रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. खबरें हैं कि दुनिया के सबसे अमीर यूट्यूबर मीस्टर बीस्ट फिल्म का प्रमोशन करेंगे. वो इन दिनों भारत में हैं.यूट्यूब सेंसेशन मिस्टर बीस्ट इन दिनों भारत में हैं और उन्हें आगरा में ताजमहल घूमते हुए देखा गया. वो अपनी पत्नी और टीम के साथ यहां पहुंचे, जिसके बाद भारतीय फैंस के बीच उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे.
मिस्टर बीस्ट के भारत आने के बीच ऐसी चर्चा भी है कि वो नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा बन सकते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिस्टर बीस्ट 26 सितंबर को रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ के लिए होने वाले एक खास शोकेस में शामिल हो सकते हैं. इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के भी उनके साथ बातचीत में शामिल होने की खबर है.

हालांकि, यश इस इवेंट का हिस्सा होंगे या नहीं, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे एक्टर रवि दुबे के भी इस खास इवेंट में शामिल होने की खबर है.
शुरुआत में मिस्टर बीस्ट और ‘रामायण’ के साथ आने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. हालांकि, सोशल मीडिया पर एक इनविटेशन के स्क्रीनशॉट तेजी से शेयर होने लगे, जिसमें मीस्टर बीस्ट की मौजूदगी में खास रामायण इवेंट का जिक्र था.
इस पोस्ट में ये भी दावा किया गया कि इस खास बातचीत को ‘रामायण’ के ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाइवस्ट्रीम किया जाएगा.
कब रिलीज होगी ‘रामायण’?
‘रामायण’ को दो पार्ट में बनाया जा रहा है. फिल्म का पहला पार्ट ‘रामायण: पार्ट 1’ 6 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. वहीं, फिल्म के दूसरे पार्ट को 2027 में रिलीज करने की तैयारी है.
‘गॉडजिला’ से होगा ‘रामायण’ का क्लैश
‘रामायण’ दिवाली वीकेंड पर इंटरनेशनल मार्केट में रिलीज होगी, जहां इसका क्लैश जापानी फिल्म ‘गॉडजिला: माइनस जीरो’ से होगा. दोनों फिल्मों को आईमैक्स में भी रिलीज किया जाना है, ऐसे में इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर दोनों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा.

