Saturday, September 19, 2026
Home Blog Page 79

NATIONAL : असम राइफल्स के काफिले पर मणिपुर में हमला, दो जवान बलिदान; घात लगाकर किए गए हमले में पांच घायल

0

मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा भड़क गई है। शुक्रवार को राज्य के बिष्णुपुर जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने असम राइफल्स के काफिले पर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान बलिदान हो गए, जबकि पांच घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मणिपुर में शुक्रवार शाम उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवानों बलिदान हो गए, जबकि कम से कम पांच अन्य जवान घायल हुए हैं। इस हमले ने एक बार फिर राज्य में सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला शाम करीब 6 बजे बिष्णुपुर जिले के नांबोल सबल लीकाई इलाके में हुआ। असम राइफल्स के जवानों का वाहन इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहा था। तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘हमलावरों ने अचानक गोलीबारी की, जिसमें एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दो जवान, जिनमें एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) और एक जवान शामिल हैं, मौके पर ही बलिदान हो गए। जबकि पांच जवान गंभीर रूप से घायल हैं।’ घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए भेजा गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उनमें से एक की स्थिति नाजुक है।

‘सफेद वैन में सवार होकर भाग निकले आंतकी’
मामले में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि व्यस्त सड़क पर जवानों के वाहन पर हमला करने के बाद हमलावर एक सफेद वैन में सवार होकर भाग निकले। जवानों ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की ताकि कोई नागरिक हताहत न हो। सुरक्षा बल ने हमले के पीछे छिपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस घटना को लेकर गुवाहाटी के रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि शाम लगभग 5:50 बजे, 33 असम राइफल्स के जवानों की एक वाहन-आधारित टुकड़ी अपने पटसोई कंपनी ऑपरेटिंग बेस से नाम्बोल कंपनी ऑपरेटिंग बेस की ओर बढ़ रही थी। मणिपुर के विमुक्त क्षेत्र, नाम्बोल सबल लेईकाई में, हाईवे पर अज्ञात आतंकवादियों ने इस टुकड़ी पर घात लगाकर हमला किया। इस कार्रवाई में, असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए और पांच घायल हो गए, जिन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। अभी तक, किसी भी समूह ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना में शामिल आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
मणिपुर पिछले कुछ समय से हिंसा और तनाव की चपेट में है। ऐसे में इस ताजा हमले ने राज्य में शांति बहाली के प्रयासों को चुनौती दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे किन संगठनों का हाथ है, इसकी जांच की जा रही है। असम राइफल्स पूर्वोत्तर क्षेत्र में सीमा सुरक्षा और आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए तैनात सबसे अहम अर्धसैनिक बल है। जवानों पर इस तरह का हमला सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस घटना पर केंद्र और राज्य सरकार के बीच लगातार बातचीत की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और हमलावरों को पकड़ने के लिए संयुक्त अभियान की योजना बनाई जा रही है।

पूर्व सीएम एन. बीरेन सिंह ने जताया दुख
वहीं इस घटना पर भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘नाम्बोल सबल लेईकाई में हमारे बहादुर 33 असम राइफल्स के जवानों पर हुए हमले की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी हूं। दो जवानों की जान जाना और कई अन्य का घायल होना हम सभी के लिए एक गहरा आघात है। शहीदों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उनका साहस और बलिदान हमेशा हमारे दिलों में रहेगा। इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’

NATIONAL : 2019 से जेल में बंद नीरव मोदी के पास कानूनी विकल्प खत्म, क्या जल्द लाया जाएगा भारत?

0

भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी को अंतिम कानूनी जंग में भी शिकस्त मिली है। माना जा रहा है कि अब नीरव मोदी को जल्द भारत लाया जा सकता है। दरअसल, यूरोपीय मानवाधिकार कोर्ट ने एक अहम फैसले में किसी भी तरह की राहत देने से इन्कार कर दिया।

13,000 करोड़ रुपये से अधिक के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का भगोड़ा नीरव मोदी यूरोपीय मानवाधिकार कोर्ट में अंतिम कानूनी जंग हार गया है। इसके साथ ही उसके भारत प्रत्यर्पण में बची आखिरी कानूनी रुकावट भी दूर हो गई। सूत्रों का कहना है कि ब्रिटेन सरकार की ओर से नीरव के प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं और उसे जल्द ही भारत लाया जा सकता है।

