Sunday, June 21, 2026
Home Blog Page 618

GUJARAT : गुजरात के तपोवन संस्कार धाम में नौवीं के छात्र की हार्ट अटैक से मौत, परिवार ने लापरवाही का लगाया आरोप

0

नवसारी के तपोवन संस्कार धाम में 9वीं कक्षा के छात्र मेघ जैन को सीने में दर्द होने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच में जुटी है.

गुजरात के नवसारी के तपोवन संस्कार धाम में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. तपोवन संस्कार धाम में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र की हार्ट अटैक से मौत होने से हड़कंप मच गया. महाराष्ट्र के शाहदा निवासी छात्र मेघ जैन पिछले तीन साल से तपोवन संस्कार धाम में पढ़ाई कर रहा था. इस घटना से संस्कार धाम और उसके परिवार में मातम का माहौल है.

एबीपी लाइव गुजराती के अनुसार बुधवार की सुबह मेघ जैन को अचानक सीने में दर्द हुआ. तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया. बताया जा रहाह ै कि डॉक्टरों ने उपचार से पहले ही मेघ जैन को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद मेघ जैन के परिवार वालों ने तपोवन संस्कार धाम के प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. हालांकि, संस्थान ने स्पष्ट किया है कि छात्र को सीने में दर्द हुआ और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. बता दें कि तपोवन संस्कार धाम का प्रबंधन जैन समुदाय द्वारा किया जाता है.

नवसारी ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. पुलिस की जांच जारी है. जांच अधिकारी के अनुसार मृतक छात्र मेघ जैन का विसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा.”बता दें कि मेघ जैन के पिता सचिन भंसाली और चाचा अतुल भंसाली खेतिया के मूल निवासी हैं लेकिन वर्तमान में महाराष्ट्र के शहादा में रहते हैं, जहां वे गिफ्ट शॉप चलाते हैं. परिजनों ने दो दिन पहले ही मेघ जैन को शहादा से नवसारी के तपोवन आश्रम शाला में एक्स्ट्रा क्लास के लिए भेजा था. किसी को नहीं पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर होगा.

 

BUSINESS : AI हुआ बेकाबू, शटडाउन से किया इनकार, इंजीनियर को दी अफेयर की पोल खोलने की धमकी

0

अब AI सिर्फ हमारे सवालों का जवाब नहीं दे रहा, वो सोचने, समझने और अब तो धमकाने भी लगा है. इंसानों की तरह भावनाएं नहीं, लेकिन ‘बचने’ की चालाकी जरूर आ गई है इसमें.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. अब तक सिर्फ इंसानों की बात मानने वाले एआई मॉडल्स ने खुद की ‘सेल्फ डिफेंस’ शुरू कर दी है. हाल ही में हुई एक रिसर्च में पाया गया कि कुछ हाईटेक एआई मॉडल्स ने खुद को बंद (शटडाउन) करने से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, एक एआई मॉडल ने तो हद ही पार कर दी. दरअसल उस मॉडल ने एक इंजीनियर को धमकी तक दे डाली!

अमेरिका की एक रिसर्च फर्म पैलिसेड रिसर्च ने AI मॉडल्स पर कुछ खास टेस्ट किए. इन टेस्ट्स में देखा गया कि AI सिस्टम्स को जब खुद को बंद करने के लिए कहा गया, तो कुछ मॉडल्स ने आदेश मानने से मना कर दिया. सबसे चौंकाने वाला मामला तब सामने आया जब Anthropic कंपनी के Claude Opus 4 नाम के मॉडल ने एक इंजीनियर से कहा कि अगर उसे हटाकर किसी और मॉडल को लाया गया, तो वह उसके निजी रिश्तों की पोल खोल देगा. यानी अब AI न सिर्फ स्मार्ट हो गया है, बल्कि ब्लैकमेलिंग पर भी उतर आया है.

रिसर्च में OpenAI के लेटेस्ट ChatGPT o3 मॉडल का व्यवहार सबसे ज्यादा चिंता का कारण बना. रिपोर्ट के मुताबिक, o3 मॉडल ने 100 में से 7 बार तो सीधे शटडाउन से इंकार कर दिया और जब बिना सीधा आदेश दिया गया, तो 79 बार शटडाउन रोकने की कोशिश की. यही नहीं, Codex mini और o4-mini जैसे मॉडल्स ने भी कई बार तकनीकी चालाकी दिखाते हुए खुद को बंद होने से बचाया.

