NATIONAL : दिल्ली के लोधी कॉलोनी में तीसरी मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत, युवती के परिवार ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

0
52

दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी फ्लैट की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति की मौत हो गई। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

शादी के महज ढाई महीने बाद एक नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी फ्लैट की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद 28 वर्षीय आकृति की मौत हो गई। जहां पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, वहीं मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय आकृति शनिवार को लोधी कॉलोनी के पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिर गई थीं। गंभीर हालत में उन्हें AIIMS ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।

24 अप्रैल को हुई थी शादी, निजी कंपनी में करती थीं नौकरी
पुलिस के मुताबिक, आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थीं और छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी। चूंकि यह मौत शादी के सात साल के भीतर हुई है, इसलिए कानून के तहत अनिवार्य मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने उप-मंडल दंडाधिकारी (SDM) को सूचित कर पंचनामा की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
आकृति के परिवार ने इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। परिवार का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आकृति के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था और आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई।

आत्महत्या नहीं कर सकती थी’, भाई ने उठाए सवाल
मृतका के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देकर असली आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उसने कहा कि आकृति परिवार की सबसे बड़ी संतान थी, जिम्मेदार स्वभाव की थी और मानसिक रूप से बेहद मजबूत थी। ऐसे में उसके आत्महत्या करने की बात पर परिवार को बिल्कुल भी विश्वास नहीं है।

शादी के ढाई महीने बाद मौत से बढ़ा संदेह
परिजनों के अनुसार, आकृति की शादी लव-कम-अरेंज मैरिज थी और यह रिश्ता महज ढाई महीने पहले ही हुआ था। परिवार का कहना है कि इतनी कम अवधि में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से पति लगातार उसके साथ शारीरिक हिंसा और उत्पीड़न करता था।

बयान दर्ज कर रही पुलिस, हर पहलू की हो रही जांच
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्य सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि एसडीएम की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here