Sunday, June 28, 2026
Home Blog Page 680

NATIONAL : महाराजगंज में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद बिल्डिंग में लगी आग

0

आग की घटना के बाद बचाव अभियान में बिल्डिंग के अंदर फंसे कई लोगों को बचाया गया, जिसमें एक नवजात शिशु भी शामिल है दमकलकर्मियों ने तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को बाहर निकाला.

हैदराबाद (Hyderabad) के महाराजगंज की एक बिल्डिंग में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग लगने का मामला सामने आया है. घटना के बाद बचाव अभियान में बिल्डिंग के अंदर फंसे कई लोगों को बचाया गया, जिसमें एक नवजात शिशु भी शामिल है दमकलकर्मियों ने तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को बाहर निकाला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बताया जा रहा है कि आग तीसरी मंजिल पर लगी. दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है.

जिस इलाके में आग लगी है, वह बेगम बाजार के नाम से जाना जाता है, जो महाराजगंज के अंतर्गत आता है. यहां की तीन मंजिला इमारत में आग लगी थी. दमकलकर्मियों ने एक महिला को बचाया.मार्च के पहले हफ्ते में ही हैदराबाद के पुप्पलगुड़ा इलाके में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक इमारत में आग लगने से सात साल की बच्ची समेत तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय निवासियों की मदद से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से दो गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एजेंसी के मुताबिक, यह घटना एक ग्राउंड-प्लस-टू मंजिला इमारत में हुई थी, जिसमें आठ लोग मौजूद थे. ग्राउंड फ्लोर पर स्थित किराना दुकान में रखे रेफ्रिजरेटर में शॉर्ट सर्किट हो गया था.इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई थी. आग इतनी भयावह थी कि तीन गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी.

WORLD : ‘मेरे पति की दूसरी शादी रुकवा दीजिए, मुझे इंसाफ दिलाएं’, कराची की महिला ने PM Modi से लगाई गुहार

0

कराची की एक महिला ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है कि पीएम मोदी उसके पति की दूसरी शादी रुकवा दें, उसने यह भी कहा कि सुना है भारत में महिलाओं की बहुत इज्जत होती है.

पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान में तनाव बना हुआ है. हालांकि दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष फिलहाल स्थगित है. इस बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में रह रहे एक पाकिस्तानी नागरिक का पारिवारिक विवाद सामने आया है. वह लंबे समय से भारत में लॉन्ग टर्म वीजा पर है और उसकी पत्नी पाकिस्तान के कराची में रहती है, जहां से उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने पति की दूसरी शादी रुकवाने की अपील की है.

पाकिस्तान के कराची में रहने वाली निकिता की शादी पाकिस्तान में ही रहने वाले विक्रम नागदेव से हिन्दू रीति रिवाज से करीब पांच साल पहले शादी हुई थी. विक्रम एक बार पत्नी को भारत लेकर भी आया लेकिन कुछ समय बाद वापस भिजवा दिया. तब से वह पति के पास लौटने का इंतजार कर रही है. इस बीच महिला को पता चला कि उसके पति ने दिल्ली की एक युवती से सगाई कर ली है. वह उससे शादी करने की तैयारी में है.

महिला ने इंदौर में समाज की पंचायत से शादी रोकने की गुहार लगाई है. साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है. उसका कहना है कि, ”सुना है भारत देश में महिलाओं की बहुत इज्जत की जाती है और उनके साथ नाइंसाफी नहीं की जाती है. ऐसा कोई कानून नहीं है जिसकी पहली पत्नी हो और उसे दूसरे विवाह की इजाजत हो. मैं अपील करती हूं मोदी जी से मेरे पति की दूसरी शादी होने से रोकें और उन्हें वापस पाकिस्तान भेजें. अगर वह पाकिस्तान नहीं आ सकते तो वह और उनके परिवार वाले लिखकर दें तो मैं भारत आकर केस लड़ने के लिए तैयार हूं, मेरे साथ नाइंसाफ हो रही है, बस यही चाहती हूं कि मुझे इंसाफ मिले”.

