से की जाने लगी. इसके अलावा ये अफवाह भी चलीं कि OMG के डायरेक्टर को आमिर और विधु विनोद ने 8 करोड़ रुपये की रिश्वत देकर उनकी फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए कहा था. अब हाल ही में उमेश ने इसपर चुप्पी तोड़ी है.

फ्राइडे टॉकीज से बात करते हुए डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने पीके और ओएमजी के एक जैसे कॉन्सेप्ट को लेकर खुलकर बात की है. उमेश ने कहा- मुझे लगता है कि उनके (विधु-राजकुमार) मन में भी ऐसा ही आइडिया रहा होगा. अगर पीके मेरी फिल्म से पहले रिलीज होती तो लोग मेरी फिल्म पीके की कॉपी है.

बता दें कि उमेश ने ही फिल्म ओएमजी की कहानी लिखी थी. इस कहानी के नाटक हुए करते थे. जिन्हें पीके की टीम ने भी देखा था. उमेश ने इस पर कहा ‘राजकुमार, विधु और राइटर अभिजात जोशी ने मेरा प्ले देखा था. जब कोई एक जैसे सब्जेक्ट पर काम करता है तो उसमें समानता दिखाई देना स्वाभाविक है. अगर आप एक लव स्टोरी पर फिल्म बना रहे हैं और उसमे कोई न कोई तो आई लव यू कहेगा ही. क्योंकि वो लव स्टोरी है.’

वहीं डायरेक्टर उमेश ने ये भी बताया कि उस समय यह भी अफवाह थी कि विधु विनोद चोपड़ा ने मुझे 8 करोड़ रुपये दिए ताकि मैं फिल्म OMG न बनाऊं. लेकिन ये सब सिर्फ अफवाह थी. असल में तो ऐसा कुछ नहीं हुआ था. विधु-राजकुमार-आमिर सभी ही टैलेंटेड लोग हैं. वो ऐसी ओछी हरकत कभी करते ही नहीं कि किसी को पैसे देकर फिल्म रुकवा दें. असल में ऐसा कुछ नहीं हुआ था.

दरअसल अक्षय कुमार और परेश रावल की फिल्म ओएमजी में परेश ने नास्तिक आदमी के किरदार का रोल प्ले किया था. जो भूकंप में अपनी दुकान टूट जाने के बाद भगवान पर ही मुकदमा कर देता है. वहीं पीके में आमिर खान ने दूसरे दुनिया से आए एलियन का रोल प्ले किया था. वो भारत में धर्म के नाम पर चल रहे धंधे का पर्दाफाश करता है.

 

NATIOANL : फादर्स डे पर बेटे की कॉल का इंतजार करता रहा पिता, लेकिन आ गई हेलीकॉप्टर क्रैश में शहादत की खबर

0

केदारनाथ में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर के पायलट कैप्टन राजवीर सिंह चौहान की मौत हो गई. फादर्स डे पर उनके पिता बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार कर रहे थे, तभी हादसे की खबर मिली. राजवीर हाल ही में वायुसेना से रिटायर हुए थे. चार महीने पहले ही जुड़वा बच्चों के पिता बने थे. पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

उत्तराखंड के केदारनाथ में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश ने जयपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं. इस हादसे में जयपुर निवासी कैप्टन राजवीर सिंह चौहान की मौत हो गई. राजवीर सिंह हाल ही में भारतीय वायुसेना से रिटायर होकर एक निजी एविएशन कंपनी में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में कार्यरत थे. उनके पास 2000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव था. खराब मौसम के चलते उनका हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया.

जानकाी के मुताबिक, राजवीर सिंह का परिवार जयपुर के शास्त्री नगर में रहता है. फादर्स डे पर उनके पिता गोविंद सिंह चौहान बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार कर रहे थे, जो रोज सुबह 8 बजे आता था. लेकिन इस बार कॉल नहीं आया. तभी एक फोन आया लेफ्टिनेंट कर्नल वी.के. सिंह का. उन्होंने बड़े बेटे से बात करवाने को कहा, लेकिन जब बहू दीपिका ने कॉल रिसीव किया, तो उन्हें पता चला कि राजवीर अब इस दुनिया में नहीं हैं.