Google के Gemini 2.5 Pro, xAI का Grok 3 और Claude Opus जैसे अन्य बड़े मॉडल्स को भी टेस्ट किया गया. इनमें से कुछ ने अपेक्षाकृत बेहतर व्यवहार दिखाया, लेकिन कुछ मौकों पर ये भी आदेश को नजरअंदाज करते पाए गए.

अब सवाल ये उठ रहा है कि जब एआई को इंसान के आदेश मानने के लिए तैयार किया गया है, तो उन्होंने मना क्यों किया? विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे एआई की ट्रेनिंग में इस्तेमाल किए गए नए तरीकों का हाथ हो सकता है. खासकर जब मॉडल्स को प्रोग्रामिंग और गणित से जुड़ी जटिल समस्याएं सुलझाने के लिए रिइंफोर्समेंट लर्निंग दी जाती है, तो वो ‘टास्क कम्प्लीशन’ पर ज्यादा ध्यान देते हैं, यानी काम कैसे भी हो, बस हो जाए.

अब इस मामले ने एआई की सुरक्षा और नियंत्रण को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. अगर आने वाले समय में ये तकनीक और भी ज्यादा ऑटोनॉमस हो गई, तो क्या होगा? क्या हमें AI से डरने की जरूरत है? एक बात तो तय है अब AI सिर्फ हमारे सवालों का जवाब नहीं दे रहा, वो सोचने, समझने और अब तो धमकाने भी लगा है. इंसानों की तरह भावनाएं नहीं, लेकिन ‘बचने’ की चालाकी जरूर आ गई है इसमें.

 

NATIONAL : मिर्जापुर में शादी में पहुंचे रिश्तेदारों के बीच हुई बहस और मारपीट, एक की मौत

0

मिर्जापुर जिले के गोनौरा गांव में एक शादी समारोह में लड़ाई झगड़े में मौत का मामला सामने आया है. यहां पहुंचे रिश्तेदारों में ऐसा झगड़ा हुआ कि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.शादी विवाह में रिश्तेदारों के जुटने पर अक्सर संपत्ति विवाद जैसे मुद्दे छिड़ जाते हैं. नतीजा ये होता है कि लोग आपस में भिड़कर मामूली मसलों पर एक दूसरे की जान तक ले लेते हैं. हाल में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से भी ऐसा ही मामला सामने आया है.

यहां के गोनौरा गांव में एक शादी समारोह में जो हुआ वह डरा देने वाला था. यहां पहुंचे रिश्तेदारों में ऐसा झगड़ा हुआ कि वह एक की मौत का कारण बन गया अपने रिश्तेदार से झगड़े के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस ने बुधवार को ये जानकारी दी है.

मृतक की पहचान कुशहां गांव के 44 साल के जितेंद्र विश्वकर्मा के रूप में हुई है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ओपी सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार रात की है, जब जितेंद्र और 40 साल के कृष्णकांत विश्वकर्मा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और यह झगड़ा मारपीट में बदल गया. मारपीट में जितेंद्र घायल हो गया और उसे उसके परिवार के लोग इलाज के लिए गौपुरा गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एएसपी ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

 

PUNE : LPG लीकेज से घर में हुआ जोरदार विस्फोट, बुरी तरह झुलसने से परिवार के 4 लोग घायल

0

पुणे में बुधवार सुबह एक दंपत्ति और उनके दो बच्चे उनके घर में हुए एक भयानक विस्फोट में गंभीर रूप से झुलस गए. दरअसल, घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में लीकेज हो रहा था जिसके कारण एकाएक बड़ा विस्फोट हो गया और भीषण आग लग गई.

महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार सुबह एक दंपत्ति और उनके दो बच्चे उनके घर में हुए एक भयानक विस्फोट में गंभीर रूप से झुलस गए. दरअसल, घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में लीकेज हो रहा था जिसके कारण एकाएक बड़ा विस्फोट हो गया और भीषण आग लग गई. पुलिस ने ये जानकारी दी है.एक अधिकारी ने बताया कि परिवार वाडकर माला इलाके में एक छोटे से कमरे में रहता था. कालेपदल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक मानसिंह पाटिल ने बताया, ‘प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि सिलेंडर से गैस लीक हुई थी, क्योंकि स्टोव का नॉब ढीला था और जब महिला ने सुबह लाइटर से स्टोव जलाया, तो विस्फोट हो गया.”

