Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 543

Sardaarji 3 Teaser: फिर से भूत-प्रेत पकड़ने आए दिलजीत दोसांझ, नीरू बाजवा संग हंसाएगी उनकी फिल्म

0

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ जल्द कॉमेडी का डोज लेकर थिएटर्स आ रहे हैं. उनकी हिट कॉमेडी फिल्म सीरीज ‘सरदारजी’ का तीसरा पार्ट रिलीज होने वाला है जिसका मजेदार टीजर रिलीज हुआ है. सिंगर एक बार फिर भूत-प्रेत पकड़ने आ गए हैं.

इन दिनों इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में हॉरर-कॉमेडी का ट्रेंड काफी जोर-शोर से चल रहा है. हर तरफ इसी जॉनर पर फिल्में बन रही हैं. अब पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ और एक्ट्रेस नीरू बाजवा भी हॉरर-कॉमेडी फिल्म लेकर आ रहे हैं. उनकी पंजाबी फिल्म ‘सरदारजी 3’ रिलीज होने वाली है जिसका टीजर हाल ही में रिलीज हुआ है. ये देखने में काफी मजेदार है.

दिलजीत दोसांझ अपने हिट कॉमिक अवतार जग्गी को लेकर वापस आ चुके हैं. हर बार की तरह, इस बार भी वो फिल्म में भूत-प्रेतों का सामना करते नजर आएंगे. इस फिल्म में कई नए तो कुछ पुराने एक्टर्स की भी एंट्री हुई है. पिछली ‘सरदारजी’ फ्रैंचाइजी फिल्मों की तरह इस फिल्म में भी पंजाबी सेंसेशन एक्ट्रेस नीरू बाजवा शामिल हैं जो दिलजीत संग रोमांस करती दिखेंगी. फिल्म के टीजर में हमें एक्टर मानव विज भी दिखे जो मेन विलन का किरदार प्ले करेंगे.

टीजर में हमें यूके का एक बड़ा आलीशान कासल दिखाया जाता है जहां भूत-प्रेत का साया रहता है. जिसके बारे में कहा जाता है कि कोई भी अगर उसके अंदर गया, तो वापस नहीं आएगा. ऐसे में भूत-प्रेत को भगाने के लिए जग्गी यानी दिलजीत की एंट्री होती है. इसके बाद वो नीरू बाजवा समेत कई सारी भूतनियों से बातें करता हैं. टीजर के अंत तक यही कॉमेडी का डोज जारी रहता है. अब फिल्म में दिलजीत को कासल के अंदर से भूत भगाना है जो देखने में मजेदार होने वाला है.

फिल्म में दिलजीत, नीरू बाजवा और मानव विज के अलावा खबर है कि बॉलीवुड एक्टर गुल्शन ग्रोवर भी नजर आएंगे. वहीं ऐसा भी कहा गया था कि इस फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी होंगी. जब कुछ समय पहले दिलजीत ने सेट से कुछ फोटोज शेयर की थीं, तब सभी का कहना था कि बैन के बावजूद उनकी फिल्म में हानिया नजर आने वाली हैं. फैंस ने कई सारी फोटोज से अंदाजा लगाया कि एक्ट्रेस हानिया, दिलजीत की फिल्म के सेट पर मौजूद थीं. उन्होंने फिल्म के कुछ सीन्स भी शूट किए हैं.

हालांकि ये सब अभी सिर्फ अफवाहे हैं. हानिया की फिल्म में मौजूदगी पर सस्पेंस बरकरार है. फिल्म के टीजर में भी उन्हें कहीं नहीं देखा गया है. अब फिल्म रिलीज होने के बाद ही उम्मीद है कि हानिया के फिल्म में होने वाले राज से पर्दा उठ पाएगा. दिलजीत की फिल्म ‘सरदारजी 3’ 27 जून को थिएटर्स में रिलीज होगी.

NATIONAL : दिल्ली में नई एक्साइज पॉलिसी लाएगी रेखा गुप्ता सरकार, बनाई गई कमेटी

0

पूर्व आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2021 में एक नई एक्साइज पॉलिसी लागू की थी, जो विवादों में घिरी रही. उस पॉलिसी में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगे, जिसके कारण केंद्रीय जांच एजेंसियां जैसे सीबीआई और ईडी ने अलग-अलग मामले दर्ज किए.

दिल्ली (Delhi) में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार जल्द ही नई एक्साइज पॉलिसी लेकर आने वाली है. इस मकसद के लिए दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है. इस समिति को 30 जून तक नई पॉलिसी का ड्राफ्ट तैयार करने का आदेश दिया गया है.