वहीं इंदौर के सिंधी पंचायत अध्यक्ष किशोर कोडवानी का कहना है कि शिकायत मिली है कि लड़के ने करीब 8 सालों से इंदौर में रहकर व्यापार कर अवैधानिक संपत्ति भी अर्जित की है. शादी कराची में हुई थी. लड़की द्वारा हमें आवेदन दिया गया है कि 4 महीने बाद कराची भेज दिया था.

किशोर कोडवानी ने बताया कि दोनों पाकिस्तान के नागरिक हैं. पंचायत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद इंदौर कलेक्टर को पत्र लिखा है. इसमें युवक को देश निकाला देने (पाकिस्तान भेजने) की सिफारिश की है. साथ ही कहा है कि उसने भारत में नियम विरुद्ध अवैध रूप से संपत्ति भी खरीदी है.

वहीं इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है सिंधी पंचायत की ओर से एक शिकायती आवेदन आया है जिसे एडीएम को जांच के लिए दिया गया है जो भी जांच में पाया जाएगा उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

 

Kadhi Recipe: लंच में बनाएं प्याज वाली कढ़ी, स्वाद है मजेदार, पेट को देगा ठंडक, रेसिपी है बेहद सिंपल

गर्मियों में लाइट और टेस्टी खाने के लिए बेसन और दही से बनी प्याज वाली कढ़ी एक बेहतरीन विकल्प है. खट्टी दही, बेसन और तड़के का तड़का इसे स्वादिष्ट बनाता है.

Kadhi Recipe: गर्मियों में दोपहर के समय कुछ लाइट खाने का मन करता है. ऐसा जो टेस्टी भी हो और पचने में आसान भी. ऐसा भोजन सबसे ज्यादा सुकून देता है. ऐसे में बेसन और दही से बनी प्याज वाली कढ़ी एक बेहतरीन विकल्प है, जो न सिर्फ पेट को ठंडक देती है बल्कि हर निवाले के साथ आनंद भी देती है. इस सिंपल रेसिपी में खट्टी दही, बेसन और तड़के का तड़का मिलकर एक ऐसा स्वाद बनाते हैं जो भूख के साथ-साथ मन को भी तृप्त करता है. प्याज और पालक के कुरकुरे पकौड़े इसमें स्वाद और क्रंच दोनों का तड़का लगाते हैं. तो चलिए जानते हैं बनाने की रेसिपी.

प्‍याज वाली कढ़ी बनाने का तरीका-

मुख्य सामग्री:
5 टेबलस्पून बेसन
1 कप खट्टा दही
1 टीस्पून हल्दी
1 टीस्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
आधा टेबलस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट
स्वादानुसार नमक (लगभग 1 टीस्पून)
5 कप पानी

तड़का के लिए:

2 टेबलस्पून तेल
आधा टीस्पून मेथी दाना
1 टीस्पून जीरा
1 टीस्पून सरसों
1 टीस्पून दरदरी पिसी धनिया
2-3 सूखी लाल मिर्च
15-18 करी पत्ते
चुटकी भर हींग
1 प्याज पतला कटा हुआ
2 टेबलस्पून हरा धनिया बारीक कटा हुआ

प्याज पकौड़े के लिए:

2 प्याज मोटे कटे हुए
आधा टीस्पून नमक (प्याज में मिलाकर 10 मिनट मसलें ताकि पानी छोड़ दे)
आधा कप पालक पतला कटा हुआ
2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
चौथाई टीस्पून अजवाइन
1 कप बेसन
तलने के लिए तेल

अंतिम तड़का:

1 टेबलस्पून घी
आधा टीस्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर

बनाने की विधि:

-एक बाउल में बेसन, दही, हल्दी, मिर्च पाउडर, अदरक-लहसुन पेस्ट, नमक और पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें जिससे कोई गाठ न बचे.

-एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें मेथी, जीरा, सरसों, धनिया, लाल मिर्च, करी पत्ता, हींग और प्याज डालकर भूनें.

-जब प्याज सुनहरा हो जाए तो बेसन-दही का मिश्रण डालें और धीमी आंच पर कम से कम 30 मिनट तक उबालें. ये स्टेप बेहद जरूरी है क्योंकि इससे बेसन अच्छे से पकता है और कढ़ी का कच्चापन दूर होता है.

-पकौड़े बनाने के लिए प्याज, पालक, हरी मिर्च, नमक, अजवाइन और बेसन मिलाकर मिश्रण तैयार करें और कुरकुरे पकौड़े तल लें.

-अब पकौड़ों को कढ़ी में डालें और कुछ मिनट उबालें. आखिरी तड़के के लिए घी में मिर्च पाउडर डालकर कढ़ी के ऊपर डालें.

खास टिप्स:
-खट्टी दही या रात भर की जमी हुई दही का इस्तेमाल करें, जिससे कढ़ी में अच्छा खट्टापन आए.
-पकौड़ों में प्याज और पालक डालने से उनका स्वाद और कुरकुरापन दोनों बढ़ता है.
-अंतिम तड़का सिर्फ देसी घी में करें, यही इस डिश को घर वाला स्वाद देगा.

तो अगली बार जब आपको दोपहर में चावल के साथ कुछ लाइट लेकिन टेस्‍टी लंच करने का मन हो तो इस तरह कढ़ी बनाएं और खाने का आनंद उठाएं.

 

NATIONAL : अब वेज बिरयानी के स्टॉल से BJP विधायक बालमुकुंद आचार्य ने हटवाए भगवान का पोस्टर, क्या है पूरा मामला?

0

फोटो हटवाने के लेकर विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि आज सोयाबीन बिरयानी बेची जा रही है, कल को इसी नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए चिकन बिरयानी बेची जा सकती है.

जयपुर की हवा महल सीट से बीजेपी के विधायक बाबा बालमुकुंद आचार्य हमेशा अपने विवादित बयानों से सुर्खियों में बने रहते हैं. वहीं अब उनका एक और विवादित वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक वेज बिरयानी वाले से उसके पोस्टर से भगवान के फोटो हटाने की कहते नजर आ रहे हैं. अब तक तो उनका विरोध सड़कों पर नॉनवेज बेचने वालों से था लेकिन अब वह वेज बिरयानी बेचने वालों पर भी अपना आदेश थोपते दिखाई दिए.

दरअसल, वायरल वीडियो में बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य एक वेज बिरयानी के स्टॉल पर पहुंचते हैं और स्टॉल पर श्याम नाम का इस्तेमाल किए जाने और भगवान कृष्ण की तस्वीर लगाए जाने पर आपत्ति जताते हैं. साथ ही स्टॉल वाले को नाम और तस्वीर हटाने का निर्देश दे देतेफोटो हटवाने के लेकर विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि आज सोयाबीन बिरयानी बेची जा रही है, कल को इसी नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए चिकन बिरयानी बेची जा सकती है. उन्होंने दुकानदार से कहा कि उन्हें बिरयानी बेचने पर कोई एतराज नहीं है लेकिन भगवान कृष्ण के नाम श्याम का इस्तेमाल किए जाने और तस्वीर लगाई जाने से उन्हें आपत्ति है.

विधायक ने फोन पर किसी अधिकारी से बात कर इस पर कार्रवाई करने को भी कहा. हालांकि स्टॉल वाले ने इसे हटाए जाने की बात मान लेने का भरोसा दिलाया. विधायक बालमुकुंद आचार्य का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

इससे पहले बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य पर पिछले दिनों मस्जिद में पोस्टर लगाने और मस्जिद के बाहर धार्मिक नारेबाजी करने का आरोप लगा था, जिसके बाद जयपुर में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोग सड़क पर उतरते नजर आए. वहीं बाद में इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी.

