Sunday, September 20, 2026
Home Blog Page 98

NATIONAL : क्या जल्द होगा केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार? PM मोदी की राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद अटकलें तेज

0

केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे और कई मंत्रियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां दिए जाने के बाद कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज है। आइए, विस्तार से जानते हैं…

केंद्र सरकार में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। प्रधानमंत्री की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब राष्ट्रीय राजधानी के राजनीतिक गलियारों में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बड़े बदलाव की चर्चा तेज है। राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात ने कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की संभावनाओं को और हवा दे दी है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की मुलाकात की तस्वीरें साझा की गईं। यह बैठक पद्म पुरस्कार समारोह के तुरंत बाद हुई। हालांकि, राष्ट्रपति भवन की ओर से बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।

क्या मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें इसलिए तेज हुई हैं?
मंगलवार को केरल से भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो चुका था और भाजपा ने उन्हें दोबारा राज्यसभा नहीं भेजने का फैसला किया। जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक मामलों तथा मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें और तेज हो गई हैं।

किन मंत्रियों को लेकर चर्चा हो रही है?
रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल भी 21 जून को समाप्त हो गया है। भाजपा ने उन्हें भी दोबारा उच्च सदन के लिए नामित नहीं किया है। बिट्टू खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में भी राज्य मंत्री हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है और कुछ विभागों में बदलाव संभव है।

क्या संगठनात्मक जिम्मेदारियों ने बढ़ाई अटकलें?
हाल के महीनों में भाजपा ने कई केंद्रीय मंत्रियों को उनके गृह राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई थी। इन नियुक्तियों के बाद से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर बड़े बदलाव किए जा सकते हैं।

NATIONAL : मप्र में ईडी की 356 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई, 35.52 करोड़ की संपत्ति अटैच

0

इंदौर, 23 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक धोखाधड़ी से जुड़े एक बड़े मामले में मध्य प्रदेश में बड़ी कार्रवाई करते हुए 35.52 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।

ईडी द्वारा जिन संपत्तियों को अटैच किया गया है, उनमें इंदौर और शाजापुर जिलों में स्थित आवासीय फ्लैट एवं भूमि के विभिन्न टुकड़े शामिल हैं। ये संपत्तियां आरोपित व्यक्तियों के नाम पर दर्ज हैं।

ईडी के इंदौर सब-जोनल कार्यालय द्वारा मंगलवार को जानकारी दी कि यह मामला एम/एस धनलक्ष्मी सॉल्वेक्स प्राइवेट लिमिटेड (डीएसपीएल), उसके निदेशकों और उससे जुड़े संस्थानों और व्यक्तियों से संबंधित है। कंपनी पर बैंकों के साथ करीब 356.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

जांच एजेंसी का कहना है कि बैंक फ्रॉड से अर्जित या उससे जुड़े धन के निवेश के संबंध में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की जा रही है। इसी के तहत संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (प्रोविजनल अटैचमेंट) किया गया है।

ईडी इस पूरे मामले में धन के स्रोत, उसके उपयोग और विभिन्न संपत्तियों में निवेश की पड़ताल कर रही है। जांच में कंपनी के निदेशकों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे भी वित्तीय लेन-देन और अन्य संपत्तियों की जांच जारी रहेगी तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SPORTS : महिला टी20 विश्व कप : ऑस्ट्रेलिया की लगातार चौथी जीत, पाकिस्तान को 113 रन से रौंदा

0

लीड्स, 24 जून (हि.स.)। एलिस पेरी की शानदार अर्धशतकीय पारी और घातक गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार देर रात महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में पाकिस्तान को 113 रन से करारी शिकस्त देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर ली है, जबकि पाकिस्तान को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 13.4 ओवर में मात्र 86 रन पर सिमट गई।

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत झटके के साथ हुई जब बेथ मूनी बिना खाता खोले आउट हो गईं, लेकिन इसके बाद एलिस पेरी और जॉर्जिया वोल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। पेरी ने 48 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक शॉट शामिल रहे। जॉर्जिया वोल ने 39 रन का योगदान दिया।

पाकिस्तान की ओर से नशरा संधू और सादिया इकबाल ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बड़े स्कोर से नहीं रोक सकीं।

