Monday, June 22, 2026
Home Blog Page 625

RAJASTHAN : कोटा में NEET की एक और छात्रा ने की आत्महत्या, 7 साल में 100 बच्चों की गई जान

0

कोटा में NEET की तैयारी कर रही जम्मू-कश्मीर की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिस कमरे में उसने सुसाइड किया, उमसें एंटी-हैंगिंग डिवाइस नहीं लगी थी.

राजस्थान की ‘कोचिंग फैक्ट्री’ कहे जाने वाला कोटा अब ‘सुसाइड फैक्ट्री’ बन गया है. यहां चिंताजनक बात यह है कि सरकार और प्रशासन की कोशिशों के बावजूद यहां छात्रों के आत्महत्या के मामले रुक नहीं रहे. अब पढ़ाई से परेशान होकर सुसाइड करने वाले छात्रों की लिस्ट में एक और नाम शामिल हो गया है.

कोटा में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है. खुदकुशी करने वाली छात्रा जम्मू कश्मीर की रहने वाली थी और महीने भर पहले ही पढ़ाई के लिए कोटा आई थी. रविवार (25 मई) की शाम को एक रिश्तेदार से बात करते हुए उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली. हालांकि, सुसाइड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है.

कश्मीर की छात्रा ने जिस कमरे में सुसाइड किया था, उसमें एंटी हैंगिंग डिवाइस नहीं लगी हुई थी जबकि कोटा प्रशासन ने हर हॉस्टल और कोचिंग सेंटर के लिए यह अनिवार्य किया हुआ था. हाई कोर्ट के लगातार निर्देशों के बावजूद राजस्थान सरकार अब तक स्टूडेंट की सुसाइड की घटनाओं को रोकने के लिए कोई पॉलिसी नहीं बना सकी है.

हाई कोर्ट ने इस पर गहरी नाराजगी भी जताई है. मामला हाई कोर्ट में अब भी पेंडिंग है. सुप्रीम कोर्ट भी कोटा में सुसाइड की घटनाओं को लेकर 3 दिन पहले फिर से चिंता जता चुका है.

कोटा में स्टूडेंट सुसाइड के आंकड़े चिंताजनक हैं. यहां पिछले 7 साल में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है. इनमें वही स्टूडेंट शामिल हैं, जिनके मामले पुलिस में रिपोर्ट हुए हैं, जबकि वास्तविक संख्या और भी ज्यादा हो सकती है. मरने वाले छात्रों में से दो तिहाई स्टूडेंट्स एक ही कोचिंग संस्थान में तैयारी कर रहे थे.

कोटा पुलिस प्रशासन द्वारा स्टूडेंटस की सुसाइड की घटनाओं को रोकने के लिए बनाए नियम बनाए गए थे. नियमों के अनुसार, इसमें कमरों में एंटी हैंगिंग डिवाइस अनिवार्य की गई थी. हर थाना इलाके में आने वाले कोचिंग सेंटर्स और हॉस्टल में स्टूडेंट हेल्पडेस्क स्थापित की गई है. कोचिंग एरिया में अस्थायी पुलिस चौकी खोली गई है. हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. हालांकि, कोटा में सुसाइड के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं.

NATIONAL : ‘अब वो पूरे देश की बहन…’, कर्नल सोफिया कुरैशी की जुड़वा बहन बोलीं, पीएम मोदी के रोड शो में हुईं शामिल

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान सोमवार को वडोदरा पहुंचे. यहां पर कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्यों ने उनपर पुष्प वर्षा की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान सोमवार को वडोदरा पहुंचे. यहां पर पीएम ने एक रोड शो भी किया. इस दौरान भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्यों ने उनपर पुष्प वर्षा की. वडोदरा में पीएम मोदी के रोड शो पर कर्नल सोफिया कुरैशी की जुड़वां बहन शायना सुनसारा ने कहा, “पीएम मोदी से मिलकर हमें अच्छा लगा. पीएम मोदी ने महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत कुछ किया है. सोफिया मेरी जुड़वां बहन है. जब आपकी बहन देश के लिए कुछ करती है, तो यह न केवल मुझे बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करती है. वह अब सिर्फ मेरी बहन नहीं बल्कि देश की बहन भी है.”