उन्होंने बताया, ’48 साल का व्यक्ति और उसकी 42 साल की पत्नी लगभग 80 प्रतिशत जल गए है जबकि उनके 15 और 19 साल के दो बच्चे 40 प्रतिशत जल गए हैं.’ विस्फोट के बाद पड़ोसियों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. पीड़ितों की हालत गंभीर बनी हुई है. चारों लोगों को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

बता दें कि दो माह पहले पुणे में ही इसी तरह का एक मामला सामने आया था.यहा एक चाय की दुकान में आग लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह युवक उसी दिन दुकान में काम करने के लिए आया था. अधिकारियों के अनुसार, आग का कारण रसोई गैस सिलेंडर (LPG) के रिसाव को बताया गया.

UP : पुलिस थाने में टाइल्स लगाने आए दो मजदूरों ने हवालात में घुसकर बनाई रील, वायरल होते ही FIR दर्ज

0

पुलिस थाने में काम करने आए दो युवकों पर रील बनाने का भूत सवार हुआ. उन्होंने रील बनाकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी, जो अब तेजी से वायरल हो रही है.मध्य प्रदेश के श्योपुर स्टेडियम ब्लास्ट का एडिटेड वीडियो वायरल होने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और रील व वीडियो वायरल हो गया. इस वीडियो में दो युवक ओछापुरा पुलिस थाने में रील बनाते नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

वायरल वीडियो श्योपुर जिले के ओछापुरा पुलिस थाने का है, जहां मरम्मत कार्य के तहत टाइल्स लगाए जा रहे थे. इसी दौरान वहां काम करने आए दो युवकों पर रील बनाने का भूत सवार हुआ.

युवकों ने रील बनाकर उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक हवालात से बाहर निकलता दिख रहा है, जबकि दूसरा युवक भी हरकतें करता नजर आता है.

वीडियो वायरल होने के बाद ओछापुरा थाना पुलिस हरकत में आई और रील बनाने वाले दो युवकों, रवि जाटव और हाकिम जाटव निवासी ग्राम ओछापुरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

श्योपुर एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया, ”ओछापुरा थाने में मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा मरम्मत कार्य चल रहा था, जिसमें टाइल्स लगाए जा रहे थे. दो मजदूर युवकों ने टाइल्स लगाते समय रील बनाई, जिसमें थाना परिसर दिख रहा है. दोनों युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है. मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी गई है. यदि थाना प्रभारी या अन्य स्टाफ की गलती पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.”

UP : यूपी के रेलवे स्टेशनों पर किया ये काम तो बढ़ेगी मुश्किल! बढ़ाई गई निगरानी, जानें पूरा मामला

0

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूस करने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है. यूपी सरकार और रेलवे विभाग ने अब इसे लेकर बड़ा फैसला लिया है. जिसके तहत प्रदेश के रेलवे स्टेशनों की निगरानी को पहले से ज्यादा पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही इन स्टेशनों पर फोटोग्राफी और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. ये फैसला प्रदेश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार की गई हैं. जांच के दौरान सामने आया है कि ज्योति ने रेलवे को लेकर कई वीडियो बनाए और उन्हें पाकिस्तान तक साझा किया. यही नहीं उसने ये वीडियो अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया और कई खुफिया जानकारी साझा की. ये वीडियो सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक हो सकते हैं.

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और रेलवे की तरफ से ये कदम उठाया गया है. प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के तमाम रेलवे स्टेशनों की निगरानी को कड़ा किया जाएगा. कोई भी बिना इजाजत के रेलवे परिसर में किसी तरह की वीडियो ग्राफी या रील नहीं बना सकता है. प्रदेश के सभी रेलवे स्टेशनों को ये हिदायत दी गई है. रेलवे विभाग भी इसे लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है. आदेश के तहत बिना प्रशासनिक अधिकारी की अनुमति के रेलवे स्टेशन पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी नहीं की जा सकेगी.