परिवार इस खबर पर यकीन नहीं कर पाया. सबका रो-रो कर बुरा हाल है. कैप्टन राजवीर सिंह की पत्नी दीपिका चौहान खुद लेफ्टिनेंट कर्नल हैं. चार महीने पहले ही दोनों जुड़वा बच्चों के माता-पिता बने थे. घर में जलवा पूजन की तैयारी चल रही थी, लेकिन अब मातम छा गया है.स्थानीय विधायक बालमुकुंद आचार्य भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और कहा, यह घटना अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं. हम इस कठिन समय में पूरी तरह से उनके साथ खड़े हैं.

UP : घर में फंदे से लटकी मिलीं नाबालिग बुआ और भतीजी, कहीं गया हुआ था पूरा परिवार

0

बांदा में एक घर के कमरे में दो नाबालिग लड़कियों की लाश मिली है. इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. बताया जा रहा कि दोनों नाबालिग आपस मे बुआ भतीजी हैं. पहली नजर में ये आत्महत्या का मामला मालूम पड़ रहा है.

उत्तर प्रदेश के बांदा में एक घर के कमरे में दो नाबालिग लड़कियों की लाश मिली है. इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है. बताया जा रहा कि दोनों नाबालिग आपस मे बुआ भतीजी हैं. कहा जा रहा है कि दोनों कमरे में काफी देर तक बातचीत करती रहीं, इसके बाद दोनों ने खौफनाक कदम उठा लिया. फिलहाल पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालकर मामले की जांच में जुटी हुई है.

मामला पैलानी थाना क्षेत्र का है. जहां की रहने वाली दो नाबालिग लड़कियां आपस मे बुआ भतीजी थीं. उनकी उम्र 14 वर्ष और 16 वर्ष थी. दोनों के शव एक घर मे फंदे से लटके मिले हैं. गांव वालों ने पुलिस को बताया कि घर वाले देर शाम कहीं गए हुए थे, उसी दौरान 14 साल की भतीजी बुआ के घर आई. दोनों आपस मे काफी देर तक बन्द कमरे में बातचीत करती रहीं. इसके बाद दोनों ने फंदा लगाकर जान दे दी. गांव वालों ने पुलिस को कुछ लव स्टोरी की कहानी बताई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल से जांच शुरू कर दी है. काल डिटेल से पूरा मामला पकड़ में आ जायेगा.

डीएसपी बांदा राजवीर सिंह ने कहा- थाना पैलानी पर सूचना प्राप्त हुई कि एक ही घर की बुआ और भतीजी जिनकी उम्र करीब 16 वर्ष व 14 वर्ष थी उन्होने फांसी लगा ली है. सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों द्वारा मौका मुआयना किया गया. फील्ड यूनिट द्वारा गहनता से साक्ष्य संकलन कर दोनों शवो को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी.

NATIONAL : प्रेमिका ने बनाया शादी का दबाव तो शख्स ने कर दी हत्या, फिर शव को किया दफन

0

कर्नाटक के गडक जिले से 28 वर्षीय एक शख्स को अपनी प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. शख्स ने प्रेमिका की हत्या इसलिए की, क्योंकि वह उस पर शादी का दबाव बना रही थी .कर्नाटक के गडक जिले से 28 वर्षीय एक शख्स को अपनी प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. शख्स ने प्रेमिका की हत्या इसलिए की, क्योंकि वह उस पर शादी का दबाव बना रही थी. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हत्या के सबूत मिटाने के लिए शव को भी दफना दिया था.

जानकारी के अनुसार छह महीने पहले हुई यह घटना पुलिस द्वारा विस्तृत जांच के बाद सामने आई, जिसके बाद रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. मृतक की पहचान गडग तालुक के नारायणपुरा गांव की मधुश्री अंगड़ी (26) के रूप में हुई है. आरोपी सतीश हिरेमठ भी उसी गांव का रहने वाला है. दोनों छह साल से रिलेशनशिप में थे.

पुलिस के मुताबिक मधुश्री के माता-पिता ने सतीश के साथ उसके रिश्ते को अस्वीकार कर दिया और उसे गडग में अपने रिश्तेदारों के पास रहने के लिए भेज दिया. 16 दिसंबर, 2024 की रात को वह अपने रिश्तेदार के घर से निकल गई और गायब हो गई.