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में गुल फिरोजा रन आउट हो गईं। पाकिस्तान की पारी में कुल तीन बल्लेबाज रन आउट हुए, जिससे टीम कभी मुकाबले में लौट नहीं सकी।

मुनीबा अली ने 32 रन और फातिमा सना ने 17 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।

एलिस पेरी ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल दिखाया और केवल एक ओवर में 9 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। सोफी मोलिन्यू ने 6 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने भी दो सफलताएं हासिल कीं।

पाकिस्तान की टीम 86 रन पर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला 113 रन से जीत लिया।

अब ऑस्ट्रेलिया का अगला मुकाबला भारत से होगा, जबकि पाकिस्तान अपनी पहली जीत की तलाश में नीदरलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगा।

संक्षिप्त स्कोर:

ऑस्ट्रेलिया – 199/7 (20 ओवर)

एलिस पेरी 71, जॉर्जिया वोल 39

नशरा संधू 2/33, सादिया इकबाल 2/31

पाकिस्तान – 86 ऑल आउट (13.4 ओवर)

मुनीबा अली 32, फातिमा सना 17

सोफी मोलिन्यू 2/6, एलिस पेरी 2/9

परिणाम: ऑस्ट्रेलिया 113 रन से विजयी।

NATIONAL : देश की शिक्षा प्रणाली में बदलाव और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 25 जून को देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी कांग्रेस

0

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने देश की शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देश भर में आगामी 25 जून को देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का एलान किया है। कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान सरकार के पास शिक्षा को लेकर दूरदर्शिता का अभाव है। पिछले 12 वर्षों में शिक्षा का केवल निजीकरण, केंद्रीकरण और संघीकरण किया गया है, जिससे देश के युवाओं के सामने न केवल बेरोजगारी बल्कि रोजगार योग्यता (एम्प्लॉयबिलिटी) का भी गंभीर संकट पैदा हो गया है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आगामी 25 जून को देश के 28 प्रमुख शहरों में इस अभियान के तहत वरिष्ठ नेताओं को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत दिल्ली में गौरव गोगोई, चेन्नई में प्रियांक खरगे, अहमदाबाद में सतेज पाटिल, बेंगलुरु में वर्षा गायकवाड़, भोपाल में इमरान मसूद और भुवनेश्वर में पवन खेड़ा मीडिया को संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त बिलासपुर में जयवर्धन सिंह, चंडीगढ़ में राजीव शुक्ला, देहरादून में रंजीत रंजन, गुवाहाटी में शिल्पी नेहा तिर्की, ग्वालियर में पप्पू यादव, हैदराबाद में विक्रांत भूरिया, इंदौर में अभिषेक दत्त, जयपुर में अशोक तंवर, कोलकाता में सुप्रिया श्रीनेत, कोटा में जिग्नेश मेवानी और नागपुर में जीतू पटवारी को कमान सौंपी गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार, पटना में अनुपम, पुणे में कन्हैया कुमार, पूर्णिया में नदीम जावेद, रांची में इमरान प्रतापगढ़ी, रोहतक में कुलदीप इंदौरा, सीकर में श्रीनिवास बी.वी., श्रीनगर में उदय भानु चिब, त्रिवेंद्रम में कन्नन गोपीनाथन, विजयवाड़ा में रागिनी नायक, इलाहाबाद में उमंग सिंघार और मेरठ में राहुल कस्वां प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पार्टी का पक्ष रखेंगे। कांग्रेस ने कहा कि इन प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक आधुनिक, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार शिक्षा प्रणाली के निर्माण पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक चर्चा की शुरुआत की जाएगी।

WORLD : हिजबुल्लाह पर लाल हुए ट्रंप, ईरान से कहा- उसे रोको, वरना बहुत बुरी तरह मारेंगे

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह लेबनान में सक्रिय अपने प्रॉक्सी संगठन हिजबुल्लाह की गतिविधियों पर नियंत्रण रखे। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि यदि ईरान हिजबुल्लाह को नहीं रोकता है, तो अमेरिका उस पर पिछले सप्ताह किए गए हमलों से भी ज्यादा बड़ा हमला कर सकता है। इसी बीच, अमेरिका और ईरान के मध्य स्विट्जरलैंड के बुर्गेनस्टॉक में महत्वपूर्ण बातचीत शुरू हो गई है। दोनों देशों के प्रतिनिधि क्षेत्रीय तनाव कम करने और संबंधों को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।

