Monday, June 22, 2026
Home Blog Page 623

MEERUT : 16 साल के भांजे के इश्क में पड़ी 35 साल की मामी, बोली- यही मेरा पति; लड़के के परिजन पहुंचे थाने

0

एक महिला ने अपने भांजे के साथ नाजायज संबंध स्थापित कर लिए. उसका कहना है कि अब भांजा ही उसका पति है. फिलहाल, इसको लेकर भांजे की मां ने थाने में शिकायत दी है. मामला इलाके में चर्चा का विषय है.

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने भांजे के साथ नाजायज संबंध स्थापित कर लिए. उसका कहना है कि भांजा ही उसका पति है. फिलहाल, इसको लेकर भांजे की मां ने थाने में शिकायत दी है. अब पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.

आपको बता दें कि पूरा मामला मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र का है, जहां बीते दिन एक युवक की मां ने थाने में शिकायत दी कि उसका बेटा 16 साल का है और कुछ साल से अपने मामा के पास दिल्ली में रह रहा था. वहां उसकी मामी ने बेटे से नाजायज संबंध बनाए और अब कहती है कि वह मेरा पति है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है.

शिकायत में कहा गया है कि यौन शोषण के शिकार नाबालिग युवक के पिता की 3 साल पहले मृत्यु हो गई थी. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. इसलिए करीब ढाई साल पहले मां ने उसको दिल्ली निवासी अपने भाई के पास फ्रिज और एसी का काम सीखने भेज दिया था. लेकिन वहां पर उसकी 35 साल की मामी ने उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया.

इससे परेशान होकर किशोर रविवार को अपने गांव आया तो पीछे-पीछे उसकी मामी भी दिल्ली से दौराला पहुंच गई. किशोर ने कहा कि उसको दिल्ली में बंधक बनाकर रखा गया था. मामी ने उसको अपने प्रेम जाल में फंसा कर अवैध संबंध बनाए और लगातार उसका उत्पीड़न कर रही है.

किशोर की मां ने इस बाबत आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दी है. वहीं, आरोपी महिला का कहना कि पीड़ित किशोर उसका भांजा नहीं बल्कि पति की तरह है. वो उसके साथ ही रहना चाहती है.उधर, पुलिस का कहना है कि एक मामला सामने आया है जिसमें दोनों ओर से तहरीर दी गई है. पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से आगे की कार्यवाही की जाएगी.

UP : मेरठ में बुर्का पहनी महिला को KISS कर भागा था सुहेल, पुलिस ने किया ये हाल! लंगड़ाते हुए बोला- अब नहीं होगी ऐसी गलती

0

घटना 20 मई की लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर की है, जहां सकरी गली से गुजर रही बुर्कानशीं महिला को एक शोहदा KISS करके भाग गया था. उसकी ये हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और शोहदे की तलाश में जुट गई थी.

यूपी के मेरठ में राह चलती बुर्कानशीं महिला को KISS कर के भागने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसका नाम सुहेल है. पुलिस कस्टडी में सुहेल कान पकड़कर लंगड़ाते हुए चल रहा है और अपने किए की माफी मांग रहा है. वह कह रहा है कि ऐसी गलती अब दोबारा नहीं होगी.

आपको बता दें कि घटना 20 मई की लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर की है, जहां सकरी गली से गुजर रही बुर्कानशीं महिला को एक शोहदा KISS करके भाग गया था. उसकी ये हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और शोहदे की तलाश में जुट गई थी. बीते दिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर जब शोहदे को गिरफ्तार किया तो उसकी पहचान सुहेल के रूप में हुई. फिलहाल, पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है. जेल जाने से पहले सुहेल थाने में अपनी शर्मनाक हरकत पर माफी मांगता नजर आ रहा है. सुहेल का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह कान पकड़कर कह रहा है कि ‘गलती हो गई अब ऐसा नहीं होगा. मुझे माफ कर दो.’