यूरोपीय मानवाधिकार कोर्ट में कैसे पहुंचा मुकदमा?
ब्रिटेन की अदालतों में अपील के सभी रास्ते खत्म होने जाने के बाद नीरव ने इस साल अप्रैल में स्ट्रॉसबर्ग स्थित यूरोपीय मानवाधिकार कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने मोदी की याचिका को गुमनाम रखने की अनुमति दी थी। इससे पूरी प्रक्रिया गोपनीय बनी रही। यह कोर्ट ऐसे मामलों के लंबित रहने के दौरान उनसे जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं करता है।

क्या भारत की ओर से दिए गए आश्वासन पर्याप्त?
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने नीरव को कोई राहत देने से इन्कार कर दिया। कोर्ट के इस फैसले के बाद प्रत्यर्पण को चुनौती देने के उसके सारे कानूनी रास्ते अब आधिकारिक रूप से बंद हो गए हैं। उसने यह याचिका तब दायर की गई थी जब ब्रिटेन हाईकोर्ट ने उसे प्रत्यर्पण को चुनौती देने की इजाजत देने से मना कर दिया था। कोर्ट ने माना था कि जेल की स्थितियों और व्यवहार के बारे में भारत की ओर से दिए गए आश्वासन पर्याप्त हैं।

2019 से जेल में बंद है, भारत प्रत्यर्पण कब?
नीरव मार्च 2019 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से लंदन की वैंड्सवर्थ जेल में बंद है। राजनयिक सूत्रों ने यह भी बताया कि ब्रिटिश अधिकारियों की ओर से उसे सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नीरव मोदी का भारत प्रत्यर्पण कभी भी हो सकता है।

NATIONAL : चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, 8 आरोपियों को जेल… राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में क्या-क्या हुआ?

0

अयोध्या के राम मंदिर दान चोरी मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है. इस बीच ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे, आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत, 79.85 लाख रुपए की बरामदगी और सीसीटीवी फुटेज में चोरी के सबूत सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है.

अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी केस में दिन-प्रतिदिन नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं. शुक्रवार को भी तीन नए घटनाक्रम हुए, जिसमें पहला सुबह-सुबह ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा हुआ. इसके बाद दोपहर में सभी आठों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. इसके तीसरा घटनाक्रम- यह पता चला कि सात आरोपियों के पास से 79.85 लाख कैश मिला है, जबकि 8वें आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पास से कुछ नहीं मिला. बता दें कि 25 जून को ट्रस्ट की तरफ से श्रीराम जन्मभूमि कोतवाली में चंदा चोरी के आरोप में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पर केस दर्ज कराया गया था. FIR में कुछ अज्ञात का भी नाम है. आइए जानते हैं आज का पूरा घटनाक्रम…

अयोध्या के चर्चित राम मंदिर चंदा चोरी मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है. इस बीच शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दो प्रमुख सदस्यों चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. चंपत राय जहां ट्रस्ट महासचिव थे तो वहीं अनिल मिश्रा ट्रस्टी (ट्रस्टी वह व्यक्ति या संस्था होती है, जिसे किसी संपत्ति, पैसे या व्यवसाय को संभालने की कानूनी जिम्मेदारी सौंपी जाती है) थे. चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को SIT की प्रारंभिक जांच और सीएम योगी के कड़े रुख से जोड़कर देखा जा रहा है.

SPORTS : श्रेयस अय्यर फिसड्डी कप्तान, लास्ट 10 मैचों में सिर्फ एक जीत; इंग्लैंड के खिलाफ भी कर दी बड़ी गलती

0

श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी में टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. बीते शनिवार (04 जुलाई) मेनचेस्टर में खेले गए मैच में मेजबान इंग्लैंड ने भारत के जरिए दिए गए 190 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एकतरफा जीत हासिल की. इस हार के साथ श्रेयस एक बार फिर फिसड्डी कप्तान साबित हुए.