दरअसल, पूर्व आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2021 में एक नई एक्साइज पॉलिसी लागू की थी, जो विवादों में घिरी रही. उस पॉलिसी में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगे, जिसके कारण केंद्रीय जांच एजेंसियां जैसे सीबीआई और ईडी ने अलग-अलग मामले दर्ज किए. इसके चलते तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल भी गए थे. हालांकि वे अब जमानत पर बाहर हैं. पार्टी के सीनियर लीडर संजय सिंह भी इस मामले में जेल जा चुके हैं.

जांच शुरू होने के बाद, 2022 में AAP सरकार ने पुरानी एक्साइज पॉलिसी को फिर से लागू कर दिया था और मौजूदा वक्त में दिल्ली में शराब की दुकानें सरकारी एजेंसियों द्वारा संचालित की जा रही हैं.

नई सरकार ने इस बार एक्साइज पॉलिसी को लेकर ज्यादा सावधानी बरतने का फैसला किया है. कई राज्यों से बेहतर नियमों से सीख लेते हुए, नई पॉलिसी बनाई जा रही है. इस पॉलिसी में राजस्व संग्रह को बढ़ावा देने के साथ-साथ गैरकानूनी शराब बिक्री पर नियंत्रण, उपभोक्ता संरक्षण और सामाजिक संतुलन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.

एक बार ड्राफ्ट तैयार हो जाने पर इसे कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां पर आखिरी फैसला लिया जाएगा. सरकार की कोशिश यही रहेगी कि पिछली शराब नीति को लेकर जिस तरीके का विवाद पैदा हुआ था वैसे विवादों से बचा जाए.

MP : लुटेरी दुल्हन का खेल! कोर्ट और मंदिर में शादी के एक घंटे बाद फरार, दो लाख की ठगी का मामला दर्ज

0

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोर्ट और मंदिर में शादी के एक घंटे बाद दुल्हन दूल्हे को चकमा देकर गहने और नकदी समेत फरार हो गई. दलाल ने दो लाख में शादी कराई थी. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन दिव्या भागनानी और उसके दो साथियों गोकूल व जमनालाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक शादी के नाम पर ठगी का शिकार हो गया. कोर्ट और मंदिर में शादी के महज एक घंटे बाद ही दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिवार को चकमा देकर गहने और नकदी समेत फरार हो गई. पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दुल्हन सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.

पीड़ित युवक रामगोपाल वर्मा निवासी (बांकपुरा गांव) ने बताया कि उसकी शादी के लिए दलाल गोकूल वर्मा निवासी महाबल गांव, थाना कालीपीठ ने उसका रिश्ता तय करवाया. गोकूल ने बताया कि भोपाल के नारियाखेड़ी निवासी दिव्या नाम की लड़की शादी के लिए तैयार है. इस पूरी सेटिंग के लिए गोकूल ने अपने साढ़ू जमनालाल वर्मा के साथ मिलकर दो लाख रुपये की मांग की. रामगोपाल के पिता हजारीलाल ने बेटे की शादी के लिए रकम का इंतजाम कर जैसे-तैसे दो लाख रुपये जुटाए.

गोकूल और जमनालाल ने लड़की की फोटो दिखाकर भरोसा दिलाया. इसके बाद 23 अप्रैल को अंजनीलाल मंदिर, ब्यावरा में कोर्ट मैरिज के बाद धार्मिक रीति-रिवाजों से शादी कराई गई. शादी के समय लड़की ने अपने पिता का नाम हरीश भागनानी और पता नारियाखेड़ी, भोपाल बताया. शादी के सभी रस्मों के बाद जब विदाई का समय आया तो गोकूल और जमनालाल ने दुल्हन को बाथरूम ले जाने की बात कहकर मंदिर से बाहर निकाला और फिर तीनों फरार हो गए.

घटना के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. ब्यावरा सिटी थाने के सब इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि लुटेरी दुल्हन दिव्या भागनानी, दलाल गोकूल वर्मा और साढ़ू जमनालाल वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 और 351 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

NATIONAL : वाराणसी से बस पकड़कर गाजीपुर पहुंची थी सोनम, साथ में दो लोग भी थे… राजा हत्याकांड में अब उजाला यादव की एंट्री

0

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब गाजीपुर के सैदपुर की रहने वाली उजाला यादव की एंट्री हो गई है. उजाला ने UPTAK से एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि वह 8 जून की रात सोनम रघुवंशी के साथ वाराणसी रोडवेज प्लेटफॉर्म नंबर-7 से गाजीपुर के सैदपुर तक यात्रा कर रही थी. इसी दौरान उसे सोनम रघुवंशी मिली और वह गोरखपुर जाना चाहती थी, न कि गाजीपुर.

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब गाजीपुर के सैदपुर की रहने वाली उजाला यादव की एंट्री हो गई है. उजाला ने UPTAK से एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि वह 8 जून की रात सोनम रघुवंशी के साथ वाराणसी रोडवेज प्लेटफॉर्म नंबर-7 से गाजीपुर के सैदपुर तक यात्रा कर रही थी. इसी दौरान उसे सोनम रघुवंशी मिली और वह गोरखपुर जाना चाहती थी, न कि गाजीपुर.