वहीं, पीएम मोदी के रोड शो पर कर्नल सोफिया कुरैशी के भाई संजय कुरैशी ने कहा कि पीएम मोदी का यहां आना एक शानदार पल था. हम उन्हें पहली बार देख पाए. इशारों-इशारों में उन्होंने हमारा अभिवादन किया. मैं अपने रक्षा बलों और भारत सरकार का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मेरी बहन को यह मौका दिया. एक महिला उन महिलाओं का बदला ले रही है, जिन्होंने इतना कुछ सहा है, इससे बेहतर क्या हो सकता है?

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री दाहोद, भुज और गांधीनगर में सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और 82,950 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. सोमवार को सुबह करीब 10 बजे वडोदरा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने एयरफोर्स स्टेशन तक 1 किलोमीटर लंबा रोड शो किया.

पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए उन्हें बधाई देने के लिए सड़क के दोनों ओर लोग एकत्र हुए. इस दौरान उनपर पुष्पवर्षा भी की गई है.

NATIONAL : दिल्ली के कालकाजी में पार्क में खेलते समय 9 साल के बच्चे की करंट लगने से मौत

0

दिल्ली के कालकाजी में एक 9 साल के बच्चे की पार्क में खेलते समय खुले इलेक्ट्रिक स्विचबोर्ड को छूने से करंट लगकर मौत हो गई. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एमसीडी की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है. मामले की जांच जारी है.

दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 9 साल के बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई. यह घटना शनिवार रात की है जब बच्चा पार्क में खेल रहा था और खुले इलेक्ट्रिक स्विचबोर्ड की चपेट में आ गया. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.

पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम आर्यमन चौधरी था और वह कालकाजी के डीडीए फ्लैट्स में रहता था. शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक बच्चा पार्क में करंट लगने से घायल हो गया है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि आर्यमन एमसीडी पार्क में खेल रहा था, तभी उसकी गेंद पास के एक इलेक्ट्रिक पोल के स्विचबोर्ड के पास जा गिरी.

बच्चा जैसे ही गेंद उठाने गया, वह खुले हुए स्विचबोर्ड को छू बैठा और उसे जोरदार करंट लगा. स्थानीय लोग और परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 (मशीनरी को लेकर लापरवाही) और 106 (लापरवाही से मृत्यु) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्क में इलेक्ट्रिक सिस्टम की देखरेख की जिम्मेदारी किसकी थी.

फिलहाल, एमसीडी की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. इलाके में इस हादसे के बाद मातम का माहौल है और लोग नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी.

ENTERTAINMENT : परेश रावल ने अक्षय कुमार को दिया जवाब, ‘हेरा फेरी 3’ से बाहर होने पर कहा- सभी मुद्दे…

0

कुछ समय पहले खबर आई थी कि अक्षय कुमार ने परेश रावल पर ‘हेरा फेरी 3’ अचानक छोड़ने और प्रोजेक्ट को नुकसान करने के मामले में 25 करोड़ रुपये का केस ठोक दिया है. इस मामले पर परेश रावल का कोई रिएक्शन नहीं आया था, मगर अब एक पोस्ट करके एक्टर ने जवाब दिया है.

कल्ट कॉमेडी ‘हेरा फेरी’ के तीसरे पार्ट का फैंस को बेसब्री से इंतजार था. कुछ समय पहले जब फिल्म के बनने की अनाउंसमेंट हुई, तब हर किसी ने एक राहत की सांस ली. मगर जब फिल्म से परेश रावल के निकलने की खबर सामने आई, तब हर किसी का दिल टूट गया. हालांकि बात यहीं तक खत्म नहीं हुई. ऐसा कहा गया कि फिल्म से अचानक निकलने के बाद उनपर अक्षय कुमार ने केस ठोक दिया.