अय्यर ने भारत के टी20 कप्तान के रूप में पहली सीरीज आयरलैंड के खिलाफ खेली. इस सीरीज में मेन इन ब्लू को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था. यह पहला मौका था कि टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ किसी सीरीज में या फिर किसी भी मैच में हार का सामना किया था. वहीं कप्तान के रूप में अय्यर के पिछले 10 मैचों पर नजर डालें तो वह पूरी तरह ही फ्लॉप रहे हैं, क्योंकि उनकी टीम ने 10 में से सिर्फ 1 ही मैच जीता था.

श्रेयस अय्यर के पिछले 10 मैचों का रिकॉर्ड (बतौर कप्तान)
अय्यर कप्तान के रूप में भारत के लिए चार टी20 खेल चुके हैं, जिसमें एक मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा (इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20) रहा. बाकी के तीन टी20 (आयरलैंड के खिलाफ 2 मैच और इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा मैच) में हार का सामना किया. ये हो गए 3 मैच, जिसमें श्रेयस की कप्तानी वाली टीम इंडिया को हार मिली.

अब जरा इससे पहले चलते हैं. श्रेयस इससे पहले IPL 2026 में पंजाब किंग्स के लिए कप्तानी करते नजर आए थे. सीजन के पिछले 7 लीग मैचों में उनकी टीम ने सिर्फ 1 मैच जीता था और बाकी 6 में हार का सामना किया था.

इस तरह आईपीएल के 7 मैच और टीम इंडिया के लिए 3 मैच (रद्द वाला हटाकर) मिलाकर अय्यर ने पिछले 10 मैचों में कप्तान के रूप में सिर्फ 1 मुकाबले में ही जीत हासिल की है.

अब भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ अगला यानी तीसरा टी20 मंगलवार (07 जुलाई) को खेलना है. देखना दिलचस्प होगा कि इस मैच में भारतीय टीम कैसा परफॉर्म करती है.

Mumbai Rain: मुंबई में बारिश ने फिर रोकी रफ्तार, सड़कों पर भारी जाम, रेल सेवाएं प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

0

मुंबई में शुक्रवार को भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोकल ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक जाम लग गया। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पुणे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के चलते लोकल ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया है। शहर की कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया। बता दें कि आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पुणे में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। लोगों से कहा गया है कि जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

बारिश से धीमी हुई ट्रेनों की रफ्तार
सेंट्रल रेलवे के अनुसार, सभी लाइनों पर लोकल ट्रेनें चल रही हैं। मेन लाइन की ट्रेनें 10-12 मिनट देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन की ट्रेनें 7-8 मिनट देरी से चल रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि कम दृश्यता के कारण ट्रेनों को धीमी गति से चलाया जा रहा है। यह सावधानी के तौर पर किया जा रहा है। बारिश के कारण कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम लग गया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गोरेगांव ईस्ट में NESCO के पास भारी ट्रैफिक था। ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर विखरोली-छेड़ा नगर और अमर महल- Sion कॉरिडोर पर भी ट्रैफिक जाम था। अंधेरी सबवे को पहले पानी से खाली कर दिया गया था और यातायात के लिए खोल दिया गया था, लेकिन फिर से पानी भरने के कारण इसे बंद कर दिया गया।

कहां हुई कितनी बारिश
BMC के बारिश के आंकड़ों के अनुसार, 25 जुलाई को सुबह 8 बजे तक आइलैंड सिटी में 29.40 मिमी बारिश हुई। वीं पूर्वी उपनगरों में 29.44 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 18.88 मिमी बारिश हुई। अधिकारियों ने यात्रियों से सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने कहा है कि दिन भर में रुक-रुक कर भारी बारिश होने की संभावना है। इसलिए अपनी यात्रा की योजना सावधानी से बनाएं।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना सावधानीपूर्वक बनाएं, क्योंकि दिनभर बारी-बारी से तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

NATIONAL : ‘इस्तीफा नहीं, कड़ी सजा मिले’: राम मंदिर ट्रस्ट के फैसले पर विपक्ष का हमला, क्या बोली- आप-कांग्रेस-SP-शिवसेना?