उधर, इजराइली सेना प्रमुख इयाल जमीर ने कहा है कि लेबनान में लागू युद्धविराम बेहद नाजुक स्थिति में है और हिजबुल्लाह के साथ संघर्ष दोबारा शुरू हो सकता है। उन्होंने सैनिकों को किसी भी संभावित परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया। जमीर ने कहा कि हिजबुल्लाह को हाल के संघर्षों में भारी नुकसान हुआ है और इजराइली सेना उसे फिर से मजबूत होने का मौका नहीं देना चाहती।

हिजबुल्लाह की स्थिति पर इजराइल का दावा
इयाल जमीर ने कहा कि हिजबुल्लाह इस समय कठिन दौर से गुजर रहा है। उनके मुताबिक संगठन को सैन्य और रणनीतिक स्तर पर बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि इजराइल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए तैयार है।

अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को लेकर इजराइल में कराए गए एक सर्वे में बड़ी संख्या में लोगों ने माना कि इस समझौते से ईरान को अधिक फायदा हुआ है। सर्वे के अनुसार, 92% इजराइली नागरिकों का मानना है कि युद्ध के बाद हुए इस समझौते से तेहरान को आर्थिक और कूटनीतिक लाभ मिला, जबकि इजराइल को अपेक्षित राजनीतिक बढ़त हासिल नहीं हो सकी।

ट्रम्प की भूमिका को अधिक प्रभावी मान रहे इजराइली
सर्वे में शामिल 78% लोगों ने यह भी माना कि इस पूरे मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भूमिका इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तुलना में अधिक प्रभावशाली रही। प्रतिभागियों का मानना है कि अंतिम समझौते की दिशा तय करने और वार्ता को आगे बढ़ाने में वॉशिंगटन की भूमिका अधिक निर्णायक रही, जबकि इजराइल की अपेक्षाकृत सीमित भूमिका दिखाई दी।

HEALTH : हृदय के लिए फलों की मात्रा नहीं, सही चयन जरूरी; जानें फ्लैवानॉल युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करने वाले कितने

0

स्वस्थ रहने के लिए रोजाना पांच बार फल और सब्जियां खाने की सलाह दी जाती है, लेकिन केवल मात्रा बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खाद्य पदार्थों का चयन भी महत्वपूर्ण है। ताजा अध्ययन में सामने आया कि अधिकतर लोग ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं कर रहे हैं जिनमें प्राकृतिक फ्लैवानॉल यौगिक पाया जाता है। यह यौगिक हृदय रोग से होने वाली मृत्यु के जोखिम को कम करता है।

यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग, हार्वर्ड मेडिकल स्कूल, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया-डेविस और मार्स इंक. के वैज्ञानिकों का यह अध्ययन फूड एंड फंक्शन में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने अमेरिका और ब्रिटेन के 30 हजार से अधिक लोगों के आहार संबंधी आंकड़ों और जैविक संकेतकों का विश्लेषण किया। अध्ययन में पाया गया कि 20% से भी कम लोग उस स्तर तक फ्लैवानॉल का सेवन कर रहे थे।

चौंकाने वाली बात यह रही कि कई लोग प्रतिदिन पांच बार फल और सब्जियां खाने के बावजूद भी पर्याप्त फ्लैवानॉल नहीं ले पा रहे थे। प्रमुख लेखक डॉ. जेवियर ओटावियानी के अनुसार लोग अक्सर मान लेते हैं कि फल और सब्जियां खाने से उन्हें सभी जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं, लेकिन वास्तविकता अलग है। भोजन में कुछ विशेष फलों, सब्जियों और पेयों को शामिल करने से फ्लैवानॉल की मात्रा काफी बढ़ सकती है।

सही पांच फल चुनना जरूरी

यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग के प्रोफेसर गुंटर कूनले का कहना है कि दिन में पांच बार फल और सब्जियां खाने की सलाह सही है, लेकिन अब यह समझने की जरूरत है कि वे पांच विकल्प कौन से हों। अलग-अलग फल और सब्जियां केवल विटामिन और खनिज ही नहीं, बल्कि विभिन्न जैव-सक्रिय यौगिक भी प्रदान करती हैं, जिनके स्वास्थ्य पर अलग-अलग प्रभाव हो सकते हैं।