8 जून की रात्रि 10 बजे से 11 बजे सोनम रोडवेज बस से उसके साथ गाजीपुर के सैदपुर के थोड़ा आगे तक साथ आई. फिर उजाला अपने गांव से पहले मेन रोड पर उतर गईं थीं. जबकि सोनम बस में आगे चली गई. इसके बाद सोनम थोड़ी दूर आगे नंदगंज थाने के पास काशी ढाबे पर पहुंची थी. उसे सुबह टीवी और मोबाइल में न्यूज में देखा तो पहचान गई कि ये तो वही रात वाली लड़की है. सोनम ने उससे भी फोन मांगा था लेकिन नंबर टाइप कर फिर मिटा दिया और फोन नहीं की थी. वो कुछ परेशान लग रही थी.

उजाला यादव ने बताया कि सोनम रघुवंशी बार-बार पूछ रही थी कि गोरखपुर कितनी दूर है. उजाला यादव ने बताया कि सोनम रघुवंशी अंदर से घबराई हुई थी. जिसके बाद उजाला यादव ने नंदगंज थाने की पुलिस को फोन कर जानकारी दी कि उसने सोनम रघुवंशी को दो लड़कों के साथ देखा है. सुबह टीवी और सोशल मीडिया पर खबरों में जब उसने सोनम रघुवंशी की फोटो देखा तो पहचान में आ गई.

उजाला ने पुलिस के साथ राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी से भी फोन पर बात कर बताया था. अगर वाराणसी के स्टेशन का सीसीटीवी देखा जाए तो सब पता चल जाएगा. राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने उजाला यादव को चारों कातिलों का फोटो भेजा, लेकिन उजाला यादव ने इनकार किया कि उस वक्त इन चारों में से कोई नहीं था.

उजाला यादव ने बताया मेघालय पुलिस उजाला यादव से संपर्क में है और जानकारी ले रही है. मौका मिलेगा तो पुलिस का सहयोग करेगी. हालांकि उजाला के बयान से इस मामले में एक और मोड़ आ गया है. अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है.

ENTERTAINMENT : प्रभास का दिखा रूद्र अवतार, अक्षय कुमार ने दिखाई शिव महिमा, देखें कन्नप्पा का धमाकेदार ट्रेलर

0

अक्षय कुमार, प्रभास, विष्णु मांचू और मोहनलाल जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘कन्नप्पा’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में अक्षय कुमार भगवान शिव के रूप में नजर आ रहे हैं.अक्षय कुमार, प्रभास, विष्णु मांचू और मोहनलाल जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘कन्नप्पा’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में अक्षय कुमार भगवान शिव के रूप में नजर आ रहे हैं. फिल्म का डायरेक्शन मुकेश कुमार सिंह ने किया है. फिल्म के ट्रेलर को फैंस बहुत पसंद कर रहे हैं.

कन्नप्पा फिल्म में विष्णु मांचू लीड रोल में हैं. ये उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है. यह फिल्म 27 जून को दुनियाभर में रिलीज होने जा रही है. ‘कन्नप्पा’ भगवान शिव के महान भक्त की कहानी पर आधारित है.फिल्म के ट्रेलर में अक्षय कुमार को भगवान शिव के रूप में देखा गया है. जो उनकी फिल्म ‘ओएमजी 2’ वाली यादों को ताजा कर रही है. वहीं प्रभास का एक्शन अवतार काफी प्रभावी नजर आ रहा है. इसके अलावा फिल्म में सुपरस्टार मोहनलाल का खास कैमियों भी नजर आ रहा है.

ट्रेलर में दिखाया गया है कि शिवलिंग को कई लोग चुराने की कोशिश करते हैं, लेकिन ‘तिन्नाडु’ यानी विष्णु मांचू इसकी रक्षा करता है. तिन्नाडु उन लोगों को मार देता है जो शिवलिंग चुराने आते हैं और वह वहां के लोगों की रक्षा भी करता है. हालांकि वो भगवान में विश्वास नहीं रखता, उसके लिए शिवलिंग बस एक पत्थर है. तब भगवान शिव (अक्षय कुमार) तिन्नाडु को भक्ति की राह पर लाने के लिए रूद्र यानी प्रभास को भेजते हैं.

फिल्म का ट्रेलर भक्ति के इमोशन से भरा हुआ है. एक्शन भी काफी दमदार है और विजुअल्स शानदार नजर आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का बजट 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का बताया जा रहा है. देखना होगा फिल्म क्या कमाल कर पाती है.