कुछ समय पहले खबर आई थी कि अक्षय कुमार ने परेश रावल पर ‘हेरा फेरी 3’ अचानक छोड़ने पर 25 करोड़ रुपये का केस किया है. अक्षय के पास फिल्म के राइट्स हैं और परेश की अचानक एग्जिट से उन्हें काफी नुकसान भी पहुंचा. जिसके बाद एक्टर ने अपने को-स्टार के खिलाफ इतना बड़ा फैसला लिया. हालांकि इस पूरे मामले पर परेश रावल ने कोई रिएक्शन नहीं दिया था.

लेकिन अब काफी समय के बाद उन्होंने अक्षय के लीगल नोटिस वाली बात का जवाब दिया है. एक्टर ने इस बात की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर दी. परेश रावल ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, ‘मेरे वकील अमीत नाइक ने मेरी फिल्म से बाहर निकलने के बारे में उचित जवाब भेजा है. एक बार जब वो मेरा जवाब पढ़ लेंगे तो सभी मुद्दे सुलझ जाएंगे.’

डायरेक्टर प्रियदर्शन ने कुछ समय पहले HT संग बातचीत में कहा था कि वो अक्षय कुमार के परेश रावल पर केस करने के पूरे सपोर्ट में हैं, क्योंकि उनके अचानक फिल्म छोड़ने और प्रोजेक्ट को खराब करने के कारण अक्षय को काफी नुकसान और दुख पहुंचा है. उनका कहना था कि परेश रावल ने उन्हें फिल्म छोड़ने की कोई जानकारी नहीं दी थी. इस फिल्म पर अक्षय ने अपनी मेहनत के पैसे लगाए हैं और शायद यही कारण हो सकता है कि उन्होंने परेश रावल पर केस किया है.

जब परेश रावल के ‘होरा फेरी 3’ से बाहर निकलने की खबर सामने आई थी, तब कई कारण बताए गए थे. उनमें से एक कारण ये बताया गया था कि एक्टर ने फिल्म को मेकर्स के साथ क्रिएटिव डिफ्रेंसेज के चलते छोड़ा. हालांकि परेश रावल ने खुद पोस्ट करके इस बात पर अपनी चुप्पी तोड़ी थी. उन्होंने क्रिएटिव डिफ्रेंसेज वाली बात को खारिज किया था.

फिर कुछ दिनों पहले एक्टर ने लल्लनटॉप संग बातचीत में ‘हेरा फेरी’ में अपने किरदार बाबू राव पर बात करते हुए कहा था कि उन्हें इस किरदार से मुक्ति चाहिए. बाबू राव का किरदार निभाने में उनका दम घुटता है. वहीं कुछ रिपोर्ट्स ऐसी भी आईं कि एक्टर ने अपनी फीस के चलते फिल्म से किनारा किया. ऐसा कहा जा रहा है कि उन्होंने अपना 11 लाख रुपये का साइनिंग अमाउंट भी 15% के इंट्रेस्ट के साथ वापस कर दिया है. अब परेश रावल का फिल्म से बाहर निकलने का असली कारण क्या है, ये तो वही बता पाएंगे.

DELHI : गुटखा थूकने पर शख्स को मारी गोली… एक गिरफ्तार

0

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में गुटखा थूकने को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से 35 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया. अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान खजूरी खास निवासी आमिर के रूप में हुई है. उसे पीठ पर गोली लगी है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में गुटखा थूकने को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से 35 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान खजूरी खास निवासी आमिर के रूप में हुई है. उसे पीठ पर गोली लगी है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार रात को गुटखा थूकने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के बाद हुई. अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई दुश्मनी नहीं थी. लेकिन तीखी नोकझोंक में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर देसी पिस्तौल से गोली चला दी, जिससे आमिर घायल हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है.