NATIONAL : उद्धव की दो टूक : ‘भरोसा नहीं तो पद छोड़ दूंगा, 30 साल BJP संग रहकर विलय नहीं किया; कांग्रेस से कैसे करेंगे’

0

शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुंबई में पार्टी के 60वें स्थापना दिवस पर भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस में विलय की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने 6 सांसदों की बगावत के बाद मतदाताओं से माफी मांगी और दावा किया कि इस संकट से शिवसैनिक निराश नहीं बल्कि और मजबूत हुए हैं। उन्होंने क्या-क्या कहा? जानिए…

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी के 60वें स्थापना दिवस पर विरोधियों को करारा जवाब दिया है। मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस के साथ पार्टी के विलय की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उद्धव ठाकरे ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब हमने 30 साल के गठबंधन के बाद भी भाजपा के साथ अपनी पार्टी का विलय नहीं किया, तो फिर कांग्रेस के साथ विलय करने का सवाल ही पैदा नहीं होता।

अपनी पार्टी के छह लोकसभा सांसदों की बगावत के बीच शिवसेना-यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को भावुक होते हुए कहा कि चुनौतियों और हमलों के बावजूद मेरा संकल्प कमजोर नहीं पड़ा है, लेकिन अगर पार्टी को मुझ पर भरोसा नहीं है, तो मैं अपना पद छोड़ने को तैयार हूं। उन्होंने कहा, ‘मैं किसी भी योग्य व्यक्ति को शिवसेना का अध्यक्ष बनाने के लिए तैयार हूं। मैं संघर्ष से पीछे हटने वाला नहीं हूं, लेकिन जिस दिन आपको लगे कि मैं इस जिम्मेदारी के सही आदमी नहीं हूं, उसी दिन यह पद छोड़ दूंगा।’

उद्धव ठाकरे ने भाजपा और कांग्रेस की राजनीति की तुलना करते हुए एक बेहद महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ हमारे हमेशा से तीखे राजनीतिक मतभेद रहे हैं। विचारों की यह लड़ाई जगजाहिर है। लेकिन कांग्रेस ने कभी भी शिवसेना को जड़ से खत्म करने की कोशिश नहीं की। इसके विपरीत, भाजपा आज शिवसेना का नामोनिशान मिटाने पर तुली हुई है। वह हमारी पार्टी को पूरी तरह बर्बाद करना चाहती है।

पश्चिम बंगाल के बाद अब महाराष्ट्र में भी बगावत की खबर सामने आ रही है। दावा किया जा रहा है कि उद्धव गुट के छह सांसद शिंदे गुट के संपर्क में हैं। हालांकि, इस बीच उद्धव ठाकरे ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने साफ कहा कि इन सांसदों के दगा देने से शिवसैनिक बिल्कुल भी निराश या हताश नहीं हैं। इसके उलट, इस धोखे ने शिवसैनिकों के भीतर एक नई आग पैदा कर दी है। वे अब पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक और एकजुट हो गए हैं।

भाषण के दौरान उद्धव ठाकरे भावुक भी हुए। उन्होंने महाराष्ट्र के उन सभी मतदाताओं से हाथ जोड़कर माफी मांगी, जिन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना के टिकट पर जीते सांसदों को अपना कीमती वोट दिया था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जनता ने चुनकर भेजा, उन्होंने ही पीठ में छुरा घोंप दिया। मैं इन धोखेबाज सांसदों को वोट देने वाले अपने मतदाताओं से दिल से क्षमा मांगता हूं।

उद्धव ठाकरे ने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हमारा देश ‘एक पार्टी, कोई चुनाव नहीं’ की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो देश से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। यह तानाशाही वाली सोच भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इसके खिलाफ हम सबको मिलकर लड़ना होगा।

इसके साथ ही उन्होंने उन आलोचकों को भी करारा जवाब दिया जो अक्सर उन पर घर से बाहर न निकलने का आरोप लगाते हैं। उद्धव ने तंज कसते हुए पूछा कि अगर मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से नहीं मिलता था या मैंने पूरे महाराष्ट्र का दौरा नहीं किया था, तो फिर हमने हालिया चुनाव कैसे जीत लिए? यह जीत इस बात का सबूत है कि हमारी जमीन मजबूत है और जनता हमारे साथ खड़ी है। मुंबई के इस कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने साफ कर दिया कि असली शिवसेना कौन है।