ENTERTAINMENT : दिलजीत दोसांझ संग फिर बनी इम्तियाज अली की जोड़ी, खास लव स्टोरी से छाने को तैयार

0

फिल्ममेकर इम्तियाज अली ‘अमर सिंह चमकीला’ के बाद फिर से दिलजीत दोसांझ संग फिल्म बनाने वाले हैं. इस बार उनकी हीरोइन शारवरी वाघ होंगी. साथ में फिल्म में वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह भी मेन लीड में नजर आएंगे.

फिल्ममेकर इम्तियाज अली करीब एक साल पहले अपनी फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ से छाने में कामयाब हुए थे. फिल्म में दिलजीत दोसांझ के काम की खूब तारीफ हुई थी. अब दोनों वापस एक और फिल्म के लिए कोलैब कर रहे हैं. इस बार फिल्म में एक्ट्रेस शारवरी वाघ, एक्टर वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह शामिल हैं. खुद शारवरी ने भी फिल्म के लिए अपनी एक्साइटमेंट दिखाई है.

साल 2024 में ‘अमर सिंह चमकीला’ डायरेक्ट करने के बाद इम्तियाज अली दोबारा एक नई फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं. उनकी इस फिल्म की कहानी एक लव स्टोरी होगी जो उनकी बाकी फिल्मों की ही तरह लोगों के दिलों में उतरने में कामयाब होगी. हालांकि अभी इसका टाइटल क्या है, ये मेकर्स ने अनाउंस नहीं किया है. ‘अमर सिंह चमकीला’ के बाद दिलजीत और इम्तियाज दोबारा साथ में काम करेंगे. इम्तियाज ने फिल्म के बारे में बताया कि इसकी कहानी एक लड़का और लड़की की होगी जिसमें देश भी शामिल होगा.

फिल्म में शारवरी वाघ की भी एंट्री हुई है जिन्होंने फिल्म का पार्ट बनने पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने अपने बर्थडे पर फिल्म की अनाउंसमेंट शेयर करते इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘ये अनाउंसमेंट मेरे बर्थडे पर होना क्या जबरदस्त सरप्राइज है. ये अब तक का सबसे बेहतरीन बर्थडे है. इम्तियाज अली सर जबसे मैंने एक्टर बनने का सपना देखा है, तबसे मैंने आपके डायरेक्शन में काम करने की इच्छा रखी है. ये मेरे लिए सबसे अच्छा सीखने का मौका होने वाला है. आपकी सोच का हिस्सा बनना मेरे लिए एक सम्मान है. मुझे चुनने के लिए शुक्रिया. इस ड्रीम टीम का हिस्सा बनना वाकई बहुत खास महसूस हो रहा है.’

इम्तियाज अली की फिल्म में वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह भी नजर आएंगे, जो मेन लीड रोल प्ले करेंगे. वेदांग ‘द आर्चीज’ और ‘जिगरा’ में अपनी एक्टिंग से ऑडियंस को इंप्रेस करने में कामयाब रहे हैं. वहीं नसीरुद्दीन शाह बॉलीवुड के जाने माने एक्टर हैं जिनकी एक्टिंग पर हर किसी को भरोसा होता है.

ऐसे में इम्तियाज की आने वाली फिल्म ऑडियंस के लिए एक अलग एक्साइटमेंट पैदा कर रही है. इम्तियाज की फिल्म में ए.आर.रहमान और इरशाद कामिल की जोड़ी भी शामिल होगी, जिन्होंने एक से बढ़कर एक दमदार गाने बॉलीवुड को दिए हैं. फिल्म की शूटिंग अगस्त 2025 में शुरू होगी, जिसे बैसाखी 2026 तक रिलीज किया जाएगा.

UP : मां के सामने 24 वर्षीय बेटी की हत्या, बाइक से आए हमलावरों ने मारी गोली

0

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शनिवार को सदर तहसील क्षेत्र के पास दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने 24 वर्षीय एक महिला की उसकी मां के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावारों की तलाश कर रही है.

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शनिवार को सदर तहसील क्षेत्र के पास दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने 24 वर्षीय एक महिला की उसकी मां के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस को हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद का संदेह है.

पुलिस के अनुसार पीड़िता कल्पिता के पिता हाथरस के जिला मजिस्ट्रेट के ड्राइवर के रूप में काम करते हैं और परिवार सरदार तहसील परिसर में रहता है. पुलिस के अनुसार शाम को जब यह घटना हुई, तब महिला और उसकी मां स्थानीय बाजार से स्कूटर पर लौट रही थीं. इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें रोका और कल्पिता को गोली मारकर मौके से भाग गए.

पुलिस ने बताया कि कुछ राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पीड़िता की मां प्रत्यक्षदर्शी है. मां ने संकेत दिया कि हत्या के पीछे पीड़िता के भाई की पत्नी से जुड़ा पारिवारिक विवाद हो सकता है.

एसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि कल्पिता की भाभी के एक दोस्त ने गोलीबारी की है. मामला दर्ज किया जा रहा है और हमलावरों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं. जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

NATIONAL : अयोध्या में अब राम दरबार के भी होंगे दर्शन, एक दिन में 6 स्लॉट, हर दो घंटे में 300 श्रद्धालुओं को मिलेगा पास

0

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पहली मंजिल पर स्थापित राम दरबार को शनिवार से श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया है. राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से देर शाम इस संबंध में निर्णय लिया गया. मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को रामलला के साथ-साथ राम दरबार के भी दर्शन की अनुमति दी गई है. जिस तरह रामलला के दर्शन के लिए पास जारी किए जाते हैं, उसी तरह राम दरबार के दर्शन के लिए भी पास उपलब्ध कराए जाएंगे.

अयोध्या में राम मंदिर की पहली मंजिल पर स्थापति राम दरबार अब भक्तों के लिए खोल दिया गया है. यहां दर्शन के लिए रामलला की तरह ही पास लेने होंगे. राम दरबार के दर्शन की व्यवस्था शुरू किए जाने को लेकर शनिवार देर शाम फैसला लिया गया. इसलिए शनिवार को सिर्फ दो स्लॉट (शाम 5 से 7 और 7 से 9 बजे) के लिए सीमित संख्या में पास जारी किए गए.

दरअसल, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन की परंपरा अब एक नए और भव्य रूप में परिवर्तित हो गई है. श्रद्धालु अब सिर्फ बाल स्वरूप रामलला के नहीं, बल्कि पूरे राम दरबार- राजा राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के भी दर्शन कर सकेंगे. यह नई दर्शन-व्यवस्था आज से प्रभावी हो गई है, जिससे भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

‘अयोध्या ने एक और गौरवपूर्ण क्षण देखा’, PM मोदी ने ‘राम दरबार’ की प्राण प्रतिष्ठा को बताया ऐतिहासिक
राम मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन की सुविधा को व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए पूरे दिन को छह भागों में बांटा है. हर स्लॉट में अधिकतम 300 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे. प्रत्येक स्लॉट का समय दो घंटे रखा गया है.

यह समय निर्धारित…

सुबह 7:00 से 9:00 बजे
सुबह 9:00 से 11:00 बजे
दोपहर 1:00 से 3:00 बजे
दोपहर 3:00 से 5:00 बजे
शाम 5:00 से 7:00 बजे
रात 7:00 से 9:00 बजे
हर स्लॉट में दर्शन के लिए कुल 300 पास

प्रत्येक स्लॉट में कुल 300 पास जारी किए जाएंगे. इन पासों को दो संस्थाओं जिला प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट के बीच बांटा गया है. दोनों को प्रत्येक स्लॉट के लिए 150-150 पास दिए गए हैं.

पास की दो श्रेणियां

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और जिला प्रशासन के बीच प्रत्येक स्लॉट के लिए कुल 150-150 पास निर्धारित किए गए हैं. इन्हें दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है. हर स्लॉट के 300 पास में से 150 पास जिला प्रशासन को और 150 पास ट्रस्ट को दिए जाएंगे. इनमें 100 पास विशेष दर्शन के लिए और 50 पास आसान पहुंच वाले दर्शन के लिए होंगे. इन पासों के जरिए श्रद्धालुओं को बेहतर और शांतिपूर्ण दर्शन अनुभव सुनिश्चित किया जाएगा.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि यह नई व्यवस्था श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से की गई है. उन्होंने कहा, यह विशेष पास की व्यवस्था श्रद्धालुओं को दर्शन का सुव्यवस्थित और सहज अनुभव देने के लिए की गई है. अब रामलला के साथ पूरा राम दरबार दर्शनार्थियों के लिए साक्षात होगा.

राम दरबार का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 5 जून को संपन्न हुआ था. इस अवसर पर श्रीराम के राजसी स्वरूप के साथ-साथ राम जन्मभूमि परिसर में नव-निर्मित आठ मंदिरों में विग्रहों की स्थापना की गई थी. राम दरबार में भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर परिसर में अन्य देवताओं की भी प्रतिष्ठा की गई है. पूर्वोत्तर कोने में भगवान शिव, दक्षिण-पूर्व में भगवान गणेश, दक्षिण में हनुमान जी, दक्षिण-पश्चिम में सूर्यदेव, उत्तर-पश्चिम में भगवती देवी, उत्तर में माता अन्नपूर्णा शामिल हैं.

नागर शैली में बना भव्य मंदिर

यह मंदिर पारंपरिक नागर शैली में निर्मित है. इसकी लंबाई 360 फीट, चौड़ाई 235 फीट और ऊंचाई 161 फीट है. यह 2.77 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और तीन मंजिला संरचना में निर्मित है. इसमें कुल 392 नक्काशीदार स्तंभ, 44 द्वार और हिंदू देवी-देवताओं की समृद्ध मूर्तिकला दिखाई देती है.

