Saturday, September 19, 2026
Home Blog Page 80

NATIONAL : ‘इस्तीफा नहीं, कड़ी सजा मिले’: राम मंदिर ट्रस्ट के फैसले पर विपक्ष का हमला, क्या बोली- आप-कांग्रेस-SP-शिवसेना?

0

ट्रस्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिंदू सनातनी को इस्तीफा नहीं, कड़ी सजा चाहिए। इस्तीफा लेकर उन्हें बचाने की कोशिश मत करो।

अयोध्या के राम मंदिर चंदा विवाद में सोमवार को जहां ट्रस्ट की ओर से बैठक की गई। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने मीडिया के सामने आकर बताया कि चंपत राय का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। इसके साथ ही अनिल मिश्रा का इस्तीफा भी मंजूर किया गया है। ट्रस्ट की ओर से इस्तीफा मंजूर किए जाने के बाद विपक्ष ने सवाल खड़े कर दिए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि इस्तीफा स्वीकार कर बचाने की कोशिश हो रही है।

इतना बड़ा रैकेट वर्षों तक फलता-फूलता रहा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे मंजूर करके राम मंदिर ट्रस्ट ने पूरी तरह यह स्वीकार कर लिया है कि पिछले एक महीने से देश को हिला देने वाली ‘चंदा चोरी’ की रिपोर्टें वाकई सत्य हैं। यह स्वागत योग्य खबर है कि प्रभु राम के पावन मंदिर से वे लोग हटाए जा रहे हैं जो वर्षों तक इसे लूटते रहे। लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। हास्यास्पद बात यह है कि यह घोषणा ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष द्वारा की गई- वही व्यक्ति जिस पर इसके वित्त की निगरानी, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और इसकी संपत्तियों की रक्षा करने का दायित्व होता है। वह अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकता, और न ही ट्रस्ट का कोई अन्य सदस्य इस दायित्व से किनारा कर सकता है, जिनकी देखरेख में इतना बड़ा रैकेट वर्षों तक फलता-फूलता रहा।

कृष्णमोहन को महासचिव बनाए जाने पर भी सवाल
उन्होंने आगे लिखा, ‘मूर्खता यहीं समाप्त नहीं होती। आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी कृष्णमोहन को राम मंदिर ट्रस्ट का महासचिव नियुक्त कर दिया गया है, जबकि खुद उन पर इस घोटाले को दबाने में भूमिका के आरोप हैं। उन्हें बड़े दायित्व से पुरस्कृत करने के बजाय ट्रस्ट से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए था। देश टुकड़ों-टुकड़ों में इस्तीफे नहीं चाहता। उसे ट्रस्ट को पूरी तरह भंग करके उसका पुनर्गठन चाहिए। देश ट्रस्ट के हर सदस्य के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट-निगरानी में एक स्वतंत्र जांच चाहता है। जवाबदेही सिर्फ ट्रस्ट पर समाप्त नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री तक भी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, जिन्होंने ट्रस्ट का गठन किया और उसके कई सदस्यों की नियुक्ति की। योगी आदित्यनाथ सरकार तक, जिसने वर्षों तक इस लूट और डकैती को प्रभावी जांच के बिना चलते रहने दिया और उस आरएसएस-वीएचपी माफिया की भी जिम्मेदारी तय किए जाने की जरूरत है, जिसने दशकों से करोड़ों भारतीयों की कीमत पर खुद को मालामाल करने के लिए भगवान राम के नाम का दोहन किया है।’

केजरीवाल बोले- इस्तीफा नहीं सजा मिले
ट्रस्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिंदू सनातनी को इस्तीफा नहीं, कड़ी सजा चाहिए। इस्तीफा लेकर उन्हें बचाने की कोशिश मत करो।

शिवसेना ने भी साधा निशाना
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि खबरों के मुताबिक, अयोध्या में राम मंदिर के दो ट्रस्टियों के इस्तीफे को मंजूरी दे दी गई है। ऐसा लगता है कि यह फैसला दान और राशि में धोखाधड़ी के आरोपों की वजह से लिया गया है। लेकिन इस बात का क्या कि उन्हें भाजपा की केंद्र सरकार ने ही नियुक्त किया था? मंदिर में हुई चोरी के बारे में क्या, उस मंदिर को लूटने की हिम्मत और अपराध के बारे में क्या, जिस पर भाजपा का पिछले दो दशकों का पूरा अभियान टिका था?