NATIONAL : राम मंदिर चंदा विवाद के बीच आज अयोध्या में होंगे CM योगी, चंपत राय को कार्यक्रम से रखा गया दूर; गोंडा में भी कार्यक्रम

0

राम मंदिर चंदा विवाद और SIT जांच प्रकरण के बीच आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा है। मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं और ‘रामायण वैक्स संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पहली बार मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सरकारी प्रोटोकॉल से बाहर रखा है। इसके साथ गोंडा में कार्यक्रम प्रतावित है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (शुक्रवार) गोंडा के साथ-साथ अयोध्या के बेहद महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। राम मंदिर के चढ़ावे और दान में कथित गबन के आरोपों को लेकर गरमाई राजनीति और चल रही SIT जांच के बीच सीएम का यह दौरा बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। मुख्यमंत्री आज अयोध्या में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ-साथ कई स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। हालांकि, इस पूरे दौरे में सबसे ज्यादा चर्चा मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की अनुपस्थिति को लेकर हो रही है।

चंपत राय को सीएम के कार्यक्रम से क्यों रखा गया दूर?
अमूमन जब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या आते हैं, तो राम मंदिर परिसर में खुद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनकी अगवानी करते हैं। लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है जब चंपत राय सीएम के आधिकारिक कार्यक्रम में नजर नहीं आएंगे। दरअसल, जिला प्रशासन द्वारा मंदिर ट्रस्ट को भेजे गए आधिकारिक प्रोटोकॉल के पॉइंट नंबर 29 में स्पष्ट रूप से चंपत राय से दूरी बनाने का अनुरोध किया गया है। प्रोटोकॉल में चंपत राय से कहा गया है कि वे मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन की व्यवस्था के लिए अपने स्तर से किसी अन्य व्यक्ति को नामित करें। माना जा रहा है कि मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के आरोपों और जारी SIT जांच के बीच सरकार ने चंपत राय से दूरी बना ली है, ताकि मुख्यमंत्री की छवि पर कोई आंच न आए।

क्या है राम मंदिर चंदा विवाद और SIT जांच?
पिछले कुछ दिनों से अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे की रकम में हेराफेरी का मामला देश भर की सुर्खियों में है। विपक्ष और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे को लेकर सरकार और ट्रस्ट पर लगातार हमलावर हैं। विवाद बढ़ता देख उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो इस समय मंदिर परिसर में सघन जांच कर रही है।

सीएम योगी का आज का पूरा शेड्यूल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे। सुबह 10:35 बजे वे रुदौली विधानसभा पहुंचकर कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। दोपहर 12:25 बजे गोंडा पहुंचकर लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे। फिर 2:55 बजे अयोध्या के राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे और हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। 3:30 बजे ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर जाएंगे और शाम 5:10 बजे रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे।

10 करोड़ की लागत से बने ‘रामायण वैक्स संग्रहालय’ का उद्घाटन
मुख्यमंत्री के इस दौरे का एक और बड़ा आकर्षण रामायण वैक्स संग्रहालय (Ramayana Wax Museum) का उद्घाटन है। अयोध्या की कांशीराम कॉलोनी के पास लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से इस शानदार मोम के संग्रहालय को तैयार किया गया है। अयोध्या के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस संग्रहालय में रामायण काल की प्रमुख घटनाओं को सजीव रूप में दर्शाया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और संकटमोचन हनुमान सहित कई पौराणिक चरित्रों की मोम से बनी खूबसूरत मूर्तियां देख सकेंगे।

NATIONAL : तुषार मेहता तीन साल के लिए फिर बने भारत के सॉलिसिटर जनरल, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

0

केंद्र सरकार ने तुषार मेहता को 1 जुलाई 2026 से तीन साल के लिए फिर भारत का सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया है। 2018 में इस पद पर नियुक्त मेहता का कार्यकाल 2020 और 2023 में भी बढ़ाया गया था। एसीसी ने उनकी पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी है।

केंद्र सरकार ने तुषार मेहता को भारत के सॉलिसिटर जनरल के रूप में तीन साल के लिए फिर से नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी। यह उनकी तीसरी बार पुनर्नियुक्ति की गई है। इससे पहले दो बार उनका कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने देश के दूसरे सर्वोच्च विधि अधिकारी के रूप में तुषार मेहता के पद पर बने रहने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आदेश में कहा गया कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने तुषार मेहता को भारत के सॉलिसिटर जनरल के रूप में तीन साल के लिए फिर से नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो।