PUNJAB : कमल कौर की हत्या, विदेशी नंबर से कॉल और सोशल मीडिया… अब इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर प्रीत जट्टी को मिली धमकी

0

पहले कमल कौर की हत्या, फिर दीपिका लूथरा को मिली जान से मारने की धमकी और अब प्रीत जट्टी को कॉल पर दी गई दो दिन की मोहलत… सवाल ये है कि पंजाब में इन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को आखिर धमकी कौन दे रहा है? क्या ये एक अकेले आरोपी की करतूत है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या अंतरराष्ट्रीय साजिश छुपी है? कमल कौर की हत्या के आरोप में फरार अमृतपाल सिंह मेहरों के सोशल मीडिया पोस्ट और पाकिस्तान से मिले समर्थन ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है.

पंजाब में बीते दिनों इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर कमल कौर का एक कार में शव मिला. इस मामले में अमृतपाल सिंह मेहरों पर हत्या का आरोप लगा है. कमल की हत्या के मामले में आरोपी अमृतपाल सिंह फरार चल रहा है. इस घटना के बाद अमृतपाल सिंह ने इन्फ्लुएंसर दीपिका लूथरा को धमकी दी है. आरोप है कि अमृतपाल सिंह ने कहा कि अब इन्फ्लुएंसर दीपिका लूथरा का नंबर है. दीपिका ने पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की. इस घटना को लेकर पाकिस्तानी शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी कर अमृतपाल सिंह का समर्थन किया है.

शहजाद भट्टी ने कहा कि इस गंदगी को खत्म करने के लिए उसे अगर कहीं भी किसी भी तरह की उसकी जरूरत पड़ती है तो वह उसे एक बार मैसेज कर दें, जिसके बाद वह उसे वह हर चीज मुहैया करवा कर देगा. कुछ लोग चंद पैसों के कारण मुल्क को बर्बाद कर रहे हैं, जिसमें कई लड़के भी शामिल हैं. भट्टी ने कहा कि अपनों में से उठकर जो माहौल को खराब कर रहे हैं, यह वह लोग हैं.

पंजाब को लेकर भट्टी ने कहा कि ये इन्फ्लुएंसर लोगों को क्या मैसेज देना चाहते हैं. अगर दुनिया में आए हैं तो वे कुछ अच्छा काम कर लें. बता दें कि इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या का आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों पुलिस की गिरफ्त से दूर है. पुलिस की गिरफ्त से दूर होने के बाद भी वह अन्य इन्फ्लुएंसर्स को धमकियां दे रहा है. बीते दिन अमृतसर की दीपिका लूथरा को धमकी मिली थी, जिसके बाद दीपिका ने पुलिस से शिकायत की.

इस घटना के एक दिन बाद अब इन्फ्लुएंसर सिमरनप्रीत कौर उर्फ ​​प्रीत जट्टी को धमकी मिली है. प्रीत जट्टी को दी गई धमकी में कहा गया है कि वह गानों पर वीडियो बनाना बंद कर दे, नहीं तो उसके पास सिर्फ 2 दिन बचे हैं. यह धमकी मिलने के बाद सिमरन प्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो में रोते हुए कहा कि उसे नए नंबर से फोन कर परेशान किया जा रहा है और धमकी मिल रही है कि उसके पास सिर्फ 2 दिन बचे हैं.

सिमरन प्रीत ने कहा कि मेरा 5 महीने का बच्चा है. वह अपने परिवार को पालने के लिए काम कर रही है. उसने कहा कि लोग या तो आकर उसकी मदद करें, नहीं तो उसे परेशान करना बंद कर दें. उसके घर की कई जिम्मेदारियां हैं. ये लोग आकर खर्चा उठाएंगे.

प्रीत जट्टी ने कहा कि पहले उससे जो गलतियां हुई हैं, उसके लिए वह माफी मांग चुकी है. उसने अमृतपाल सिंह मेहरों से मिलकर माफी मांगी थी. अब वह सूट पहनकर वीडियो बनाती है. वह अपनी गलती के बारे में पूछने के लिए लाइव आई थी कि लोगों को उससे क्या परेशानी है. अपनी गलतियों को सुधारा है और माफी भी मांगी है, पर अब हद हो गई है.

