RR vs RCB 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का अगला मैच राजस्थान रॉयल्स के साथ है, जिसके लिए टीम गुवाहाटी पहुंच गई है. कोहली को देखने के लिए एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में फैंस आए हुए थे.
विराट कोहली गुवाहाटी में पहुंचे तो एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए आए थे. IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का अगला मैच राजस्थान रॉयल्स के साथ बरसपारा क्रिकेट स्टेडियम में है. इसी ग्राउंड पर मंगलवार को राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को हराया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी (39) और यशस्वी जायसवाल (77) ने धुआंधार बल्लेबाजी की थी.
मंगलवार को गुवाहाटी में बारिश हो रही थी, इसी कारण राजस्थान बनाम मुंबई मैच करीब 3 घंटे की देरी से शुरू हुआ था. इसे 11-11 ओवरों का तय किया गया था. मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम गुवाहाटी पहुंची, तो यहां का मौसम ठंडा था. कोहली जैकेट पहने हुए नजर आए.

एयरपोर्ट पर विराट कोहली को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस आए थे. कोई उन्हें अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था तो कई इस उम्मीद से आए थे कि उन्हें कोहली का ऑटोग्राफ मिल जाएगा. टीम बस के बाहर भी काफी फैंस आ गए थे. असम क्रिकेट एसोसिएशन के सोशल मीडिया पेज पर ये वीडियो शेयर की गई.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स दोनों ही आईपीएल 2026 में अजेय रही है. आरसीबी लगातार दो मैच जीतकर गुवाहाटी पहुंची है, टीम के 4 अंक और +2.501 का नेट रन रेट है. आरसीबी के बाद राजस्थान रॉयल्स (+2.403) नेट रन रेट सबसे बेहतर है, लेकिन अंकों के आधार पर राजस्थान पहले नंबर पर है. राजस्थान जीत की हैट्रिक लगा चुकी है, उनके 6 अंक हैं.
राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच शुक्रवार, 10 अप्रैल को है. ये मैच बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा.