पहली बार विधायकी की चुनाव जीते बालमुकुंद ने जीत के अगले ही दिन जयपुर में नॉनवेज की दुकान पर पहुंचकर देशभर में सुर्खियों में आए थे. उसके बाद उनके कई विवादित वीडियो सामने आए, जिसमें वह कांग्रेस पार्षद के पिता को गाली बकते नजर आए.

NATIONAL : कंगना रनौत के पाकिस्तानी गाने पर डांस पर भड़के कांग्रेस नेता खाचरियावास, ‘अब तो पाकिस्तान के लोग भी…’

0

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि बीजेपी सांसद कंगना की वजह से हमारी किरकिरी और बदनामी हो रही है, बीजेपी को इस पर जवाब देना चाहिए.

फिल्म अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के सीजफायर के अगले दिन जयपुर में पाकिस्तानी गाने पर डांस कर उसका वीडियो अपलोड किए जाने के मामले में कांग्रेस पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा है कि इससे गलत संदेश गया है. देश की सेना जब पाकिस्तान के खिलाफ लड़ रही थी तो बीजेपी की सांसद पाकिस्तानी गाने पर डांस कर रही थी.

प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, “बीजेपी सांसद कंगना की वजह से हमारी किरकिरी और बदनामी हो रही है, लेकिन वह बीजेपी की रोल मॉडल और आइडियल हैं, इसलिए बीजेपी को इस पर जवाब देना चाहिए.” उनके मुताबिक कंगना ने फिल्म में इंदिरा गांधी का रोल तो किया, लेकिन उनकी थोड़ी आदतें भी अपना लेती तो ऐसे डांस की जरूरत नहीं पड़ती. खाचरियावास ने कहा कि कंगना को लेकर अब तो पाकिस्तान के लोग भी मजे ले रहे हैं.

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, “कंगना रनौत किसी के काबू में नहीं आतीं. यह बीजेपी को भी अच्छे से पता है कि वह उनके काबू में आने वाली नहीं हैं. कंगना रनौत देश को रिप्रेजेंट नहीं कर रही हैं और न ही वह देश की आइडियल है. देश की आइडियल तो आयरन लेडी इंदिरा गांधी है. कंगना पाकिस्तानी गाने पर डांस तो कर सकती है लेकिन वह देश की आइडियल नहीं हो सकती. आइडियल तो इंदिरा गांधी ही हैं. देश आज भी इंदिरा गांधी को याद कर रहा है. ”

उनका कहना है, “सीजफायर के अगले दिन डांस करना कहीं ट्रंप के दबाव पर मुहर तो नहीं है. ट्रंप के बयान का बीजेपी के किसी नेता ने खंडन भी नहीं किया है. सीजफायर के अगले दिन पाकिस्तान के गाने पर डांस कर क्या वह खुशियां मना रही थीं. राजस्थान की भूमि लड़ने वालों की है. यहां की महिलाएं तो दुश्मनों के दांत खट्टे कर देती हैं. बीजेपी के सारे नेता ऐसे ही कर रहे हैं. कंगना के डांस की हर तरफ आलोचना हो रही है, लेकिन कितनी भी आलोचना हो जाए पर बीजेपी वालों पर फर्क नहीं पड़ता.”

कांग्रेस नेता खाचरियावास का कहना है, “कंगना यह वीडियो डालकर बताना चाहती हैं कि बीजेपी के लोग पाकिस्तानियों के सामने नाच सकते हैं. बीजेपी वाले भले ही नाच सकते हैं, लेकिन हम हिंदुस्तानी ऐसा नहीं कर सकते. हम आतंकवाद स्वीकार नहीं करेंगे. लोगों को बीजेपी को वोट देना बंद करना चाहिए. बीजेपी हिंदू मुसलमान के काम में लग गई है.”