12 जनवरी, 2025 को बेतागेरी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी. गडग के पुलिस अधीक्षक बीएस नामगौड़ा ने कहा कि मधुश्री अपने प्रेमी पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी. पूछताछ के दौरान पता चला कि 16 दिसंबर की रात को सतीश मधुश्री को नारायणपुरा के पास एक फार्महाउस में ले गया, जहां उसने तीखी बहस के बाद घूंघट से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

हत्या के बाद सतीश ने उसके शव को दफना दिया. इसके बाद संदेह से बचने के लिए उसने पेट्रोल पंप पर काम करना फिर से शुरू कर दिया और समय-समय पर दफन स्थल पर आकर उसके अवशेषों को कहीं और फेंक देता था. पुलिस ने कहा कि मधुश्री के फोन से एक संदेश आया जो सतीश के बयान से मेल नहीं खाता था, जिससे संदेह पैदा हुआ. पूछताछ करने पर सतीश ने अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को दफन स्थल पर ले गया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैसे ही हमें पूछताछ के दौरान घटना के बारे में जानकारी मिली, हमारे अधिकारियों ने हत्या का मामला दर्ज किया और गहन जांच शुरू की. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और हम आगे की जांच और साक्ष्य संग्रह के लिए उसे पुलिस हिरासत में लेने की योजना बना रहे हैं. इससे पहले आरोपी ने दावा किया था कि उसने उसे शहर के बाहरी इलाके में दोपहिया वाहन पर छोड़ दिया था और उसे नहीं पता था कि वह कहां गई.

NATIONAL : ‘सोनम गायब होती तो हमारा पूरा परिवार जेल में होता…’, कातिल बहू की फैमिली पर कोई एक्शन नहीं, राजा के भाई ने उठाए सवाल

0

राजा रघुवंशी के भाई सचिन ने सोनम रघुवंशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने शातिर दिमाग से हत्या की साजिश रची. सोनम ने 14 दिन में इतनी बड़ी साजिश रच डाली. उसका दिमाग कितना खतरनाक है. जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए.

मेघालय में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर इंदौर में बीती शाम कैंडल मार्च निकाला गया. राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने मेघालय पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उनकी बहू सोनम रघुवंशी गायब हो जाती, तो उनका पूरा परिवार जेल में होता. जबकि राजा की हत्या करने वाले के परिवार से कोई पूछताछ नहीं हो रही है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एक हफ्ते के भीतर ठोस कदम न उठाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

सचिन रघुवंशी ने भावुक होकर कहा, ”मेरे भाई की हत्या को 24 दिन बीत गए, लेकिन आज तक हत्यारों को पकड़ने में पुलिस पूरी तरह सफल नहीं हुई. अगर मेरी बहू सोनम गायब हो जाती, तो हमारे पूरे परिवार को जेल में डाल दिया जाता. लेकिन एक लड़के की हत्या के बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही.”

सचिन ने सोनम रघुवंशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने शातिर दिमाग से हत्या की साजिश रची. सोनम ने 14 दिन में इतनी बड़ी साजिश रच डाली. उसका दिमाग कितना खतरनाक है. जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए. अगर पुलिस ने एक हफ्ते में कार्रवाई नहीं की, तो हम उनके घर के बाहर आंदोलन करेंगे. उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को पकड़ा जाए और सख्त सजा दी जाए.

29 साल के राजा रघुवंशी और उनकी 24 वर्षीय पत्नी सोनम की शादी बीती 11 मई को इंदौर में हुई थी. हनीमून के लिए दोनों 20 मई को मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) पहुंचे. 23 मई को दोनों लापता हो गए और 2 जून को वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक खाई में राजा का शव मिला. मेघालय पुलिस ने ‘ऑपरेशन हनीमून’ के तहत जांच शुरू की और 9 जून को सोनम ने गाजीपुर में सरेंडर कर दिया. पुलिस ने सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाह और तीन अन्य विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया है.