0

ट्रस्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिंदू सनातनी को इस्तीफा नहीं, कड़ी सजा चाहिए। इस्तीफा लेकर उन्हें बचाने की कोशिश मत करो।

अयोध्या के राम मंदिर चंदा विवाद में सोमवार को जहां ट्रस्ट की ओर से बैठक की गई। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने मीडिया के सामने आकर बताया कि चंपत राय का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। इसके साथ ही अनिल मिश्रा का इस्तीफा भी मंजूर किया गया है। ट्रस्ट की ओर से इस्तीफा मंजूर किए जाने के बाद विपक्ष ने सवाल खड़े कर दिए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि इस्तीफा स्वीकार कर बचाने की कोशिश हो रही है।

इतना बड़ा रैकेट वर्षों तक फलता-फूलता रहा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे मंजूर करके राम मंदिर ट्रस्ट ने पूरी तरह यह स्वीकार कर लिया है कि पिछले एक महीने से देश को हिला देने वाली ‘चंदा चोरी’ की रिपोर्टें वाकई सत्य हैं। यह स्वागत योग्य खबर है कि प्रभु राम के पावन मंदिर से वे लोग हटाए जा रहे हैं जो वर्षों तक इसे लूटते रहे। लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। हास्यास्पद बात यह है कि यह घोषणा ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष द्वारा की गई- वही व्यक्ति जिस पर इसके वित्त की निगरानी, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और इसकी संपत्तियों की रक्षा करने का दायित्व होता है। वह अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकता, और न ही ट्रस्ट का कोई अन्य सदस्य इस दायित्व से किनारा कर सकता है, जिनकी देखरेख में इतना बड़ा रैकेट वर्षों तक फलता-फूलता रहा।

कृष्णमोहन को महासचिव बनाए जाने पर भी सवाल
उन्होंने आगे लिखा, ‘मूर्खता यहीं समाप्त नहीं होती। आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी कृष्णमोहन को राम मंदिर ट्रस्ट का महासचिव नियुक्त कर दिया गया है, जबकि खुद उन पर इस घोटाले को दबाने में भूमिका के आरोप हैं। उन्हें बड़े दायित्व से पुरस्कृत करने के बजाय ट्रस्ट से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए था। देश टुकड़ों-टुकड़ों में इस्तीफे नहीं चाहता। उसे ट्रस्ट को पूरी तरह भंग करके उसका पुनर्गठन चाहिए। देश ट्रस्ट के हर सदस्य के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट-निगरानी में एक स्वतंत्र जांच चाहता है। जवाबदेही सिर्फ ट्रस्ट पर समाप्त नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री तक भी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, जिन्होंने ट्रस्ट का गठन किया और उसके कई सदस्यों की नियुक्ति की। योगी आदित्यनाथ सरकार तक, जिसने वर्षों तक इस लूट और डकैती को प्रभावी जांच के बिना चलते रहने दिया और उस आरएसएस-वीएचपी माफिया की भी जिम्मेदारी तय किए जाने की जरूरत है, जिसने दशकों से करोड़ों भारतीयों की कीमत पर खुद को मालामाल करने के लिए भगवान राम के नाम का दोहन किया है।’

केजरीवाल बोले- इस्तीफा नहीं सजा मिले
ट्रस्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिंदू सनातनी को इस्तीफा नहीं, कड़ी सजा चाहिए। इस्तीफा लेकर उन्हें बचाने की कोशिश मत करो।

शिवसेना ने भी साधा निशाना
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि खबरों के मुताबिक, अयोध्या में राम मंदिर के दो ट्रस्टियों के इस्तीफे को मंजूरी दे दी गई है। ऐसा लगता है कि यह फैसला दान और राशि में धोखाधड़ी के आरोपों की वजह से लिया गया है। लेकिन इस बात का क्या कि उन्हें भाजपा की केंद्र सरकार ने ही नियुक्त किया था? मंदिर में हुई चोरी के बारे में क्या, उस मंदिर को लूटने की हिम्मत और अपराध के बारे में क्या, जिस पर भाजपा का पिछले दो दशकों का पूरा अभियान टिका था?

उन्होंने आगे कहा कि हमें निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की जरूरत है, जिसकी निगरानी या तो सुप्रीम कोर्ट करे या फिर वह किसी पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज की देखरेख में हो। भाजपा हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकती।

NATIONAL : राम मंदिर चढ़ावा चोरी: CCTV में चोरी की 70 घटनाएं, 2-3 साल से एक्टिव था रैकेट; 20 पन्नों की SIT रिपोर्ट में और क्या?