उन्होंने आगे कहा कि हमें निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की जरूरत है, जिसकी निगरानी या तो सुप्रीम कोर्ट करे या फिर वह किसी पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज की देखरेख में हो। भाजपा हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकती।

NATIONAL : राम मंदिर चढ़ावा चोरी: CCTV में चोरी की 70 घटनाएं, 2-3 साल से एक्टिव था रैकेट; 20 पन्नों की SIT रिपोर्ट में और क्या?

0

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी 20 पन्नों की रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट के आधार पर मामले में ऐसे खुलासे हुए हैं जो बेहद अहम हैं।

‘राम नाम की लूट है लूट सके तो लूट…’ लेकिन अयोध्या में राम नाम के साथ ही राम पर चढ़ने वाले दान की चल रही है और लूटने वाले भी कोई और नहीं, वही लोग हैं, जिन्हें इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। मामले में विपक्ष की तरफ से चंदा गबन के आरोपों के बाद योगी सरकार ने एसआईटी गठित की और फिर एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में FIR दर्ज होकर 26 जून को 8 आरोपियों की गिरफ्तार कर ली गई। इस बीच राम मंदिर चढ़ावा लूट मामले में एसआईटी की 20 पन्नों की रिपोर्ट सामने आई है। इसमें सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। SIT ने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज में चढ़ावा चोरी की 70 घटनाएं दर्ज हुई हैं और यह कथित रैकेट पिछले दो से तीन वर्षों से संचालित हो रहा था। ऐसे में आइए जानते हैं कि एसआईटी की रिपोर्ट में और क्या-क्या है। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम में कब क्या-क्या हुआ….

सबसे पहले चढ़ावा चोरी की टाइमलाइन
7 जून 2026: समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक पवन पांडे ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाए कि राम मंदिर के दान-पात्रों से 7 से 7.5 करोड़ रुपये का गबन हुआ है। पूर्व विधायक के इन आरोपों से अयोध्या में राजनीतिक भूचाल आ गया।
9 जून 2026: भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर कथित चंदा चोरी मामले की CBI जांच की मांग की। इसके बाद PMO ने राम मंदिर ट्रस्ट से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी।

14-21 जून 2026: SIT ने कैश-हैंडलिंग प्रोसेस और 35 डोनेशन बॉक्स पर ध्यान केंद्रित करके अपनी जांच को आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्हें स्टाफ के बयानों में विरोधाभास भी नजर आया और 45 दिन बाद CCTV फुटेज के अपने-आप डिलीट हो जाने के चलते आ रही दिक्कतों पर भी गौर किया गया।
23 जून 2026: SIT ने उत्तर प्रदेश सरकार को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट में संभावित अनियमितताओं की ओर इशारा किया और अधिकारियों को मंदिर के कर्मचारियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

25 जून 2026: SIT जांच के नतीजों के आधार पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने औपचारिक तौर पर शिकायत दर्ज करवाई। इसी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज हुई और चंदे की गिनती करने वाले कर्मचारियों सहित आठ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया गया। खबरों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति की जांच के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों के पास से बड़ी मात्रा में बेहिसाब नगदी और महंगी चीजें जब्त कीं।
26 जून 2026: हिरासत में लिए गए सभी 8 संदिग्धों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। कथित चंदा चोरी के इस मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

अब बात एसआईटी की 20 पन्नों की रिपोर्ट की
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उसने 27 अप्रैल 2026 से 5 जून 2026 तक उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान कुल 70 अवसरों पर चोरी/गबन संबंधी गतिविधियां सामने आईं। रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच के दौरान मिले अहम सबूतों से दान चोरी की पुष्टि हुई है।

साथ ही SIT ने अपनी रिपोर्ट में भेंट और चढ़ावे की गणना कक्ष तक नगदी संचालन और प्रबंधन व्यवस्था में बड़ी खामियां पाए जाने का उल्लेख किया है। जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है।

ट्रस्ट को काफी पहले ही हो गई थी चोरी की आशंका- रिपोर्ट में दावा
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्रस्ट को काफी पहले ही चोरी की आशंका हो गई थी। इसके तहत सितंबर 2024 और फरवरी 2025 में ट्रस्ट और बैंक के बीच गणना प्रक्रिया को लेकर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की गई थी। इस दस्तावेज पर स्टेट बैंक की ओर से गोविंद मिश्र और ट्रस्ट की ओर से अनिल मिश्र ने हस्ताक्षर किए थे। हालांकि SIT के अनुसार, बाद में गणना प्रक्रिया में इस SOP का पालन नहीं किया गया।

चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका पर इसलिए सवाल
SIT ने रिपोर्ट में इसे जानबूझकर की गई लापरवाही बताया है। इसी आधार पर चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

