जोधपुर के बसनी औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल फैक्टरी में आग लगने के बाद धमाका हुआ। इसमें 14 दमकलकर्मी घायल हो गए, जिनमें से आठ 50 फीसदी से अधिक झुलस गए। जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद हैं।
बासनी स्थित गणेश कॉलोनी की एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम लगी आग बुझाने के दौरान अचानक हुए जोरदार विस्फोट ने बड़ा हादसा कर दिया। फैक्ट्री में रखा केमिकल का टैंक अचानक फट गया और इसकी चपेट में आने से नगर निगम के दमकल दल के 14 कर्मचारी घायल हो गए। इनमें आठ दमकलकर्मी 50 फीसदी से ज्यादा झुलस गए हैं। हादसे के बाद घायलों को दमकल वाहनों और मौके पर मौजूद पिकअप की मदद से एम्स जोधपुर पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया।

आग बुझाते समय अचानक फटा केमिकल टैंक, धमाके की चपेट में आए दमकलकर्मी
बताया गया कि बासनी औद्योगिक क्षेत्र में गणेश कॉलोनी स्थित केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद नगर निगम की दमकल टीमें आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे। इसी दौरान फैक्ट्री में रखा केमिकल का टैंक अचानक फट गया और जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट की चपेट में आने से मौके पर मौजूद दमकलकर्मी झुलस गए। शुरुआती जानकारी में घायल कर्मचारियों की संख्या 13 से 14 बताई गई, जबकि पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने बाद में 14 लोगों के घायल होने की जानकारी दी।
आठ दमकलकर्मी 50 फीसदी से ज्यादा झुलसे, एमजीएच में बनाया गया अलग बर्न आईसीयू
पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने बताया कि विस्फोट में झुलसे 14 दमकलकर्मियों में से आठ 50 फीसदी से ज्यादा जल गए हैं। गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में अलग से बर्न आईसीयू बनाया गया है। सभी घायलों का बर्निंग चार्ट तैयार किया जा रहा है और उनके उपचार के लिए विशेष मेडिकल टीम लगाई गई है। जिलाधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि सभी दमकलकर्मियों को पहले एम्स जोधपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर और विशेष उपचार के लिए एमजीएच की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों के लिए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


