उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी अध्यापकों को शुभकामनाएं दी और कहा कि शिक्षक सनातन की प्राचीन संस्कृति के साथ आधुनिक शिक्षा जोड़कर नई पीढ़ी बना रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी टीचर्स को इस ख़ास अवसर पर बधाई दी और कहा यूपी की प्राचीन परंपरा को याद करते हुए संदेश दिया. सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या, मथुरा और प्रयागराज हमारे सनातन ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र रहे हैं. हमारे शिक्षक इसे आधुनिक शिक्षा से जोड़कर नई पीढ़ी का निर्माण कर रहे हैं.
सीएम योगी ने GenZ स्टाइल में वीडियो संदेश जारी कर टीचर्स डे की बधाई दी. मुख्यमंत्री ने कहा- “प्रदेश की ज्ञान की विशिष्ट परंपरा को आधुनिक स्वरूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाले समस्त गुरुजनों और शिक्षकों को मैं शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं. उत्तर प्रदेश प्राचीन ज्ञान, साधना और संस्कारों की पावन भूमि रही है, काशी विश्व को ज्ञान का प्रकाश दिया है. सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश दिया.

अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज हमारे सनातन ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र रहे हैं. याद करिए, आज से 5000 हजार वर्ष पूर्व महर्षि सुखदेव जी ने श्रीमद भागवत कथा का प्रथम वाचन किया था. नैमिषाराण्य में 88 हजार विषयों की साधना ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध किया, ये वहीं भूमि है, जहां से आयुर्वेद, अध्यात्म, दर्शन और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की महान परंपराएं विकसित हुई और तक्षशिला नालंदा जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों ने भारत के ज्ञान की इसी परंपरा को पूरी दुनिया तक पहुंचाया.
आज हमारे शिक्षक इसी प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे हैं. मैं इस अवसर आप सभी अभिनंदन करता हूं, शिक्षक दिवस पर अपनी मंगलमय शुभकामनाएं देता हूं.”
सपा ने शुरू किया ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान
वहीं दूसरी तरफ टीचर्स डे पर समाजवादी पार्टी ने खास प्लान बनाया है. इसके तहत सपा छात्र सभा आज से सात दिन तक ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान चलाएगी. इस मौके पर सपा यूपी के सभी बंद किए गए स्कूलों के सामने शिक्षकों को सम्मानित करेगी और छात्रों व युवाओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेगी. सपा की इस क़वायद को आगामी चुनावों में जेनजी की भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है.