बिना किसी आदेश के थीं टिन्नू यादव के पास हुंडियों की चाबियां
जांच के दौरान आरोपी टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव से पूछताछ में कथित तौर पर चोरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं। SIT ने रिपोर्ट में लिखा है कि टिन्नू यादव के पास बिना किसी आदेश के हुंडियों की चाबियां थीं।

सरकारी बैंक के कई कर्मियों की संलिप्तता के भी संकेत
पूछताछ के दौरान कई बैंक अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं। रिपोर्ट में सरकारी बैंक के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता के संकेत मिलने की बात कही गई है। सूत्रों के मुताबिक, कई सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई गई है। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट में टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव को कथित साजिश रचने और उसे अंजाम देने में सबसे अहम भूमिका निभाने वाला बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, सुभाष श्रीवास्तव ने अन्य लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ा और चढ़ावा गणना की ड्यूटी तय करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभालीं।

NATIONAL : 300 नई ई-बसों से बढ़ेगी दिल्ली की रफ्तार, 7 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री शाह दिखाएंगे हरी झंडी

0

दिल्ली में बसों की कमी और लंबे इंतजार की समस्या को कम करने के लिए राजधानी के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इन बसों को 7 जुलाई को आरके पुरम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई बसों को प्राथमिकता के आधार पर उन रूटों पर तैनात किया जाएगा, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है और पीक ऑवर में बसों पर सबसे ज्यादा दबाव होता है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई बसों के संचालन से यात्रियों का इंतजार कम होगा और भीड़भाड़ वाली बसों में सफर करने की मजबूरी भी घटेगी। विभाग का कहना है कि अधिक मांग वाले रूटों पर बसों की संख्या बढ़ने से सार्वजनिक परिवहन सेवा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

नई शामिल की जा रही 300 बसों में अधिकांश 9 मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनका आकार ऐसा है कि ये मुख्य सड़कों के अलावा संकरी गलियों और उन इलाकों में भी आसानी से चल सकेंगी, जहां बड़ी बसों का संचालन कठिन होता है। इससे कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों के बीच लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा।

दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा लगातार बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में राजधानी में 6,100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। 300 नई बसों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, सरकार का लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक राजधानी में बसों की कुल संख्या 7,500 तक पहुंचाने का है। इसके साथ ही वर्ष 2029 तक दिल्ली की सड़कों पर 14,000 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है। इसके लिए नई बसों को चरणबद्ध तरीके से विभिन्न डिपो में शामिल किया जाएगा। सरकार का दावा है कि योजना पूरी होने पर राजधानी में बस सेवा की पहुंच, उपलब्धता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

SPORTS : स्पेन ने पुर्तगाल को फीफा विश्वकप से किया बाहर; PM मोदी के इंडोनेशिया दौरे पर ब्रह्मोस सौदा संभव

0

आज मंगलवार, 7 जुलाई 2026 की तारीख में देश-दुनिया की अहम खबरों की श्रृंखला लेकर एक बार फिर अमर उजाला हाजिर है। सबसे पहले बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे की। इंडोनेशिया पहुंचे प्रधानमंत्री आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग पर अहम बैठक करेंगे। इस दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच करीब 2,500 करोड़ रुपये के ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर भी मुहर लग सकती है। उधर, फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में स्पेन ने इंजरी टाइम में गोल दागकर पुर्तगाल को 1-0 से हराया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया और मैच के बाद वह भावुक नजर आए। इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अमेरिका या तो समझौता करेगा या अपना काम पूरा करेगा। उन्होंने ईरान के अहम बुनियादी ढांचे को तबाह करने की चेतावनी दी। इधर, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने इसे सनातन समाज की आस्था से जुड़ा बड़ा पाप बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद ने भी निष्पक्ष जांच की पैरवी की है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर सरकार ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए विधायकों को सीडीएफ से हर साल 20 लाख रुपये तक सहायता मंजूर करने का अधिकार दिया है। इस बीच विशेषज्ञों ने युवाओं में बढ़ती मानसिक बीमारियों पर चिंता जताई है। इधर दिल्ली के मयूर विहार यमुना खादर में हाईकोर्ट के आदेश के बाद लोगों में बेघर होने का डर बना हुआ है। वहीं, टेलीकॉम कंपनियां अगले कुछ महीनों में मोबाइल रिचार्ज 12 से 15 फीसदी तक महंगा कर सकती हैं।