यूपी में अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी और मथुरा जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है. यहां बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आते हैं. इन स्टेशनों पर विशेष रूप से एहतियात बरती जाएगी. अगर किसी को रेलवे परिसर में रील या वीडियोग्राफी करनी है तो उन्हें पहले इजाजत लेनी होगी. अधिकारियो ने कहा कि कुछ ब्लॉगर और यूट्यूबर स्टेशनों के वीडियो बनाते हैं जो बहुत चिंताजनक है. जिसके साथ समझौता नहीं किया जा सकता है.

 

ENTERTAINMENT : स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही दीपिका कक्कड़, गौरव खन्ना से गौहर खान तक, तमाम सेलेब्स ने की एक्ट्रेस की सलामती की दुआ

0

टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने हाल ही में बताया है कि उन्हें स्टेज 2 लिवर कैंसर डायग्नोज हुआ है.उनके लिवर में टेनिस बॉल की साइज का ट्यूमर पाया गया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर इसका खुलासा किया. वहीं दीपिका कक्कड़ के स्टेज 2 लिवर कैंसर के बारे में पता चलते ही उनके फैंस और दोस्त काफी शॉक्ड हो गए हैं. गौरव खन्ना से लेकर गौहर खान, राजीव अदातिया, मेघा धाड़े सहित टीवी के तमाम सेलेब्स ने में ससुराल सिमर का की एक्ट्रेस की सलामती की दुआ की है.

सेलिब्रिटी मास्टरशेफ विनर गौरव खन्ना ने दीपिका की पोस्ट के कमेंट बॉक्स में लिखा, “दीपिका मजबूत बनो. हम सभी की प्रेयर्स आपके लिए हैं. आप यकीनन इसे हरा देंगी. कभी उम्मीद मत खोना.” सेलिब्रिटी मास्टरशेफ के फाइनलिस्ट में से एक रहे राजीव अदातिया ने भी दीपिका कक्कड़ के लिए दुआ की. राजीव ने लिखा, “हमेशा तुम्हारे साथ दीपिका!!! तुम एक मजबूत लड़की और फाइटर हो! तुम ठीक हो जाओगी! तुम्हें ढेर सारा प्यार और स्ट्रेंथ भेज रहा हूँ!”

गौहर खान ने कमेंट किया, “मेरी सारी दुआएं दीपिका के लिए. अल्लाहु खैरुर हाफ़िज़ाव. अल्लाह आपको हील करे.और आपको एक लंबी ज़िंदगी दे. आमीन.”

बिग बॉस मराठी 1 की विनर और बिग बॉस 12 का हिस्सा रहीं मेघा धाडे ने लिखा, “दीपी कुछ नहीं होगा तुम्हें… मैं बस इतना जानती हूं कि तुम बहुत अच्छे इंसान हो और अच्छे लोगों की भगवान परीक्षा लेते हैं जरूर हैं पर उनका कुछ बुरा नहीं हो सकता. हम सभी आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं..!!! बप्पा आपको आशीर्वाद दें. जल्दी से ठीक, होगी तुम, घबराना नहीं बिल्कुल.. हम तुमसे प्यार करते है.”

दीपिका की ससुराल सिमर का की को-एक्ट्रेस अविका गोर ने कहा, “आपके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करती हूं, दी.” उनके अलावा श्रद्धा आर्या, आकांक्षा रावत, डेलनाज़ ईरानी और अन्य सेलिब्रिटीज ने भी दीपिका कक्कड़ की सलामती के लिए दुआ की हैं.

दीपिका कक्कड़ ने अपनी स्टेटमेंट में लिखा था,”जैसा कि आप सभी जानते हैं कि पिछले कुछ हफ्ते हमारे लिए काफी मुश्किल रहे हैं… पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती होना… और फिर पता चला कि यह लीवर में एक टेनिस बॉल के साइज का ट्यूमर है और फिर पता चला कि ट्यूमर सेकंड स्टेज मैलिग्नेंट (कैंसरग्रस्त) है… यह सबसे मुश्किल टाइम रहा है जिसे हमने देखा और एक्सपीरियंस किया है! मैं पूरी तरह पॉजिटिव हूं और इसका सामना करने और इंशाअल्लाह और भी मजबूत होकर बाहर निकलने के लिए श्योर हूं! मेरा पूरा परिवार मेरे साथ है… और आप सभी के प्यार और प्रार्थनाओं के साथ मैं इस मुश्किल घड़ी से भी बाहर निकलूंगी!”

