NATIONAL : देशभर में गणेश विसर्जन आज- मुंबई में 25000 जवान तैनात, 350 से ज्यादा कुंड बनाए गए

0
45

12 दिनों तक चलने वाले भव्य गणेश उत्सव का आज अनंत चतुर्दशी के दिन समापन हो रहा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र भर में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन की शुरुआत हो चुकी है। मुंबई की सड़कों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही मुंबई के प्रसिद्ध पंडालों और घरों से गणेश मूर्तियों की विसर्जन यात्राएं निकलनी शुरू हो गईं। पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद ‘गणपति बाप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या’ के गूंजते जयकारों और ढोल-ताशों की थाप पर भक्त झूमते नजर आए।
प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी
बता दें कि लाखों की संख्या में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुंबई पुलिस और बीएमसी (BMC) ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए महाराष्ट्र भर में 24000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
दूसरी ओर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भी लगभग 25000 कर्मचारियों को विसर्जन ड्यूटी पर लगाया है। लोगों की सुविधा के लिए तालाब, गोताखोर, एंबुलेंस, मेडिकल टीमें, क्रेन और तमाम आपातकालीन सेवाएं तैनात की गई हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
इतना ही नहीं प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, तय किए गए विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का पूरा सहयोग करें।

लालबाग में दिखा खास नजारा
गौरतलब है कि हर साल की तरह इस बार भी लालबाग इलाके में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ समेत कई बड़े सार्वजनिक मंडलों के दर्शन और विसर्जन यात्रा को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे हैं। सड़कों पर फूलों की वर्षा और गुलाल उड़ाते हुए भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here