मामले में तीन लोगों की पहचान आरोपी के रूप में की गई है. जिनके नाम क्रमश: अमन (20), उसका पिता इरफान (40) और रेहान (18) है. अधिकारी ने बताया कि टीमों ने एक आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने और अपराध में इस्तेमाल की गई बंदूक बरामद करने के प्रयास जारी हैं.

मामले में की जांच हो रही है और आगे की कार्रवाई जारी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि गुटखा थूकने को लेकर दो लोगों में विवाद हो गया. जिसके बाद एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति पर देसी पिस्तौल से हमला कर दिया. जिससे वह घायल हो गया.

UP : फोन पर गंदी बात, विरोध किया तो फेल करने की धमकी… कॉलेज प्रोफेसर पर फूटा छात्रा के परिजनों का गुस्सा

0

मुजफ्फरनगर जनपद में एक टीचर द्वारा छात्रा के साथ गंदी बात करके शोषित करने का मामला सामने आया है. छात्रा की शिकायत पर शनिवार को परिजनों ने जाट महासभा के कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज में पहुंचकर जमकर हंगामा किया. पुलिस ने प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया है.

उत्तर प्रदेश का मुजफ्फरनगर जनपद में एक टीचर द्वारा छात्रा के साथ गंदी बात करके शोषित करने का मामला सामने आया है. छात्रा की शिकायत पर शनिवार को परिजनों ने जाट महासभा के कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज में पहुंचकर जमकर हंगामा किया. हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है.

दरसअल, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरकुलर रोड पर स्थित चौधरी छोटू राम डिग्री कॉलेज का है. यहां पर आज बीएससी फाइनल की एक छात्रा ने अपने परिजन और जाट महासभा के कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज में पहुंचकर प्लांट पैथोलॉजी के प्रोफेसर दुष्यंत कुमार पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने जैसे गंभीर आरोप लगाए. छात्रा का कहना था कि अगर वह इसका विरोध करती तो प्रोफेसर दुष्यंत कुमार उसे फेल करने की धमकी देता था.

पीड़ित छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर दुष्यंत कुमार रात में उसे फोन कर गंदी- गंदी बातें कर कपड़े उतारने का दबाव बनाता था. वह देर रात 12- 1 बजे वीडियो कॉल भी करता था. अगर मैं रिसीव नहीं करती थी तो मुझे बोलते थे कि मैं प्रैक्टिकल में मेरे नंबर कम कर देंगे या बैक लगवा देंगे. मुझे उन्होंने यह भी बोला था कि एक बार रूम पर आकर मिल लो.

इस सब से परेशान होकर छात्रा ने जाट महासभा के कार्यकर्ताओं और अपने परिजनों के साथ पहुंचकर कॉलेज में हंगामा किया. पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने इस मामले में छात्रा की शिकायत पर प्रोफेसर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं कॉलेज प्रशासन ने भी आरोपी प्रोफेसर के विरुद्ध अपनी जांच शुरू कर दी है.

जाट महासभा के जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने तो इस मामले में पुलिस प्रशासन को ये चेतावनी भी दी है कि अगर, 2 दिन के अंदर आरोपी प्रोफेसर के विरुद्ध कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जाट महासभा एसएसपी कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेगी. साथ ही धर्मवीर बालियान ने आरोपी प्रोफेसर को फांसी की सजा दिए जाने की मांग भी की है.

MP: शादी से लौट रही आदिवासी महिला से गैंगरेप, अत्यधिक खून बहने से मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

0

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 23 मई की रात एक 45 वर्षीय आदिवासी महिला को दो युवकों ने पहले शराब पिलाई, फिर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया. इसके बाद महिला की हालत बिगड़ती गई और अगले दिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई.

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अधेड़ उम्र की एक आदिवासी महिला के साथ दो लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया. बाद में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौत हो गई. घटना 23 मई को उस समय हुई, जब पीड़िता एक शादी समारोह से लौट रही थी.