प्रताप सिंह खाचरियावास के मुताबिक, “कंगना को अगर डांस ही करना था तो राजस्थान में आकर यहीं के गाने पर डांस करना चाहिए था. अगर उनके पास गाने नहीं थे तो मैं उन्हें राजस्थानी गाने भेज देता. राजस्थान में बहुत से देशभक्ति के गीत भी हैं.
वह देश भक्ति के गीतों पर भी डांस कर सकती थी.”

वहीं कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने एमपी के मंत्री विजय शाह को लेकर प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि उन्हें जेल भेज देना चाहिए. सोफिया कुरैशी देश की बेटी हैं, वह देश की आवाज है.

PUNE : रिश्वत लेते पकड़ा गया शिवाजी नगर थाने का सीनियर इंस्पेक्टर, ACB ने दबोचा

0

पुणे के शिवाजी नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक बापूराव देशमुख को एसीबी ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. आरोपी इंस्पेक्टर ने स्कूल ट्रस्टी से trespassing केस दर्ज करने के बदले पहले पांच लाख और फिर तीन लाख रुपये की मांग की थी. शिकायतकर्ता ने एसीबी को सूचना दी, जिसके बाद जाल बिछाकर गिरफ्तारी हुई.

पुणे के शिवाजी नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक बापूराव माधवराव देशमुख को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारी पर एक स्कूल ट्रस्टी से एक लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है.

शिकायतकर्ता एक स्कूल ट्रस्ट के संयुक्त ट्रस्टी हैं. उन्होंने बताया कि अगस्त 2024 में ट्रस्ट के एक विरोधी समूह ने स्कूल के मुख्य गेट का ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने की कोशिश की थी. इसके बाद ट्रस्टी ने पुलिस इंस्पेक्टर देशमुख से मदद मांगी और कहा कि जब तक चैरिटी कमिश्नर इस विवाद पर कोई आदेश न दे, तब तक उस समूह को स्कूल में प्रवेश से रोका जाए.

देशमुख ने ट्रस्टी को मदद का भरोसा दिया लेकिन इसके बदले पांच लाख रुपये की मांग की. बाद में यह राशि घटाकर तीन लाख रुपये कर दी गई. ट्रस्टी ने इस पर एसीबी से संपर्क किया.एसीबी ने योजना बनाकर मंगलवार को देशमुख को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, फिलहाल आगे की जांच जारी है.

 

NATIONAL : हरिद्वार में स्टंटबाजी करते चार युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

0

हरिद्वार के भेल क्षेत्र में स्टंटबाजी करते युवकों का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपी तेज रफ्तार में नशे की हालत में कार चला रहे थे और करतब दिखा रहे थे. पुलिस ने कार को सीज कर ड्रिंक एंड ड्राइव और पुलिस एक्ट में केस दर्ज किया है.

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में भेल इलाके में स्टंटबाजी करते हुए सड़क हादसे को न्योता दे रहे चार युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में युवक तेज रफ्तार में कार चला रहे थे और नशे की हालत में करतब दिखाते हुए हुड़दंग मचा रहे थे. वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और कार को सीज कर दिया.

पुलिस जांच में पता चला कि कार चला रहा युवक नशे में था. उसका नाम कुशाग्र गुप्ता है, जो देहरादून का रहने वाला है. पुलिस ने उसका मेडिकल कराकर उसे मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत गिरफ्तार किया है. कार में सवार बाकी तीन युवक आर्यन गुप्ता और हर्ष गुप्ता उर्फ मोन्टी (दोनों सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) और गौरव गुप्ता (करनाल, हरियाणा) को पुलिस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है.

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि वीडियो सामने आते ही रात में ही पुलिस ने कार्रवाई की. उन्होंने कहा कि नाबालिग या स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा न सिर्फ कार्रवाई की जाती है, बल्कि उनके माता-पिता की भी काउंसलिंग की जा रही है.