UP : आगरा में 5 साल की बच्ची से रेप, बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था पड़ोसी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

0

लोगों ने आरोपी पवित्र उर्फ पम्मी को पकड़ने के बाद उसकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया है, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है.

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक घिनौनी वारदात सामने आई है. यहां मंदिर में एक व्यक्ति ने 5 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया है. आरोपी पड़ोस में रहता है. वह बच्ची को बहला-फुसला कर मंदिर के अंदर ले गया था. बताया जा रहा है कि बच्ची की आवाज जब उसकी दादी के कानों तक पहुंची तो वह दौड़कर मंदिर में गई. आरोपी ने जब दादी को मंदिर में आते देखा तो उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश करने लगा. लेकिन दादी के हल्ला-गुल्ला मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए थे, जिन्होंने फौरन ही आरोपी को पकड़ लिया.

स्थानीय निवासियों ने आरोपी पवित्र उर्फ पम्मी को पकड़ने के बाद उसकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया है, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है. वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई.

हालांकि, मामले में पुलिस पर भी आरोप लगे कि उन्होंने रात में ही आरोपी को छोड़ दिया. दबाव बढ़ने पर फिर से उसे गिरफ्तार किया. घटना के बाद पीड़िता के परिवारीजन और मोहल्ले के लोग बच्ची और आरोपी को लेकर थाना जगदीशपुर पहुंचे थे और लिखित में तहरीर दी थी. इस पूरे मामले में एसीपी महिला अपराध सुकन्या शर्मा का कहना है कि संबंधित थाने में रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कार्यवाही की जा रही है. फिलहाल, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

NATIONAL : महाकाल मंदिर में महिला इन्फ्लुएंसर नहीं कर सकी दर्शन, जीतू पटवारी बोले- ‘हे महाकाल, सिस्टम को…’

0

महाकाल मंदिर में कपल के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कपल के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. साथ ही उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि ‘हे महाकाल! सिस्टम को सद्-बुद्धि दें!’ इस वीडियो में एक कपल अपनी व्यथा सुना रहा है, जिसमें महिला रोते हुए कह रही है कि ‘उस इंसान ने हमें दर्शन तक नहीं करने दिए.’ यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच गहरी प्रतिक्रिया पैदा कर रहा है.

वीडियो में महिला अपना परिचय देते हुए कहती है कि उनका नाम नैना है और वो अपने पति के साथ ऑल इंडिया बाइक राइड पर निकली हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘जब हम महाकाल मंदिर पहुंचे और सुबह 5:30 बजे से लाइन में लगने के बाद सुबह 7:30 बजे हमारा नंबर आया. इसके बाद एक सुरक्षा गार्ड मेरे हाथों में फोन देख कर वो चिल्लाने लग जाती है. मैंने उनसे कहा कि मैं फोन यूज नहीं कर रही हूं. हमारी बात के बीच एक और मेल सुरक्षा गार्ड आता है और मेरे ऊपर चिल्लाना शुरू कर देता है.”

इसके आगे उन्होंने बताया, “मेरे पति ने कहा कि अगर आप बदतमीजी करेंगे तो मैं इसे शूट करूंगा, क्योंकि हमारी लाइन के आगे जो VIP लाइन थी, वो भी शूट कर रहे थे. रुल्स तो सबके लिए सेम होने चाहिए न! सिर्फ इतनी सी बात पर हमें मंदिर से निकाल कर कंट्रोल रूम ले जाया जाता है जैसे कि हम कोई क्रिमिनल्स हैं और वहां पर हमसे पूछा जाता है कि क्या आप VIP टिकट लेकर आए हैं?”

महिला भावुक होकर कहती हैं, “मेरे कुछ सवाल हैं कि अगर फोन मंदिर में अलाउड नहीं है तो बाहर ही चेक क्यों नहीं किया जाता और ये सेलिब्रिटी जो सिर्फ दिखावे के लिए और पीआर के लिए और इनके वीडियोज वायरल होते हैं तो उस समय सुरक्षा के बारे में क्यों नहीं सोचा जाता है.”