PM Modi Indonesia Visit: रक्षा, व्यापार और ऊर्जा संबंधों को बढ़ाएंगे भारत-इंडोनेशिया, द्विपक्षीय वार्ता आज
इंडोनेशिया की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा व रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इस दौरान ब्रह्मोस सौदे पर भी मुहर लग सकती है। भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने के लिए 2,500 करोड़ के सौदे पर बातचीत अंतिम चरण में है।

आखिरी मिनट में टूटा रोनाल्डो का सपना, मेरिनो के एक गोल ने पुर्तगाल को विश्व कप से किया बाहर
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में स्पेन ने आखिरी पलों में गोल दागकर पुर्तगाल को 0-1 से हरा दिया। मैच का एकमात्र गोल मिकेल मेरिनो ने इंजरी टाइम (90+1वें मिनट) में किया। इस जीत के साथ स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने राम मंदिर के चंदे और ट्रस्ट से जुड़े हालिया विवाद पर अब तक की सबसे तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता या चोरी का नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज की आस्था और विश्वास के साथ छल का है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह केवल चूक नहीं, बड़ा पाप है। दोषियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए और जिन लोगों की निगरानी में यह सब हुआ, उन्हें भी अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।

राम मंदिर मामला: विहिप ने दी क्लीन चिट? आलोक कुमार बोले- चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट से न देरी हुई न चूक
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) चाहती है कि राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की गंभीर और ईमानदार जांच होनी चाहिए। अगर कोई बड़ा आदमी संलिप्त पाया जाए तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। जांच के दायरे से कोई पहलू, कोई व्यक्ति बचना नहीं चाहिए। लेकिन मंदिर प्रबंधन सरकार के हाथ में सौंप दिया जाए, विहिप इसके पक्ष में नहीं है, क्योंकि गड़बडी सरकारी संचालन में भी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा और बेहद मानवीय फैसला लेते हुए केंद्र शासित प्रदेश के विधायकों को बड़ी वित्तीय शक्ति सौंपी है।अब सभी विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र विकास कोष (सीडीएफ) से गंभीर और जानलेवा बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए हर साल 20 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे मंजूर कर सकेंगे। सरकार के इस कदम से महंगे इलाज के कारण लाचार होने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

WORLD : यूएई पहुंचने पर एफ-16 फाइटर जेट ने किया विमान को एस्कॉर्ट, पीएम मोदी बोले- ये भारत के लोगों का सम्मान

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे पर हैं। उनका पहले पड़ाव यूएई है। प्रधानमंत्री मोदी के यूएई पहुंचने पर एफ-16 फाइटर जेट ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये भारत के लोगों का सम्मान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे पर हैं। पहले दिन उनका यूएई में भव्य स्वागत हुआ है। यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर एफ16 जेट विमानों ने प्रधानमंत्री मोदी के विमान को सुरक्षा प्रदान की। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भारत के लोगों का सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह नई दिल्ली से अबू धाबी के लिए रवाना हुए। कुछ घंटे के बाद उनके विमान ने यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया, जहां एफ16 जेट विमानों ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान यूएई के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, यूएई के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने उसे एस्कॉर्ट किया। यह भारत और यूएई के नेतृत्व के बीच साझा गहरी रणनीतिक साझेदारी, विश्वास और आपसी सौहार्द का एक प्रतीक है।’

वहीं, अबू धाबी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत हुआ। उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। फिलहाल, उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया।

यूएई के राष्ट्रपति को पीएम ने भाई कहा
पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को ‘भाई’ बताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘अपने भाई, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात के दौरान मैंने जो बातें कहीं, उन्हें शेयर कर रहा हूं।’ मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने यूएई में किए गए स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने दूसरे घर आया हूं। ये शब्द और भाव मेरे जीवन की बहुत बड़ी पूंजी है। आज भी जिस प्रकार से आपकी सेना के जहाजों ने एस्कॉर्ट किया, यह भारत के लोगों का सम्मान है।’ बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की 5 देशों की यात्रा का यह पहला पड़ाव है। इसके बाद वे नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे।

BUSINESS : 4 साल बाद $60 के नीचे आया कच्चा तेल, क्या अब घटेगा पेट्रोल-डीज का रेट?

Crude Oil Price- भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का लगभग 88% हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाली मामूली गिरावट भी देश के खजाने पर बड़ा सकारात्मक असर डालती है. भारत द्वारा आयातीत कच्‍चे तेल की औसत कीमत में कमी तेल कंपनियों को पेट्रोल और डीजल के दाम का रेट कम करने का मौका दे रही है.