0

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी 20 पन्नों की रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट के आधार पर मामले में ऐसे खुलासे हुए हैं जो बेहद अहम हैं।

‘राम नाम की लूट है लूट सके तो लूट…’ लेकिन अयोध्या में राम नाम के साथ ही राम पर चढ़ने वाले दान की चल रही है और लूटने वाले भी कोई और नहीं, वही लोग हैं, जिन्हें इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। मामले में विपक्ष की तरफ से चंदा गबन के आरोपों के बाद योगी सरकार ने एसआईटी गठित की और फिर एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में FIR दर्ज होकर 26 जून को 8 आरोपियों की गिरफ्तार कर ली गई। इस बीच राम मंदिर चढ़ावा लूट मामले में एसआईटी की 20 पन्नों की रिपोर्ट सामने आई है। इसमें सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। SIT ने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज में चढ़ावा चोरी की 70 घटनाएं दर्ज हुई हैं और यह कथित रैकेट पिछले दो से तीन वर्षों से संचालित हो रहा था। ऐसे में आइए जानते हैं कि एसआईटी की रिपोर्ट में और क्या-क्या है। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम में कब क्या-क्या हुआ….

सबसे पहले चढ़ावा चोरी की टाइमलाइन
7 जून 2026: समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक पवन पांडे ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाए कि राम मंदिर के दान-पात्रों से 7 से 7.5 करोड़ रुपये का गबन हुआ है। पूर्व विधायक के इन आरोपों से अयोध्या में राजनीतिक भूचाल आ गया।
9 जून 2026: भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर कथित चंदा चोरी मामले की CBI जांच की मांग की। इसके बाद PMO ने राम मंदिर ट्रस्ट से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी।

14-21 जून 2026: SIT ने कैश-हैंडलिंग प्रोसेस और 35 डोनेशन बॉक्स पर ध्यान केंद्रित करके अपनी जांच को आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्हें स्टाफ के बयानों में विरोधाभास भी नजर आया और 45 दिन बाद CCTV फुटेज के अपने-आप डिलीट हो जाने के चलते आ रही दिक्कतों पर भी गौर किया गया।
23 जून 2026: SIT ने उत्तर प्रदेश सरकार को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट में संभावित अनियमितताओं की ओर इशारा किया और अधिकारियों को मंदिर के कर्मचारियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

25 जून 2026: SIT जांच के नतीजों के आधार पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने औपचारिक तौर पर शिकायत दर्ज करवाई। इसी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज हुई और चंदे की गिनती करने वाले कर्मचारियों सहित आठ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया गया। खबरों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति की जांच के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों के पास से बड़ी मात्रा में बेहिसाब नगदी और महंगी चीजें जब्त कीं।
26 जून 2026: हिरासत में लिए गए सभी 8 संदिग्धों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। कथित चंदा चोरी के इस मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

अब बात एसआईटी की 20 पन्नों की रिपोर्ट की
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उसने 27 अप्रैल 2026 से 5 जून 2026 तक उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान कुल 70 अवसरों पर चोरी/गबन संबंधी गतिविधियां सामने आईं। रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच के दौरान मिले अहम सबूतों से दान चोरी की पुष्टि हुई है।

साथ ही SIT ने अपनी रिपोर्ट में भेंट और चढ़ावे की गणना कक्ष तक नगदी संचालन और प्रबंधन व्यवस्था में बड़ी खामियां पाए जाने का उल्लेख किया है। जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है।

ट्रस्ट को काफी पहले ही हो गई थी चोरी की आशंका- रिपोर्ट में दावा
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्रस्ट को काफी पहले ही चोरी की आशंका हो गई थी। इसके तहत सितंबर 2024 और फरवरी 2025 में ट्रस्ट और बैंक के बीच गणना प्रक्रिया को लेकर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की गई थी। इस दस्तावेज पर स्टेट बैंक की ओर से गोविंद मिश्र और ट्रस्ट की ओर से अनिल मिश्र ने हस्ताक्षर किए थे। हालांकि SIT के अनुसार, बाद में गणना प्रक्रिया में इस SOP का पालन नहीं किया गया।

चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका पर इसलिए सवाल
SIT ने रिपोर्ट में इसे जानबूझकर की गई लापरवाही बताया है। इसी आधार पर चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