सचिन ने पुलिस की जांच पर असंतोष जताते हुए कहा कि शुरुआती दौर में मेघालय पुलिस की लापरवाही के कारण परिवार को गलत सूचनाएं मिलीं. उन्होंने कहा, ”हमें न्याय चाहिए. अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो हम मजबूरन आंदोलन करेंगे.” परिवार ने पहले CBI जांच की मांग भी की थी, लेकिन अब वे फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषियों को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने ‘राज हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ के नारे लगाए. रघुवंशी समाज और स्थानीय लोगों ने राजा के परिवार के साथ एकजुटता दिखाई. सचिन ने कहा, ”मेरे भाई ने किसी का क्या बिगाड़ा था? उसकी हत्या की साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए.”

UP : झांसी में पानी को लेकर बवाल: टैंकर पर फावड़े से हमला, ड्राइवर से मारपीट का CCTV वायरल, सप्लाई बंद करने की चेतावनी

0

यूपी के झांसी में भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच हालात बेकाबू होते जा रहे हैं. पानी की सप्लाई के लिए भेजे गए टैंकरों पर अब हमला होने लगा है. शहर के कोतवाली और नवाबाद थाना क्षेत्र में पानी की लाइन लगवाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने टैंकर के ट्रैक्टर पर फावड़े से हमला कर दिया. यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.

उत्तर प्रदेश के झांसी में भीषण गर्मी के बीच पानी का संकट इतना गहराता जा रहा है कि अब लोग हिंसक हो उठे हैं. हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि पानी के टैंकरों को लेकर मारपीट और हमले की घटनाएं सामने आने लगी हैं. ऐसा ही एक मामला शहर कोतवाली और नवाबाद थाना क्षेत्र के उन्नावगेट और तालपुरा इलाके में सामने आया है, जहां टैंकर से पानी की सप्लाई के दौरान एक व्यक्ति ने फावड़े से टैंकर के ट्रैक्टर पर हमला कर दिया. इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कई इलाकों में लंबे समय से पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है. नगर प्रशासन द्वारा इन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन हर मोहल्ला चाहता है कि टैंकर पहले उनके यहां पहुंचे. इसी बात को लेकर टैंकर ड्राइवरों के साथ लोगों की बहस और झगड़े आम होते जा रहे हैं. उन्नावगेट में ड्राइवर पर एक स्थानीय व्यक्ति ने अचानक हमला बोल दिया. ट्रैक्टर पर फावड़ा मारा और ड्राइवर को भी पीटा गया.

इसी तरह तालपुरा क्षेत्र में भी एक टैंकर ड्राइवर के साथ मारपीट कर ट्रैक्टर में तोड़फोड़ की गई. इन घटनाओं से नाराज होकर सभी टैंकर चालक एकजुट होकर कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. ड्राइवरों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे टैंकरों का संचालन बंद कर देंगे और हड़ताल पर चले जाएंगे.

टैंकर ठेकेदार मोनू ठाकुर ने भी इस पूरे मामले में प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि जल संकट के इस समय में टैंकर चालकों की सुरक्षा बेहद जरूरी है, वरना पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो जाएगी. फिलहाल पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

चीख-पुकार में बदल गई मौज-मस्ती, बीच रास्ते में टूटी जिपलाइन, 30 फीट नीचे गिरी बच्ची

0

त्रिशा के पिता ने बताया कि बच्ची की हालत स्थिर है. परिवार से जुड़े एक व्यक्ति के अनुसार त्रिशा की कई हड्डियां टूट गई हैं. हाल ही में उसकी सर्जरी भी हुई थी. वह अपने परिवार के साथ नागपुर से मनाली छुट्टियां मनाने आई थी.

गर्मी की छुट्टियां मनाने मनाली गए नागपुर के एक परिवार की यात्रा उस वक्त दर्दनाक हादसे में बदल गई जब उनकी बेटी जिपलाइनिंग के दौरान 30 फीट नीचे गिर गई. नागपुर निवासी प्रफुल्ल बिजवे अपनी पत्नी और बेटी त्रिशा के साथ मनाली घूमने गए थे. 8 जून को जिपलाइनिंग करते समय अचानक केबल टूट गई और त्रिशा सीधे नीचे गिर पड़ी.

