ENTERTAINMENT : एआर रहमान संग काम कर बेहद खुश हैं आनंदी जोशी, बोलीं- ‘उन्हें अपना गुरु मानती हूं’

0
8

नसिंगर आनंदी जोशी ने हाल ही में दिग्गज सिंगर ए.आर. रहमान की तारीफ की और उन्हें अपना गुरु बताया. वो उनके साथ लगातार काम करने को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं.

मल्टीटैलेंटेड सिंगर आनंदी जोशी अपने गुरु ए.आर. रहमान के साथ लगातार काम करने को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं. हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के गाने ‘देखिए जहां जाइए कहीं’ में आनंदी ने अपनी आवाज दी है. इस गाने को जावेद अख्तर ने लिखा है, जबकि आनंदी के साथ जावेद अली और रब्बानी मुस्तफा खान ने इसे अपनी आवाज दी है. गाने में सनी देओल और प्रीति जिंटा नजर आ रहे हैं. आनंदी के लिए इस गाने का हिस्सा बनना इसलिए भी खास है, क्योंकि वो लंबे समय से ए.आर. रहमान को अपना गुरु मानती हैं.

प्रेग्नेंसी के दौरान रिकॉर्ड किया गाना
इससे पहले आनंदी ने एआर रहमान की फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ के गाने ‘जरा जरा मन खुलावते’ में उनके साथ काम किया था. दिलचस्प बात ये है कि ‘देखिए जहां जाइए कहीं’ का सफर आनंदी की जिंदगी के एक बेहद खास दौर के साथ भी जुड़ा हुआ है. उन्होंने ये गाना तब रिकॉर्ड किया था, जब उन्हें पता चला कि वो प्रेग्नेंट हैं. आनंदी इस पूरे सफर को किसी आशीर्वाद से कम नहीं मानतीं.

आनंदी जोशी ने की बात
अपने इस सफर के बारे में आनंदी ने बताया, ‘पिछले साल नवंबर में मैं रहमान सर के स्टूडियो में किसी और चीज की रिकॉर्डिंग के लिए गई थी. उसे रिकॉर्ड करने के बाद मुझे ये धुन गाकर देखने के लिए कहा गया. उस वक्त मुझे गाने के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, क्योंकि गाना अभी बन ही रहा था और इसका प्रोडक्शन भी बाकी था. करीब छह महीने बाद जब मुझे पता चला कि मेरी आवाज में ये गाना फाइनल हो गया है, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं था.’

आनंदी ने कहा, ‘सबसे खास बात ये है कि आज जो गाना आप सुन रहे हैं, उसमें करीब 80-90 परसेंट हिस्सा उसी पहले वर्जन का है, जिसे मैंने नवंबर में रिकॉर्ड किया था. रहमान सर की कंपोजिशन और जावेद अख्तर जी के लिखे गाने का हिस्सा बनना आज भी मेरे रोंगटे खड़े कर देता है. ये गाना मेरे लिए बेहद खास है और मैं इसका हिस्सा बनकर खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं.’

एआर रहमान को अपना गुरु मानती हैं आनंदी
आनंदी ने आगे कहा, ‘मैं रहमान सर को अपना गुरु मानती हूं. उनके संगीत ने मुझे जिंदगी को समझने में बहुत मदद की है और उनके साथ बिताया हर पल मेरे लिए सीखने जैसा होता है. जब मुझे यह गाना रिकॉर्ड करने का मौका मिला, उसी वक्त मुझे पता चला था कि मैं प्रेग्नेंट हूं. मेरी प्रेग्नेंसी के आखिरी दौर में मुझे पता चला कि ये गाना मेरी आवाज में आ रहा है. बाद में जब मैं नौवें महीने में थी, तब लिरिक्स में बदलाव की वजह से गाने की दो लाइनें दोबारा रिकॉर्ड करनी थीं. मैं चाहती थी कि इसे जल्द से जल्द कर लूं, क्योंकि मुझे डर था कि अगर मुझे लेबर पेन शुरू हो गया तो मैं ये सुधार नहीं कर पाऊंगी.’

एआर रहमान संग काम कर बेहद खुश हैं आनंदी जोशी, बोलीं- ‘उन्हें अपना गुरु मानती हूं

उन्होंने आगे कहा, ‘जब मैंने ये बात बताई, तो सार्थक और रहमान सर दोनों ने बहुत प्यार से बात की और अगले ही दिन मुझे उन लाइनों को रिकॉर्ड करने का मौका मिल गया. रिकॉर्डिंग के बाद मेरी रहमान सर से बात भी हुई, जो मेरे लिए बेहद खास पल था. अब मेरा बच्चा भी आ चुका है और गाना भी रिलीज हो गया है. इसलिए मुझे लगता है कि इस गाने का सफर मेरी प्रेग्नेंसी के सफर के साथ-साथ चला. यह मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है.’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here