बिना किसी आदेश के थीं टिन्नू यादव के पास हुंडियों की चाबियां
जांच के दौरान आरोपी टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव से पूछताछ में कथित तौर पर चोरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं। SIT ने रिपोर्ट में लिखा है कि टिन्नू यादव के पास बिना किसी आदेश के हुंडियों की चाबियां थीं।

सरकारी बैंक के कई कर्मियों की संलिप्तता के भी संकेत
पूछताछ के दौरान कई बैंक अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं। रिपोर्ट में सरकारी बैंक के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता के संकेत मिलने की बात कही गई है। सूत्रों के मुताबिक, कई सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई गई है। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट में टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव को कथित साजिश रचने और उसे अंजाम देने में सबसे अहम भूमिका निभाने वाला बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, सुभाष श्रीवास्तव ने अन्य लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ा और चढ़ावा गणना की ड्यूटी तय करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभालीं।

NATIONAL : 300 नई ई-बसों से बढ़ेगी दिल्ली की रफ्तार, 7 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री शाह दिखाएंगे हरी झंडी

0

दिल्ली में बसों की कमी और लंबे इंतजार की समस्या को कम करने के लिए राजधानी के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इन बसों को 7 जुलाई को आरके पुरम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई बसों को प्राथमिकता के आधार पर उन रूटों पर तैनात किया जाएगा, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है और पीक ऑवर में बसों पर सबसे ज्यादा दबाव होता है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई बसों के संचालन से यात्रियों का इंतजार कम होगा और भीड़भाड़ वाली बसों में सफर करने की मजबूरी भी घटेगी। विभाग का कहना है कि अधिक मांग वाले रूटों पर बसों की संख्या बढ़ने से सार्वजनिक परिवहन सेवा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

नई शामिल की जा रही 300 बसों में अधिकांश 9 मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनका आकार ऐसा है कि ये मुख्य सड़कों के अलावा संकरी गलियों और उन इलाकों में भी आसानी से चल सकेंगी, जहां बड़ी बसों का संचालन कठिन होता है। इससे कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों के बीच लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा।

दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा लगातार बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में राजधानी में 6,100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। 300 नई बसों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, सरकार का लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक राजधानी में बसों की कुल संख्या 7,500 तक पहुंचाने का है। इसके साथ ही वर्ष 2029 तक दिल्ली की सड़कों पर 14,000 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है। इसके लिए नई बसों को चरणबद्ध तरीके से विभिन्न डिपो में शामिल किया जाएगा। सरकार का दावा है कि योजना पूरी होने पर राजधानी में बस सेवा की पहुंच, उपलब्धता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

SPORTS : स्पेन ने पुर्तगाल को फीफा विश्वकप से किया बाहर; PM मोदी के इंडोनेशिया दौरे पर ब्रह्मोस सौदा संभव

0

आज मंगलवार, 7 जुलाई 2026 की तारीख में देश-दुनिया की अहम खबरों की श्रृंखला लेकर एक बार फिर अमर उजाला हाजिर है। सबसे पहले बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे की। इंडोनेशिया पहुंचे प्रधानमंत्री आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग पर अहम बैठक करेंगे। इस दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच करीब 2,500 करोड़ रुपये के ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर भी मुहर लग सकती है। उधर, फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में स्पेन ने इंजरी टाइम में गोल दागकर पुर्तगाल को 1-0 से हराया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया और मैच के बाद वह भावुक नजर आए। इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अमेरिका या तो समझौता करेगा या अपना काम पूरा करेगा। उन्होंने ईरान के अहम बुनियादी ढांचे को तबाह करने की चेतावनी दी। इधर, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने इसे सनातन समाज की आस्था से जुड़ा बड़ा पाप बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद ने भी निष्पक्ष जांच की पैरवी की है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर सरकार ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए विधायकों को सीडीएफ से हर साल 20 लाख रुपये तक सहायता मंजूर करने का अधिकार दिया है। इस बीच विशेषज्ञों ने युवाओं में बढ़ती मानसिक बीमारियों पर चिंता जताई है। इधर दिल्ली के मयूर विहार यमुना खादर में हाईकोर्ट के आदेश के बाद लोगों में बेघर होने का डर बना हुआ है। वहीं, टेलीकॉम कंपनियां अगले कुछ महीनों में मोबाइल रिचार्ज 12 से 15 फीसदी तक महंगा कर सकती हैं।

