राजधानी जयपुर स्थित नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क (चिड़ियाघर) से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे पार्क में बाघ ‘शिवाजी’ के एन्क्लोजर में घास काटने घुसी एक महिला मजदूर सुगना देवी को टाइगर ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शी साथी महिला कमला देवी के अनुसार, सुबह करीब 7 महिलाएं नाहरगढ़ पार्क में घास काटने के लिए गई थीं। जब वे टाइगर शिवाजी के एन्क्लोजर में दाखिल हुईं, तब बाघ अंदर बने पिंजरे में बंद था। लेकिन कुछ ही सेकंड में अचानक किसी ने पिंजरे का गेट खोल दिया।

जान बचाने भागी 5 महिलाएं
बाघ को बाहर आते देख अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए 5 महिलाएं बाहर की ओर भागीं, जबकि एक महिला पेड़ के पीछे छिप गई। सुगना देवी ने खुद को बचाने के लिए एन्क्लोजर की जाली पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन खूंखार बाघ ने उन्हें नीचे खींच लिया और मौके पर ही मार डाला। घटना के कई घंटों बाद तक मृतका का शव एन्क्लोजर के अंदर ही पड़ा रहा।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
देश के एकमात्र ऐसे बायोलॉजिकल पार्क जहां रेस्क्यू सेंटर, सफारी और जू तीनों एक साथ हैं- में इतनी बड़ी सुरक्षा चूक ने हड़कंप मचा दिया है। वर्तमान में यहां 13 टाइगर (जिनमें 2 व्हाइट टाइगर शामिल हैं) मौजूद हैं। महिला मजदूरों की मौजूदगी के बावजूद बाघ का पिंजरा कैसे खुला, इसे लेकर वन विभाग और पार्क प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।