जानकारी के मुताबिक, सुहेल मेरठ के थाना लिसाड़ी के लख्खीपुरा का रहने वाला है. उसके पिता का नाम निजामुद्दीन है. वीडियो में दिख रहा है कि सुहेल ठीक तरह से चल भी नहीं पा रहा है. दो पुलिसकर्मियों ने उसे सहारा दे रखा है, जिससे वह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. सुहेल अपने कान भी पकड़ रहा है और बार-बार माफी मांग रहा है.

NATIONAL : ज्योति के मोबाइल से डिलीट डाटा हुआ रिकवर, पुलिस को मिले कई अहम सबूत

0

हरियाणा पुलिस को ज्योति मल्होत्रा के मोबाइल फोन से डिलीट किया गया डाटा रिकवर हाे गया है, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सबूत लगे हैं, जो इस पूरे मामले की जड़ तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकते हैं. अब पुलिस को लैपटॉप के डाटा का इंतजार है.

भारत की जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार की गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के मामले में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है. पूछताछ के दौरान हरियाणा पुलिस को उसके मोबाइल फोन से डिलीट किया गया डाटा रिकवर हुआ है, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सबूत लगे हैं, जो इस पूरे मामले की जड़ तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकते हैं.

पुलिस सूत्रों की मानें तो रिकवर हुए डाटा में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े पीआईओ (Pakistan Intelligence Operative) के साथ बातचीत के प्रमाण मिले हैं, साथ ही एक संदिग्ध पाकिस्तानी अधिकारी ‘दानिश’ का नाम भी सामने आया है, जो दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास में कार्यरत बताया जा रहा है.

ज्योति मल्होत्रा के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया था, जिन्हें डिजिटल फोरेंसिक जांच के लिए मधुबन, करनाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया. मोबाइल में से डिलीट किया गया डाटा और कॉल डिटेल्स रिकवर कर ली गई हैं, लेकिन लैपटॉप के डेटा का अभी इंतजार है. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल में पाकिस्तानी संपर्क सूत्रों के साथ कॉल, व्हाट्सएप चैट और कुछ वीडियो ट्रांसफर किए गए हैं.

यह मामला केवल हरियाणा पुलिस तक सीमित नहीं रहा. अब तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की पुलिस टीमें भी हिसार पहुंच चुकी हैं और ज्योति से पूछताछ कर चुकी हैं. गोवा और यूपी पुलिस ने उन सभी स्थानों की जानकारी ली है, जिनकी वीडियोज ज्योति ने अपने यूट्यूब चैनल पर डाली थीं. पूछताछ का फोकस इस बात पर है कि उसने वीडियो क्यों शूट की, किसे भेजी और उसका उद्देश्य क्या था. जांच एजेंसियों का मानना है कि ज्योति की यात्राएं केवल यूट्यूब के लिए नहीं, बल्कि कहीं न कहीं भारत की सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी जुटाने और साझा करने से भी जुड़ी हो सकती हैं.

ज्योति को अदालत ने 22 मई को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था, हालांकि बाद में कोर्ट ने केवल चार दिन का रिमांड दिया. इस रिमांड के दौरान ज्योति से लगातार गहन पूछताछ हुई और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच भी की गई. अब यह देखना अहम होगा कि क्या पुलिस तीसरी बार भी रिमांड की मांग करती है या फिर न्यायिक हिरासत का विकल्प चुना जाएगा.

जांच एजेंसियां इस समय कई स्तरों पर काम कर रही हैं. ज्योति ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान, दुबई, थाईलैंड, चीन जैसे देशों की यात्राएं की थीं. सवाल उठता है कि एक साधारण यूट्यूबर के पास इतने पैसे कहां से आए? पुलिस इस समय ज्योति और उसके पिता के बैंक खातों की भी बारीकी से जांच कर रही है. अभी तक की जानकारी के अनुसार, खातों में संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाए गए हैं. इन लेनदेन की सत्यता, स्रोत और उद्देश्य का पता लगाने के लिए बैंक से रिपोर्ट मांगी गई है, जो अभी आनी बाकी है.

