जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में भवानी ज्वैलर्स में एक युवती 25 अंगूठियों से भरा बॉक्स, जिसकी किमत करीब 20 लाख रुपये उसे लेकर भाग निकली. इसके बाद दुकानदारों ने 500 मीटर दौड़ने के बाद रंगे हाथों पकड़ा.
पिंक सिटी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से 25 अंगूठियों से भरा बॉक्स, जिसकी किमत करीब 20 लाख रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई यह पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई. सीसीटीवी में कैद तस्वीरें हैरान कर देने वाली है.
दो अंगूठियां पसंद कर ऑनलाइन पेमेंट का नाटक कर भागी युवती
यह घटना झोटवाड़ा इलाके के निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर में भवानी ज्वैलर्स की है. दुकान के मालिक त्रिलोक चंद प्रजापत ने बताया कि गुरुवार सुबह 11:45 बजे एक युवती ग्राहक बनकर दुकान में आई और सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा. दुकानदार ने 25 अंगूठियों से भरा बॉक्स, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये थी, उसके सामने रख दिया.

युवती ने दो अंगूठियां पसंद करने का नाटक किया और पिता से ऑनलाइन पेमेंट करवाने की बात कहकर समय बिताने लगी. जैसे ही दुकानदार दूसरे ग्राहक में व्यस्त हुआ, युवती पूरा बॉक्स लेकर दुकान से भाग निकली. उसने अचानक बाहर सड़क की तरफ दौड़ लगा दी.
दुकानदारों ने करीब 500 मीटर दौड़ने के बाद युवती को रंगे हाथों पकड़ा
दुकानदार और कर्मचारी ने उसका पीछा किया और करीब 500 मीटर दौड़ने के बाद उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया. इसके बाद बॉक्स सुरक्षित वापस ले लिया गया और युवती को स्थानीय लोगों की मदद से झोटवाड़ा थाना पुलिस को सौंप दिया गया. सड़क पर चोरनी और पीछे कारोबारी के दौड़ने की घटना भी सीसीटीवी में कैद हो गई है. पकड़े जाने पर युवती बोली कि ‘मुझे जेल जाना है.’ तलाशी में उसके पर्स से मिर्च पाउडर और केमिकल स्प्रे भी बरामद हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