नई दिल्‍ली. भारत द्वारा आयात किए जाने वाले कच्चे तेल की औसत लागत कई वर्षों के अंतराल के बाद 60 डॉलर प्रति बैरल से नीचे गिर गई है. पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) द्वारा जारी हालिया आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 में अब तक भारतीय कच्चे तेल बास्केट’ (Indian Crude Oil Basket) का औसत रेट 59.92 डॉलर प्रति बैरल हो गया है. फरवरी 2021 के बाद यह पहला मौका है जब तेल की कीमतें इस स्तर तक नीचे आई हैं. दिसंबर 2025 में यह औसत 62.2 डॉलर प्रति बैरल था. वैश्विक बाजार में आपूर्ति की अधिकता और मांग में नरमी के चलते यह गिरावट आगे भी जारी रह सकती है. कच्‍चे तेल के सस्‍ते होने से आने वाले समय में देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत कम होने की संभावनाए बनती हैं.

कच्चे तेल की कीमतों में आ रही इस कमी को केवल एक अस्थायी गिरावट के रूप में नहीं देखा जा रहा है. एसबीआई रिसर्च (SBI Research) की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार के मौजूदा रुझान संकेत दे रहे हैं कि भारतीय बास्केट में अभी और नरमी आएगी. रिपोर्ट में कहा गया है कि जून 2026 तक कच्चे तेल की कीमतें 50 डॉलर प्रति बैरल या उससे भी नीचे जा सकती हैं. वहीं, कुछ बाजार जानकारों का कहना है कि मार्च 2026 तक ही कीमतें घटकर 53.31 डॉलर प्रति बैरल तक आने की प्रबल संभावना है. यदि ऐसा होता है तो तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में बड़ी कटौती कर सकती हैं.

भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का लगभग 88% हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाली मामूली गिरावट भी देश के खजाने पर बड़ा सकारात्मक असर डालती है. आंकड़ों के गणित को समझें तो कच्चे तेल की कीमत में प्रति बैरल महज 1 डॉलर की गिरावट होने से भारत के वार्षिक तेल आयात खर्च में लगभग 13,000 करोड़ रुपये की बचत होती है.

पिछले वित्त वर्ष (2023-24) में भारत ने तेल आयात पर 161 अरब डॉलर खर्च किए थे. हालांकि, चालू वित्त वर्ष में रूस से मिलने वाली छूट और वैश्विक कीमतों में कमी के कारण नवंबर तक यह बिल घटकर 80.9 अरब डॉलर रह गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 92 अरब डॉलर था. यह बचत सरकार को राजकोषीय घाटा (Fiscal Deficit) कम करने और बुनियादी ढांचे के विकास में अधिक निवेश करने की सुविधा प्रदान करती है.

क्‍यों गिर रही है कच्‍चे तेल की कीमत
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण मांग के मुकाबले आपूर्ति का अधिक होना है. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने अनुमान लगाया है कि 2026 तक वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति, मांग से लगभग 38.5 लाख बैरल प्रतिदिन (BPD) अधिक होगी. यह अतिरिक्त आपूर्ति वैश्विक मांग का लगभग 4% है, जो कीमतों पर भारी दबाव बनाए रखेगी.

हालांकि, वर्तमान में वेनेजुएला के राजनीतिक हालात और अन्य भू-राजनीतिक जोखिमों के कारण अल्पकालिक उतार-चढ़ाव देखे जा रहे हैं, लेकिन लंबी अवधि का नजरिया मंदी की ओर ही इशारा कर रहा है. वर्तमान में ब्रेंट क्रूड 62 डॉलर और अमेरिकी वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) 58 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहे हैं.

दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक सऊदी अरब ने भी बाजार की बदलती परिस्थितियों को भांप लिया है. सऊदी अरब ने लगातार तीसरे महीने एशियाई खरीदारों के लिए अपने कच्चे तेल की कीमतों में कटौती की है. फरवरी लोडिंग के लिए उनके प्रमुख ‘अरब लाइट क्रूड’ की कीमत में कमी की गई है, जो इस बात का संकेत है कि सऊदी अरब को एशियाई देशों में तेल की मांग कमजोर होने की आशंका है. विशेषज्ञों का कहना है कि सऊदी अरब द्वारा कीमतों में की गई यह कटौती भारतीय रिफाइनरियों के लिए फायदेमंद साबित होगी, जिससे घरेलू स्तर पर ईंधन उत्पादन की लागत कम होगी.