मेहता को अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के रूप में सेवा देने के बाद अक्टूबर 2018 में सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था। केंद्र सरकार ने बाद में उन्हें 1 जुलाई, 2020 से प्रभावी तीन साल के कार्यकाल के लिए और फिर 2023 में पुनः नियुक्त किया। नवीनतम कार्यकाल विस्तार के साथ, मेहता सॉलिसिटर जनरल के रूप में लगभग आठ वर्ष पूरे कर चुके हैं और नए कार्यकाल के अंत तक इस पद पर 11 वर्ष पूरे करने वाले हैं, जिससे वे देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले विधि अधिकारियों में से एक बन जाएंगे।

सॉलिसिटर जनरल के रूप में, मेहता ने सर्वोच्च न्यायालय और विभिन्न उच्च न्यायालयों के समक्ष कई महत्वपूर्ण संवैधानिक, नीतिगत और आपराधिक मामलों में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व किया है।

एसीसी ने सर्वोच्च न्यायालय के लिए पांच अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरलों (एएसजी) की तीन साल के अतिरिक्त कार्यकाल के लिए पुनर्नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है।विक्रमजीत बनर्जी और केएम नटराज को 1 जुलाई, 2026 से पुनः नियुक्त किया गया है, जबकि एसवी राजू, एन वेंकटरामन और ऐश्वर्या भाटी को 30 जून, 2026 से पुनः नियुक्त किया गया है। एक अलग निर्णय में एसीसी ने दिल्ली उच्च न्यायालय के लिए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा की पुनर्नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। उनका कार्यकाल 1 जुलाई, 2026 से छह माह के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।

NATIONAL : राष्ट्रपति का मध्य प्रदेश दौरा, चुनाव से पहले संगठन दुरुस्त करने पंजाब पहुंचेंगे भाजपा अध्यक्ष

0

आज 22 जून 2026 को जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमीहै। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पांच दिन के ओडिशा और मध्य प्रदेश दौरे का आज आखिरी दिन है। इसके साथ ही अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि भारत पहुंचेगे।

राष्ट्रपति का मध्य प्रदेश दौरा

शुरुआत राष्ट्रपति से। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच दिन से ओडिशा और मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। सोमवार को इस दौरे का आखिरी दिन है। राष्ट्रपति आज मध्य प्रदेश स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में सहरिया जनजाति के सदस्यों, चीता ट्रैकर्स, टूरिस्ट गाइड और कूनो फील्ड टीम के सदस्यों के साथ संवाद करेंगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अलीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान नौरंगीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और क्वार्सी ओवर ब्रिज सहित कई प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। उम्मीद है इस दौरान जनपद के कई अधिकारियों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए समीक्षा बैठक भी की जाएगी।

अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि भारत पहुंचेंगे

अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर सोमवार को भारत के दौरे पर आएंगे। वह 23 और 24 जून को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ अंतरिम व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इससे पहले 2 से 4 जून के बीच अमेरिका के मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में अमेरिकी टीम ने भारतीय अधिकारियों के साथ समझौते को अंतिम रूप देने पर बातचीत की थी। 5 जून को पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत और अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अगले महीने के मध्य तक लागू किए जाने की संभावना है।

भाजपा अध्यक्ष नतीन नवीन पंजाब के दौरे पर हैं। इस दौरान वह सोमवार को पंजाब के सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए, भाजपा नेतृत्व इस दौरे के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने, संगठन को धरातल पर मजबूत करने और पार्टी के भीतर लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी पर अंकुश लगाने की दिशा में काम कर रहा है।

‘पुष्पा 2’ भगदड़ मामले में सुनवाई

4 दिसंबर 2024 को ‘पुष्पा 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान भारी भीड़ जमा होने से भगदड़ हो गई थी। इस मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन सोमवार को कोर्ट में पेश होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब अल्लू अर्जुन अपनी कार के सनरूफ से बाहर आकर फैंस को हाथ हिला रहे थे, तभी अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में रेवती नाम की एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा श्री तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 (A11) बनाया है। वहीं, थिएटर मैनेजमेंट को आरोपी नंबर 1 से 10 तक रखा गया है। कुल 19 लोगों को समन जारी किए गए हैं और 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)

- Advertisement -