खंडवा ग्रामीण एएसपी राजेश रघुवंशी ने पुष्टि की है कि महिला के साथ दो आरोपियों हरि और सुनील ने सामूहिक बलात्कार किया है. एएसपी राजेश ने बताया कि दोपहर में पीड़िता की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

एएसपी रघुवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़िता शुक्रवार रात को आरोपी के साथ उसके घर गई थी. जहां दूसरा आरोपी सुनील भी पहुंच गया और तीनों ने साथ बैठकर रात में शराब पी. इसके बाद वह वहीं रुक गई, जिसे उसके पड़ोसियों ने भी देखा. इस दौरान दोनों आरोपियों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. अगली सुबह हरी की मां ने महिला को घर के आंगन में गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और तुरंत पीड़िता के परिजनों को सूचना दी. वहीं, परिजन महिला की तलाश कर रहे थे.

सूचना मिलते ही परिजन सुबह करीब सात बजे पीड़िता को उसके घर ले गए, लेकिन उस समय पुलिस को सूचना नहीं दी गई. बाद में महिला ने परिजनों को बताया कि सुनील और हरी दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती की. आरोपियों की जबरदस्ती के कारण पीड़िता के प्राइवेट पार्ट से अत्यधिक खून बहने लगा. इस दौरान आरोपियों ने उसके पेट पर लात भी मारी. फिलहाल, पीड़िता की मौत खून बहने से बताई जा रही है. हालांकि अभी तक पुलिस जांच में पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी और रॉड डालने की बात सामने नहीं आई है. मौके पर भी इससे संबंधित कुछ नहीं मिला है.

इस मामले में दोनों आरोपी पीड़िता के परिचित थे और उसके घर के पास ही रहते थे. एएसपी रघुवंशी ने बताया कि पीड़िता की उम्र 45 साल बताई जा रही है. खालवा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत इटवा निवासी 36 वर्षीय आरोपी हरि और 32 वर्षीय सुनील पर भारतीय न्याय संहिता की हत्या और सामूहिक बलात्कार से संबंधित धारा 103(1), 66 और 70(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

घटना के बाद मध्य प्रदेश में राजनीतिक उबाल आ गया है. कांग्रेस नेता अरुण यादव ने आरोप लगाया कि महिला के साथ दरिंदगी की हदें पार की गईं, उसके निजी अंगों में लोहे की रॉड डालकर उसकी हत्या की गई. हालांकि पुलिस ने अब तक जांच में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई है जिसमें शोभा ओझा, विजयलक्ष्मी साधौ और झूमा सोलंकी शामिल हैं. ये टीम पीड़िता के परिजनों से मिलकर रिपोर्ट सौंपेगी. कांग्रेस ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री से जवाब मांगा है कि आरोपी हरी और सुनील पर सख्त कार्रवाई कब होगी. घटना विजय शाह के विधानसभा क्षेत्र में हुई है, जिस पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं.

MP : लाड़ प्यार में बच्चे को दी जैली, खाते ही डेढ़ साल के मासूम की मौत… मध्यप्रदेश में डराने वाला मामला

0

सीहोर में जैली खाने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. दरअसल, यहां मासूम बच्चे के परिजन ने उसे लाड़ प्यार में एक जैली (मीठी गोली) खाने के लिए दे दी. खाते समय जैली बच्चे के गले में अटकने उसकी मौत हो गई.

मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में जैली खाने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. दरअसल, यहां मासूम बच्चे के परिजन ने उसे लाड़ प्यार में एक जैली (मीठी गोली) खाने के लिए दे दी. खाते समय जैली बच्चे के गले में अटकने उसकी मौत हो गई. डेढ़ साल के बच्चे की मौत के मामले ने हर माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है. किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि बच्चे के लिए लाड़ प्यार ही उसकी मौत का कारण बन जाएगा.