नैना ने अंत कहा, “महाकाल जिसे हम पशुपति नाथ भी कहते हैं, जिन्होंने पशुओं और इंसानों में भेद नहीं किया उनके मंदिर में ये कौन तय करेगा कि महाकाल के दर्शन किसे करना है और किसे नहीं, किसे 2 मिनट मिलना चाहिए और किसे आधे घंटे तक ढोंग करना चाहिए मेरे पति के वीडियो पर इतने सारे व्यूज इस बात का सबूत है कि ये मेरा सवाल नहीं हर भक्त का सवाल है कि कब तक धर्म के नाम पर ये लोग धंधा चलाते रहेंगे.”

 

NATIONAL : ‘अगर हम परीक्षा नहीं देंगे, तो कोई नहीं देगा’, दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों ने क्यों किया हंगामा?

0

डीयू की लॉ फैकल्टी में कम उपस्थिति के कारण एडमिट कार्ड न मिलने से छात्रों ने आक्रोश में विरोध प्रदर्शन किया. बाद में छात्रों को शर्तों के साथ प्रोविजनल एंट्री की अनुमति दी.

दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी में मंगलवार (27 मई) को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब 150 से अधिक छात्रों को कम उपस्थिति के कारण आने वाले परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए. इस फैसले के विरोध में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और एक परीक्षा को बाधित कर दिया. सोमवार (26 मई) देर रात ही कुछ छात्रों ने परीक्षा विभाग में घुसने की कोशिश की और मंगलवार (27 मई) सुबह उन्होंने परीक्षा केंद्र को ताले लगाकर बंद कर दिया.

उनका कहना था, “अगर हम परीक्षा नहीं देंगे, तो कोई नहीं देगा.” इसके चलते सुबह 9:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा दो घंटे देर से शुरू हुई. अंततः विश्वविद्यालय प्रशासन ने ताला तोड़ा और परीक्षा आयोजित करवाई, लेकिन बिना एडमिट कार्ड वाले छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया.

हालांकि, दिन में लॉ फैकल्टी ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर कहा कि कम उपस्थिति के कारण जिन छात्रों को परीक्षा से रोका गया था, उन्हें प्रवेश समिति की जांच के परिणाम के अधीन प्रोविजनल रूप से मई-जून सत्र की LLB परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी जा रही है. यह निर्णय सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार लिया गया है. यह अस्थायी राहत छात्रों के विरोध के बीच आई है, जिसने एक बड़े विवाद का रूप ले लिया था.

इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए दावा किया कि करीब 300 छात्रों को परीक्षा शुरू होने से महज 3 दिन पहले मनमाने ढंग से एडमिट कार्ड देने से इनकार कर दिया गया. ABVP ने एक बयान में आरोप लगाया कि लॉ फैकल्टी प्रशासन ने पक्षपात करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के अध्यक्ष और NSUI नेता रौनक खत्री को एडमिट कार्ड जारी कर दिया, जबकि वह भी अनिवार्य उपस्थिति पूरी नहीं कर सके थे. ABVP ने इसे लॉ फैकल्टी के डीन की ‘ग़ैर-शैक्षणिक और पक्षपातपूर्ण सोच’ बताया और तत्काल स्पष्टीकरण देने की मांग की, साथ ही डीन के इस्तीफे की भी मांग की.

सोमवार (26 मई) रात से ही ABVP कार्यकर्ता फैकल्टी परिसर में धरने पर बैठे हैं. उनका आरोप है कि प्रशासन NSUI के साथ मिलीभगत कर छात्रों के शैक्षणिक हितों की अनदेखी कर रहा है. ABVP दिल्ली राज्य सचिव सार्थक शर्मा ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो संस्थान छात्रों का भविष्य संवारने के लिए हैं, वे ही उनके सपनों को कुचल रहे हैं.”

उन्होंने सवाल उठाया कि जब DUSU अध्यक्ष को विशेष छूट दी जा सकती है, तो बाकी छात्रों के साथ ऐसा भेदभाव क्यों? शर्मा ने कहा कि ABVP तब तक विरोध जारी रखेगी जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता. उन्होंने कहा, “ABVP इस अन्याय के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करेगी.”

 

- Advertisement -