NATIONAL : व्हाट्सएप स्टेटस बना गुनाह का सबूत! दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियार के साथ युवक को दबोचा

0

दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में युवक को व्हाट्सएप स्टेटस पर अवैध हथियार के साथ फोटो डालना भारी पड़ गया. पुलिस ने उसके पास से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया है.

दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में एक सनसनीखेज घटना ने सबको चौंका दिया है. एक 23 साल के युवक ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अवैध हथियार के साथ फोटो डालकर अपनी ‘शान’ दिखाने की कोशिश की, लेकिन ये उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई. गोकुलपुरी थाने की तेज-तर्रार पुलिस टीम ने चंद घंटों में ही उसे धर दबोचा.

आरोपी का नाम विजय है और उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस (12 बोर) बरामद किए गए हैं. गिरफ्तारी के बाद से ये खबर इलाके में आग की तरह फैल गई है.

दिल्ली पुलिस आयुक्त के निर्देश पर JJ क्लस्टरों में बनी खास समितियों की सतर्कता से संजय कॉलोनी, गोकुलपुरी में हथियार के साथ व्हाट्सएप स्टेटस डालने वाले विजय की सूचना मिली. पुलिस ने तुरंत एक्शन मोड ऑन कर लिया. ACP गोकुलपुरी की निगरानी में बनी स्पेशल टीम बनाई जिसमें HC अनिल, अनुज और सिपाही रोहित, प्रवीन, हितेश को शामिल किया गया.

पुलिस टीम पहले पुरी जानकारी इकट्ठा कर टीम द्वारा ट्रैप लगाकर बिना वक्त गंवाए गोकुलपुरी के डी-ब्लॉक पार्क में छापा मारा और विजय को धर दबोचा. तलाशी में उसके पास से न सिर्फ देसी कट्टा बल्कि दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. DCP उत्तर-पूर्व जिला हरेश्वर वी.

स्वामी के मार्गदर्शन में ये ऑपरेशन इतनी तेजी से हुआ कि आरोपी को भागने का मौका तक नहीं मिला. पुलिस ने शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है.

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में विजय ने अपना गुनाह कबूला और हथियार के स्रोत के बारे में भी खुलासे किए, जिनकी पुलिस अब पड़ताल कर रही है. लूट के मामले में शामिल विजय का क्राइम से पुराना नाता रह चुका है. पुलिस जांच कर कि आखिर ये हथियार उसे कहां और कैसे मिले. सोशल मीडिया पर ‘बादशाहत’ दिखाने की कोशिश कितनी भारी पड़ सकती है.

UP : हमीरपुर में डंपर ने बाइक सवार युवकों को मारी टक्कर, दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर मौत

0

हमीरपुर जिले में बीती रात डंपर ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक सवार 3 लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है.

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर-जलालपुर मार्ग पर तेज गति से जा रहे एक डंपर ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. जिससे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई. इस घटना के संबंध में बिवांर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि यह दुर्घटना बांधुर खुर्द गांव में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास मध्य रात्रि (मंगलवार-बुधवार) के आसपास हुई.

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राजा (22) पुत्र बलखंडी, शत्रुघ्न (27) पुत्र हरिराम और अमर (18) पुत्र माता प्रसाद के रूप में हुई है. ये सभी कालपी कस्बे के राजेपुरम मोहल्ले के निवासी हैं. अधिकारी ने बताया कि तीनों युवक बिवांर क्षेत्र के करगांव गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया.

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा की मौके पर ही मौत हो गई तथा शत्रुघ्न और अमर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. वहीं इस दर्दनाक घटना में डंपर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. ट्रक चालक की तलाशो की जा रही है.

थाना प्रभारी (एसएचओ) धर्मेंद्र कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया, डंपर की टक्कर से तीनों युवकों की मौत हो गई. ट्रक को जब्त कर लिया गया है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. तीनों युवको की मौत के बाद से घर में मातम का माहौल है. प्रदेश में लगातार सड़क दुर्घटना का मामला बढ़ता जा रहा है.

 

- Advertisement -

News of the Day