जिले के ग्राम जहांगीर पुरा में करण सिंह लोधी और उनका परिवार अपने डेढ़ साल के बेटे आयुष से दुलार करते थे. एक परिजन ने उसको खुश करने के लिए उसको जैली खाने को दी. आयुष ने जैसे ही उसे खाया वह अचानक रोने लगा और जोर-जोर से सांस लेने की कोशिश करने लगा. बच्चे की तबियत बिगड़ने लगी.

परिवार के लोग आयुष को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया. जांच में सामने आया है की जैली बच्चे के गले में अटक गई थी. उसके कारण उसे सांस लेने में तकलीफ हुई और आखिरकार दम घुटने से उसकी मौत हो गई. वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज किया है.

जिला अस्पताल के प्रवीर गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जैली खाने से बच्चे की मौत का मामला आया है. सभी माता पिता को बच्चों का ध्यान रखना चाहिए. छोटे बच्चों को चिपचिपी या सख्त चीजों से दूर रखना चाहिए नहीं तो वह उनकी मौत का कारण बन सकती है.

ENTERTAINMENT : ‘धड़क-2’ को सेंसर बोर्ड से मिला झटका, दर्जन भर सीन्स पर चली कैंची, मिला U/A सर्टिफिकेट

शाजिया इकबाल के डायरेक्शन में बनी धड़क-2 को आखिरकार 16 कट के बाद केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से U/A सर्टिफिकेट मिल गया है. सेंसर बोर्ड ने फिल्म धड़क-2 में बहुत सारे बदलाव करवाएं हैं, जिसमें कई पॉलिटिकल डायलॉग, कुछ जाति सूचक शब्द है.

करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘होमबाउंड’ की 78वें कान फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग हुई. यहां फिल्म की काफी सराहना हुई और स्टैंडिंग ओवेशन मिला. वहीं दूसरी ओर धर्मा प्रोडक्शन की एक फिल्म को अपने ही देश में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. शाजिया इकबाल के डायरेक्शन में बनी धड़क-2 को आखिरकार 16 कट के बाद केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से U/A सर्टिफिकेट मिल गया है.

हालांकि सर्टिफिकेट मिलने से पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म धड़क-2 में बहुत सारे बदलाव करवाएं हैं. जिसमें कई पॉलिटिकल डायलॉग, कुछ जाति सूचक शब्द है. कुछ सीन्स को भी चेंज करने के लिए मेकर्स से कहा गया है. ‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म में क्या-क्या बदलाव करवाए गए हैं, आइए जानते हैं.

1. डायलॉग- ‘3,000 साल का बैकलॉग सिर्फ 70 साल में पूरा नहीं होगा.’
बदला गया- इतने सालों का बैकलॉग सिर्फ 70 सालों में पूरा नहीं हो सकता…’. बता दें कि हाल ही में रिलीज हुई ‘फुले’ पर भी इस डायलॉग को बदला गया था. उसमें भी ‘3000 साल पुरानी गुलामी’ को ‘कई साल पुरानी’ किया गया था.

2. डायलॉग- निलेश, ये कलम देख रहे हो, वे दुनिया पर राज कर रहे हैं. (बता दें कि ये संवाद बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की उस लोकप्रिय उपमा का जिक्र है जिसमें ऊंची जाति को कलम की निब कहा गया है.)
बदला गया- इसे ‘ये छोटा सा ढक्कन पूरी कलम का थोड़ा सा हिस्सा है और बाकी के हैं हम…’ से बदला गया है.

3. जातिसूचक शब्दों को म्यूट कर दिया गया है. उनकी जगह जंगली जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है.

4.डायलॉग- ये धर्म का काम है. बदलकर- ‘ये पुण्य का काम है’ किया गया.

5. डायलॉग- ‘सवर्णों के सड़क…हमें जला देते थे…’
बदला गया- ‘ना सड़के हमारी थी, ना ज़मीन हमारी थी…’ जैसे बड़े डायलॉग से बदल दिया गया.