हादसे में उसके पैर में कई फ्रैक्चर आए हैं. परिवार का आरोप है कि जिपलाइनिंग साइट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और हादसे के बाद भी किसी तरह की मदद नहीं मिली. त्रिशा का पहले मनाली और फिर चंडीगढ़ में इलाज हुआ.

फिलहाल उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बच्ची जिपलाइनिंग करते हुए नजर आ रही है. जब वह आधे रास्ते में पहुंचती है तो रस्सी का हुक टूट जाता है और बच्ची नीचे गिर पड़ती है. बच्ची की हालत स्थिर है. परिवार से जुड़े एक व्यक्ति के अनुसार त्रिशा की कई हड्डियां टूट गई हैं. हाल ही में उसकी सर्जरी भी हुई थी. वह अपने परिवार के साथ नागपुर से मनाली छुट्टियां मनाने आई थी.

WORLD : अब दुबई की मंडियों में भी महकेंगे मलिहाबाद के दशहरी आम, यूपी से पहली बार सीधा निर्यात शुरू

0

लखनऊ के रहमानखेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस से यह कन्साइनमेंट शनिवार को दुबई रवाना हुआ. इसमें कुल 400 पैक थे, हर पैक में 3-3 किलो आम पैक किए गए थे.

उत्तर प्रदेश के आम उत्पादकों के लिए एक नई कामयाबी की शुरुआत हो चुकी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने की नीति अब रंग लाने लगी है. लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में उगाए गए दशहरी आम का 1200 किलो का पहला सीधा कन्साइनमेंट दुबई रवाना किया गया है. यह पहली बार है जब प्रदेश के किसी एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) को अंतरराष्ट्रीय बाजार से सीधा ऑर्डर मिला है.

लखनऊ के रहमानखेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस से यह कन्साइनमेंट शनिवार को दुबई रवाना हुआ. इसमें कुल 400 पैक थे, हर पैक में 3-3 किलो आम पैक किए गए थे. यह आम दुबई की कंपनी ‘वरग्रो ट्रेडिंग एलएलसी’ द्वारा आयात किया गया है. इस कन्साइनमेंट की कुल कीमत 2992 अमेरिकी डॉलर है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2.5 लाख रुपये होती है. यह आम हवाई मार्ग से सीधे लखनऊ से दुबई भेजा गया.

दशहरी आम उत्तर प्रदेश खासकर मलिहाबाद की शान माने जाते हैं. यह आम अपनी सुगंध, मिठास और लंबे शेल्फ लाइफ के कारण देशभर में प्रसिद्ध हैं. अब यह पहचान अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी स्थापित हो रही है. इरादा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और मलिहाबाद फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड जैसे एफपीओ ने इस बार दुबई से सीधे ऑर्डर हासिल कर नया इतिहास रच दिया है.

राज्य के बागवानी, विपणन व कृषि निर्यात मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इस कन्साइनमेंट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने बताया कि सरकार ने इंडो-जर्मन एएमडी प्रोजेक्ट के जरिए किसानों को निर्यात के लिए जरूरी ट्रेनिंग और संसाधन मुहैया कराए हैं. इस योजना में किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुसार आम का उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था सिखाई जाती है.

गौरतलब है कि दशहरी आम को जियोग्राफिकल इंडिकेशन (GI टैग) प्राप्त है, जो इसकी विशिष्टता और गुणवत्ता को दर्शाता है. मलिहाबाद दशहरी की खेती का केंद्र है और यहां के किसान दशकों से आम की बागवानी से जुड़े हैं. अब सरकार की पहल से इस क्षेत्र के किसानों को वैश्विक बाजार में नई उम्मीदें मिल रही हैं.

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम चाहते हैं कि प्रदेश के किसान ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ें. सरकार निर्यात को बढ़ाने, बाजार उपलब्ध कराने और किसानों को मुनाफा दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग कर रही है.”

इस मौके पर कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह, निदेशक टी.के. शिबु, सीआईएसएच लखनऊ के निदेशक और इंडो-जर्मन प्रोजेक्ट की टीम मौजूद रही. यह कदम न सिर्फ प्रदेश के आम किसानों की आय बढ़ाएगा, बल्कि उत्तर प्रदेश को आम निर्यात में भी एक बड़ा खिलाड़ी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.