इस पूरे मामले की जांच हिसार पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है, जिसमें डीएसपी स्तर के अधिकारी, सिविल लाइन थाना SHO, आर्थिक अपराध शाखा के प्रभारी और अन्य अधिकारी शामिल हैं. साथ ही, देश की केंद्रीय जांच एजेंसियां भी इस मामले में हस्तक्षेप कर रही हैं और लगातार पूछताछ में जुटी हुई हैं. एजेंसियों का मकसद है कि यदि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है, तो इसके पीछे का पूरा नेटवर्क सामने लाया जा सके. ज्योति मल्होत्रा के यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है. यह देखा जा रहा है कि उसने किन-किन देशों या लोगों से संपर्क साधा, और किन वीडियोज में भारत के संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी साझा की गई.

UP: शख्स ने पुलिस को दिया चकमा… फर्जी रिलीज ऑर्डर जमाकर छुड़ा लिया ट्रक

0

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति ने खनन निरीक्षक के फर्जी हस्ताक्षर के साथ कथित फर्जी रिलीज ऑर्डर दिखाकर पुलिस स्टेशन से अपना ट्रक छुड़वा लिया.

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति ने खनन निरीक्षक के फर्जी हस्ताक्षर के साथ कथित फर्जी रिलीज ऑर्डर दिखाकर पुलिस स्टेशन से अपना ट्रक छुड़वा लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की पहचान मिर्जापुर जिले के जरावन पहाड़ा गांव के मूल निवासी सिद्धनाथ पाल के रूप में हुई है, जिसने खनन विभाग द्वारा कथित तौर पर जारी रिलीज ऑर्डर को पुष्टि के लिए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय (खनन अनुभाग) को भेजा था.

एक एजेंसी के मुताबिक औराई पुलिस स्टेशन के एसएचओ राम सरीख गौतम ने बताया कि हेड क्लर्क की शिकायत के आधार पर पाल के खिलाफ रविवार को बीएनएस की धारा 318 (4) (धोखाधड़ी), 319 (2) (प्रतिरूपण), 336 (3) (जालसाजी), 338 (मूल्यवान सुरक्षा, वसीयत आदि की जालसाजी), 340 (2) (जाली दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और इसे वास्तविक के रूप में उपयोग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पाल बिना खान परिवहन सर्टिफिकेट के ट्रक चला रहा था. जिसे खान निरीक्षक ने पकड़ लिया और वाहन को जब्त कर 22 मई को औराई पुलिस को सौंप दिया. थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि पाल ने 22 मई को ट्रक के लिए फर्जी रिलीज ऑर्डर प्रस्तुत किया, जिस पर खान निरीक्षक के हस्ताक्षर और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के खनन अनुभाग की मुहर थी.

आदेश दिखाए जाने के बाद ट्रक और उस पर लदे माल को पाल को सौंप दिया गया. जिसके बाद पाल वाहन लेकर फरार हो गया. हालांकि, अगले दिन खान निरीक्षक ने कहा कि वाहन मालिक द्वारा जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय (खनन अनुभाग) के समक्ष कोई रिलीज आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था और रिलीज ऑर्डर पूरी तरह से फर्जी व जाली था.

NATIONAL : राजस्थान में बढ़ा कोरोना का खतरा, मई में 15 मामले आए सामने, जानलेवा नहीं है नया वेरिएंट

0

राजस्थान के नागौर जिले में 2 महीने के बच्चे और अजमेर में 68 साल के बुजुर्ग का कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. अभी किसी की जान को कोई खतरा नहीं है. सभी से सतर्कता बरतने की अपील

महाराष्ट्र, दिल्ली और अन्य राज्यों की तरह मई 2025 में कोरोना मरीजों की संख्या राजस्थान में भी तेजी से बढ़ने के संकेत मिले हैं. कोरोना मरीजों की संख्या ने एक बार अस्पताल प्रशासन सहित लोगों की चिंता बढ़ा दी है. राजस्थान में अब तक 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. कोरोना की चपेट में आने वालों में 2 महीने के बच्चे से लेकर 68 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं.

राजस्थान के नागौर जिले के 2 महीने के बच्चे को जोधपुर में NICU में एडमिट कराया गया है. वहीं अजमेर में 68 साल के बुजुर्ग के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. राहत की बात यह है कि अभी किसी की जान को कोई खतरा नहीं हुआ है.