6. फिल्म में महिला के खिलाफ हिंसा का सीन भी था, जिसे ब्लैक स्क्रीम में बदल दिया गया है.

7. इसके अलावा CBFC ने ‘ठाकुर का कुआं’ कविता के पाठ पर भी सेंसर लगा दिया है.

8. वहीं संत तुलसीदास के दोहे पर बने गाने को भी बदलवा दिया गया है.

9. फिल्म की शुरुआत में 20 सेकेंड के डिस्क्लेमर को एक मिनट 51 सेकेंड जितना लंबा कर दिया है. सेंसर बोर्ड ने ये भी कहा कि इस डिस्क्लेमर को जोर से पढ़ा जाए.

10. इसके आलावा तीन विज़ुअल्स कट भी हैं. जिसमें निलेश (फिल्म में दलित किरदार) पर पेशाब करने वाले सीन को सेंसर कर दिया गया है.

11. वहीं निलेश के पिता को अपमानित करने वाले सीन को भी छोटा कर दिया है.

‘धड़क 2’ में सिद्धांत-तृप्ति

इस बार फैंस को सिल्वर स्क्रीन पर सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की जोड़ी दिखेगी. जिसमें निलेश और विदिषा की प्रेम कहानी की दास्तां से फैंस रूबरू होंगे. मूवी में जाति का एंगल दिखाया गया है. निलेश और विदिषा की प्रेम कहानी उनकी अलग जाति होने की वजह से पूरी हो पाएगी या नहीं ये फिल्म में देखना होगा. फिल्म का डायरेक्शन शाजिया इकबाल ने किया है.

NATIONAL : दिल्ली एयरपोर्ट पर बारिश के बीच छत गिरी, कांग्रेस ने कहा- ‘विकास बह गया’,

0

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर भारी बारिश के चलते कैनोपी ढह गया, जिससे उड़ानों में देरी हुई. घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिस पर कांग्रेस ने सरकार पर तंज कसा. DIAL ने इसे ‘अत्यधिक बारिश’ का असर बताया. जून 2024 में भी ऐसी घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी.

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह आई भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (दिल्ली एयरपोर्ट) के टर्मिनल 1 पर बना एक कैनोपी (छाया के लिए बनाया गया छत) ढह गया. यह घटना बारिश के पानी के अत्यधिक दबाव के कारण हुई, जिसे एक शख्स ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो में दिख रहा है कि बारिश के पानी ने कैनोपी के बीच बने कटोरे जैसे ढांचे में जमा होकर उसे फाड़ दिया. इसके बाद पानी भरभराकर नीचे गिरता दिखा. केरल कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर करते हुए लिखा, ‘बूंदाबांदी के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर विकास बह गया..’

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली और आस-पास के इलाकों में तेज़ आंधी, बारिश और 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी थी. भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और उड़ानों में देरी की खबरें भी सामने आईं.

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा, ‘यह घटना अत्यधिक बारिश की वजह से हुई. टर्मिनल 1 के अराइवल एरिया में बाहरी टेन्साइल फैब्रिक ने पानी के दबाव के चलते खुद को एडजस्ट किया, जिससे पानी निकल पाया. किसी भी स्ट्रक्चर को नुकसान नहीं पहुंचा.’

डीआईएएल ने आगे बताया कि ग्राउंड टीमों ने तुरंत काम कर हालात सामान्य कर दिए, जिससे यात्रियों को कम से कम असुविधा हुई.गौरतलब है कि जून 2024 में भी टर्मिनल 1 की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हुए थे. उस समय भी भारी बारिश ही कारण बनी थी. घटना के बाद टर्मिनल 1 से कई उड़ानें रद्द कर दी गईं और कई अन्य सेवाओं को दूसरे टर्मिनलों पर ट्रांसफर कर दिया गया.

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के राज्यों में धूल भरी आंधी के बाद आंधी और बारिश की भविष्यवाणी की थी, साथ ही 60 से 100 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने वाली तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

- Advertisement -