बता दें कि बीते दिनों इंस्टा क्वीन के नाम से मशहूर कंचन कुमारी उर्फ ​​कमल कौर भाभी का शव बठिंडा में एक कार में मिला था. इसकी जिम्मेदारी अमृतपाल सिंह मेहरों ने सोशल मीडिया पर डाली एक पोस्ट में ली थी. अमृतपाल सिंह मेहरों अभी फरार है, लेकिन उसके 2 साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

RASHIFAL : आज का पंचांग और राशिफल

15-जून-2025
वार :-रविवार
तिथी:-04चतुर्थी15:51
पक्ष:-कृष्णपक्ष
माह:-आषाढ़
विक्रम सम्वंत:-2082
शक सम्वंत:-1947
नक्षत्र:-श्रवण24:59
योग:-ऐन्द्र12:19
करण:-बालव15:51
चन्द्रमा:-मकर
सूर्योदय:-05:36
सूर्यास्त:-19:26
दिशाशूल:-पश्चिम
निवारण उपाय:-जौं का सेवन
ऋतु:-ग्रीष्म वर्षा ऋतु
गुलीक काल:-15:50से17:31
‌राहूकाल:-17:31से19:13
अभीजित:-12:01से12:55


_____

मेष (चु, चे, चो, ला, लि, लु, ले, लो, अ):-आपके मन में प्रसन्नता देखने को मिलेगी। शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को स्वस्थ महसूस करेंगे। नकारात्मक प्रवृत्ति के दोस्तों से दूरी बनाकर रखें। साथ ही घर के बड़े बुजुर्गों की राय पर भी ध्यान दें। आज आपको अपने किसी परिचित से कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। आज आप अपनी संतान के भविष्य से संबंधित कुछ अहम फैसलों पर निर्णय ले सकते हैं, जिनमें आपको परिवार के लोगों की सलाह की आवश्यकता होगी।

वृषभ (इ, उ, ए, ओ, वा, वि, वु, वे, वो) :-आज आपको अपने परिवार के किसी सदस्य से किए हुए वादे को पूरा करने के लिए व्यस्त रहेंगे। परिवार में किसी शुभ व मांगलिक कार्यक्रम पर भी चर्चा हो सकती है। आज आप दूसरों की मदद करने पर भी कुछ धन व्यय दिया करेंगे। आज का दिन आपके लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। यदि आज आप को व्यापार संबंधी कोई महत्वपूर्ण फैसला लेना हो, तो कोई निर्णय जल्दबाजी में बिल्कुल ना लें, नहीं तो बाद में आपको पछताना पड़ सकता है।

मिथुन (का, कि, कु, घ, ङ, छ, के, को, हा) :-अपने आर्थिक परिस्थिति को सुधारने के लिए बड़ा निर्णय आपके द्वारा लिया जाएगा और आप इसी निर्णय पर टिके रहेंगे, जिसके कारण कुछ देर तनाव से मुक्ति प्राप्त होगी, लेकिन आपके द्वारा लिया गया निर्णय आपकी समस्या का पूरा समाधान नहीं है। इस बात को ध्यान में रखते हुए काम करते रहने की आवश्यकता होगी। आज आप अपने लिए कुछ धन व्यय करेंगे, जिसमें कुछ जरूरी चीजें मोबाइल, लैपटॉप इत्यादि खरीद सकते हैं।

कर्क (हि, हु, हे, हो, डा, डि, डु, डे, डो) :-आज का आप का दिन शुभफलदायी है। शारीरिक, मानसिक स्वस्थ और उत्साही बने रहेंगे। नए कार्य का शुभारंभ करने के लिए समय अनुकूल है। परिवारजनों के साथ समय आनंदपूर्वक बीतेगा। धार्मिक कार्यों में खर्च होगा। प्रवास या पर्यटन का योग है। परंतु मध्याह्न के बाद अपने पर संयम रखिएगा, नहीं तो किसी के साथ वाद-विवाद या झगड़ा होने की संभावना है। धन संबंधित लेन-देन में सावधानी। मानसिक रूप से आज आप अधिक स्वस्थ रहेंगे।

सिंह (मा, मि, मु, मे, मो, टा, टि, टु, टे) :-आज दृढ़ मनोबल और आत्मविश्वास के साथ प्रत्येक कार्य को आप सफल बनाएंगे । गृहस्थ जीवन में सुख और शांति बनी रहेगी। शारीरिक स्वास्थ्य बना रहेगा। स्वभाव में उग्रता बनी रहेगी, इसलिए वाणी पर संयम रखिएगा। मध्याह्न के बाद आप की प्रवृत्तियों में परिवर्तन आएगा और आप मनोरंजन की तरफ बढ़ेंगे। मित्रों और स्नेहीजनों के साथ प्रवास या पर्यटन का योग है। शारीरिक और मानसिक रूप से आप स्वस्थ रह पाएंगे।

कन्या (टो, पा, पि, पु, ष, ण, ठ, पे, पो) :-परिस्थिति का समय के साथ हल मिल जाएगा। राजनीतिक मामलों से खुद को दूर रखें। आज के दिन आपको वह काम करना चाहिए जिससे आपको ख़ुशी मिलती हो। निजी जीवन में अकेलापन महसूस कर सकते हैं। आपको बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त होगा। किसी स्वस्थ सम्बन्धी समस्या से छुटकारा मिलेगा। सकारात्मकता व स्वीकार्यता से परिपूर्ण नजरिया जीवन में प्रेम व मैत्री लाएगा। संतान का जिद्दी या अड़ियल रवैया आपको परेशान कर सकता है।