इसके अलावा, जयपुर और उदयपुर में कोरोना वायरस के तीन-तीन, अजमेर- कुचमन और जोधपुर में दो-दो और फलोदी, बीकानेर व सवाई माधोपुर में एक-एक मामले सामने आए हैं. राजस्थान के जोधपुर एम्स में कोरोना के तीन मरीज और संक्रमित पाए गए हैं. नियमित रूप से भर्ती होने वाले मरीजों की जांच के दौरान कुछ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. अब तक इस माह में 15 मरीज कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं.

सीएमएचओ डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार कोरोना के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रदेश के सभी अस्पतालों में कोरोना गाइडलाइन लागू करने को कहा गया है. अस्पताल प्रशासन को कोरोना के संभावित मरीजो की जांच कराने को भी कहा गया है.

उन्होंने कहा कि इस सीजन में राजस्थान में स्वाइन फ्लू के भी कुछ मामले सामने आए हैं. ऐसे मामलों को अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे. ताकि कोरोना वेरिएंट की पुष्टि हो सके. राहत की बात यह है कि कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि यह जानलेवा नहीं है. लोगों को कोविड 19 के JN1 वेरिएंट से डरने की जरूरत नहीं.

UP : मैट्रिमोनियल साइट के जरिए शादी का झांसा देकर महिला से 56 लाख की ठगी, नाइजीरियन गैंग पर शक

0

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है. जहां एक ठग ने महिला से मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती की. इसके बाद शादी का वादा करके 56 लाख रुपये से ज्यादा ठग लिए.

मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती और फिर शादी का वादा कर एक ठग ने नोएडा निवासी एक महिला को चूना लगा दिया. बताया जाता है कि होने वाले पति ने करोड़ों की विदेशी मुद्रा और डिटेनमेंट का झांसा देकर महिला से 56 लाख, 40 हजार रुपए की ठगी कर डाली. इस पूरे मामले को लेकर अब पीड़िता ने नोएडा साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

जानकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-41 निवासी 45 वर्षीय ऊषा प्रसाद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि पिता की मृत्यु के बाद वह विवाह के लिए योग्य वर की तलाश कर रही थीं. इसी सिलसिले में उन्होंने एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी. इसी साल 17 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से प्रकाश भाई पटेल नामक व्यक्ति का मैसेज आया. उक्त व्यक्ति ने ऊषा प्रसाद से शादी की इच्छा जताई.

धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ती गई और प्रकाश भाई ने ऊषा का विश्वास जीतने के लिए उसे अपना फर्जी पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और फोटो समेत अन्य दस्तावेज भेजे. 23 जनवरी को उसने खुद को विदेश में बताते हुए ऊषा को भरोसा दिलाया कि वह चार दिन बाद भारत लौटेगा और तोहफे लाएगा.

27 जनवरी को प्रकाश भाई ने कॉल कर ऊषा को बताया कि उसे एयरपोर्ट पर करोड़ों की विदेशी मुद्रा के साथ डिटेन कर लिया गया है और मामले को सुलझाने के लिए उसे पैसे भेजने होंगे. ऐसे में प्रकाश ने इमोशनल दबाव डालकर ऊषा को रकम भेजने पर मजबूर कर दिया.

इतना ही नहीं, उसके बाद एक कथित वित्त मंत्रालय अधिकारी शिप्रा ने भी ऊषा को फोन कर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी और रकम भेजने का दबाव बनाया. इसके बाद मुंबई कोर्ट का फर्जी समन भेजकर ऊषा को डराया गया कि यदि उसने सहयोग नहीं किया तो उसे भी प्रकाश के साथ जेल जाना पड़ सकता है. जिसके बाद डर और इमोशनल दबाव में आकर ऊषा ने अलग-अलग खातों में 56 लाख 40 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए. जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने रकम भेजनी बंद कर दी और नोएडा साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में इस ठगी के पीछे नाइजीरियन गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

ENTERTAINMENT : काजोल की बहन ‘पू’ बनने वाली हैं मां, शादी के डेढ़ साल बाद प्रेग्नेंसी टेस्ट दिखाकर गुड न्यूज की शेयर