बाजार विश्लेषकों ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव की ओर इशारा किया है. वैश्विक मानक ब्रेंट (Brent) और अमेरिकी बेंचमार्क WTI के बीच मूल्य का अंतर घटकर अब केवल 4 डॉलर प्रति बैरल रह गया है. आमतौर पर अमेरिका में लॉजिस्टिक्स और पाइपलाइन क्षमता की कमी के कारण WTI की कीमतें काफी कम रहती थीं, जिससे अमेरिकी तेल खरीदना फायदेमंद होता था. इक्रा (ICRA) लिमिटेड के विशेषज्ञों के अनुसार, कीमतों का यह अंतर कम होने से अमेरिकी कच्चे तेल की प्रतिस्पर्धात्मकता घट सकती है. चूंकि अब अमेरिकी तेल की कीमत अन्य प्रतिस्पर्धियों के करीब पहुंच गई है, इसलिए ऊंची परिवहन लागत (Logistics Cost) के कारण भारतीय रिफाइनरियां अमेरिकी तेल के बजाय मध्य-पूर्व या अन्य क्षेत्रों से तेल खरीदना पसंद कर सकती हैं.

Womens T20 WC 2026: फाइनल की दोनों टीमें तय, 7वें खिताब की तलाश में ऑस्ट्रेलिया; इंग्लैंड की नजर दूसरे ताज पर

0

Womens T20 World Cup 2026 Final: महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज और दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अब दोनों टीमें पांच जुलाई को लॉर्ड्स में आमने-सामने होंगी।

महिला टी20 विश्व कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट को दोनों फाइनलिस्ट मिल चुके हैं। पहले सेमीफाइनल में छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब दोनों टीमें पांच जुलाई (रविवार) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर आमने-सामने होंगी। ऑस्ट्रेलिया की नजर रिकॉर्ड सातवें महिला टी20 विश्व कप खिताब पर होगी, जबकि इंग्लैंड की टीम 2009 के बाद दूसरी बार विश्व विजेता बनने के इरादे से उतरेगी।

पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को एकतरफा अंदाज में हराया
टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने कप्तान हेली मैथ्यूज (30) की पारी की मदद से संभली हुई शुरुआत की, लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। जॉर्जिया वेरहम, सोफी मोलिन्यूक्स और एश्ले गार्डनर ने दो-दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 20 ओवर में 125 रन पर रोक दिया।

126 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती दो झटके जरूर लगे, लेकिन अनुभवी सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 61 रन की शानदार पारी खेली और टीम को सिर्फ 13 ओवर में दो विकेट खोकर जीत दिला दी। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली और अब उसकी नजर रिकॉर्ड सातवें खिताब पर है।


दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराया
दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेजबान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 35 रन के स्कोर तक तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान नेट शीवर-ब्रंट और अनुभवी बल्लेबाज हीदर नाइट ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 133 रन की शानदार साझेदारी की, जो महिला टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास की सबसे बड़ी चौथे विकेट की साझेदारी है। नेट शीवर-ब्रंट और हीदर नाइट दोनों ने अर्धशतक जड़े और इंग्लैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। ताजमिन ब्रिट्स ने अर्धशतक लगाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई बड़ा साथ नहीं मिला। पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 129 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 40 रन की शानदार जीत दिलाई।
विज्ञापन

पांच जुलाई को लॉर्ड्स में होगा महामुकाबला
अब महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल पांच जुलाई (रविवार) को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। यह मुकाबला महिला क्रिकेट की दो सबसे मजबूत टीमों के बीच होगा। ऑस्ट्रेलिया पिछले एक दशक से इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम रही है, जबकि इंग्लैंड घरेलू परिस्थितियों और दर्शकों के समर्थन का फायदा उठाकर 17 साल बाद ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा।

ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड, सातवें खिताब से सिर्फ एक जीत दूर
महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम रही है। टीम अब तक सात बार फाइनल खेल चुकी है और छह बार चैंपियन बनी है।
ऑस्ट्रेलिया का फाइनल रिकॉर्ड
2010 – चैंपियन
2012 – चैंपियन
2014 – चैंपियन
2016 – उपविजेता
2018 – चैंपियन
2020 – चैंपियन
2023 – चैंपियन
2026 – फाइनल
अगर ऑस्ट्रेलिया इस बार भी खिताब जीतता है तो वह महिला टी20 विश्व कप में अपना रिकॉर्ड सातवां खिताब जीत लेगा।
इंग्लैंड का रिकॉर्ड, दूसरी ट्रॉफी की तलाश
इंग्लैंड महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में लगातार मजबूत टीमों में शामिल रहा है, लेकिन टीम अब तक सिर्फ एक बार ही चैंपियन बन सकी है।
2009 – चैंपियन
2010 – ग्रुप स्टेज
2012 – उपविजेता
2014 – उपविजेता
2016 – सेमीफाइनल
2018 – उपविजेता
2020 – सेमीफाइनल
2023 – सेमीफाइनल
2024 – ग्रुप स्टेज
2026 – फाइनल
यानी इंग्लैंड पांचवीं बार महिला टी20 विश्व कप का फाइनल खेलेगा, लेकिन उसकी नजर 2009 के बाद दूसरे खिताब पर होगी।
ये भी पढ़ें