तुला (रा, रि, रु, रे, रो, ता, ति, तु, ते):-आज सुख-सुविधाओं में धन खर्च होगा। घर में आनन्द का वातावरण रहेगा। विरोधी अपनी योजनाओं में असफल होंगे। अनुभवी तथा वरिष्ठ लोगों के संपर्क में अपना अधिक से अधिक समय व्यतीत करें। आज का दिन आपके लिए शुभ परिणाम लेकर आएगा। कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों का दबाव रहेगा, लेकिन आपको अधिकारियों और साथियों का सहयोग मिलेगा, जिससे आप अपने ऊपर दवाब कम महसूस करेंगे और अपने कार्य को समय पर करके देंगे।

वृश्चिक (तो, ना, नि, नु, ने, नो, या, यि, यु) :-रुके हुए कार्यों को पूरा करने में सफलता मिलेगी। आप अपने व्यवसाय और कैरियर को लेकर चिंतित रहेंगे। बेवजह की यात्रा को टाले। आकस्मिक धन लाभ हो सकता है। मन को शांत चित्त रखने का प्रयास करें। भाइयों और दोस्तों से सहयोग मिल सकता हैं। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले उसके बारे में पहले सोच विचार करना आवश्यक है। सायं काल का समय आज आप अपने जीवनसाथी के साथ संतान के भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श करें।

धनु (ये, यो, भा, भि, भु, धा, फा, ढा, भे):-आज आपके कामों में कुछ लोग विघ्न डालने प्रयास कर सकते हैं। आज के दिन बनते कार्यों में विलंब होने के कारण निराशा महसूस करेंगे। सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को ख्याति फैलेगी। सायंकाल का समय आप घर की वरिष्ठ सदस्य के साथ कुछ पारिवारिक समस्याओं का समाधान खोजने में व्यतीत करेंगे। आज आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना हितकर रहेगा, जिससे आपको अनेकों लाभ भी होंगे।

मकर(भो,जा,जि,जु,जे,जो,ख,खि,खु,खे,खो,गा,गि) :-आज मन में आशावादी विचारों का प्रवाह रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी करेंगे। प्रियजनों से भेंट होने पर मन में प्रसन्नता आएगी। सामाजिक तथा अन्य क्षेत्रों में ख्याति या सम्मान प्राप्त होगा। महत्वपूर्ण लोगों से मुलाकात होगी। शॉपिंग इत्यादि पर धन खर्च होगा। व्यर्थ की यात्रा और फिजूलखर्ची से आपका बजट गड़बड़ा सकता है। ऐसे लोगों से दूरी बनाकर रखें जो लोग आपकी प्रतिष्ठा को हानि पहुंचा सकते हैं। जीवनसाथी से प्रेम बढ़ेगा।

कुम्भ (गु, गे, गो, सा, सि, सु, से, सो, दा) :-आर्थिक प्रयासों का तत्काल प्रतिफल मिलेगा। जिस प्रकार के फायदे और लाभ आप अपने तरीके से लेना चाहते हैं, उसमें अभी कुछ रूकावटें जरूर आ सकती हैं। मन में अज्ञात भय रहेगा और उधेड़बुन रहेगी। आप सूझबूझ और कूटनीति से काम लेंगे तो आ रही उलझनों से पीछा छूट जाएगा। गाय, कुत्ते, कीड़े मकोड़ों को भोजन, पक्षियों के लिए पीने का पानी और दानों का इंतजाम करना मानसिक शांति देगा।

मीन (दि, दु, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, चि) :-प्रियजनों से भेंट होने पर प्रसन्न होंगे। आज मन में आशावादी विचारों का प्रवाह रहेगा। आकस्मिक धन लाभ होने के योग बन रहे हैं। प्रेम प्रसंगों से आपको निराशा और दुख महसूस होगा। धार्मिक स्थल की यात्रा का प्रोग्राम बनाएंगे। रुका हुआ पैसा आ सकता है आप शॉपिंग इत्यादि पर धन खर्च करेंगे। आज आपको अपनी माता जी की सेहत के प्रति सचेत रहना होगा क्योंकि उनको कोई रोग परेशान कर सकता है।

आपका दिन शुभ व मंगलमय हो।

जटिल समस्याओं के समाधान एवं जन्मपत्रिका का विश्लेषण, नई जन्मपत्रिका बनवाने, रत्न- रुद्राक्ष धारण करने के लिए, भवन, प्रतिष्ठान, फैक्ट्री हेतु वास्तु सलाह के लिए आप हमसे संपर्क कर सकते हैं।

- Advertisement -

News of the Day