कभी खुशी कभी गम में काजोल की छोटी बहन का किरदार निभाने वाली मालविका राज मां बनने वाली हैं. एक्ट्रेस ने प्रेग्नेंसी टेस्ट दिखाकर गुड न्यूज शेयर की है. कभी खुशी कभी गम में काजोल भी बहन पू का किरदार निभाने वाली मालविका राज के घर में खुशियों ने दस्तक दे दी है. दरअसल एक्ट्रेस शादी के डेढ़ साल बाद मां बनने वाली हैं. मालविका और उनके पति ने सोशल मीडिया पर खास अंदाज में ये गुड न्यूज फैंस संग शेयर की है. जिसके बाद उन्हें खूब बधाईयां मिल रही हैं.

बता दे कि 31 साल की मालविका राज ने प्रणव बग्गा संग डेढ़ साल पहले धूमधाम से शादी की थी. अब ये जोड़ी अपने पहले बच्चे का वेलकम करने की तैयारी कर रहे हैं. कपल ने इंस्टा अकाउंट पर प्रेग्नेंसी टेस्ट दिखाकर मालविका के प्रेग्नेंट होने की अनाउंसमेंट की है. पोस्ट में मालविका ने एक तस्वीर शेयर की है जिसमें एक्ट्रेस अपने पति के कंधों पर चढ़ी हुई दिल खोलकर हंसती दिख रही हैं. तस्वीर में दोनों ने व्हाइट आउटफिट पहना हुआ है. जहां मालविका ने मॉम की कैप लगाई है तो वहीं उनके पति ने डैड की कैप लगाई है. इस दौरान मालविका के हाथ में प्रेग्नेंसी टेस्ट की किट नजर आ रही है जो पॉजिटिव दिख रही हैं.

मालविका के प्रेग्नेंसी अनाउंस करते ही उनकी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में सेलेब्स से लेकर फैंस ने जमकर बधाई देने शुरू कर दिया है. कृति खरबंदा ने कहा, “आप दोनों को बधाई!” रिधिमा पंडित ने कमेंट में लिखा, “ओह वाह, बधाई.” जैकी श्रॉफ की पत्नी, आयशा श्रॉफ ने पोस्ट किया, “यिपपपी!!!! बधाई दोस्तों.” अनीता राज ने लिखा, “बधाई हो मेरे बच्चों ढेर सारा प्यार और खुशियां. गुरु जी आप दोनों और आपके परिवार को भरपूर आशीर्वाद दें.” अमायरा दस्तूर ने भी कहा, “बधाई हो लव, आप हमेशा खुश रहें.”

अगस्त 2023 में, प्रणव बग्गा ने तुर्की में मालविका राज को प्रपोज किया था. उसी साल नवंबर में, दोनों ने गोवा में एक शानदार बीचसाइड समारोह में शादी कर ली थी.मालविका राज को कभी खुशी कभी गम में यंग पू की भूमिका निभाने के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है. वैसे एक्ट्रेस ने दिग्गज अभिनेता डैनी डेन्जोंगपा के बेटे रिनज़िन डेन्जोंगपा के साथ एक्शन फिल्म स्क्वाड में भी काम किया था.

 

RAJASTHAN : राजस्थान SI भर्ती परीक्षा रद्द करने को लेकर हनुमान बेनीवाल का हल्ला बोल, जयपुर में की युवा आक्रोश रैली

0

इस युवा आक्रोश रैली में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि अगर भर्ती रद्द नहीं की गई तो वह इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे.राजस्थान की साल 2021 की सब इंस्पेक्टर भर्ती रद्द किए जाने और राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन को भंग किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने रविवार (25 मई) को जयपुर में बड़ी रैली की.

मानसरोवर मैदान पर हुई इस रैली को युवा आक्रोश रैली नाम दिया गया. इस रैली में भारी भीड़ जुटाकर सांसद हनुमान बेनीवाल ने न सिर्फ अपनी ताकत का एहसास कराया, बल्कि सरकार पर दबाव भी और बढ़ा दिया है. करीब 45 डिग्री तापमान और आसमान से बरस रही आग के बावजूद हजारों की संख्या में युवा इस रैली में पहुंचे.

