IND vs ENG: बारिश में धुला भारत-इंग्लैंड के बीच पहला टी20, अभिषेक और श्रेयस ने लगाए अर्धशतक; सैमसन फिर फ्लॉप

0
52

भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बेनतीजा रहा। बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो सकी और अंतत: मैच को रद्द करना पड़ा। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत ने अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 189 रन बनाए। भारत की पारी जब खत्म होने वाली थी तभी बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले बारिश तेज हो गई जिससे मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मैच का नतीजा नहीं निकल सका। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 चार जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा।

वैभव को नहीं मिला मौका

भारत ने इस मैच में भी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका नहीं दिया। आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से मिली हार के बाद ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि वैभव को मौका मिलेगा, लेकिन श्रेयस अय्यर ने कोर टीम पर भरोसा बरकरार रखा। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच से डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को इस मैच में मौका नहीं मिला था। भारत ने इस मैच के लिए तीन स्पिनरों अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग-11 में शामिल किया था।

शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक-श्रेयस का दिखा दम

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने दूसरे ओवर में ही संजू सैमसन और ईशान किशन के विकेट गंवा दिए। सैमसन को जहां साकिब महमूद ने आउट किया तो वहीं ईशान रन आउट होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अभिषेक ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी को संभाला। अभिषेक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन सैम करन ने उन्हें अपना शिकार बनाया। अभिषेक और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई।

अभिषेक ने इस मैच के दौरान बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। अभिषेक टी20 अंतरराष्ट्रीय (फुल मेंबर टीमों में) में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के एविन लुईस और न्यूजीलैंड के फिन एलन जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। अभिषेक शर्मा ने केवल 785 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय 100 छक्के पूरे किए। इस प्रारूप में अभिषेक से पहले किसी बल्लेबाज ने इतनी कम गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्के पूरे नहीं किए थे।

भारत की पारी

भारत के लिए श्रेयस ने 47 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 24 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा शिवम दुबे 21 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। तिलक वर्मा 13 और अक्षर पटेल तीन रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके, जबकि आदिल राशिद और सैम करन को एक-एक विकेट मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here