SPORTS : उलटफेर का शिकार हुई नेमार की ब्राजील टीम, हालंद के दो गोल से नॉर्वे क्वार्टर फाइनल में

0

नॉर्वे ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में ब्राजील को 1-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। एर्लिंग हालंद ने दो गोल दागे, जबकि ब्राजील के लिए नेमार जूनियर ने इंजरी टाइम में पेनल्टी पर एकमात्र गोल किया।

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में नॉर्वे ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को 1-2 से हराकर पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालंद ने 79वें और 90वें मिनट में दो शानदार गोल दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। ब्राजील के लिए नेमार जूनियर ने इंजरी टाइम (90+10′) में पेनल्टी पर एकमात्र गोल किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

हालंद के दो गोल ने बदली मैच की तस्वीर
न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले का पहला हाफ गोलरहित रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन 79वें मिनट में एर्लिंग हालंद ने शानदार हेडर के जरिए नॉर्वे को 0-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 90वें मिनट में हालंद ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 0-2 कर दिया और ब्राजील की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

ब्राजील को मिला मौका, लेकिन नहीं बदल सकी नतीजा
मैच के अंतिम क्षणों में ब्राजील को 90+10वें मिनट में पेनल्टी मिली। नेमार जूनियर ने इसे गोल में बदलते हुए स्कोर 1-2 कर दिया, लेकिन यह गोल केवल हार का अंतर कम कर सका। अंतिम सीटी बजते ही नॉर्वे ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पहले हाफ में ब्राजील ने गंवाया सुनहरा मौका
पहले हाफ में ब्राजील के पास बढ़त बनाने का बेहतरीन अवसर था। क्रिस्टोफर एजर द्वारा मैथियस कुन्हा पर किए गए फाउल के बाद वीएआर समीक्षा के जरिए ब्राजील को पेनल्टी मिली। हालांकि, ब्रूनो गुइमारेस का शॉट नॉर्वे के अनुभवी गोलकीपर ओर्जन नायलैंड ने शानदार बचाव करते हुए रोक दिया। नायलैंड ने इसके बाद भी गेब्रियल मार्टिनेली, विनीसियस जूनियर, रयान और ब्रूनो गुइमारेस के प्रयासों को विफल कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

एंड्रिक भी नहीं दिला सके बढ़त
दूसरे हाफ में ब्राजील के युवा खिलाड़ी एंड्रिक को मैदान पर उतारा गया। मैदान में आने के महज 52 सेकंड बाद उन्हें गोल करने का सुनहरा मौका मिला, लेकिन खराब फर्स्ट टच के कारण वह इसे गोल में नहीं बदल सके। इसके बाद नॉर्वे ने लगातार दबाव बनाया और हालंद ने दो गोल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गोल्डन बूट की दौड़ में हालंद
इस मुकाबले में दो गोल करने के साथ एर्लिंग हालंद के फीफा विश्व कप 2026 में कुल सात गोल हो गए हैं। वह अब टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोररों की सूची में किलियन एम्बाप्पे और लियोनेल मेसी के बराबर पहुंच गए हैं। गोल्डन बूट की दौड़ अब और भी रोमांचक हो गई है।

WEATHER : मुंबई की जानलेवा बारिश: कहीं गिरी चॉल, कहीं पेड़ तो कहीं ग्रिल; हादसों में आठ की मौत, बरसात ने बरपाया कहर

0

मुंबई में जारी भीषण बारिश कहर बरपा रही है। मुंबई में रविवार को हुई भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, पेड़ गिरने की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। इतना ही नहीं, फुटपाथ पर एक इमारत पर लगी ग्रिल गिरने से भी एक शख्स की मौत हो गई।

रविवार की सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 72 मिमी और 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शाम के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ गई और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं, खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन भी एक घंटे के लिए रोकना पड़ा।

मुंबई में भरभराकर गिरी चॉल, छह की मौत

मुंबई में रविवार रात भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक तीन मंजिला चॉल ढह गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। उसे निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों की टीमों द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि चार महिलाओं और एक पुरुष को शताब्दी अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य पुरुष को राजावाड़ी अस्पताल में मृत घोषित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 8:30 बजे मंडाला इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे जनता नगर स्थित चॉल नंबर-5 में हुआ।