युवाओं ने सब इंस्पेक्टर भर्ती को रद्द किए जाने के साथ ही राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन को भंग किए जाने की भी मांग की. भारी भीड़ की वजह से जयपुर के पुलिस कमिश्नर बीजू जोसेफ जॉर्ज भी मंच पर आए. उन्होंने माइक के जरिए युवाओं से कहा कि उनकी मांग पर सरकार उचित फैसला लेगी. सरकार हर पहलू का परीक्षण कर रही है.

इस युवा आक्रोश रैली में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि अगर भर्ती रद्द नहीं की गई तो वह इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे. युवाओं के साथ नाइंसाफी नहीं होने देंगे. उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर ही जमकर निशाना साधा. कहा कि छात्रों और युवाओं की लड़ाई सिर्फ उनकी ही पार्टी लड़ रही है.

सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने की मांग को लेकर दाखिल याचिकाओं पर राजस्थान हाईकोर्ट में कल सुनवाई होनी है. हाईकोर्ट में सोमवार (26 मई) को होने वाली सुनवाई में राजस्थान सरकार को अपना जवाब दाखिल करना है. सांसद हनुमान बेनीवाल सब इंस्पेक्टर भर्ती को रद्द किए जाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं. रैली में आज भारी भीड़ जुटा कर उन्होंने सरकार पर दबाव और बढ़ा दिया है. बहरहाल सबकी नज़रें अब सोमवार को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई हैं.

 

UP : राम मंदिर में निर्माण कार्य संपन्नता की ओर, शिवलिंग की स्थापना 31 मई को, जून में प्राण प्रतिष्ठा

0

प्रथम तल पर भगवान श्रीराम का भव्य राजप्रासाद पूरी तरह से तैयार हो गया है. सभी दरवाजे लगा दिए गए हैं और राम दरबार की स्थापना पहले ही हो चुकी है.

अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण कार्य में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है. मंदिर के प्रथम तल पर भगवान श्रीराम का भव्य राजप्रासाद पूरी तरह से तैयार हो गया है. सभी दरवाजे लगा दिए गए हैं और राम दरबार की स्थापना पहले ही हो चुकी है. अब मंदिर के पूरक छह मंदिरों और सप्तर्षियों को समर्पित सात मंदिरों में भी दरवाजे लगा दिए गए हैं. केवल शिव मंदिर में शिवलिंग की स्थापना बाकी है, जो 31 मई को की जाएगी. इसके बाद 3 से 5 जून के बीच मंदिर परिसर में देवी-देवताओं और राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा विधि संपन्न होगी.

प्रथम तल पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की प्रतिमाएं पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं. ये सभी मूर्तियां जयपुर से मंगाई गई थीं और उन्हें ढाई फीट ऊंचे सिंहासनों पर सुशोभित किया गया है. पूरक मंदिरों की मूर्तियां पहले ही मंदिर परिसर में आ चुकी थीं.

गर्भगृह के मुख्य कपाट को दस दिन पहले ही स्थापित कर दिया गया था, जिसके बाद से अन्य दरवाजों को लगाने का कार्य तेजी से शुरू हुआ. मंदिर निर्माण का जिम्मा संभाल रही कार्यदायी संस्था एलएंडटी के परियोजना निदेशक वीके मेहता ने बताया कि प्रथम तल पर कुल 15 दरवाजे लगाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश का कार्य पूर्ण हो चुका है. भूतल पर 18 और द्वितीय तल पर 14 दरवाजे बनाए गए हैं, जिनमें द्वितीय तल पर अभी कुछ दरवाजे लगने बाकी हैं.

प्रथम तल के दरवाजों पर सोने की परत नहीं चढ़ाई जाएगी. परियोजना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस तल के किसी भी कपाट पर सोने की मढ़ाई की योजना नहीं है.