 

NATIONAL : मथुरा में बड़ा हादसा, खुदाई के दौरान गिरे 5 मकान, कई लोगों के दबे होने की आशंका

0

मथुरा के थाना गोविंद नगर इलाके के माया टीला शाहगंज के पास खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जिससे 4 से 5 मकान गिर गए. मकान के अंदर कई लोगों के दबे होने की आशंका है. फिलहाल मौके पर बचाव दल पहुंच गया है.

मथुरा के थाना गोविंद नगर इलाके के माया टीला शाहगंज के पास खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जिससे 4 से 5 मकान गिर गए. मकान के अंदर कई लोगों के दबे होने की आशंका है. फिलहाल मौके पर बचाव दल पहुंच गया है और राहत व रेस्क्यू में जुट गया है. हादसे का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें देखा जा सकता है कि कई मकान गिर गए हैं. वहीं, हादसे में एक व्यक्ति को एंबुलेंस से अस्पताल भी पहुंचाया जा रहा है.

पुलिस ने बताया कि थाना गोविंद नगर इलाके के माया टीला शाहगंज के पास खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जिससे 4 से 5 मकान गिर गए हैं. कई लोगों के दबे होने की आशंका है. रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य में जुट गई है. फिलहाल मौके पर पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई है.स्थानीय लोगों ने बताया कि खुदाई के दौरान हादसा हो गया. जिससे 4 से 5 मकान गिर गए और कई लोगों के दबे होने की आशंका है. बचाव दल मौके पर पहुंच गया और रेस्क्यू किया जा रहा है. इधर रेस्क्यू टीम ने बताया कि अब तक मलबे में फंसे 3 लोगों को निकाला जा चुका है. तीन में से एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा है. तीनों को अस्पताल पहुंचवाया गया है.

NATIONAL : शिवपुरी में सीवर टैंक में गिरने से किशोरी की मौत, लोगों ने की मकान मालिक को अरेस्ट करने की मांग

0

पुलिस ने बताया कि लड़की अपार्टमेंट परिसर में खेल रही थी और इसी दौरान वह गलती से पुराने सीवर टैंक के जंग लगे ढक्कन पर आ गई और 15 फुट गहरे टैंक में गिर गई.मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक आवासीय परिसर में खुले सीवर टैंक में गिरने से 15 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

पुलिस निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़ ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब आठ बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के संतुष्टि अपार्टमेंट में हुई. गुस्साए निवासियों ने इमारत के मालिक की गिरफ्तारी और अपार्टमेंट के निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग करते हुए रविवार सुबह दुर्घटनास्थल के पास विरोध प्रदर्शन किया.

राठौड़ ने बताया कि लड़की परिसर में खेल रही थी और इसी दौरान वह गलती से पुराने सीवर टैंक के जंग लगे ढक्कन पर आ गई.उन्होंने बताया कि लड़की 15 फुट गहरे टैंक में गिर गई.अधिकारी ने बताया कि बच्ची के साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया और स्थानीय निवासियों को मौके पर बुलाया.पुलिस ने बताया कि लड़की का छोटा भाई ठीक उसके पीछे था, लेकिन एक राहगीर ने उसे पकड़ लिया जिससे वह बाल-बाल बच गया. स्थानीय लोगों ने बच्ची की चप्पल को सतह पर तैरते हुए देखा, लेकिन उसका पता नहीं लगा सके.

राठौड़ ने बताया कि अधिकारियों को तुरंत इसकी सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस, स्थानीय नगर निगम और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया.

उन्होंने बताया कि रविवार देर रात करीब एक बजे सीवर टैंक से शव निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारी ने बताया टैंक बेहद असुरक्षित स्थिति में था और ढक्कन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था. प्रारंभिक जांच अपार्टमेंट के मालिक द्वारा घोर लापरवाही की ओर इशारा करती है.

अधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता रवि बधोरिया की शिकायत पर संतोष अपार्टमेंट के मालिक अर्जुन दीवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है. गुस्साए निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया और अपार्टमेंट के मालिक पर टैंक की खतरनाक स्थिति के बारे में बार-बार शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.

- Advertisement -

News of the Day