शख्स पर गिरी ग्रिल

नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के असिस्टेंट कमिश्नर सहदेव येडवे ने बताया, “रविवार शाम करीब 6:30 बजे, दीवार के साथ लगी एक ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई। वहां से गुजर रहा एक युवक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इस बिल्डिंग के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए 2025 का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन मालिक ने उसे नजरअंदाज कर दिया।”

पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत

एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने की तीसरी बड़ी घटना में रविवार को कुर्ला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 12:40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास हुआ। उन्हें मलबे से निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को गोरेगांव पूर्व के आरे कॉलोनी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हो गई थी। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान लगातार बारिश, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। बीएमसी ने बताया कि उसे पेड़ या शाखाएं गिरने की 203 शिकायतें, शॉर्ट सर्किट की आठ घटनाएं और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें मिलीं।

NATIONAL : देशभर में मानसून की रफ्तार, मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद; दिल्ली-यूपी-बिहार समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट

0

देशभर में मानसून सक्रिय है, मुंबई में भारी बारिश के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और दिल्ली सहित कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने जोर पकड़ रहा है। लिहाजा मौसम विभाग ने मुंबई और उससे सटे रायगढ़ जिले के लिए भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है। केरल, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में भी अलर्ट जारी किए गए हैं। विभाग ने इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है।

रविवार को दिल्ली में भी वर्षा हुई जिससे लोगों को उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली। दिल्ली के लिए भी विभाग ने सोमवार को आरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और तीव्र होकर गहरे कम दबाव का क्षेत्र में बदल गया है, जिसके कारण राज्य ने अपने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के अगले 24 घंटे में उत्तरी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है और इससे पूरे पूर्वी भारत में भारी वर्षा हो सकती है।

विभाग ने संबलपुर, अंगुल, बौध, सोनपुर और कंधमाल में भारी से बहुत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों के लिए आरेंज और यलो अलर्ट जारी किए गए हैं।

मछुआरों को सात जुलाई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। पड़ोसी राज्य बंगाल में भी बड़े पैमाने पर वर्षा की उम्मीद है। रविवार को केरल के अधिकांश हिस्सों में जमकर वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने छह जुलाई को कन्नूर व कासरगौड़ के लिए और सात जुलाई को कोझिकोड, कन्नूर व कासरगौड़ के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया। हालांकि कई उत्तरी जिलों के लिए यलो अलर्ट लागू रहा।

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होती रही। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में गरज-चमक के साथ वर्षा का अनुमान है।

झारखंड में मौसम विभाग ने छह से नौ जुलाई तक सभी 24 जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आसमान में बादल छाए रहने और राज्यभर में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची में भारी वर्षा की संभावना है।

बई में उड़ानें प्रभावित, आज स्कूल-कालेज बंद
मुंबई में मौसम विभाग के आरेंज अलर्ट के मद्देनजर सोमवार को सभी सरकारी एवं निजी स्कूल-कालेजों में अवकाश घोषित किया गया है। बीएमसी ने मुंबईवासियों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घरों से निकलें। रातभर हुई भारी बारिश के कारण रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे का संचालन एक घंटे के लिए रोकना पड़ा।

इससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में 28 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की चार उड़ानें रद कर दी गईं, जबकि 13 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों को डायवर्ट करना पड़ा, बाद में उन्हें मुंबई लाया गया।

देश की आर्थिक राजधानी के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में 200 से 300 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। मरीन ड्राइव व गेटवे आफ इंडिया के पास ऊंची लहरें देखी गईं। भारी वर्षा के कारण जल-भराव, ट्रैफिक जाम और पेड़ गिरने की घटनाएं भी हुईं। मुंबई के कुर्ला में एक दुकान पर पेड़ गिरने से एक 63 वर्षीय व्यक्ति यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई।

शनिवार दोपहर गोरेगांव ईस्ट में बाइक पर पेड़ गिरने से एक 18 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इससे पहले अंधेरी पूर्व के साकीनाका इलाके में एक 55 वर्षीय व्यक्ति असलम इसाक शेख की खुले मैनहोल में गिरकर मौत हो गई थी। नवी मुंबई में एक इमारत दूसरी मंजिल की बालकनी से कंक्रीट स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।

नवी मुंबई के चिरनेर गांव में भारी जलभराव की खबर है; स्थानीय लोगों का दावा किया कि उन्होंने शनिवार को 12 सांपों को मार डाला। भिवंडी शहर में एक 17 वर्षीय किशोर की उफनती कामवारी नदी में डूबकर मौत हो गई। उसके शव की तलाश जारी है।

- Advertisement -

News of the Day