राम मंदिर का निर्माण कार्य 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ था. इसके बाद से मंदिर का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है. मंदिर निर्माण में प्राचीन वास्तुशास्त्र का पालन करते हुए आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग हो रहा है. मंदिर के तीन तल होंगे, जिनमें अलग-अलग धार्मिक आयोजन और श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है. देश-विदेश से लाखों लोग इस मंदिर के दर्शन को आते हैं. जनवरी 2024 में रामलला की पहली मूर्ति की प्रतिष्ठा होने के बाद से अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या में बड़ा उछाल देखा गया है.

अब प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों के साथ अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक अध्याय की ओर बढ़ रही है. रामलला का यह भव्य मंदिर भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का प्रतीक बनकर विश्व भर में हिंदू आस्था का केंद्र बनेगा.

 

DELH : बारिश से जलमग्न हुआ मिंटो ब्रिज, लापरवाही पर दिल्ली सरकार ने JE और पंप ऑपरेटर को सस्पेंड किया

0

दिल्ली में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. मिंटो ब्रिज जलमग्न हो गया, जिससे इलाके में जलभराव और आवाजाही बाधित हुई. जांच में पता चला कि जल निकासी के पंप समय पर चालू नहीं किए गए, जिससे स्थिति बिगड़ी. दिल्ली सरकार ने जूनियर इंजीनियर और पंप ऑपरेटर को निलंबित कर दिया.

दिल्ली में आधी रात को हुई भारी बारिश ने जन जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. सड़कों पर पानी जमा हो गया, तेज हवाएं चलीं, पेड़ गिरे और फ्लाइट ऑपरेशन में देरी हुई. सफदरजंग इलाके में 82 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. बारिश के कारण तापमान में 10 से 12 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई. हर साल की तरह मिंटो ब्रिज इस साल भी डूब गया. इस मामले में रेखा गुप्ता सरकार ने लापरवाह अधिकारियों पर शिकंजा कसा है.

दिल्ली सरकार ने जूनियर इंजीनियर (जेई) और पंप ऑपरेटर को निलंबित किया है. जांच में ऐसा पाया गया कि समय रहते पंप नहीं चालू किया गया था इसलिए मिंटो ब्रिज जलमग्न हो गया. रविवार सुबह को ट्रैफिक बाधित हो गई थी, जिससे लोग काफी परेशान हुए.बारिश के कारण मिंटो ब्रिज पूरी तरह जलमग्न हो गया और एक कार वहां पानी में फंस गई. क्रेन की मदद से फिर कार को बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि इस मामले में किसी की मौत नहीं हुई.

18 अप्रैल को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा मानसून की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जलभराव वाले मिंटो ब्रिज अंडरपास का निरीक्षण किया था. हालांकि, सरकार के तत्परता के बावजूद इस साल मिंटो ब्रिज हर साल की तरह जलमग्न हो गया.

दिल्ली में बारिश और आंधी से जन जीवन पर तो असर पड़ा ही. लेकिन सबसे ज्यादा जो असर पड़ा है वो है हवाई सेवा पर. दिल्ली एयरपोर्ट में कई सारी जो फ्लाइट्स है उनको या तो दिल्ली से बाहर भेजना पड़ा या जो दिल्ली आ रही थी उनको अमृतसर, जयपुर जैसे हवाई अड्डों पर भेजना पड़ा या फिर उन्हें कैंसिल भी करना पड़ा और देरी तो कई सारी फ्लाइट हुई है, लगभग 200 फ्लाइट हुई है.

रात 2:30 बजे के बाद लगातार फ्लाइट को सुबह 6:00 बजे तक यानी तीन 4 घंटे तो कई सारे फ्लाइट उस दौरान कैंसिल हुई और लगभग 50 फ्लाइट को दिल्ली जो उतरने वाली थी उनको और जगहों पर भेजा गया और सैकड़ों की तादाद में फ्लाइट देरी से चली.

केरल में मानसून समय से 8 दिन पहले पहुंच चुका है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 जून तक पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में मानसून की दस्तक होगी. 15 जून तक मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में मानसून पहुंचने की संभावना है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 20 जून तक, जम्मू कश्मीर, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में 25 जून तक, तथा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 30 जून तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद है.

- Advertisement -