PM Modi Indonesia Visit: रक्षा, व्यापार और ऊर्जा संबंधों को बढ़ाएंगे भारत-इंडोनेशिया, द्विपक्षीय वार्ता आज
इंडोनेशिया की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा व रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इस दौरान ब्रह्मोस सौदे पर भी मुहर लग सकती है। भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने के लिए 2,500 करोड़ के सौदे पर बातचीत अंतिम चरण में है।

आखिरी मिनट में टूटा रोनाल्डो का सपना, मेरिनो के एक गोल ने पुर्तगाल को विश्व कप से किया बाहर
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में स्पेन ने आखिरी पलों में गोल दागकर पुर्तगाल को 0-1 से हरा दिया। मैच का एकमात्र गोल मिकेल मेरिनो ने इंजरी टाइम (90+1वें मिनट) में किया। इस जीत के साथ स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने राम मंदिर के चंदे और ट्रस्ट से जुड़े हालिया विवाद पर अब तक की सबसे तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता या चोरी का नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज की आस्था और विश्वास के साथ छल का है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह केवल चूक नहीं, बड़ा पाप है। दोषियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए और जिन लोगों की निगरानी में यह सब हुआ, उन्हें भी अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।

राम मंदिर मामला: विहिप ने दी क्लीन चिट? आलोक कुमार बोले- चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट से न देरी हुई न चूक
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) चाहती है कि राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की गंभीर और ईमानदार जांच होनी चाहिए। अगर कोई बड़ा आदमी संलिप्त पाया जाए तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। जांच के दायरे से कोई पहलू, कोई व्यक्ति बचना नहीं चाहिए। लेकिन मंदिर प्रबंधन सरकार के हाथ में सौंप दिया जाए, विहिप इसके पक्ष में नहीं है, क्योंकि गड़बडी सरकारी संचालन में भी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा और बेहद मानवीय फैसला लेते हुए केंद्र शासित प्रदेश के विधायकों को बड़ी वित्तीय शक्ति सौंपी है।अब सभी विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र विकास कोष (सीडीएफ) से गंभीर और जानलेवा बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए हर साल 20 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे मंजूर कर सकेंगे। सरकार के इस कदम से महंगे इलाज के कारण लाचार होने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

WORLD : यूएई पहुंचने पर एफ-16 फाइटर जेट ने किया विमान को एस्कॉर्ट, पीएम मोदी बोले- ये भारत के लोगों का सम्मान

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे पर हैं। उनका पहले पड़ाव यूएई है। प्रधानमंत्री मोदी के यूएई पहुंचने पर एफ-16 फाइटर जेट ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये भारत के लोगों का सम्मान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे पर हैं। पहले दिन उनका यूएई में भव्य स्वागत हुआ है। यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर एफ16 जेट विमानों ने प्रधानमंत्री मोदी के विमान को सुरक्षा प्रदान की। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भारत के लोगों का सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह नई दिल्ली से अबू धाबी के लिए रवाना हुए। कुछ घंटे के बाद उनके विमान ने यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया, जहां एफ16 जेट विमानों ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान यूएई के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, यूएई के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने उसे एस्कॉर्ट किया। यह भारत और यूएई के नेतृत्व के बीच साझा गहरी रणनीतिक साझेदारी, विश्वास और आपसी सौहार्द का एक प्रतीक है।’

वहीं, अबू धाबी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत हुआ। उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। फिलहाल, उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया।

यूएई के राष्ट्रपति को पीएम ने भाई कहा
पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को ‘भाई’ बताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘अपने भाई, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात के दौरान मैंने जो बातें कहीं, उन्हें शेयर कर रहा हूं।’ मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने यूएई में किए गए स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने दूसरे घर आया हूं। ये शब्द और भाव मेरे जीवन की बहुत बड़ी पूंजी है। आज भी जिस प्रकार से आपकी सेना के जहाजों ने एस्कॉर्ट किया, यह भारत के लोगों का सम्मान है।’ बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की 5 देशों की यात्रा का यह पहला पड़ाव है। इसके बाद वे नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे।

- Advertisement -

News of the Day